Bihar Top News Today 11 june 2026: बिहार (BIHAR) में आज 11 जून को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…
पवन सिंह ने की अनंत सिंह से मुलाकात
पटना। बिहार की राजनीति में विधान परिषद की 10 सीटों पर होने वाले चुनाव ने सरगर्मी बढ़ा दी है। इन सीटों पर सभी प्रत्याशियों की निर्विरोध जीत पहले ही सुनिश्चित हो चुकी है, क्योंकि कुल 10 सीटों के लिए केवल 10 उम्मीदवारों ने ही नामांकन भरा था। इस सियासी घटनाक्रम के बीच भोजपुरी सुपरस्टार और भाजपा के विधान परिषद (MLC) उम्मीदवार पवन सिंह का ‘बाहुबली’ अनंत सिंह से मिलना चर्चा का केंद्र बना हुआ है।
गोलियों की तड़तड़ाहट से फिर गूंजा बेगूसराय
बेगूसराय। जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। लाखो थाना क्षेत्र के लोदीपुर शाहपुर गांव में एक बार फिर गोलियों की तड़तड़ाहट से इलाका दहल उठा। आपसी विवाद ने देखते ही देखते खूनी संघर्ष का रूप ले लिया, जिसमें एक युवक को गोली लग गई। घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
राजेश झा राजू ने संभाला पदभार
पटना। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बिहार प्रदेश कार्यालय में गुरूवार का दिन बेहद उत्साहपूर्ण रहा। पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश महामंत्री राजेश झा राजू ने गुरूवार को विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ अपने कार्यालय में पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर पार्टी के कई वरिष्ठ नेता प्रदेश पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं का हुजूम उमड़ पड़ा जिन्होंने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी।
पार्किंग विवाद ने लिया हिंसक रूप
नालंदा। बिहार के नालंदा थाना क्षेत्र स्थित प्रतिष्ठित वास्तु विहार कॉलोनी में पार्किंग को लेकर उपजे विवाद ने हिंसक मोड़ ले लिया। मामूली सी बात पर शुरू हुई तकरार देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई जहां दबंगों ने न केवल लाठी-डंडे बरसाए बल्कि सरेआम पिस्तौल लहराकर पूरे इलाके में दहशत फैला दी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है।
लालू के जन्मदिन पर तेजस्वी को नसीहत
पटना। बिहार की राजनीति में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और सत्ता पक्ष के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। इसी कड़ी में बीजेपी के विधान पार्षद (MLC) जीवन कुमार ने राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के जन्मदिन के अवसर पर तेजस्वी यादव पर तीखा तंज कसा है। MLC जीवन कुमार ने लालू प्रसाद यादव को उनके जन्मदिन की बधाई देते हुए तेजस्वी यादव को नसीहत दी। उन्होंने कहा कि आज के विशेष दिन तेजस्वी यादव को अपने पिता से सीख लेनी चाहिए और अपना ज्ञानवर्धन करना चाहिए। जीवन कुमार ने आगे कहा कि तेजस्वी यादव को सोच-समझकर बयान देना चाहिए और कुछ भी अनाप-शनाप बोलने से बचना चाहिए।
निशांत कुमार बने MLC, कार्यक्रम में पवन सिंह रहे नदारद
पटना। बिहार की राजनीति में आज एक भावुक और महत्वपूर्ण दिन रहा। बिहार विधान परिषद के नवनिर्वाचित सदस्यों को आज औपचारिक रूप से जीत का प्रमाण पत्र सौंपा गया। इस अवसर पर सदन में नई पीढ़ी का प्रवेश हुआ, जिसमें सबसे प्रमुख नाम निशांत कुमार का रहा। निशांत कुमार ने अपने पिता की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाते हुए विधान परिषद के सदस्य के रूप में अपनी यात्रा शुरू की है।
लालू यादव का 79वां जन्मदिन
सहरसा। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के संस्थापक और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव का 79वां जन्मदिन गुरूवार को सहरसा में अत्यंत हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। शहर के प्रतिष्ठित ‘पूजा रिसॉर्ट’ में आयोजित इस कार्यक्रम में राजद के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर अपने नेता का जन्मदिन केक काटकर सेलिब्रेट किया।
बुजुर्ग दंपत्ति को ट्रक ने रौंदा
अरवल। बिहार के अरवल जिले में गुरुवार को एक सड़क हादसा हुआ। अरवल सदर थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-139 पर स्थित बैदराबाद बस स्टैंड के समीप एक अनियंत्रित ट्रक ने बुजुर्ग दंपति को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण दुर्घटना में 72 वर्षीय रामप्रवेश पंडित की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी शांति देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
10 रुपये की बहस ने उजाड़ा परिवार
नवादा। जिले के नारदीगंज थाना क्षेत्र में एक मामूली सी बात ने खौफनाक रूप ले लिया। महज 10 रुपये के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में एक युवक की जान चली गई, जिससे पूरे क्षेत्र में दो समुदायों के बीच भारी तनाव व्याप्त है। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर जमकर हंगामा किया और प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार की रात दीपू कुमार (31) मोहम्मद अरमान की दुकान पर कुछ सामान खरीदने गया था। भुगतान के दौरान दीपू ने दुकानदार को 20 रुपये दिए, लेकिन दुकानदार अरमान का कहना था कि उसे केवल 10 रुपये ही मिले हैं। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।विवाद इतना बढ़ गया कि दुकानदार मोहम्मद अरमान ने आपा खो दिया और दीपू कुमार पर लोहे के किसी भारी वस्तु से जोरदार हमला कर दिया। वार इतना घातक था कि दीपू घटनास्थल पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा। गंभीर रूप से घायल दीपू को परिजन इलाज के लिए आनन-फानन में पटना ले गए, लेकिन बुधवार देर रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
बुलडोजर ने ढहाए 13 अवैध मकान
पूर्वी चंपारण। बिहार में सरकारी जमीनों को भू-माफियाओं और अतिक्रमणकारियों के चंगुल से मुक्त कराने का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में पताही प्रखंड के सरैयागोपाल गांव के वार्ड नंबर 9 में प्रशासन का बुलडोजर पूरी तरह से गरजा। अंचलाधिकारी नाजनी अकरम के नेतृत्व में हुई इस बड़ी कार्रवाई में सरकारी सड़क की जमीन पर पिछले 10 सालों से कब्जा जमाए बैठे 13 अवैध निर्माणों को जमींदोज कर दिया गया।

