Bihar Top News Today 06 june 2026: बिहार (BIHAR) में आज 06 जून को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…

खान सर सरेंडर करेंगे या नहीं

पटना। चर्चित शिक्षक और ग्लोबल स्टडीज के संस्थापक खान सर एक गंभीर कानूनी विवाद में घिर गए हैं। उन पर हाल ही में हुई फायरिंग की घटना को उकसाने के आरोप में हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई है। इस घटना के बाद से ही पटना पुलिस लगातार सक्रिय है, लेकिन खान सर की गिरफ्तारी अब तक नहीं हो सकी है। खान सर के अधिवक्ता अरविंद कुमार मउवार ने स्पष्ट किया है कि उनके मुवक्किल फिलहाल कोर्ट में आत्मसमर्पण (सरेंडर) नहीं करेंगे। वकील का कहना है कि एफआईआर में लगाए गए आरोप पूरी तरह निराधार हैं और खान सर ने ऐसा कोई बयान नहीं दिया जिससे फायरिंग को बढ़ावा मिले। शनिवार को कोर्ट का निर्धारित समय समाप्त हो जाने के कारण अग्रिम जमानत याचिका दाखिल नहीं की जा सकी, जिसे अब सोमवार को दायर किया जाएगा। अधिवक्ता को उम्मीद है कि लाइसेंसी हथियार से हवाई फायरिंग का मामला बेलेबल श्रेणी में आता है, इसलिए उन्हें जमानत मिलने का पूरा विश्वास है। साथ ही, उन्होंने कहा कि यदि पुलिस छापेमारी करना चाहे तो कर सकती है, लेकिन उन्हें अपने मुवक्किल के वर्तमान ठिकाने की जानकारी नहीं है।

MLC उम्मीदवार बनते ही सरावगी से मिले पवन सिंह

​पटना। भोजपुरी सिनेमा के ‘पावर स्टार’ और चर्चित चेहरा पवन सिंह ने आज पटना स्थित भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के प्रदेश कार्यालय पहुंचकर राजनीति के गलियारों हलचल बढ़ा दी है। इस दौरे को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कार्यालय में उनके पहुंचते ही वहां पहले से मौजूद बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। ​बीजेपी नेताओं के साथ लंबी चर्चा के बाद, जब पवन सिंह मीडिया के सामने आए, तो उन्होंने पार्टी के प्रति अपनी निष्ठा और समर्पण को खुलकर दोहराया। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि पार्टी मेरी मां के समान है और संगठन की तरफ से जो भी आदेश मुझे मिलेगा, मैं उसका पालन पूरी तत्परता से करूंगा।

लालू-राबड़ी ने लौटाई सरकारी सुरक्षा

​पटना। बिहार की राजनीति में इन दिनों सुरक्षा और सरकारी आवास का मुद्दा गरमाया हुआ है। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की कद्दावर नेता और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने अपने आवास पर तैनात सरकारी सुरक्षा कर्मियों को वापस कर दिया है। इस कदम के बाद राजद ने राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। ​राजद के मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने इस मुद्दे पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से राज्य सरकार सुरक्षा और सरकारी आवास के नाम पर लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी को अपमानित करने की कोशिश कर रही है, वह न केवल निंदनीय है, बल्कि बेहद दुर्भाग्यपूर्ण भी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपनी शक्तियों का दुरुपयोग कर रही है ताकि राजद के शीर्ष नेतृत्व को मानसिक रूप से परेशान किया जा सके।

प्रेम प्रसंग में फंसाकर लड़कियों को बेचने वाला मौलवी गिरफ्तार

मोतिहारी। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है जहां एक मौलवी ने शिक्षा के पवित्र पेशे की आड़ में नाबालिग लड़कियों को अपना शिकार बनाया। ढाका थाना क्षेत्र के करसहिया निवासी आरोपी मौलवी असफाक पर चार नाबालिग लड़कियों को प्रेम जाल में फंसाने अपहरण करने और उन्हें बेचने की कोशिश करने का गंभीर आरोप है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 36 घंटों के भीतर सभी लड़कियों को सकुशल बरामद कर लिया और आरोपी को सलाखों के पीछे भेज दिया।

अशरफ अंसारी बने LJP(R) के प्रत्याशी

पटना। ​बिहार की सियासत में विधान परिषद (MLC) चुनाव को लेकर सरगर्मी अपने चरम पर है। सत्ताधारी गठबंधन (NDA) ने अपनी रणनीति को अंतिम रूप देते हुए सभी सीटों पर उम्मीदवारों के नामों की आधिकारिक घोषणा कर दी है। इस घोषणा के साथ ही जहां कुछ दिग्गजों के टिकट कटने से खलबली मची है, वहीं चिराग पासवान की पार्टी LJP (रामविलास) ने एक बड़ा दांव खेलते हुए अशरफ अंसारी को मैदान में उतारने का निर्णय लिया है।

