Bihar Top News Today 09 august 2026: बिहार (BIHAR) में आज 09 अगस्त को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…

छात्रा को मालगाड़ी ने कुचला

नालंदा। जिले के ऐतिहासिक रेलवे स्टेशन पर रविवार को एक बड़ा हादसा सामने आया, जहां एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म पर जाने के दौरान रेलवे ट्रैक पार कर रही 25 वर्षीय बीए की छात्रा मालगाड़ी की चपेट में आ गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान नारदीगंज थाना क्षेत्र के धनिमा पहाड़ी निवासी विजय कुमार की बेटी स्वीटी कुमारी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, स्वीटी बीए फाइनल की छात्रा थी और पढ़ाई के सिलसिले में बिहारशरीफ में किराए के कमरे में रहती थी।

सृजन घोटाले पर तेजस्वी का सरकार पर बड़ा हमला

पटना। बिहार के राजनीतिक गलियारों में एक बार फिर बहुचर्चित सृजन घोटाले की गूंज सुनाई देने लगी है। आज से ठीक नौ वर्ष पूर्व उजागर हुए इस 5500 करोड़ रुपये के वित्तीय गबन को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया है कि सरकारी खजाने की इस भारी-भरकम राशि को सुनियोजित तरीके से लूटा गया, लेकिन सत्ता के संरक्षण और जांच एजेंसियों की उदासीनता के कारण आज तक इस घोटाले का कोई मुकम्मल हिसाब-किताब सामने नहीं आ सका है।

तीन महिलाओं को स्कॉर्पियो ने रौंदा

मधुबनी। जिले के बेनीपट्टी थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक सड़क हादसा सामने आया है। स्टेट हाईवे-52 पर जगदंबा पेट्रोल पंप के पास मॉर्निंग वॉक पर निकली महिलाओं को एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने कुचल दिया, जिससे तीन महिलाओं की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इस भीषण हादसे के बाद से इलाके में कोहराम मचा हुआ है और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ​प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अहले सुबह करीब छह बजे छह महिलाओं का एक समूह मॉर्निंग वॉक के लिए निकला था। वॉक से लौटने के बाद ये महिलाएं विश्राम करने के लिए सड़क किनारे बैठ गईं। इसी दौरान रहिका की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने तीनों को अपनी चपेट में ले लिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वाहन का ड्राइवर नींद में था और उसे झपकी आ गई थी, जिसके कारण वह सड़क किनारे बैठी महिलाओं को देख नहीं पाया और यह भयानक दुर्घटना घट गई।

फ्लाईओवर से 14 साल की बच्ची ने लगाई छलांग

नालंदा। बिहारशरीफ शहर के लहेरी थाना के ठीक सामने स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत बने 78 करोड़ रुपये के नए फ्लाईओवर पर एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। पक्की तालाब मोहल्ले के निवासी मो. रियाज की 14 वर्षीय बेटी अरसी फलक फ्लाईओवर से नीचे गिर गई, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
​घटना की सूचना मिलते ही लहेरी थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायल बच्ची को पुलिस जीप के जरिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार बच्ची की जान बाल-बाल बच गई है, लेकिन उसके दोनों पैरों और एक हाथ में गंभीर फ्रैक्चर हुआ है। उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए अन्यत्र रेफर कर दिया गया है। लहेरी थानाध्यक्ष रंजीत कुमार रजक ने बताया कि पुलिस मामले की हर पहलू से गहन जांच कर रही है।

बेगूसराय में दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग

बेगूसराय। जिले के नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गाछी टोला का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक खुलेआम दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग करता हुआ साफ नजर आ रहा है। इस वीडियो के सामने आने के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। ​सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो को लेकर स्थानीय स्तर पर यह दावा किया जा रहा है कि इसमें नजर आ रहा युवक कोई आम अपराधी नहीं, बल्कि इलाके का कुख्यात बदमाश गछिया पासवान है। हालांकि, इस वायरल वीडियो की प्रमाणिकता और इसमें दिख रहे शख्स की आधिकारिक पहचान को लेकर अभी तक स्थानीय पुलिस प्रशासन की ओर से कोई भी पुष्टि नहीं की गई है। इसके बावजूद, इस संभावित कनेक्शन ने प्रशासनिक हलकों में खलबली मचा दी है।

मिनटों की बारिश ने खोली स्मार्ट सिटी की पोल

नालंदा। बिहार शरीफ को स्मार्ट सिटी बनाने के लिए भले ही बड़े-बड़े दावे किए जाते हों और जलजमाव से मुक्ति के नाम पर अनगिनत बैठकें होती हों, लेकिन हकीकत इन दावों की धज्जियां उड़ाने के लिए काफी है। शनिवार की रात महज 15 मिनट की झमाझम बारिश ने शहर की जलनिकासी व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी, जिससे शहर के कई इलाके कुछ ही पलों में तालाब में तब्दील हो गए। ​बारिश शुरू होते ही बिचली खंदक, पुलपर, टेलीफोन एक्सचेंज, अंबेर मोड़, रांची रोड और कटरा बाजार समिति जैसे प्रमुख इलाकों में सड़कों पर सैलाब आ गया। स्थिति इतनी भयावह थी कि लोग घुटनों तक गंदे पानी के बीच से गुजरने को मजबूर दिखे। कहीं हाथ में दूध का बर्तन लिए महिला इस पानी को पार कर रही थी, तो कहीं ठेला और गुब्बारा बेचने वाले इसी गंदे पानी के बीच अपनी रोजी-रोटी चलाने को विवश थे।

प्रेमिका ने चेकपोस्ट पर किया हंगामा

औरंगाबाद। समस्तीपुर से आई एक युवती ने अपने प्रेमी (जो कि बिहार पुलिस में सिपाही है) से शादी करने के लिए चेकपोस्ट पर जमकर हंगामा किया। चार साल पुराने इस प्रेम प्रसंग का अंत आखिरकार पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से एक स्थानीय मंदिर में विवाह के साथ हुआ। आइए इस पूरे घटनाक्रम को सिलसिलेवार तरीके से जानते हैं। ​दुल्हन बनी पूजा कुमारी ने अपनी प्रेम कहानी के बारे में बताया कि उसकी और अंकेश की मुलाकात स्कूल के दिनों में हुई थी। दोनों एक ही स्कूल में पढ़ाई करते थे। पढ़ाई के दौरान ही दोनों के बीच दोस्ती हुई जो धीरे-धीरे गहरे प्यार में बदल गई। शुरुआत में जब अंकेश ने पूजा को प्रपोज किया था, तब उसने इनकार कर दिया था, लेकिन बाद में दोनों के बीच का रिश्ता मजबूत हो गया।

100 करोड़ की संपत्ति वाला फर्जी IAS गिरफ्तार

खगड़िया। जिले में पुलिस ने एक बड़े फर्जीवाड़े का पर्दाफाश करते हुए 100 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति के मालिक एक फर्जी आईएएस अधिकारी को गिरफ्तार किया है। गोगरी थाना क्षेत्र के जमालपुर बाजार स्थित उसके ठिकाने पर जिला अपराध इकाई (डीआईयू) और गोगरी पुलिस की संयुक्त टीम ने शनिवार को दोपहर 1 बजे से रात करीब 8:30 बजे तक यानी साढ़े सात घंटे लंबी छापेमारी की। आरोपी की पहचान मनीष कुमार गुप्ता उर्फ चिक्कू के रूप में हुई है, जो पिछले 10 साल से खुद को आईएएस अधिकारी बताकर लोगों से ठगी कर रहा था। आरोपी ने शादी नहीं की है और घर में अकेला रहता था। उसने बाहरी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए अपने घर के चारों तरफ 100 कैमरे लगवा रखे थे और वह बहुत कम बाहर निकलता था।

पति ने ब्लेड से रेता पत्नी का गला

गयाजी। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बाराडीह गांव में एक बंद कमरे के अंदर पति ने अपनी पत्नी की धारदार ब्लेड से गला काटकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने खुद के दोनों हाथों की नसें भी काट लीं। इस वारदात के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
​मृतका की पहचान 30 वर्षीय फेंकनी देवी के रूप में हुई है, जबकि घायल पति मनोज कुमार (35 वर्ष) की हालत गंभीर बनी हुई है। उसे इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जिंदल ब्रांड की नकली फैक्ट्री पर रेड

पटना। शहर के बाइपास थाना क्षेत्र के प्रदूषण रोड स्थित एक अवैध फैक्ट्री पर पुलिस और जिंदल कंपनी के अधिकारियों की संयुक्त टीम ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए छापा मारा। यह फैक्ट्री मशहूर जिंदल ब्रांड के नाम पर डुप्लीकेट करकट (रूफिंग शीट) बनाने का अवैध कारोबार कर रही थी। कंपनी के अधिकारियों के अनुसार, यह फर्जीवाड़ा पिछले करीब दो वर्षों से धड़ल्ले से चल रहा था, जिससे कंपनी को बाजार में लगभग 10 करोड़ रुपए का भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। ​जिंदल कंपनी की मल्टी प्रोडक्ट और लीगल टीम को करीब दो महीने पहले पटना में उनके ब्रांड के नाम पर हो रहे इस अवैध निर्माण की भनक लगी थी। इसके बाद से ही कंपनी के अधिकारी लगातार इस इलाके की रेकी कर रहे थे। जब अवैध गतिविधियों की पूरी पुष्टि हो गई, तब कंपनी के चार सदस्यों ने पटना सिटी सदर अनुमंडल पदाधिकारी के कार्यालय पहुंचकर मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति के लिए औपचारिक आग्रह किया।