Bihar Top News Today 06 September 2026: बिहार (BIHAR) में आज 06 सितम्बर को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…
37 डीएसपी और एएसपी स्तर के अधिकारियों का किया तबादला
बिहार में प्रशासनिक फेरबदल के तहत गृह विभाग ने पुलिस महकमे में बड़ा कदम उठाते हुए 37 पुलिस अधिकारियों का तबादला किया है। इस फेरबदल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO), पुलिस उपाधीक्षक (DSP) और अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) स्तर के कई अधिकारी शामिल हैं। इन अधिकारियों को विभिन्न जिलों के साथ-साथ आर्थिक अपराध इकाई (EOU), विशेष शाखा, निगरानी अन्वेषण ब्यूरो और विशेष सुरक्षा दल (SSD) जैसी महत्वपूर्ण इकाइयों में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
SC से रीतलाल यादव को झटका, जमानत याचिका खारिज
पटना। आरजेडी के पूर्व विधायक और बाहुबली नेता रीतलाल यादव को सुप्रीम कोर्ट से तगड़ा झटका लगा है। शीर्ष अदालत ने संगठित अपराध और रंगदारी से जुड़े एक मामले में उनकी जमानत याचिका को खारिज कर दिया है। इसके साथ ही अदालत ने मामले की सुनवाई और ट्रायल को लेकर कुछ अहम निर्देश भी दिए हैं। इससे पहले पटना हाईकोर्ट ने रीतलाल यादव की जमानत याचिका को नामंजूर कर दिया था, जिसके खिलाफ उन्होंने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था। इस मामले की सुनवाई सुप्रीम कोर्ट में जस्टिस दीपांकर दत्ता और जस्टिस शील नागू की पीठ के समक्ष हुई। सुनवाई के दौरान रीतलाल यादव की तरफ से देश के जाने-माने वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल ने पैरवी की और उनका पक्ष अदालत के सामने रखा। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया कि वह पटना हाईकोर्ट के आदेश में किसी भी तरह का दखल नहीं देगा।
निशांत मिश्रा को दोबारा मिली लोजपा के मीडिया प्रभारी की कमान!
पटना। राष्ट्रीय कमेटी के गठन के बाद अब लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने बिहार में अपने सांगठनिक ढांचे को धार देना शुरू कर दिया है। इसी प्रक्रिया के तहत पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र विवेक के कार्यभार संभालने के बाद से लगातार पदों पर नियुक्तियां की जा रही हैं। पार्टी के इस सांगठनिक विस्तार के क्रम में शीर्ष नेतृत्व ने एक बार फिर से निशांत मिश्रा पर भरोसा जताते हुए उन्हें प्रदेश मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी है। इस संबंध में पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख धीरेंद्र मुन्ना ने आधिकारिक पत्र जारी कर विधिवत जानकारी दी है।
फरक्का जल संधि पर महासंग्राम
पटना। राजनीति में फरक्का जल संधि को लेकर पारा चढ़ गया है। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने इस मुद्दे पर केंद्र सरकार और पूर्व की सरकारों पर तीखा हमला बोला है। पार्टी का स्पष्ट कहना है कि इस संधि के कारण पिछले तीन दशकों से बिहार लगातार उपेक्षा और नुकसान का शिकार हो रहा है, जिसे अब और बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पश्चिम बंगाल में स्थित फरक्का बैराज के निर्माण के कारण गंगा नदी में भारी मात्रा में गाद (सिल्ट) जमा हो रही है, जिससे नदी का तल लगातार उथला होता जा रहा है। नदी की जलधारण क्षमता कम होने का सीधा असर बिहार के पर्यावरण और भूगोल पर पड़ रहा है। राज्य के 12 गंगा-तटीय जिलों में इसका सबसे बुरा प्रभाव देखने को मिल रहा है, जहां एक ओर लोगों को भीषण बाढ़ की विभीषिका झेलनी पड़ती है, तो वहीं दूसरी ओर कई इलाके सूखे की चपेट में आ जाते हैं। बढ़ती आबादी के दौर में पानी की मांग तो तेजी से बढ़ी है, लेकिन इस संधि की वजह से बिहार को उसके हिस्से का वाजिब पानी नहीं मिल पा रहा है।
गंगाजल से कार्यालय का शुद्धिकरण करने पर हेडमास्टर सस्पेंड
मुजफ्फरपुर। एक स्कूल के प्रभारी हेडमास्टर द्वारा अपने कार्यालय और कुर्सी का गंगाजल से ‘शुद्धीकरण’ करने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। इस गंभीर अनुशासनहीनता और अंधविश्वास फैलाने वाले कृत्य पर शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए आरोपी हेडमास्टर को तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही, उनका वेतन भी रोक दिया गया है और मामले की विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं।
