Bihar Top News Today 06 february 2026: बिहार (BIHAR) में आज 06 फरवरी को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…
दुल्हन की तरह सजा पटना
बिहार की राजनीति में शनिवार का दिन राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के लिए उत्सव का केंद्र बनने जा रहा है। पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव के सम्मान में राजद के प्रदेश कार्यालय स्थित कर्पूरी सभागार में एक विशाल अभिनंदन सह स्वागत समारोह का आयोजन किया गया है।
सुप्रीम कोर्ट ने प्रशांत किशोर को लगाई फटकार
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को रद्द करने की मांग को लेकर दायर याचिका पर सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने जनसुराज पार्टी को कड़ी टिप्पणी के साथ राहत देने से इनकार कर दिया। पार्टी के प्रमुख प्रशांत किशोर को बड़ा झटका देते हुए कोर्ट ने स्पष्ट कहा कि पहले हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया जाना चाहिए था। सुनवाई के दौरान शीर्ष अदालत ने तल्ख टिप्पणी करते हुए कहा कि जब जनता ने आपको नकार दिया, तब आप कोर्ट का सहारा लेकर लोकप्रियता हासिल करना चाहते हैं। कोर्ट ने यह भी पूछा कि आपकी पार्टी को चुनाव में कितने वोट मिले।
मास्टरमाइंड प्रिंस एनकाउंटर में मारा गया
वैशाली में शुक्रवार को 300 किलो से अधिक सोना लूटने वाली कुख्यात गैंग के मास्टरमाइंड प्रिंस को पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया। सदर थाना क्षेत्र के हनुमान नगर कॉलोनी में पटना STF और वैशाली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में यह मुठभेड़ हुई। प्रिंस, जेल में बंद सुबोध गैंग का राइट हैंड माना जाता था और देश के सात राज्यों में हुई बड़ी गोल्ड लूट वारदातों में उसकी अहम भूमिका रही थी।
4 पर्यटकों की संदिग्ध सामूहिक आत्महत्या
नालंदा जिले के राजगीर थाना क्षेत्र स्थित दिगंबर जैन धर्मशाला से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। धर्मशाला के एक कमरे में ठहरे चार पर्यटक फांसी के फंदे से लटके मिले। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह घटना दो दिन पुरानी बताई जा रही है, लेकिन किसी को इसकी भनक नहीं लगी। बताया जाता है कि कमरे से तेज बदबू आने के बाद स्थानीय लोगों को संदेह हुआ। सूचना मिलने पर राजगीर डीएसपी सुनील कुमार सिंह और थानाध्यक्ष रमन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। दरवाजा तोड़कर जब पुलिस अंदर दाखिल हुई तो चारों लोग एक ही कमरे में फंदे से झूलते पाए गए।
एससी-एसटी एक्ट का दुरुपयोग सही नहीं
बिहार के दरभंगा जिले में बीते 4 फरवरी को मजदूरी को लेकर हुए एक विवाद में थाने में आवेदन देकर पूरे गांव के ब्राह्मणों पर एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करा दिया था। अब इस मामले पर बिहार सरकार में मंत्री अशोक चौधरी का बयान सामने आया है। मीडिया से बातचीत में मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि, दरभंगा के एक गांव में जिस तरह से एक जाति के पूरे लोगों पर एससी-एसटी एक्ट के तहत केस कर दिया गया है। वह गलत है, जिनके साथ घटना घटी है। हम पीड़ित परिवार के साथ हैं, लेकिन इस तरह एससी एसटी एक्ट का दुरुपयोग नहीं करना चाहिए।
बिहार में PPP मोड पर बनेंगे नए मेडिकल कॉलेज
बिहार विधानसभा के बजट सत्र के चौथे दिन राज्य सरकार ने बड़ी घोषणाएं करते हुए कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों को राहत दी। 3 फरवरी को 3.47 लाख करोड़ रुपये का बजट पेश करने के बाद बजट पर चल रही चर्चा के दौरान सरकार ने सदन में ऐलान किया कि अब विधायकों, विधान पार्षदों, सरकारी कर्मचारियों और उनके आश्रितों को कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
बीजेपी विधायक राघवेंद्र प्रताप के सवाल के जवाब में सरकार ने यह घोषणा की। इस फैसले से प्रदेश के करीब 10 लाख कर्मचारियों और उनके परिवारों को सीधे तौर पर लाभ मिलेगा। स्वास्थ्य सुविधाओं के खर्च को लेकर होने वाली परेशानियों से अब उन्हें राहत मिलेगी।
ट्रक और टेंपो में भीषण टक्कर
रोहतास जिले में बीती मध्य रात्रि को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की घटनास्थल पर हीं मौत हो गई, जबकि एक घायल महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना जिले के करगहर थाना क्षेत्र अंतर्गत खडा़री इंजीनियरिंग कॉलेज के समीप की है और हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार तीनों मृतक अलग-अलग परिवार के बताए जाते हैं। जिनकी पहचान शिवसागर थाना क्षेत्र के भगवलिया गांव निवासी 25 वर्षीय सरोज कुमार बैठा एवं महेंद्र पासवान के रूप में हुई है। वहीं महिला की पहचान अब तक नहीं हो पाई है।
सूरज बिहारी की हत्या के 10 दिन बाद पिता ने भी तोड़ा दम
बिहार के पूर्णिया में पिछले दिनों जिले के चर्चित व्यवसायी सूरज बिहारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड को अभी 10 दिन भी नहीं बिते थे कि सूरज बिहारी के परिजनों पर एक और गम का पहाड़ टूट पड़ा है। दरअसल बेटे की मौत का गम सूरज बिहारी के पिता जवाहर यादव सहन नहीं कर पाए। आज शुक्रवार की सुबह दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
थानाध्यक्ष तुर्की समेत दो पुलिस पदाधिकारियों पर गिरी गाज
एसएसपी मुजफ्फरपुर ने जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए थानाध्यक्ष तुर्की समेत दो पुलिस पदाधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई कर्तव्य में गंभीर लापरवाही, अनियमितता और संदिग्ध आचरण के आरोप में की गई है। एसएसपी के इस एक्शन से जिले के पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।
दरअसल, जिले में पुलिसिंग को चुस्त-दुरुस्त करने को लेकर एसएसपी इन दिनों अलग-अलग थानों का औचक निरीक्षण कर रहे हैं। इसी क्रम में बीते दिनों उन्होंने तुर्की और पारू थाना का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान तुर्की थाना में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। आरोप है कि तुर्की थानाध्यक्ष, पुलिस निरीक्षक संदीप कुमार महतो ने बिना किसी परिवाद के एक व्यक्ति को थाने में बंद कर रखा था।
एक नाबालिग छात्र ने खुद को मारी गोली
बिहार के मधेपुरा में कल गुरुवार को एक नाबालिग छात्र ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। छात्र ने अपने पिता की लाइसेंसी पिस्टल से कनपटी पर गोली मारी थी। मृतक की पहचान भटगामा के रहने वाले विनोद सिंह के पुत्र तन्मय कुमार (16) के रूप में हुई है। पूरा मामला चौसा थाना क्षेत्र के भटगामा गांव की है। मिली जानकारी के अनुसार मृतक छात्र के पिता विनोद सिंह रिटार्यड फौजी हैं। कल दोपहर एक बजे के करीब तन्मय ने उनकी लाइसेंसी पिस्टल से कनपटी पर गोली मार ली। इस घटना क्रम में गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में हड़कंप मच गया। वहीं, सूचना मिलने पर पहुंची चौसा थाने की पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


