Bihar Top News Today 09 September 2026: बिहार (BIHAR) में आज 09 सितम्बर को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…
बख्तियारपुर का नाम बदलकर नीतीशपुर करने की मांग
पटना। बिहार की राजनीति में एक बार फिर शहरों के नाम बदलने की सुगबुगाहट तेज हो गई है। हाल ही में, राज्य सरकार के लघु जल संसाधन मंत्री और हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संतोष कुमार सुमन ने बख्तियारपुर का नाम बदलकर ‘नीतीशपुर’ करने का नया प्रस्ताव पेश किया है। उन्होंने यह मांग मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के समक्ष सोशल मीडिया के माध्यम से रखी है, जिसके बाद सियासी गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
पटना में 3 दिन में NIA की दूसरी बड़ी छापेमारी
पटना में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की कार्रवाई से हड़कंप मच गया है। पिछले 3 दिनों के भीतर पटना में NIA की यह दूसरी बड़ी रेड है, जिसका सीधा कनेक्शन झारखंड की राजधानी रांची स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) कार्यालय पर हुए हमले से जुड़ा हुआ है। इस हाई-प्रोफाइल मामले में केंद्रीय जांच एजेंसी की लगातार दबिश से अपराधियों में खलबली मची हुई है। बुधवार की सुबह NIA की 8 सदस्यीय टीम ने पटना के चित्रगुप्त नगर इलाके में स्थित साईं कुसुम इनफिनिटी अपार्टमेंट में अचानक धावा बोला। जांच एजेंसी की यह टीम सीधे इस अपार्टमेंट के दो फ्लैट्स, नंबर 1206 और 609 पर पहुंची। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, ये दोनों फ्लैट ‘संदीप’ नाम के शख्स द्वारा लिए गए थे।
झारखंड में RSS के दफ्तर पर हुए हमले के मामले में NIA को कुछ अहम इनपुट मिले थे। इसी के आधार पर दिल्ली से एक आरोपी की गिरफ्तारी हुई थी, जिसकी निशानдеही पर NIA की टीम पटना तक पहुंची और इन फ्लैट्स की गहन तलाशी शुरू की गई। सदर एसडीपीओ-वन मनोज कुमार ने इस बात की पुष्टि की है कि रांची के मामले के इनपुट के आधार पर ही यह कार्रवाई की जा रही है।
नौ पुलिस कर्मियों पर एसएसपी ने की बड़ी कार्रवाई, सभी निलंबित
गयाजी जिले में पुलिस प्रशासन ने अनुशासनहीनता के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए ड्यूटी से गायब रहने वाले 9 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। एसएसपी सुशील कुमार द्वारा पुलिस केंद्र के औचक निरीक्षण के दौरान यह कार्रवाई सामने आई, जहां तय समय पर छुट्टी समाप्त होने के बावजूद येकर्मी अपनी ड्यूटी पर उपस्थित नहीं हुए थे। विभाग द्वारा इस तरह की लापरवाही को गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए यह बड़ा कदम उठाया गया है।
बिहार के 168 मेधावी छात्रों का सम्मान
पटना। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) द्वारा आयोजित मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 के मेधावी छात्र-छात्राओं के लिए पटना में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम में राज्यभर से आए कुल 168 टॉपर्स स्टूडेंट्स को उनकी उत्कृष्ट सफलता के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्रों का उत्साहवर्धन करने के लिए बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मुख्य रूप से उपस्थित रहे, जिन्होंने अपने हाथों से छात्रों को पुरस्कार और सम्मान राशि प्रदान की।
छापेमारी में 180 लीटर मिल्क नष्ट
पटना। बिहार के दानापुर स्थित भट्टीपर पीपापुल के पास खाद्य संरक्षा विभाग की टीम ने दूध और पनीर विक्रेताओं के यहां औचक छापेमारी की है। इस दौरान लिए गए सात नमूनों में से एक दूध के सैंपल में शवों को सड़ने से बचाने वाले बेहद जहरीले रसायन फार्मेलिन की मिलावट की पुष्टि हुई है। प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए डेयरी में रखे 180 लीटर जहरीले दूध को मौके पर ही मैदान में बहा दिया।
यह कार्रवाई खाद्य संरक्षा आयुक्त सह स्वास्थ्य सचिव कुमार रवि के निर्देश पर, अभिहित पदाधिकारी सह खाद्य संरक्षा अधिकारी सुदामा चौधरी के नेतृत्व में की गई। जांच दल में वरीय विश्लेषक मुकेश चंद्र प्रसाद भी शामिल थे। शिकायतों के आधार पर पटना जंक्शन और दानापुर सहित प्रमुख दूध मंडियों में यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है, जिसमें फेरिक क्लोराइड, सल्फ्यूरिक एसिड (H2SO4), डिस्टिल वाटर और टेस्ट ट्यूब के जरिए मौके पर ही स्टार्च और फार्मेलिन की जांच की जा रही है।
