Bihar Top News Today 07 june 2026: बिहार (BIHAR) में आज 07 जून को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…
मंत्री अरुण शंकर प्रसाद के काफिले पर हमला
मधुबनी। बिहार सरकार के श्रम संसाधन, प्रवासी श्रमिक कल्याण एवं युवा रोजगार व कौशल विभाग के मंत्री अरुण शंकर प्रसाद के काफिले पर मधुबनी जिले में जानलेवा हमला होने की खबर है। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मंत्री अरुण शंकर प्रसाद किसी कार्यक्रम के सिलसिले में क्षेत्र का दौरा कर रहे थे इसी दौरान कुछ उपद्रवी तत्वों ने उनके काफिले को निशाना बनाया। हमले में मंत्री की गाड़ी को काफी नुकसान पहुंचा है और उसके शीशे क्षतिग्रस्त हो गए हैं। हालांकि राहत की बात यह है कि मंत्री पूरी तरह सुरक्षित हैं और उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई है।
निर्माण के 60 दिन बाद ही धंसी सड़क
मोतिहारी। विकास के बड़े-बड़े दावों के बीच परसौनी से बोकाने को जोड़ने वाली मुख्य सड़क और नवनिर्मित पुलिया निर्माण कार्य की कलई खुल गई है। मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना के तहत बनी यह सड़क उद्घाटन के महज दो महीने के भीतर ही भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई है। निर्माण कार्य इतना घटिया था कि सड़क के बीचो-बीच गहरी दरारें पड़ गई हैं और पुलिया पूरी तरह से भरभरा कर टूट चुकी है, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
मोतिहारी में फर्जी ड्रग इंस्पेक्टर का भांडाफोड़
मोतिहारी। पूर्वी चंपारण जिले के चिरैया थाना क्षेत्र अंतर्गत मीरपुर में रविवार को एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक अज्ञात युवक ने खुद को स्वास्थ्य विभाग का ड्रग इंस्पेक्टर बताकर एक दवा दुकानदार को डराने-धमकाने और अवैध वसूली करने का प्रयास किया। हालांकि दुकानदार की सूझबूझ और असली ड्रग इंस्पेक्टर की सक्रियता के कारण फर्जी अधिकारी का मंसूबा नाकाम हो गया और वह मौके से फरार हो गया।
नहीं थम रहा राबड़ी आवास विवाद
बेगूसराय। बिहार की राजनीति में उस वक्त उबाल आ गया जब पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की सुरक्षा में कटौती की गई। इस निर्णय के विरोध में मटिहानी से राजद विधायक बोगो सिंह (नरेंद्र सिंह) ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए राज्य सरकार को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने इसे बदले की भावना और हिटलरशाही करार दिया है। विधायक बोगो सिंह ने प्रेस वार्ता के दौरान आरोप लगाया कि सरकार राज्य में शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास जैसे मुद्दों पर पूरी तरह विफल हो चुकी है। उन्होंने कहा चुनाव के समय जनता का वोट चुराया गया जीविका दीदियों के वादे पूरे नहीं किए गए और विधवा-वृद्धा पेंशन भी तीन माह से अटकी है। अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए सरकार जानबूझकर लालू परिवार की सुरक्षा हटाकर जनता का ध्यान भटका रही है।
पत्रकारों ने काली पट्टी बांधकर जताया विरोध
मधुबनी। जिले के वरिष्ठ पत्रकार और प्रतिष्ठित व्यक्ति अजयधारी सिंह को कथित तौर पर बिना किसी ठोस कारण के नगर थाना में घंटों बैठाए रखने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस घटना से जिले के पत्रकारों में भारी रोष व्याप्त है। पत्रकारों के सम्मान और सुरक्षा को लेकर जिले के मीडिया जगत ने एकजुट होकर प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। जानकारी के अनुसार बीते 23 मई की शाम एक इलेक्ट्रॉनिक चैनल के वरिष्ठ पत्रकार अजयधारी सिंह को नगर थाना बुलाया गया जहां उन्हें लगभग चार घंटे तक बैठाए रखा गया। इस दौरान न तो उन्हें बुलाने का कोई संतोषजनक कारण बताया गया और न ही किसी जिम्मेदार अधिकारी ने उनसे स्पष्ट बात की। केवल यह कहकर पल्ला झाड़ लिया गया कि यह जिलाधिकारी का आदेश है। अंततः रात आठ बजे उन्हें थाने से जाने दिया गया। एक वरिष्ठ पत्रकार के साथ हुए इस व्यवहार ने जिले के पत्रकार समुदाय को झकझोर कर रख दिया है।
