Bihar Top News Today 11 august 2026: बिहार (BIHAR) में आज 11 अगस्त को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…
वज्रपात की चपेट में आने से 3 महिलाओं की मौत
बांका। जिले के चांदन प्रखंड अंतर्गत सुईया थाना क्षेत्र के बोंड़ा गांव में मंगलवार की शाम एक बेहद और दुखद हादसा सामने आया। शाम के समय तेज बारिश और खराब मौसम के दौरान हुए अचानक वज्रपात (आकाशीय बिजली) की चपेट में आने से तीन महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक किशोर और एक किशोरी गंभीर रूप से झुलस गए। इस अचानक हुई प्राकृतिक आपदा से पूरे गांव में कोहराम मच गया और चारों तरफ अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार की शाम बोंड़ा गांव की कुछ महिलाएं अपने खेतों में धान रोपने के कार्य में पूरी तन्मयता से जुटी हुई थीं। इसी दौरान अचानक मौसम का मिजाज बदला और झमाझम बारिश के साथ तेज गर्जना के साथ जोरदार वज्रपात हुआ। इस आकाशीय बिजली की भयंकर चपेट में खेत में मौजूद कुल पांच लोग आ गए। वज्रपात की आवाज इतनी भयानक थी कि आसपास के लोग तुरंत सहम गए और खेतों की ओर दौड़े।
BPSC शिक्षिका की गोली मारकर हत्या
पूर्णिया। के. हाट थाना क्षेत्र के कॉलेज चौक के पास रेणु नगर में एक BPSC शिक्षिका की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान 32 वर्षीय शालिनी के रूप में हुई है, जो अररिया जिले के रानीगंज में प्लस-टू स्कूल में शिक्षिका के पद पर तैनात थीं। इस सनसनीखेज वारदात को मृतका के पति राजकुमार यादव ने ही अंजाम दिया है, जो कॉपरेटिव बैंक में डाटा ऑपरेटर के रूप में काम करता था। घटना के बाद से आरोपी पति फरार चल रहा है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
तेजप्रताप ने किया पत्नी ऐश्वर्या राय से तलाक का खुलासा
पटना। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और राजनेता तेजप्रताप यादव ने हाल ही में अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर खुलकर बात की है। एक शो के दौरान उन्होंने अपनी पत्नी ऐश्वर्या राय से अलग होने और तलाक लेने के असली कारणों से पर्दा उठाया है। तेजप्रताप ने ऐश्वर्या पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी जीवनशैली और संस्कारों में जमीन-आसमान का फर्क था। भोजपुर बवाल शो के एक प्रोमो के दौरान जब एंकर ने तेजप्रताप यादव से उनकी शादीशुदा जिंदगी को लेकर सवाल किया कि उन्हें ऐश्वर्या राय जैसी पत्नी मिली थी, तो सब कुछ कैसे बिगड़ गया? इस पर तेजप्रताप ने जवाब दिया कि वह खुद एक देसी आदमी हैं जबकि ऐश्वर्या एक बड़े कॉलेज की प्रोडक्ट थीं। उन्होंने यह भी खुलासा किया कि ऐश्वर्या उन्हें पूजा-पाठ करने से भी रोकती थीं जिससे दोनों के बीच अक्सर वैचारिक मतभेद रहते थे।
HC का केंद्र को निर्देश सांसद पप्पू यादव की सुरक्षा बढ़ाने पर हो विचार
पटना। बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव की सुरक्षा को लेकर दिल्ली हाईकोर्ट में अहम सुनवाई हुई। जस्टिस मनोज जैन की अदालत ने केंद्र सरकार को निर्देश दिया कि सांसद की सुरक्षा बढ़ाई जाए। कोर्ट ने सुनवाई के दौरान टिप्पणी करते हुए कहा कि एक सांसद की सुरक्षा बेहद महत्वपूर्ण है और यह नहीं कहा जा सकता कि उन पर हुआ हमला मनगढ़ंत है।
केंद्र सरकार की ओर से पेश वकील आशीष दीक्षित ने अदालत को बताया कि सुरक्षा बढ़ाने को लेकर दिए गए प्रतिवेदन पर सरकार अभी विचार कर रही है। वहीं, सांसद के वकील शादान फरासत ने दलील दी कि राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मामले में संसद के बाहर एक नाटक करने के बाद से ही उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं।
बिहार में और सख्ती से लागू होगी शराबबंदी
पटना। बिहार की राजनीति में इन दिनों शराबबंदी का मुद्दा एक बार फिर से सबसे आगे आ गया है। राज्य सरकार में मंत्री शीला मंडल ने शराबबंदी कानून के कड़े पालन पर जोर देते हुए एक बार फिर स्पष्ट किया है कि बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली सरकार इस कानून को लेकर किसी भी प्रकार की ढिलाई बरतने के मूड में नहीं है। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा है कि बिहार में शराबबंदी का पालन अब और अधिक सख्ती के साथ किया जाएगा, ताकि इसके सकारात्मक परिणाम समाज के हर वर्ग तक निरंतर पहुंचते रहें।
