Bihar Top News Today 08 September 2026: बिहार (BIHAR) में आज 08 सितम्बर को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…

दरभंगा के BDO के 5 ठिकानों पर ईओयू की छापेमारी

दरभंगा। जिले के बहादुरपुर प्रखंड के बीडीओ (प्रखंड विकास पदाधिकारी) आनंद कुमार विभूति के ठिकानों पर आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) की टीम ने ताबड़तोड़ छापेमारी की है। मंगलवार सुबह पटना से आई ईओयू की विशेष टीम ने दरभंगा और मुजफ्फरपुर समेत कुल 5 ठिकानों पर एक साथ यह कार्रवाई शुरू की। अधिकारियों को सूचना मिली थी कि बीडीओ के पास उनकी आय से करीब 1.30 करोड़ रुपये अधिक की संपत्ति है। इस बड़ी कार्रवाई के बाद प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है।

दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर

छपरा। ​छपरा-मुजफ्फरपुर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-722 पर तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला है। गरखा थाना क्षेत्र के भैंसमारा गांव के समीप बीती सोमवार की देर रात दो तेज रफ्तार ट्रकों के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण दुर्घटना में दोनों ट्रकों के चालक और एक खलासी गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।

जदयू कार्यालय में हंगामा

पटना। शहर स्थित जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रदेश कार्यालय में उस वक्त अचानक अफरा-तफरी मच गई, जब जनता दरबार के दौरान एक मामला सामने आया। पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं मंत्री विजय चौधरी के सामने अपराजिता शर्मा नामक एक युवती पहुंची और सीधे तौर पर जदयू प्रवक्ता नवल शर्मा पर उनकी पुश्तैनी जमीन और पूरी संपत्ति हड़पने का गंभीर आरोप लगाया। इस अप्रत्याशित घटनाक्रम से मौके पर मौजूद पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं के बीच कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया।

नाव हादसे में महात्मा गांधी सेतु के पास डूबे 11 लोग

वैशाली। गंगा नदी में महात्मा गांधी सेतु के पास एक नाव अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में लगभग 10 से 11 लोग पानी में डूब गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और राहत बचाव टीमें मौके पर पहुंच गईं, जबकि लापता लोगों की तलाश के लिए युद्ध स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। ​यह दुर्घटना वैशाली जिले के तेरसिया गांव के समीप महात्मा गांधी सेतु के पास घटी है। शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, नाव पर करीब 10 से 11 लोग सवार होकर नदी पार कर रहे थे। इसी दौरान नाव अचानक असंतुलित हो गई और पिलर संख्या 9 और 10 के नजदीक तेज धार में पलट गई। नदी का जलस्तर और तेज बहाव होने के कारण यात्रियों को संभलने का मौका नहीं मिला और वे गहरे पानी में समा गए। हादसा होते ही आसपास के इलाके में कोहराम मच गया और घाट पर चीख-पुकार शुरू हो गई।

पानी भरते समय करंट लगने से नाबालिग की मौत

सहरसा। जिले के सोनवर्षा राज प्रखंड क्षेत्र के बरैठ पंचायत अंतर्गत गढ़ अमृता गांव में मंगलवार को पानी पीने के लिए नलका चला रही 10 वर्षीय बालिका करंट की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उसे बचाने गए उसके मामा भी गंभीर रूप से झुलस गए, जिनका इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है। इस घटना के बाद पूरे परिवार और इलाके में मातम पसर गया है। ​मृतका की पहचान सलखुआ थाना क्षेत्र के करहड़ा निवासी अचंद्र यादव की 10 वर्षीय पुत्री बबली कुमारी के रूप में हुई है। बबली इन दिनों अपने ननिहाल गढ़ अमृता गांव में नाना गुरुदेव यादव के घर पर रह रही थी। मंगलवार को उसकी नानी ने उसे बकरियों की देखरेख के लिए भेजा था। इसी दौरान उसे तेज प्यास लगी और वह पानी पीने के लिए घर के पास लगे नलके के पास पहुंच गई।