यह पूरी घटना 4 सितंबर की बताई जा रही है। वीडियो क्लिप जब शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों तक पहुंची, तो प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। इसके तुरंत बाद जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) कुमार अरविंद सिन्हा ने मामले का संज्ञान लेते हुए प्रभारी हेडमास्टर से स्पष्टीकरण मांगा था। शुरुआती जांच में इस कृत्य को सरकारी सेवा नियमों का गंभीर उल्लंघन और ड्यूटी के दौरान अनुशासनहीनता माना गया।
सड़क हादसे में 3 दोस्तों की मौत
भागलपुर। जिले के बाइपास थाना क्षेत्र में शनिवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में तीन दोस्तों की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार युवकों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे तीनों की मौके पर ही गंभीर रूप से हालत बिगड़ गई। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। यह दर्दनाक हादसा शनिवार शाम बाइपास फोर लेन पर हुआ। शुरुआती जानकारी के अनुसार, दुर्घटना का मुख्य कारण तेज रफ्तार वाहन द्वारा ओवरटेक करना बताया जा रहा है। बस जब एक-दूसरे वाहन को ओवरटेक कर रही थी, तभी उसकी चपेट में बाइक आ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के तुरंत बाद चालक मौके पर बस छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही बाइपास थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और बस को अपने कब्जे में ले लिया।
बाढ़ को लेकर सरकार अलर्ट
Bihar News: बिहार में बाढ़ का संकट लगातार गहराता जा रहा है। राज्य के 13 जिले इस समय बाढ़ की चपेट में हैं। इस बीच बिहार सरकार में कैबिनेट मंत्री दीपक प्रकाश ने प्रदेश में बाढ़ की स्थिति को लेकर कहा कि, सरकार-प्रशासन हर स्तर पर अलर्ट है। जल स्तर बढ़ रहा था नदियों का, तो अलर्ट रहने के निर्देश हैं, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हो या उसको कंटेन किया जा सके। हर तरीके से सरकार अलर्ट है, सभी चीज़ों का ध्यान रखा जा रहा है।
25 फीट ऊंचा रिंग बांध टूटा
Bihar Floods: बिहार में हर समय बीतने के साथ ही नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। इसके साथ ही राजधानी पटना समेत 13 जिलों में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। गंडक नदी का जलस्तर बढ़ने के साथ हाजीपुर के अखिलाबाद इलाके में बाढ़ का खतरा गहरा गया है। कल शनिवार की देर रात अचानक करीब 25 फीट रिंग बांध टूट गया, जिसके बाद पानी तेज रफ्तार से गांव की ओर फैलने लगा। बांध टूटने की खबर मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। रिंग बांध और मेन बांध के बीच बसे करीब 500 घरों की 10 हजार से ज्यादा आबादी पर संकट मंडराने लगा है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, बांध में पिछले दो दिनों से लगातार रिसाव हो रहा था। ग्रामीणों का कहना है कि इसकी जानकारी प्रशासन को दी गई थी, लेकिन समय रहते बांध की मरम्मत नहीं हो सकी। पानी का दबाव बढ़ने के बाद देर रात बांध का एक हिस्सा अचानक टूट गया और देखते ही देखते पानी आसपास के इलाके में फैलने लगा।
गांधी मैदान में अब नहीं जलेगा रावण
Bihar News: सीएम सम्राट चौधरी ने कल शनिवार (5, सितंबर) को पटना के गांधी मैदान में आयोजित श्रीकृष्ण महोत्सव 4.0-2026 ‘कान्हा के रंग, उत्सव के संग’ कार्यक्रम का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार एवं सात्विका ग्रुप के सौजन्य से दशहरा कमिटी ट्रस्ट, पटना द्वारा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बड़ा ऐलान करते हुए अपने संबोधन में कहा कि, अगले वर्ष मार्च तक मरीन ड्राइव के समीप तीन बड़े मैदान तैयार हो जाएंगे। इनमें से एक मैदान का नाम रामलीला मैदान रखा जाएगा।
महानंदा एक्सप्रेस की 2 बोगियां पटरी से उतरीं
Bihar Train Accident: बिहार के भोजपुर जिले में रविवार तड़के एक बड़ा रेल हादसा हो गया। आरा जंक्शन के पास महानंदा एक्सप्रेस की दो बोगियां पटरी से उतर गईं। हादसा सुबह करीब 4:10 बजे हुआ। ट्रेन के दो जनरल कोच पटरी से उतरने के बाद सफर कर रहे यात्रियों और रेलवे महकमे में हड़कंप मच गया। घटना का असर दिल्ली-हावड़ा मुख्य रेलखंड पर भी पड़ा है और ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हुई है।