सर्जिकल नवाचार का केंद्र बना IGIMS पटना

पटना। राजधानी स्थित इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (IGIMS) में हाल ही में इंटरनेशनल कॉलेज ऑफ सर्जन्स (ICS) की एकेडमिक मीटिंग और फेलोशिप कन्वोकेशन का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शल्य चिकित्सा (सर्जरी) के क्षेत्र में हो रहे वैश्विक बदलावों और अत्याधुनिक तकनीकों से बिहार के सर्जनों को रूबरू कराना था। ​कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए प्रख्यात सर्जन डॉ. अहमद अब्दुल हई ने संस्थान की सराहना करते हुए कहा कि ICS एक वैश्विक मंच है जो दुनिया भर में सर्जरी के क्षेत्र में हो रहे नवीनतम शोध और नवाचारों को भारतीय चिकित्सा प्रणाली में समाहित करने का निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन से बिहार के सर्जनों को विश्व स्तरीय तकनीकें सीखने का अवसर मिलेगा जिसका सीधा लाभ राज्य की आम जनता को उच्च गुणवत्ता वाली चिकित्सा सेवाओं के रूप में मिलेगा।

6 बच्चों की मां की पीट-पीटकर हत्या

सासाराम। जिले के शिवसागर थाना क्षेत्र अंतर्गत मचवार गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है जहां प्रेम प्रसंग के विवाद में 44 वर्षीय एक महिला की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान सरिता देवी के रूप में हुई है जो छह बच्चों की मां थी। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और परिवार में कोहराम मचा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सरिता देवी अपने दैनिक कार्यों के लिए खेत में साग तोड़ने गई थी। इसी दौरान उसका सामना पड़ोसी कमलेश बिंद से हुआ। पुलिस सूत्रों और स्थानीय लोगों का कहना है कि सरिता देवी और कमलेश बिंद के बीच पिछले कई वर्षों से प्रेम संबंध थे जिसे लेकर दोनों परिवारों के बीच अक्सर तनाव बना रहता था। आज खेत में किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, जिसने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि कमलेश बिंद ने आक्रोश में आकर सरिता देवी के साथ बुरी तरह मारपीट की, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

​सासाराम सदर अस्पताल में हंगामा

सासाराम। बिहार के सासाराम स्थित सदर अस्पताल के ट्रामा सेंटर में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक मरीज की मौत के बाद परिजनों ने उग्र होकर जमकर बवाल काटा। आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में न केवल तोड़फोड़ की बल्कि सरकारी संपत्ति को भी भारी नुकसान पहुंचाया। हंगामे की इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

मां के हाल जानने पहुंचे तेज प्रताप

​पटना। राष्ट्रीय जनता दल के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव ने आज अपनी माताजी और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी से मुलाकात की। हाल ही में उनकी सुरक्षा को लेकर चल रही अटकलों और मीडिया रिपोर्ट्स के बीच बाहर निकलते ही तेज प्रताप ने इन चर्चाओं पर विराम लगाने का प्रयास किया और अपनी बात स्पष्ट रूप से रखी। ​मीडिया से बातचीत करते हुए तेज प्रताप यादव ने स्पष्ट किया कि उनकी सुरक्षा वापस नहीं ली गई है। उन्होंने बताया कि सुरक्षाकर्मी उन्हें बार-बार ऐसे पत्र दिखा रहे थे, जिनमें कमांड काटने की बात कही गई थी। तेज प्रताप ने जोर देकर कहा कि उनकी माता राबड़ी देवी ने कोई सुरक्षा नहीं हटाई है और न ही इस मामले में उनका कोई हस्तक्षेप है। उन्होंने पूरी प्रक्रिया में तकनीकी या प्रशासनिक संशय की ओर इशारा किया है।

भटक रहे थे 4 मासूमों को पुलिस ने कराई घर वापसी

जमुई शहर के व्यस्ततम इलाके पंचमंदिर के पास उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया जब चार छोटे बच्चों को लावारिस हालत में भटकते हुए देखा गया। बच्चे न तो अपना नाम बता पा रहे थे और न ही अपने घर का सही पता, जिससे उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई थी। लेकिन, स्थानीय नागरिकों की संवेदनशीलता और डायल 112 की त्वरित कार्रवाई ने एक बड़ी अनहोनी को टाल दिया।​मिली जानकारी के अनुसार ये चारों बच्चे जमुई के कल्याणपुर इलाके के रहने वाले हैं। दोपहर के समय वे घर के बाहर खेल रहे थे तभी खेल-खेल में वे रास्ता भटक गए। आगे बढ़ते-बढ़ते वे शहर के मुख्य बाजार स्थित पंचमंदिर तक पहुंच गए। यहां जब राहगीरों ने बच्चों को अकेला और डरा हुआ देखा तो उनसे पूछताछ की। मासूम होने के कारण बच्चे घबरा गए और बार-बार अपना नाम और पता बदलते रहे, जिससे उनकी स्थिति और भी संदिग्ध हो गई।