Bihar Top News Today 06 oct 2026: बिहार (BIHAR) में आज 06 अक्टूबर को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…

PK का बीजेपी को चैलेंज

पटना। बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर हो रहे चुनाव के लिए आज मंगलवार (6, अक्टूबर) को नॉमिनेशन का आखिरी दिन है। पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जन सुराज की उम्मीदवार डॉ. दिव्या ज्योति ने अपना नामंकन दाखिल किया। नामांकन के दौरान जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर भी मौजूद रहे। डॉ. दिव्या ज्योति के मैदान में उतरने से पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है।
वहीं, पटना स्नातक सीट से चुनाव लड़ रहे नीरज कुमार पर भी प्रशांत किशोर ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि, नीरज कुमार इतने साल से एमएलसी हैं, इसीलिए तो हारेंगे, जब वे वेतनमान दिला नहीं सकते, यादवों की हत्या-समाज में अत्याचार पर मुंह नहीं खोलते, तो आज किस मुंह से वोट मांग रहे हैं, जिन नीतीश कुमार के नाम पर वह वोट मांग रहे हैं, अगर नीतीश कुमार कैमरे पर आकर उनके समर्थन में बोल दें तो जन सुराज अपना प्रत्याशी वापस ले लेगा।

पटना के गेस्ट हाउस में पुलिस का छापा

पटना के नौबतपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने बिहटा-सरमेरा मार्ग पर स्थित एक गेस्ट हाउस में अचानक छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गेस्ट हाउस के अलग-अलग कमरों से 9 युवतियों और 6 युवकों को आपत्तिजनक स्थिति में हिरासत में लिया है। इस अचानक हुई कार्रवाई से इलाके में सनसनी फैल गई है। ​पुलिस अधिकारियों को इस गेस्ट हाउस में संदिग्ध गतिविधियों और युवक-युवतियों के ठहरने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस ने बिना देर किए एक टीम का गठन किया और योजनाबद्ध तरीके से गेस्ट हाउस पर धावा बोल दिया। पुलिस को देखते ही वहां हड़कंप मच गया। तलाशी के दौरान विभिन्न कमरों से कुल 15 लोगों (9 युवतियां और 6 युवक) को पकड़ा गया। पुलिस सभी को हिरासत में लेकर थाने ले आई है, जहां उनसे गहन पूछताछ की जा रही है।

तालाब में डूबने से तीन किशोरों की मौत

सारण जिले के सहाजितपुर थाना क्षेत्र में सोमवार को एक बड़ा हादसा सामने आया, जहां तालाब में स्नान करने गए तीन किशोरों की डूबने से मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसर गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ​जानकारी के मुताबिक, पीपाड़ा गांव के रहने वाले तीनों किशोर एक साथ बगल के एक कोचिंग सेंटर में ट्यूशन पढ़ने गए थे। कोचिंग से पढ़ाई पूरी कर वापस लौटने के दौरान तीनों गांव के ही एक तालाब में स्नान करने के लिए उतर गए। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब वे घर नहीं लौटे, तो परिजनों को गहरी चिंता हुई और उन्होंने आसपास के इलाकों में उनकी खोजबीन शुरू कर दी।

तेज हवाओं ने उड़ाया सीएम के स्वागत का गेट

सासाराम। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आगमन से ठीक पहले बेदा इलाके में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सीएम के द्वारा बाईपास के लोकार्पण कार्यक्रम के शुरू होने से मात्र एक घंटा पहले, स्वागत के लिए बनाया गया एक भव्य तोरण द्वार अचानक भरभरा कर नीचे गिर गया।
​मिली जानकारी के अनुसार, आज अचानक मौसम का मिजाज बदल गया और क्षेत्र में तेज हवाएं चलने लगीं। बांस, बल्ला, लोहे के रॉड और कपड़े की मदद से तैयार किया गया यह अस्थायी तोरण द्वार तेज हवा के दबाव को बर्दाश्त नहीं कर सका और देखते ही देखते धराशायी हो गया। गनीमत यह रही कि इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। मौके पर सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए तैनात कुछ पुलिसकर्मी और अन्य कर्मी इसकी चपेट में आने से बाल-बाल बच गए।

