Bihar Top News Today 07 july 2026: बिहार (BIHAR) में आज 07 जुलाई को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…
दो बच्चों की मां ने फांसी लगाकर की खुदकुशी
रोहतास। जिले से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है, जहां करगहर थाना क्षेत्र के डुमरा गांव में एक महिला ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। महिला के खुदकुशी करने की जानकारी होते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका के दो छोटे-छोटे बच्चे हैं। मृतका का ससुराल कैमूर जिला के भगवानपुर थाना क्षेत्र के पररी था। हालांकि बीते कई साल से वह अपने बच्चों के साथ मायके में ही रह रही थी।
PMCH में नर्सों की हड़ताल से स्वास्थ्य सेवाएं ठप
पटना। शहर के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल, पीएमसीएच (PMCH) में मंगलवार को नर्सों के कार्य बहिष्कार से स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह चरमरा गई हैं। पिछले 6 घंटों से इमरजेंसी, ओटी (OT) और अन्य महत्वपूर्ण सेवाएं ठप हैं, जिससे मरीजों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के बीच नर्सें कैंपस में लगातार विरोध-प्रदर्शन कर रही हैं। यह सारा विवाद सोमवार को 55 वर्षीय मरीज अरविंद सिंह की मौत के बाद शुरू हुआ। अरविंद सिंह पीएमसीएच में पिछले 20 वर्षों से कार्यरत सीनियर स्टाफ नर्स लक्ष्मी कुमारी के पति थे। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में इलाज के दौरान लापरवाही बरती गई, जिसके कारण उनकी जान गई। बेटे शिवम कुमार के अनुसार, उनके पिता का डायलिसिस चल रहा था, लेकिन समय पर उचित इलाज नहीं मिला।
प्रेम विवाह से नाराज ग्रामीणों ने तोड़ा युवक का घर
समस्तीपुर। जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है जहां प्रेम विवाह से नाराज ग्रामीणों ने कानून को हाथ में लेते हुए एक परिवार को न केवल गांव से बेदखल कर दिया बल्कि उनके घर को भी जमींदोज कर दिया। खानपुर थाना क्षेत्र के रामनगर में हुई इस घटना ने सभ्य समाज की मर्यादाओं को तार-तार कर दिया है।
वसूली रैकेट खुलासे में 9 गिरफ्तार
कैमूर। जिले के मोहनिया में एनएच-19 स्थित परिवहन विभाग के वाहन जांच केंद्र के समीप चल रहे अवैध वसूली के एक बड़े रैकेट का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। एसडीपीओ गोपाल कृष्णा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इस पूरी कार्रवाई का खुलासा किया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। एसडीपीओ ने जानकारी दी कि पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि एनएच-19 पर वाहनों से अवैध वसूली की जा रही है। निर्देश मिलते ही डीएसपी ट्रैफिक के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने योजनाबद्ध तरीके से परिवहन विभाग के जांच केंद्र के पास स्थित दो संदिग्ध झोपड़ियों पर दबिश दी।
बरौनी रिफाइनरी मजदूरों पर CISF का लाठीचार्ज का आरोप
बेगूसराय। बरौनी रिफाइनरी के विस्तारीकरण परियोजना में कार्यरत साउथ ट्विन कंपनी के एक मजदूर की कार्यस्थल पर हुई मौत के बाद मामला गरमा गया है। मुआवजे के आश्वासन के बाद भी भुगतान न होने से आक्रोशित करीब 1,000 मजदूरों ने मंगलवार को जमकर प्रदर्शन किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए तैनात CISF द्वारा लाठीचार्ज किए जाने के बाद प्रदर्शनकारी मजदूर हिंसक हो गए, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
NIA की ताबड़तोड़ छापेमारी
