Bihar Top News Today 11 oct 2026: बिहार (BIHAR) में आज 11 अक्टूबर को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…
युवक की चाकू से गोदकर हत्या
नगर की व्यस्त सब्जी मंडी में कुछ बेखौफ अपराधियों ने एक युवक की सरेआम चाकू से गोदकर हत्या कर दी। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई है और स्थानीय लोगों में भारी दहशत का माहौल है। मृतक की पहचान भभुआ नगर के वार्ड संख्या-25 निवासी स्वर्गीय अनिल पासवान के पुत्र धनजी पासवान के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों और मृतक के परिचित अमन पासवान से मिली जानकारी के अनुसार, धनजी पासवान सब्जी मंडी स्थित एक दुकान पर जूता खरीदने आया था। इसी दौरान कुछ अज्ञात युवक वहां पहुंचे और उसे जबरन दुकान से खींचकर पास की एक सुनसान गली में ले गए। वहां आरोपियों ने उस पर ताबड़तोड़ चाकू से कई वार किए, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
बांका में 1 लाख भक्तों ने किया जलाभिषेक
पटना। देशभर में शक्ति की आराधना का महापर्व शारदीय नवरात्र आज से शुरू हो चुका है। पहले ही दिन श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। इस बार का नवरात्र कई मायनों में बेहद खास है, क्योंकि विशेष योग-संयोग के साथ यह पर्व पूरे 10 दिनों का होगा। नवरात्र के पहले दिन सुबह से ही धार्मिक स्थलों पर भक्तों का तांता लगा रहा। बांका के प्रसिद्ध तिलडीहा दुर्गा मंदिर में माता के दर्शन और जलाभिषेक के लिए अहले सुबह से ही भारी भीड़ उमड़ पड़ी। रिपोर्ट के मुताबिक, पहले ही दिन करीब 1 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर जलाभिषेक किया। वहीं दूसरी ओर, बक्सर के हादेवा घाट पर गंगा स्नान करने और कलश भरने के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा।
गद्दार को बचाने के लिए भारत के Gen-Z पर हमला
पटना। पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने हाल ही में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर केंद्र सरकार और पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर कड़े सवाल उठाए हैं। उन्होंने दिल्ली में हुए हालिया प्रदर्शनों के दौरान सुरक्षा बलों की भारी तैनाती और पुलिस कार्रवाई को लोकतंत्र पर सीधा हमला करार दिया है। आइए इस पूरे घटनाक्रम और उनके बयानों को विस्तार से समझते हैं। पप्पू यादव ने दावा किया कि दिल्ली में विरोध प्रदर्शनों को दबाने के लिए लगभग एक लाख सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि देश के अन्य संवेदनशील हिस्सों की सुरक्षा से हटाकर अर्धसैनिक बलों को दिल्ली बुलाया गया, जिसके कारण मणिपुर जैसे राज्यों में सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित हुई। उन्होंने कहा कि एक विशेष व्यक्ति को बचाने के लिए देश के युवाओं यानी Gen-Z पर जुल्म ढाया जा रहा है और लोकतांत्रिक मूल्यों का गला घोंटा जा रहा है।
गंगा में एक साथ मिला महिला और पुरुष का शव
Patna News: पटना सिटी के पिरदमरिया गंगा घाट के पास नदी में एक साथ दो शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। दोनों शवों में एक महिला और एक पुरुष का शव है। मिली जानकारी के अनुसार दोनों शव घाट पर झाड़ियों में फंसे हुए थे। एक साथ नदी में दो शव मिलने की सूचना मिलते ही मौके पर भारी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। महिला ने पीले रंग की साड़ी और ब्लाइज पहना हुआ था। वहीं, पुरुष हॉफ पैंट और टी-शर्ट पहने हुए था। हालांकि दोनों शवों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। वहीं, नदी में एक साथ दो शव मिलने की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई।
दिल्ली के बाद अब बिहार में आंदोलन की तैयारी
पटना। दिल्ली में 10 अक्टूबर को CJP की ओर से किए गए आंदोलन के आह्वान और प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिए जाने को लेकर सियासत तेज हो गई है। इस मामले पर भाकपा माले के विधायक संदीप सौरभ ने सरकार और पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली को छावनी में तब्दील कर देने और प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेने से आंदोलन रुकने वाला नहीं है। संदीप सौरभ ने आरोप लगाया कि आंदोलन से पहले ही कई राज्यों से दिल्ली आने वाली ट्रेनों को रद्द कर दिया गया। वहीं, राजधानी में पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती बढ़ा दी गई थी। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन के दौरान सड़कों पर उतरने वाले लोगों को हिरासत में लिया जा रहा था।
मांझी के तेलचट्टा वाले बयान पर भड़के चिराग पासवान
Chirag Paswan: केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने जीतन राम मांझी द्वारा युवाओं को ‘तेलचट्टा’ कहे जाने पर अपनी कड़ी आपत्ति जताई है। पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि, कुछ लोग अपनी राजनीति चमकाने के लिए कुछ भी बोल देते हैं, लेकिन सार्वजनिक जीवन में रहने वाले नेताओं को इस तरह की भाषा का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए।
चिराग ने कहा कि, युवाओं को ऐसे शब्दों से संबोधित करना किसी भी प्रकार से जायज नहीं है। साथ ही उन्होंने युवाओं के आंदोलन को लोकतंत्र की ताकत बताते हुए उनसे शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने की अपील की।
