Bihar Top News Today 10 june 2026: बिहार (BIHAR) में आज 10 जून को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…

सीएम सम्राट ने जारी की पेंशन

​पटना। बिहार सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों के तहत राज्य के लाखों जरूरतमंदों को बड़ी राहत मिली है। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम के माध्यम से राज्य के 94.29 लाख सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के बैंक खातों में सीधे डीबीटी (DBT) के जरिए मई माह की पेंशन राशि का हस्तांतरण किया। इस पहल के तहत राज्य सरकार ने कुल 1096.44 करोड़ रुपये की राशि लाभार्थियों के खातों में भेजी है।

B.Tech छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

पटना। जिले के फुलवारी शरीफ स्थित कन्हैया नगर इलाके में एक घटना सामने आई है जहां एक होनहार इंजीनियरिंग छात्र ने अपने ही घर में फांसी लगाकर जीवनलीला समाप्त कर ली। मृतक की पहचान 26 वर्षीय धीरज शर्मा के रूप में हुई है, जो दिल्ली में रहकर बीटेक द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रहा था। इस घटना ने न केवल परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है, बल्कि पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।​ जानकारी के अनुसार, धीरज कुछ दिन पहले ही दिल्ली से छुट्टी पर अपने घर लौटा था। घटना के दिन धीरज के पिता विजय शर्मा और बड़ा भाई गोलू शर्मा, उसकी मां को दांत के इलाज के लिए लेकर पटना के एक अस्पताल गए थे। वहीं, घर की दोनों बहनें कोचिंग के लिए बाहर गई हुई थीं। जब परिवार के सदस्य इलाज कराकर वापस घर लौटे, तो उन्होंने धीरज के कमरे को अंदर से बंद पाया।

IAS संजीव हंस की गिरफ्तारी के लिए SVU ने की रेड

Bihar News: चर्चित रिशु श्री भ्रष्टाचार और कथित टेंडर घोटाला मामले में विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने आज बुधवार (10 जून) को बड़ी कार्रवाई की है। निगरानी टीम ने मामले में नामजद 3 अधिकारियों उमेश कुमार सिंह, तारिणी दास और IAS अधिकारी मुमुक्षु चौधरी को पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया है।
एसवीयू कांड संख्या 05/25 मामले में यह कार्रवाई की गई है। हालांकि मामले का एक और मुख्य आरोपी आईएएस अधिकारी संजीव हंस का अभी तक कुछ पता नहीं चल सका है । सूत्रों के अनुसार, वे फिलहाल राज्य से बाहर हैं। एसवीयू उनकी तलाश में जुटी है और संभावित ठिकानों पर नजर रखी जा रही है।

विदाई से पहले कैश-गहने लेकर दुल्हन फरार

गया। जिले में शादी के नाम पर राजस्थान के एक परिवार से लाखों रुपये की बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। सात फेरे और सिंदूरदान होने के बाद विदाई के ठीक पहले दुल्हन, अपनी कथित गैंग के साथ सोने-चांदी के गहने, कीमती कपड़े और शगुन के पैसे लेकर रफूचक्कर हो गई। पीड़ित दूल्हा और उसका परिवार जब दुल्हन के कमरे के पास पहुंचा, तो वहां ताला लटका मिला। इसके बाद ठगे गए परिवार ने स्थानीय पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

दो कारों की जोरदार भिड़ंत, 4 की मौत

अररिया। बिहार के अररिया-पूर्णिया मार्ग पर कुसियार गांव पार्क के समीप बुधवार को एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहां एक साइकिल सवार को बचाने की कोशिश में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और मारुति ब्रेजा कार के बीच आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। यह टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हादसे में कुल चार लोगों की जान चली गई जिनमें एक ही परिवार के मां-बेटे और उनके रिश्तेदार शामिल हैं। ​हादसे के वक्त घटनास्थल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह पूरी घटना सुबह करीब 11:30 बजे की है। अररिया-पूर्णिया मार्ग पर अचानक एक साइकिल सवार मुख्य सड़क पर आ गया। उसे बचाने के प्रयास में 100 किमी/घंटे से अधिक की रफ्तार से दौड़ रही स्कॉर्पियो कार अचानक अनियंत्रित हो गई। अनियंत्रित होकर स्कॉर्पियो पहले सड़क किनारे लगी रेलिंग से टकराई और फिर विपरीत दिशा से करीब 60 किमी/घंटे की रफ्तार से आ रही मारुति ब्रेजा कार में सीधे जा घुसी।

