Bihar Top News Today 07 nov 2026: बिहार (BIHAR) में आज 07 नवम्बर को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…
महादलित बस्ती में सीएम का आखिरी समय में कार्यक्रम रद्द
पटना। जिले के बिहटा स्थित सदीसोपुर गांव की महादलित बस्ती में इस बार की दीपावली बेहद खास होने वाली थी, लेकिन अंतिम समय पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का कार्यक्रम रद्द होने से पूरे गांव में सन्नाटा और निराशा पसर गई है। तय कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री को रविवार को इस बस्ती में पहुंचकर स्थानीय निवासियों के साथ दीपावली मनानी थी। हालांकि, शनिवार की देर शाम अचानक आई खबर ने ग्रामीणों की सभी उम्मीदों पर पानी फेर दिया।
कार्यक्रम रद्द होने की आधिकारिक पुष्टि करते हुए बिहटा के अंचलाधिकारी (सीओ) राकेश कुमार सिंह ने बताया कि दानापुर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) के माध्यम से उन्हें सूचना मिली है कि अपरिहार्य कारणों से मुख्यमंत्री का यह दौरा स्थगित कर दिया गया है।
बिहार विधानसभा का शीतकालीन सत्र 30 नवंबर से
पटना। बिहार विधानसभा का शीतकालीन सत्र 30 नवंबर से 4 दिसंबर तक आयोजित किया जाएगा। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन द्वारा संविधान के अनुच्छेद 174 के तहत बुलाए गए इस पांच दिवसीय सत्र में कुल पांच बैठकें होंगी। विधानसभा सचिवालय द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, इस सत्र के दौरान द्वितीय अनुपूरक बजट पेश करने से लेकर सरकारी विधेयकों और गैर-सरकारी संकल्पों पर महत्वपूर्ण चर्चाएं संपन्न होंगी।
छोटी दिवाली पर अमर वीरों को श्रद्धांजलि
पटना। देश की रक्षा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीदों को स्मरण करने के उद्देश्य से राजधानी पटना में एक भावुक और प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक संजीव चौरसिया के नेतृत्व में स्थानीय शहीद स्मारक पर एक दिया शहीदों के नाम कार्यक्रम का भव्य आयोजन हुआ, जिसमें पार्टी के कई दिग्गज नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।
20 ATM कार्ड के साथ दो गिरफ्तार
मोतिहारी। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी में साइबर अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। नगर थाना क्षेत्र की पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बेली सराय इलाके में छापेमारी कर दो युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान पंकज गुप्ता और राजू कुशवाहा के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से भारी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है, जिसमें लगभग 20 विभिन्न बैंकों के एटीएम कार्ड, कई पैन कार्ड और दो मोबाइल फोन शामिल हैं। इन बरामदगी से साफ जाहिर होता है कि ये लोग किसी बड़े वित्तीय फर्जीवाड़े में लंबे समय से सक्रिय रूप से शामिल थे।
सासाराम में 3 करोड़ की डकैती करने वाले को नहीं पकड़ पाई पुलिस
सासाराम। 27 अक्टूबर को एक आभूषण दुकान में हुई भीषण चोरी और डकैती के मामले में अब तक अपराधियों की गिरफ्तारी न होने से व्यापारियों में भारी रोष व्याप्त है। इसी बात का विरोध जताने और पुलिस-प्रशासन पर दबाव बनाने के लिए आज कोचस के तमाम व्यवसायियों ने हाथों और कपड़ों पर काला बिल्ला लगाकर अपना विरोध दर्ज कराया है। व्यापारियों का कहना है कि घटना को लंबा समय बीत जाने के बावजूद पुलिस के हाथ अब तक खाली हैं, जिससे स्थानीय दुकानदारों और व्यवसायियों में असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है।
सट्टेबाजी और ऑनलाइन गेमिंग के अड्डे पर छापा
मुजफ्फरपुर। जिले में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। कांटी प्रखंड के न्यू मार्केट स्थित मिश्रा कॉम्प्लेक्स में चल रहे अवैध सट्टा, जुआ और ऑनलाइन गेमिंग के बड़े कारोबार का खुलासा करते हुए पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के दौरान मौके से 2 लाख 4 हजार 200 रुपये नकद, चार ताश की गड्डियां और आठ मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। मिली जानकारी के अनुसार, आगामी पर्व-त्योहारों के मद्देनजर अपराध नियंत्रण और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार विशेष अभियान चला रही है। इसी कड़ी में 6 नवंबर 2026 की देर रात पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि कांटी थाना क्षेत्र के न्यू मार्केट स्थित मिश्रा कॉम्प्लेक्स में बड़े पैमाने पर सट्टा और ऑनलाइन गेमिंग का अवैध धंधा चल रहा है।