तेजस्वी बोले- खजाना खाली, कर्मचारियों को नहीं मिल रहा वेतन
पटना। बिहार की सियासत में इन दिनों वित्तीय संकट और भ्रष्टाचार के मुद्दों को लेकर पारा लगातार चढ़ा हुआ है। एक बार फिर राज्य के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने वर्तमान सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने राज्य के खजाने के खाली होने का दावा करते हुए कहा है कि सरकार के पास न तो ठेकेदारों को भुगतान करने के लिए पैसे हैं और न ही सरकारी विभागों के कर्मचारियों को वेतन देने के लिए फंड बचा है। तेजस्वी यादव ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जानकारी दी कि उन्होंने इस गंभीर वित्तीय स्थिति को लेकर सीधे मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य के खजाने को दोनों हाथों से लूटा गया है, जिसके कारण आज यह स्थिति उत्पन्न हुई है। उनके मुताबिक, सरकारी तंत्र में कुप्रबंधन और अंधेरगर्दी का माहौल है।
फर्जी आधार कार्ड बनाने वाले दो गिरफ्तार
मोतिहारी। पूर्वी चम्पारण जिले के मोतिहारी अंतर्गत आदापुर थाना क्षेत्र में इन दिनों साइबर अपराधियों और फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले गिरोहों के खिलाफ पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई एक बड़ी संयुक्त छापामार कार्रवाई के दौरान पुलिस ने फर्जी आधार कार्ड बनाने वाले एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने दो शातिर आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है, जो स्थानीय स्तर पर अवैध रूप से भारतीय और नेपाली नागरिकों के फर्जी पहचान पत्र तैयार कर रहे थे।
PK ने विद्यालय के पुनर्निर्माण का लिया संकल्प
पटना। बिहार की राजधानी पटना में स्वतंत्रता सेनानी और अमर शहीद रामगोविंद सिंह के 84वें शहादत दिवस के अवसर पर एक भव्य श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। यह पूरा कार्यक्रम शहीद रामगोविंद सिंह बालिका विद्यालय के प्रांगण में संपन्न हुआ। इस गरिमामयी अवसर पर समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़े लोगों, बुद्धिजीवियों और स्थानीय नागरिकों ने भारी संख्या में पहुंचकर शहीद रामगोविंद सिंह की प्रतिमा एवं चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। सभी ने उनके महान बलिदान को याद करते हुए देश की आजादी में उनके अमूल्य योगदान को नमन किया।
दो पक्षों में हिंसक झड़प, 6 घायल, 3 की हालत गंभीर
भागलपुर। जिले के अकबरनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले आलमगीर गांव में आपसी विवाद और रास्ते के अवरोध को लेकर दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस हिंसक झड़प में एक पक्ष के कुल छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। इनमें से तीन घायलों की स्थिति बेहद गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पीड़ित पक्ष की ओर से घायल महिला आसमा खातून ने इस पूरी घटना की दास्तां बयां की है। उन्होंने अपने ही पाटीदारों (गोतिया) पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि मोहम्मद सज्जाद, मोहम्मद शाहिद, मोहम्मद फारूक और मोहम्मद जियाउल ने मिलकर उनकी परेशानियों को बढ़ा दिया था।
लघु जल संसाधन विभाग के इंजीनियर के 4 ठिकानों पर SVU की छापेमारी
पटना। बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ विशेष निगरानी इकाई (एसवीयू) ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। लघु जल संसाधन विभाग में तैनात कार्यपालक अभियंता (एग्जीक्यूटिव इंजीनियर) हरेंद्र कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज करने के बाद, जांच एजेंसी ने उनके चार ठिकानों पर एक साथ ताबड़तोड़ दबिश दी है। इस हाई-प्रोफाइल कार्रवाई से महकमे में हड़कंप मच गया है। विशेष निगरानी इकाई के अधिकारियों के अनुसार कार्यपालक अभियंता हरेंद्र कुमार वर्तमान में बांका जिले में पोस्टेड हैं। उनके खिलाफ पुख्ता सबूत मिलने के बाद 10 अगस्त 2026 को आधिकारिक रूप से मामला दर्ज किया गया था। इसके ठीक अगले दिन, यानी 11 अगस्त को एसवीयू की अलग-अलग विशेष टीमों ने उनके ठिकानों को एक साथ खंगालना शुरू कर दिया।