बीच बाजार वकील की हत्या

कटिहार। ​सोमवार की सुबह कटिहार के नगर थाना क्षेत्र स्थित पटेल चौक पर उस वक्त सनसनी फैल गई, जब अपराधियों ने कोर्ट में प्रैक्टिस करने वाले एक अधिवक्ता की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान अधिवक्ता गुड्डू अंसारी के रूप में हुई है, जो कटिहार कोर्ट में वकालत करते थे। इस सनसनीखेज वारदात का लाइव सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें अपराधी पूरी बेखौफ अंदाज में नजर आ रहे हैं।

माफिया अतीक अहमद का शूटर कोर्ट में पेश

गयाजी। माफिया अतीक अहमद के बहुचर्चित उमेश पाल हत्याकांड में शामिल और लंबे समय से फरार चल रहा कुख्यात शूटर अरमान आखिरकार पुलिस की गिरफ्त में आ चुका है। सोमवार शाम को उसे भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच प्रयागराज की विशेष एससी-एसटी कोर्ट में पेश किया गया। सुनवाई के बाद अदालत ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। कोर्ट में पेशी के बाद मंगलवार सुबह उसे वापस गयाजी सेंट्रल जेल लाया गया है।

अवैध शराब की सैकड़ों भट्ठियां ध्वस्त

पटना। पुनपुन इलाके में पुलिस और प्रशासन ने अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ अब तक का एक सबसे बड़ा अभियान चलाया है। पुनपुन नदी के किनारे बसे मेहरावा गांव में पुलिस ने औचक छापेमारी कर अवैध शराब की सैकड़ों भट्ठियों को नेस्तनाबूद कर दिया है। इस बड़ी कार्रवाई से पूरे इलाके में शराब तस्करों के बीच हड़कंप मच गया है।

SSP ऑफिस में 7 करोड़ का घोटाला

मुजफ्फरपुर। सीनियर एसपी कार्यालय से जुड़े राशि घोटाला मामले में एक महिला सिपाही को निगरानी कोर्ट ने दोषी करार दिया है, जिसका फैसला 26 अक्टूबर को होगा। फैसले वाले दिन दोषी महिला सिपाही के लिए सजा की अवधि तय होगी। पूरा मामला मुजफ्फरपुर के सीनियर एसपी कार्यालय में 7 करोड़ की राशि गबन से जुड़ा हुआ है। 2010 में गबन का मामला सामने आने पर तत्काल नगर थाना में एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई शुरू की गई थी।
सीनियर एसपी कार्यालय के तत्कालीन अकाउंटेंट सुशील कुमार के द्वारा यह घोटाला किया जा रहा था। घोटाला में पुलिस विभाग के कर्मियों का राशि को अन्य अकाउंट में सीधे भेजा जा रहा था, जिन अकाउंट में पैसा भेजा जा रहा था। उसमें सुशील कुमार, शकुंतला देवी और सिपाही बेबी कुमारी का अकाउंट शामिल था।

टोल टैक्स को लेकर बस संचालकों का प्रदर्शन, हाईवे जाम

नालंदा। जिले के वेना थाना क्षेत्र स्थित पैठना टोल प्लाजा के पास मंगलवार को टोल टैक्स की अत्यधिक दरों को लेकर बस संचालकों का भारी आक्रोश देखने को मिला। बिहारशरीफ-बख्तियारपुर हाईवे पर बस मालिकों और संचालकों ने अपनी बसें सड़क पर खड़ी कर पूरी तरह चक्का जाम कर दिया। सुबह 7 बजे से 10 बजे तक चले इस तीन घंटे के प्रदर्शन के कारण हाईवे पर यातायात पूरी तरह ठप रहा और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

ASI सड़क हादसे में मौत

गयाजी में सोमवार की देर रात हुए एक सड़क हादसे में डायल 112 के एएसआई सुनील चौधरी की मौत हो गई। घटना गया-पटना एनएच-22 पर बेलागंज थाना क्षेत्र स्थित खनेटा गांव के पास हुई, जहां मृतक एएसआई सुनील चौधरी की बाइक अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। घटना की सूचना मिलते ही बेलागंज थाने की पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल एएसआई सुनील चौधरी को इलाज के लिए तुरंत बेलागंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए एएसआई को गया रेफर कर दिया। हालांकि जब तक उन्हें गया अस्पताल पहुंचाया गया। तब तक काफी देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।