तेजप्रताप यादव हुए भावुक
पटना। रियलिटी शो राइज एंड फॉल 2 के हालिया एपिसोड में राजनीति और परिवार का एक बेहद भावुक और मार्मिक पहलू देखने को मिला। जनशक्ति जनता दल के अध्यक्ष और राजनेता तेजप्रताप यादव शो के दौरान अपने माता-पिता, लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी को वीडियो कॉल पर अचानक देखकर अपने आंसुओं पर काबू नहीं रख सके। स्क्रीन पर अपने माता-पिता का चेहरा आते ही उनकी आंखें नम हो गईं। शो के होस्ट और पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग ने जब लालू यादव और राबड़ी देवी से संपर्क किया और पूछा कि क्या वे शो देख रहे हैं, तो उन्होंने सकारात्मक जवाब दिया। माता-पिता को सामने देख तेजप्रताप बुरी तरह भावुक हो गए। उन्होंने बातचीत के दौरान अपनी मां राबड़ी देवी से पिता की सेहत को लेकर चिंता जताई और कहा कि पापा की तबीयत कुछ ठीक नहीं लग रही है। इस पर राबड़ी देवी ने उन्हें दिलासा देते हुए समझाया कि वे बिल्कुल ठीक हैं। इस दौरान लालू प्रसाद यादव ने भी बात करने की कोशिश की, लेकिन वे ठीक से बोल नहीं पाए। इस पूरे दृश्य ने शो में मौजूद हर शख्स को भावुक कर दिया, जिसमें अभिनेत्री स्वरा भास्कर भी शामिल थीं जो अपनी बेटी राबिया को याद कर सिहर उठीं।
पूर्व वार्ड पार्षद के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग
मुजफ्फरपुर। सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के बालू घाट ढलान के पास वार्ड 17 के पूर्व वार्ड पार्षद हरेंद्र कुमार सिंह के आवास पर देर रात अपराधियों ने अंधाधुंध गोलियां चलाईं। अपराधियों ने फायरिंग करने के बाद 25 लाख रुपए की रंगदारी की मांग की है और मांग पूरी न होने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी है। इस दुस्साहसिक घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। घटना के संबंध में पूर्व वार्ड पार्षद हरेंद्र कुमार सिंह ने सिकंदरपुर थाने में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस को दी गई जानकारी के मुताबिक, बीती रात करीब 1:15 बजे धोबिया कुआं गली की तरफ से दो बाइकों पर सवार होकर तीन संदिग्ध युवक पहुंचे। उनके हाथों में पिस्तौल और रिवॉल्वर जैसे हथियार थे। अपराधियों ने सुनियोजित तरीके से पहले उनके गोदाम पर ताबड़तोड़ गोलीबारी की, जिससे वहां छेद हो गया। इसके बाद बदमाशों ने घर के बाहर खड़ी उनकी कार को निशाना बनाया, जिससे गाड़ी का शीशा बुरी तरह चकनाचूर हो गया।
गोली चलने की आवाज सुनकर जब पूर्व पार्षद हरेंद्र कुमार सिंह की आंख खुली, तो उन्होंने अपराधियों को गाली-गलौज करते हुए सुना। शोरगुल सुनकर उनके पुत्र अभिषेक कुमार पहली मंजिल की बालकनी में आए और विरोध करते हुए हल्ला मचाया। आरोप है कि बदमाशों ने अभिषेक को जान से मारने की नीयत से उनके ऊपर भी फायर झोंक दिया, गनीमत रही कि गोली उन्हें नहीं लगी और उनकी जान बाल-बाल बच गई। जब पूर्व पार्षद घर से बाहर निकले, तो उन पर भी गोली चलाने की कोशिश की गई, लेकिन गन का कारतूस मिसफायर हो गया।
NDA में बागी प्रत्याशियों पर होगी सख्त कार्रवाई
मोतिहारी। सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के आगामी एमएलसी चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी काफी तेज हो गई है। सभी राजनीतिक दल और उनके उम्मीदवार अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत झोंक रहे हैं। इस बीच, एनडीए समर्थित उम्मीदवार आनंद पुष्कर ने मोतिहारी में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बड़ा और तीखा बयान दिया है। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा है कि एनडीए के खिलाफ मैदान में उतरे बागी प्रत्याशियों पर पार्टी स्तर पर कार्रवाई होना तय है। आनंद पुष्कर का यह स्पष्ट इशारा राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) पार्टी से जुड़े प्रत्याशी राम कुमार सिन्हा की तरफ था। निर्वाचन क्षेत्र में एनडीए गठबंधन की अधिकृत उम्मीदवारी को लेकर चल रही खींचतान के बीच आनंद पुष्कर के इस बयान से राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि गठबंधन अनुशासन के खिलाफ जाकर चुनाव लड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और समय आने पर संगठन स्तर पर अनुशासनात्मक कदम उठाए जाएंगे।
पुल ढहने से मलबे में दबकर 1 की मौत
पूर्वी चंपारण। मोतिहारी जिले के सिकरहना (सिकरगंज) थाना क्षेत्र अंतर्गत भगवतपुर भलुआहिया गांव में रविवार को कछुआ नदी पर अंग्रेजों के जमाने में बना ऐतिहासिक पुल अचानक ढह गया। इस भीषण हादसे में पुल के मलबे के नीचे दबने से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुल गिरते ही पूरे इलाके में भगदड़ और चीख-पुकार मच गई। मिली जानकारी के मुताबिक, स्थानीय ग्रामीण पैदल ही कछुआ नदी पर बने इस पुराने पुल से होकर घास काटने के लिए जा रहे थे। जैसे ही वे पुल के बीच पहुंचे, अचानक पुल का एक बड़ा हिस्सा धंस गया और देखते ही देखते नदी में जा गिरा। पुल पर मौजूद लोगों को संभलने तक का अवसर नहीं मिला और वे भारी-भरकम मलबे के नीचे दब गए। तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े और अपने स्तर पर राहत व बचाव कार्य शुरू किया।