ननिहाल पहुंचे नीतीश कुमार
नालंदा। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और जनता दल प्रमुख नीतीश कुमार ने रविवार को एक अत्यंत भावुक यात्रा की। वे लगभग 40 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद अपने मौसी के गांव नालंदा जिले के हरनौत स्थित मधोपुर-सबनहुआ पहुंचे। उनका यह दौरा मुख्य रूप से व्यक्तिगत और श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए था जिसने पूरे क्षेत्र में चर्चा और उत्साह का माहौल बना दिया।
नदी में नहाने गए 4 युवक डूबे
गोपालगंज। बिहार के गोपालगंज जिले के जादोपुर थाना क्षेत्र से रविवार की दोपहर एक घटना सामने आई है। मसानथाना के समीप गंडक नदी में नहाने गए चार दोस्तों में से तीन को स्थानीय लोगों और मल्लाहों ने जान पर खेलकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया जबकि एक 21 वर्षीय युवक गहरे पानी में समा गया। लापता युवक बीकॉम का छात्र बताया जा रहा है। लापता युवक की पहचान गोपालपुर थाना क्षेत्र के सपहां गांव निवासी घनश्याम लाल श्रीवास्तव के पुत्र अमन कुमार (21 वर्ष) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, अमन अपने दो भाइयों में सबसे छोटा है। वह पिछले तीन महीनों से नगर थाना क्षेत्र के श्रीरामनगर (वार्ड संख्या 26) स्थित अपने मामा के घर रहकर पढ़ाई कर रहा था। पढ़ाई के साथ-साथ वह आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के लिए मनी ट्रांसफर का कार्य भी करता था। रविवार की छुट्टी के कारण वह अपने सात दोस्तों के साथ मस्ती करने के लिए जादोपुर के मसानथाना बांध के पास गंडक नदी पर गया था, जहां यह हादसा काल बनकर टूट पड़ा।
ट्रैक्टर-कार की टक्कर में मां-बेटी समेत 3 की मौत
औरंगाबाद। जिले के दाउदनगर-गयाजी रोड (NH-120) पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। दधपी गांव के समीप तेज रफ्तार ट्रैक्टर और कार के बीच हुई जोरदार टक्कर में कार के परखच्चे उड़ गए। इस दुर्घटना में मां-बेटी सहित तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
राबड़ी-तेजस्वी समेत सभी ने छोड़ी VIP सिक्योरिटी
पटना। बिहार की राजनीति में उस समय हड़कंप मच गया जब राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के पूरे परिवार ने अपनी सरकारी सुरक्षा वापस करने का निर्णय लिया। यह कदम सरकार द्वारा परिवार की सुरक्षा में की गई कटौती के विरोध में उठाया गया है।सबसे पहले पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने अपनी सुरक्षा वापस करने की घोषणा की। इसके तुरंत बाद, लालू प्रसाद यादव और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने भी अपनी सुरक्षा छोड़ने का फैसला लिया। इस कड़ी में अंत में राज्यसभा सांसद मीसा भारती ने भी सरकारी सुरक्षा को वापस कर दिया।
मछली मंडी में जमकर बरसे लात-घूंसे
सासाराम। शहर के नगर थाना क्षेत्र स्थित समाहरणालय के सामने की मछली मंडी रविवार को उस समय रणक्षेत्र में तब्दील हो गई जब दो मछली विक्रेताओं के बीच ग्राहकों को लेकर विवाद हो गया। छुट्टी का दिन होने के कारण मंडी में काफी भीड़ थी जिसका फायदा उठाने की होड़ में दुकानदार आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते यह विवाद मारपीट में बदल गया जहां लात-घूंसे और मुक्कों की बरसात होती रही।