जमीनी विवाद में पिता और तीन बेटों को मारी गोली
पटना। पटना सिटी के दीदारगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले हीरानंदपुर इलाके में मामूली जमीन के विवाद को लेकर खून-खराबा मच गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दबंगों ने ताबड़तोड़ गोलीबारी करते हुए एक ही परिवार के चार सदस्यों को गोलियों से भून डाला। इस हिंसक घटना में पिता और उसके तीन सगे बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिससे पूरे इलाके में भारी दहशत और सनसनी फैल गई है। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, हीरानंदपुर इलाके में काफी समय से जमीन को लेकर एक विवाद चल रहा था। घटना के दिन अचानक मामला गरमा गया और दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि विरोधी पक्ष के लोगों ने आव देखा न ताव और ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं। इस अचानक हुए हमले से घर और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे, लेकिन हमलावरों ने योजनाबद्ध तरीके से परिवार के मुखिया यानी पिता और उनके तीन बेटों को निशाना बनाते हुए गोलियां दाग दीं।
MBBS छात्र की मौत पर बवाल
भागलपुर स्थित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (JLNMCH), मायागंज के वर्ष 2023 बैच के MBBS छात्र रूपेश सोनी की सड़क हादसे के बाद इलाज के दौरान पटना पीएमसीएच में मौत हो गई। घटना 5 नवंबर की देर रात करीब 12:20 बजे की है, जब पार्टी से हॉस्टल लौट रहे रूपेश की स्कूटी को एक बेकाबू कार ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में रूपेश के सिर और कमर में गंभीर चोटें आई थीं। मृतक रूपेश दो भाइयों में बड़े थे और उनके पिता राजेंद्र प्रसाद सोनी कपड़े के व्यवसायी हैं।
दो फ्लैटों से 35 लाख की चोरी
दरभंगा। जिले में अपराधियों ने सुरक्षा व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए एक ही अपार्टमेंट के दो फ्लैटों को अपना निशाना बनाया। नगर थाना क्षेत्र के खानकाह चौक के निकट सकमा पुल स्थित डी इंकलेव सोसाइटी में हुई इस बड़ी चोरी की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है। चोरों ने बड़ी सफाई से ताले की कुंडी को कटर से काटा और कीमती सामान समेटकर फरार हो गए।दूसरी मंजिल पर स्थित फ्लैट नंबर 202 के मालिक और बैंक मैनेजर ओम कुमार झा अपनी बेटी का जन्मदिन मनाने के लिए परिवार सहित अपने पैतृक गांव मधुबनी के सरसोपाही गए थे। एक नवंबर की सुबह वे घर से निकले थे और जब दो नवंबर की सुबह करीब आठ बजे वापस लौटे, तो उनके होश उड़ गए। दरवाजे की कुंडी कटी हुई थी, जिसे चोरों ने बाद में दोबारा सीधा कर दिया था ताकि किसी को शक न हो। अंदर जाकर देखने पर पता चला कि अलमारी में रखे करीब 35 लाख रुपये के जेवरात और 25,000 रुपये नकद गायब हैं। हैरानी की बात यह है कि चोर वारदात में इस्तेमाल किया गया कटर मौके पर ही छोड़ गए थे।
सड़क हादसे में 3 साल की बच्ची समेत दो की मौत
मुजफ्फरपुर। कुशीनगर में शनिवार तड़के दिल्ली से मुजफ्फरपुर आ रही यात्रियों से भरी एसी स्लीपर बस भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। तमकुहीराज थाना क्षेत्र के लबनिया गांव के पास बस की एक ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में तीन साल की बच्ची समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 यात्री घायल हो गए। घायलों में एक बच्ची समेत चार लोगों की हालत गंभीर है। उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है।प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हादसे की वजह ओवरटेक करना बताया जा रहा है। बस चालक आगे चल रहे ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान बस के बाएं हिस्से की ट्रक से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कुछ यात्री टूटे हुए शीशे से बाहर सड़क पर जा गिरे। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।