दरभंगा में बीच नदी में नाव पलटी, 3 लापता

दरभंगा। जिले के जमालपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बनरी ढलान के समीप बुधवार को कोसी नदी में एक बड़ा नाव हादसा हो गया। खेतों की ओर जा रहे किसानों से भरी नाव अचानक नदी की तेज धारा में असंतुलित होकर पलट गई। इस दुर्घटना में चार किसान लापता हो गए हैं, जबकि सात लोगों ने किसी तरह तैरकर अपनी जान बचा ली। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है और लापता लोगों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

साइबर ठगी करने वाले 3 गिरफ्तार

पटना। शहर में लोन दिलाने, एटीएम पिन जनरेट कराने, क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने और रिवॉर्ड प्वाइंट रिडीम कराने के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले एक साइबर गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने गिरोह से जुड़े दो पुरुष और एक महिला को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी खुद को विभिन्न बैंकों और वित्तीय संस्थानों का प्रतिनिधि बताकर लोगों से संपर्क करते थे और उन्हें झांसे में लेकर साइबर ठगी को अंजाम देते थे।

22 करोड़ की ब्राउन शुगर-स्मैक बरामद

पटना। पुलिस ने राजधानी में सक्रिय एक बड़े ड्रग्स तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए एक सप्ताह के भीतर करीब 22 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ बरामद किए हैं। ताजा कार्रवाई मंगलवार देर रात रामकृष्ण नगर थाना क्षेत्र के सोरनपुर इलाके में की गई, जहां पुलिस ने लगभग 15 किलोग्राम स्मैक के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। मौके से एक पिस्टल और कारतूस भी बरामद किए गए हैं।

पति ने लड़की से रेप किया, पत्नी ने वीडियो बनाया

कैमूर। जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र से एक बड़ी और शर्मनाक खबर सामने आई है, जहां महिला को नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। इतना ही नहीं इस कृत्य का वीडियो बनाकर उसपर धर्म परिवर्तन का दबाव भी बनाया गया। मामले में पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने 4 घंटे के अंदर आरोपी दंपत्ति एकराम अंसारी और उसकी पत्नी शाहिदा बेगम को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना की पुष्टि मोहनिया एसडीपीओ गोपाल कृष्णा ने प्रेस वार्ता कर की है। मोहनिया एसडीपीओ गोपाल कृष्णा ने आज बुधवार सुबह अनुमंडल कार्यालय में प्रेस वार्ता करते हुए बताया कि, कल मंगलवार को रामगढ़ थाना में एक महिला द्वारा लिखित आवेदन दिया गया था, उनके द्वारा बताया गया कि 4 जून की शाम करीब 6 बजे रामगढ़ थाना अंतर्गत डरवन निवासी एकराम अंसारी पिता मुस्लिम अंसारी एवं पत्नी शाहिदा बेगम ने अपने घर बुलाया और नशीला पदार्थ पिलाकर अचेत होने की स्थिति का फायदा उठाकर आरोपी एकराम अंसारी ने पीड़िता के मर्जी के खिलाफ जबरन शारीरिक संबंध बनाया।

तेजस्वी बोले बिहार वित्तीय संकट से जूझ रहा

Bihar News: नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बिहार सरकार पर बड़ा आरोप लगाया है। तेजस्वी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि क्या बिहार दिवालिया होने के कगार पर है? क्या डबल इंजन सरकार की पूंजीपरस्त नीतियों और जनविरोधी निर्णयों से वित्तीय आपातकाल की स्थिति उत्पन्न होने वाली है? तेजस्वी यादव ने अपनी पोस्ट में आगे कहा कि, बिहार का वित्तीय संकट इतना गंभीर हो चुका है कि कल (9 जून को) बिहार कैबिनेट ने मई, जून और जुलाई 𝟐𝟎𝟐𝟔 की सामाजिक सुरक्षा पेंशन देने के लिए बिहार आकस्मिकता निधि से 𝟑,𝟔𝟔𝟐 करोड़ रुपए निकालने की स्वीकृति प्रदान की है।
उन्होंने कहा कि, आकस्मिकता निधि का उपयोग सरकार द्वारा किसी भी अप्रत्याशित संकट, प्राकृतिक आपदा या वित्तीय विपत्ति के समय जरूरतों को पूरा करने के लिए किया जाता है, जिस प्रदेश में अब पेंशन देने के लिए आकस्मिकता निधि का उपयोग होने लगे तो समझ जाइए कि हालात कितने खराब और खतरनाक हो चुके है।