छपरा। जिले के मशरक थाना क्षेत्र के पचरूखवा गांव में दिल्ली से आई एनआईए की टीम ने छापेमारी की है। छापेमारी के दौरान जांच टीम ने कुछ भी बताने से इंकार किया। वहीं मौके पर मशरक थानाध्यक्ष उज्जवल कुमार भारी संख्या में पुलिस बल के साथ तैनात रहें। जांच टीम ने पचरुखवा गांव में निजाम अंसारी के मकान की घेरा बंदी कर छापेमारी की। बता दें कि एनआईए ने छपरा के अलावा गोपालगंज और मोतिहारी में भी मानव तस्करी को लेकर छापेमारी की है।
बांकीपुर से भाजपा ने उतारा अपना प्रत्याशी
पटना। बिहार की राजधानी पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव ने राज्य की राजनीति का पारा चढ़ा दिया है। जैसे-जैसे मतदान की तारीख नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे चुनावी बिसात बिछने लगी है। इस मुकाबले में अब भाजपा ने भी अपने पत्ते खोल दिए हैं। बांकीपुर उपचुनाव के लिए भाजपा ने युवा मोर्चा से जुड़े अभिषेक कुमार (बंटी) को अपना आधिकारिक उम्मीदवार घोषित किया है। अभिषेक कायस्थ समुदाय से आते हैं और पार्टी में लंबे समय से सक्रिय रहे हैं। भाजपा आलाकमान का उन्हें मैदान में उतारना एक सोची-समझी रणनीति मानी जा रही है, ताकि इस सीट पर पार्टी की पकड़ मजबूत बनी रहे।
3 दिन से लापता छात्रा का शव बरामद
बिहार के मुंगेर जिले से एक बड़ी और दुखद खबर सामने आई है, जहां तीन दिनों से लापता छात्रा का शव उसके घर के पास मौजूद कुएं से बरामद हुआ है। मृतक छात्रा की पहचान संध्या कुमारी के रूप में हुई है, जो नीट प्रवेश परीक्षा का पेपर लीक होने के बाद से डिप्रेशन में चल रही थी। घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कल्याणचक गांव की है। कुएं से छात्रा का शव बरामद होते ही इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। मृतका के पिता ने बताया कि उनकी संध्या उनकी इकलौती बेटी थी। उन्होंने बताया कि, संध्या अब तक दो बार नीट की परीक्षा दे चुकी थी। उसका सपना डॉक्टर बनने का था। परिजनों के मुताबिक नीट परीक्षा में सफलता नहीं मिलने की वजह से वह बीते कुछ दिनों से मानसिक तनाव में थी।
31 वर्षीय युवक की करंट लगने से जान गई
सासाराम। जिले के करगहर थाना क्षेत्र अंतर्गत गोखुलपुर गांव में एक घटना सामने आई है। घर के अंदर बिजली का अर्थिंग ठीक कर रहे 31 वर्षीय युवक उमाशंकर राम की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक सूरज राम का पुत्र था। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मिली जानकारी के अनुसार उमाशंकर राम मंगलवार को अपने घर में बिजली के अर्थिंग का तार दुरुस्त करने का कार्य कर रहा था। काम के दौरान अचानक वह उच्च वोल्टेज की चपेट में आ गया। बिजली का झटका इतना जोरदार था कि वह बुरी तरह झुलस गया। उस वक्त घर के अंदर उमाशंकर अकेला था और मुख्य दरवाजा अंदर से बंद था जिसके कारण आसपास के लोगों को हादसे की भनक तक नहीं लगी।
सेना का जवान बनकर हिंदू युवती को ठगा
मुजफ्फरपुर। जिले के सकरा थाना क्षेत्र में एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक मुस्लिम युवक ने भारतीय सेना का जवान बनकर एक हिंदू युवती को प्रेम जाल में फंसाया और शादी का झांसा देकर उससे भारी रकम वसूल ली। पीड़िता को जब सच्चाई का पता चला तो उसके होश उड़ गए। दरअसल, खुद को सेना का जांबाज सिपाही बताने वाला आरोपी असल में साइकिल की दुकान पर पंचर बनाने का काम करता था। पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार जनवरी 2026 में पीड़िता को फेसबुक पर मो. अरमान की फ्रेंड रिक्वेस्ट आई। बातों का सिलसिला शुरू हुआ और जल्द ही यह दोस्ती प्यार में बदल गई। आरोपी ने युवती का भरोसा जीतने के लिए खुद को सेना का जवान बताया। उसने अपनी प्रोफाइल में सेना की वर्दी पहने तस्वीरें लगा रखी थीं।