12 सितंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत

नालंदा। बिहारशरीफ व्यवहार न्यायालय और हिलसा सिविल कोर्ट में 12 सितंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में आयोजित होने वाली इस लोक अदालत में लंबे समय से लंबित मुकदमों और पूर्व-मुकदमेबाजी से जुड़े सुलह योग्य मामलों का आपसी समझौते के आधार पर निष्पादन किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10:30 बजे से होगी।

मनरेगा जेई अमन कुमार घूस लेते गिरफ्तार

जहानाबाद। जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी विभाग ने सदर प्रखंड में पदस्थापित मनरेगा के कनीय अभियंता (JE) अमन कुमार को निगरानी ब्यूरो की टीम ने 20,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। यह पूरी कार्रवाई शहर के व्यस्त इलाके अंबेडकर चौक के समीप एक निजी होटल से संचालित की गई, जहां घूस की रकम के लेनदेन की डील पहले से तय थी। ​मिली जानकारी के अनुसार, जहानाबाद सदर प्रखंड की जामुक पंचायत में मनरेगा योजना के तहत कुछ विकास कार्य कराए गए थे। इन्हीं कराए गए कार्यों के भौतिक सत्यापन और उससे जुड़ी फाइलों को आगे बढ़ाने के एवज में कनीय अभियंता अमन कुमार द्वारा मनरेगा रोजगार सेवक से 20 हजार रुपये रिश्वत की मांग की जा रही थी। रोजगार सेवक इस अवैध वसूली से परेशान होकर भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाते हुए पूरे मामले की शिकायत निगरानी विभाग से कर दी।

मलेशिया में किशनगंज के 40 युवक अरेस्ट

किशनगंज। जिले से जुड़ा एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां मलेशिया पुलिस और इमिग्रेशन विभाग ने अवैध रूप से रह रहे और काम कर रहे 40 युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। इन युवकों के पास से एक्सपायर वीजा बरामद हुआ है, जिसके बाद यह सख्त कार्रवाई की गई है। इस पूरी घटना के सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। ​कोचाधामन के पूर्व विधायक मुजाहिद आलम ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर कुछ वीडियो शेयर किए हैं, जो गिरफ्तार युवकों में शामिल नासिक बाबू ने उन्हें मलेशिया से भेजे हैं। इन वीडियो में युवक हाथों में हथकड़ी पहने हुए अपनी बदहाली और परेशानी की दास्तां बयां कर रहे हैं। मुजाहिद आलम के अनुसार, मलेशियन अधिकारियों ने इन सभी को उनके काम करने की जगहों से हिरासत में लिया है। गिरफ्तारी से बचने के लिए कुछ दिन पहले ये युवक जंगल में छिपकर वीडियो कॉल के जरिए अपनी आपबीती साझा कर रहे थे।

लोजपा विधायक के भाई सोनू सिंह की गिरफ्तारी पर रोक

लोजपा (रामविलास) के बेलसंड विधानसभा सीट से विधायक अमित कुमार रानू के भाई अभिनव कुमार उर्फ सोनू सिंह को रंगदारी से जुड़े मामले में बड़ी राहत मिली है। प्रधान जिला व सत्र न्यायालय में सोमवार को उनकी अग्रिम जमानत अर्जी पर सुनवाई हुई, जिसके बाद मामले को आगे की सुनवाई के लिए एडीजे-17 की अदालत में ट्रांसफर कर दिया गया है। इस अदालत में अब 10 सितंबर को सुनवाई होगी। हालांकि, सोनू सिंह पर दर्ज अन्य एक दर्जन मामलों में पुलिस की कानूनी कार्रवाई और जांच पहले की तरह जारी रहेगी।

कार सवार दंपत्ति समेत 3 लोगों की मौत

Patna Road Accident: राजधानी पटना में आज मंगलवार की सुबह हुए एक भीषण सड़क हादसे में 3 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना मोकामा-बख्तियारपुर फोरलेन पर शिवनार के पास की है। घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में कार सवार दंपत्ति समेत 3 लोगों की मौत हुई है। सभी मृतक खगड़िया जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं।