Bihar Top News Today 09 july 2026: बिहार (BIHAR) में आज 09 जुलाई को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…

आकाशीय बिजली की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौत

गोपालगंज। जिले के विजयीपुर थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां बिलरूआं गांव में आज गुरुवार की दोपहर आकाशीय बिजली गिरने से एक बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पास ही खड़ी एक 20 वर्षीय युवती आंशिक रूप से झुलसकर घायल हो गई। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है और ग्रामीणों के बीच दहशत का माहौल है।

29 कुख्यात लोगों पर रखा गया इनाम

पटना। बिहार में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण पाने और फरार अपराधियों पर नकेल कसने के लिए राज्य सरकार के गृह विभाग और पुलिस मुख्यालय ने आक्रामक रणनीति अपनाई है। हत्या, रंगदारी, गोलीबारी और अन्य गंभीर आपराधिक मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे 29 कुख्यात अपराधियों पर 25-25 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की गई है। इन अपराधियों को पकड़ने के लिए सभी जिलों की पुलिस को विशेष छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है।

HP गैस प्लांट के पास सड़क हादसा

मोतिहारी। जिले के हरसिद्धि थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां के कोबेया स्थित HP गैस प्लांट के सामने सड़क पर बंधी एक रस्सी एक बाइक सवार युवक की जान की दुश्मन बन गई। इस दर्दनाक हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

सौतेली मां करा रही थी नाबालिग बेटी की अधेड़ से शादी

मोतिहारी। पूर्वी चंपारण के रक्सौल में बाल विवाह की आड़ में मानव तस्करी के एक बड़े प्रयास को संयुक्त टीम ने नाकाम कर दिया। कार्रवाई के दौरान राजस्थान से आए दूल्हे समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 14 वर्षीय नाबालिग लड़की को संरक्षण में लिया गया। गुप्त सूचना पर अंचल कार्यालय, हरैया थाना, मानव तस्करी रोधी इकाई, एसएसबी 47वीं वाहिनी, प्रयास जुवेनाइल एड सेंटर और अन्य संस्थाओं की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर इस कार्रवाई को अंजाम दिया है।

बीजेपी के अभिषेक कुमार ने भरा नामांकन

पटना। बांकीपुर विधानसभा सीट के लिए आज का दिन राजनीतिक रूप से बेहद गहमागहमी भरा रहा। बीजेपी उम्मीदवार अभिषेक कुमार ने अपना नामांकन दाखिल किया। इस अवसर पर एनडीए ने अपनी एकजुटता का प्रदर्शन करते हुए स्काउट एंड गाइड मैदान में एक विशाल नामांकन सभा का आयोजन किया। ​इस सभा में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, डिप्टी सीएम विजय सिन्हा, मंत्री विजय चौधरी और उपेंद्र कुशवाहा समेत एनडीए के कई दिग्गज नेता उपस्थित रहे। इस दौरान एनडीए नेताओं ने बांकीपुर सीट पर बड़ी जीत का भरोसा जताया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि जिस तरह एनडीए ने पहले 202 सीटें जीतने का कीर्तिमान स्थापित किया था, उसी तरह बांकीपुर में भी कमल खिलेगा। उन्होंने दावा किया कि एनडीए ने बिहार के विकास को सींचा है और हर घर तक बिजली पहुंचाई है।

रोहिणी आचार्य का अपनी ही पार्टी पर बड़ा हमला

पटना। बिहार की राजनीति में उस समय हलचल मच गई, जब राष्ट्रीय जनता दल (RJD) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बेटी और पार्टी नेत्री रोहिणी आचार्य ने अपनी ही पार्टी के भीतर पनप रही गुटबाजी और कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। यह नाराजगी सारण जिला राजद प्रवक्ता हरेलाल यादव को छह वर्षों के लिए पार्टी से निष्कासित किए जाने के बाद सामने आई है।

नाबालिग को बंधक बनाकर गैंगरेप

नालंदा। जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र से एक बेहद ही शर्मनाक और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक महादलित बस्ती की 14 वर्षीय नाबालिग किशोरी के साथ दो दबंगों द्वारा जबरन बंधक बनाकर सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया है। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है और वारदात के चंद घंटों के भीतर ही दोनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य भी बरामद किए हैं।

बीजेपी नेता विक्रांत कुमार की हत्या

भोजपुर। जिले के सहार थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़की खड़ांव गांव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के पंचायत अध्यक्ष विक्रांत कुमार उर्फ विक्की की जघन्य हत्या के मामले ने तूल पकड़ लिया है। 32 वर्षीय गल्ला व्यवसायी और भाजपा नेता की चाकू घोंपकर की गई हत्या के बाद पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई करते हुए एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

रिटायर्ड फौजी से लाखों की ठगी

पटना। राजधानी पटना के महेंद्रू इलाके में साइबर अपराधियों ने एक रिटायर्ड फौजी को अपना शिकार बनाते हुए डिजिटल अरेस्ट के नाम पर 3.30 लाख रुपये की ठगी की है। ठगों ने पीड़ित को 10 दिनों तक मानसिक दबाव में रखा और देशद्रोह के झूठे केस का डर दिखाकर रुपये ऐंठ लिए। अपनी भतीजी की शादी के लिए जमा की गई जीवनभर की कमाई लुट जाने के बाद बुजुर्ग फौजी गहरे सदमे में हैं और उन्होंने आत्महत्या जैसा घातक कदम उठाने की भी कोशिश की।

कार में लगी आग जिंदा जलने से दो की मौत

​बोधगया। गया जिले के बोधगया थाना क्षेत्र के सिजुआ गांव के समीप बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। यहां एक अनियंत्रित कार और ट्रक की आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि कार का डीजल टैंक फट गया और देखते ही देखते कार आग के गोले में तब्दील हो गई। इस हादसे में कार सवार दो लोगों की जलकर मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि ड्राइवर बुरी तरह झुलस गया।