डेहरी में अवैध अल्ट्रासाउंड सेंटरों पर रेड, एक सील
सासाराम। रोहतास जिले के डेहरी ऑन सोन में अवैध रूप से संचालित स्वास्थ्य संस्थानों और जांच केंद्रों के खिलाफ जिला प्रशासन ने बुधवार को कड़ा रुख अपनाया। जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा के सख्त निर्देशों के आलोक में प्रशासन ने अचानक छापेमारी अभियान शुरू किया, जिससे अवैध क्लिनिक और अल्ट्रासाउंड संचालकों में हड़कंप मच गया। कार्रवाई की भनक लगते ही कई संचालक अपने संस्थान के ताले बंद कर मौके से फरार हो गए। इस विशेष जांच अभियान की कमान डेहरी के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) निलेश कुमार ने संभाली। प्रशासनिक टीम में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) के प्रभारी के साथ-साथ स्वास्थ्य विभाग के कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी सक्रिय रूप से शामिल रहे। अधिकारियों ने पाली रोड क्षेत्र को मुख्य केंद्र बनाते हुए वहां संचालित होने वाले निजी चिकित्सा संस्थानों के दस्तावेजों और भौतिक बुनियादी ढांचे की गहनता से जांच की।
अररिया में वज्रपात से 3 की मौत
बिहार में दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है, जिसके चलते राज्य के मौसम में लगातार तेजी से बदलाव देखने को मिल रहा है। एक तरफ जहां कई जिले भारी बारिश और वज्रपात की चपेट में हैं, वहीं दूसरी तरफ आधा दर्जन से अधिक नदियां उफान पर होने के कारण भीषण बाढ़ ने विकराल रूप ले लिया है। मौसम विभाग की चेतावनियों के बीच आपदा प्रबंधन और प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर भी गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं। खराब मौसम और आकाशीय बिजली का कहर आम जनजीवन पर भारी पड़ रहा है। अररिया जिले में वज्रपात की चपेट में आने से 3 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई हैं।
होटल में चल रहे सेक्स रैकेट पर पुलिस की छापेमारी
मोतिहारी। जिले के छतौनी थाना क्षेत्र स्थित विद्याराज होटल में पुलिस ने एक बड़े सेक्स रैकेट का खुलासा किया है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने होटल संचालक समेत तीन युवकों को हिरासत में लिया है, जबकि चार नाबालिग युवतियों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया है। यह पूरा मामला शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है और पुलिस इस अवैध धंधे के पीछे के अन्य नेटवर्क की तलाश में जुटी हुई है।
3 भाइयों ने मिलकर की चौथे की हत्या
भागलपुर। जमीन के छोटे से टुकड़े के लालच में रिश्तों का कत्ल हो गया। नवगछिया पुलिस जिला के खरीक थाना क्षेत्र स्थित तेलगी गांव में पैतृक जमीन पर घर बनाने के विवाद को लेकर तीन सगे भाइयों ने अपने ही चौथे भाई की ईंट से हमला कर हत्या कर दी। इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान 57 वर्षीय अतिनंदन चौधरी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, जिस जमीन को लेकर यह खूनी संघर्ष हुआ, उसका मामला काफी समय से चल रहा था। करीब एक महीने पहले ही अंचल अधिकारी (CO) की मौजूदगी में चारों भाइयों के बीच कानूनी रूप से जमीन का बंटवारा कर दिया गया था। इसके बावजूद आरोपी भाई विधानचंद्र चौधरी उस हिस्से पर घर बनाए जाने का लगातार विरोध कर रहा था।
मदरसे में बेहोश हुईं 4 छात्राएं
सुपौल। जिले में सदर थाना क्षेत्र के जामिया तुस सालेहता एजुकेशनल ट्रस्ट में संचालित निजी मदरसे में उस वक्त अफरा तफरी मच गई, जब अचानक चार छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई। इतना ही नहीं सभी छात्राएं बेहोश हो गई और बेहोशी की हालत में उन्हें सुपौल शहर के एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान नेमुआ निवासी कमरे आलम की 10 वर्षीय बेटी अल्फिशा की मौत हो गई। घटना के बाद मदरसे में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। वहीं, मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम ने जांच पड़ताल शुरू कर दी।



