Bihar Top News Today 11 September 2026: बिहार (BIHAR) में आज 11 सितम्बर को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…

BJP के मंडल अध्यक्ष की सरेआम गोली मारकर हत्या

भागलपुर। जिले के बबरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत कुतुबगंज इलाके में एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम देते हुए अपराधियों ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) के मंडल अध्यक्ष उमा भूषण तांती की गोली मारकर हत्या कर दी। हमलावरों ने बेहद नजदीक से उनके सिर के पास कनपटी में गोली मारी, जिससे उनकी मौके पर ही गंभीर स्थिति बन गई। परिवार और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत जवाहर लाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल (मायागंज अस्पताल) पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

तेज प्रताप यादव ने बिहार प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए निकाली खुली वैकेंसी

तेज प्रताप यादव ने अपनी पार्टी ‘जनशक्ति जनता दल’ के विस्तार की कवायद तेज कर दी है। इसी कड़ी में उन्होंने बिहार प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए आवेदन शुरू होने की जानकारी साझा की है। हैं। राष्ट्रीय जनता दल से अलग होकर अपनी नई सियासी जमीन तलाश रहे तेज प्रताप के इस कदम को राजनीतिक गलियारों में काफी अहम माना जा रहा है। ​जनशक्ति जनता दल (JJD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल के माध्यम से बिहार प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू होने की घोषणा की है। पार्टी की ओर से स्पष्ट किया गया है कि संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और राज्य में पार्टी को नई दिशा देने के लिए योग्य नेतृत्व की तलाश है। इस पद के लिए ‘कर्मठ, ईमानदार, संघर्षशील और योग्य’ उम्मीदवारों से आवेदन मांगे गए हैं। पार्टी ने इस पूरी प्रक्रिया को सामाजिक न्याय, सामाजिक हक और ‘संपूर्ण बदलाव’ के संकल्प के साथ जोड़ा है। आवेदन भेजने की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है, जिसके लिए पार्टी की तरफ से संपर्क नंबर भी जारी किए गए हैं।

सुपरिटेंडिंग इंजीनियर के 5 ठिकानों पर SVU की रेड

बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई तेज हो गई है। इसी क्रम में पटना में स्पेशल विजिलेंस यूनिट (SVU) ने लघु जल संसाधन विभाग के सुपरिटेंडेंट इंजीनियर राजेंद्र कुमार के ठिकानों पर छापेमारी की है, वहीं दूसरी तरफ गया में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बैंक लोन धोखाधड़ी मामले में एक होटल समूह पर दबिश दी है। दोनों ही मामलों में वित्तीय अनियमितताओं और अवैध संपत्तियों के खुलासे की बात सामने आ रही है। ​बिहार के लघु जल संसाधन विभाग के छपरा अंचल में तैनात अधीक्षण अभियंता राजेंद्र कुमार के खिलाफ भ्रष्टाचार का गंभीर मामला सामने आया है। एसवीयू (SVU) की पांच अलग-अलग टीमों ने उनके पटना स्थित कार्यालय और आवास समेत पांच ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। जांच एजेंसी के अनुसार, राजेंद्र कुमार पर 3 करोड़ रुपए से अधिक की आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का मामला दर्ज किया गया है।
​प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई है कि इंजीनियर ने हाल ही में मुंबई के पनवेल इलाके में लगभग 75 डिसमिल जमीन खरीदी है, जिसकी बाजार कीमत करीब 1.75 करोड़ रुपए आंकी गई है। एसवीयू की टीमें इन तमाम संपत्तियों और वित्तीय दस्तावेजों की गहराई से जांच-पड़ताल कर रही हैं।

देशव्यापी हड़ताल पर सरकारी बैंक के कर्मचारी

पटना। बिहार समेत पूरे देश में शुक्रवार को बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों की एक दिवसीय सांकेतिक हड़ताल से बैंकिंग सेवाओं पर व्यापक असर पड़ा है। इस हड़ताल के कारण राज्य की करीब 3,000 सार्वजनिक और निजी बैंक शाखाओं में कामकाज पूरी तरह प्रभावित हुआ है, जिसमें लगभग 63,000 कर्मचारी और अधिकारी शामिल हैं। बैंक शाखाओं के काउंटर और चेक क्लीयरेंस जैसी सेवाएं ठप रहने से ग्राहकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ​बैंककर्मी सप्ताह में पांच दिन की कार्य प्रणाली लागू करने समेत अपनी कई पुरानी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। संगठनों का तर्क है कि मई 2015 के समझौते के तहत दूसरे और चौथे शनिवार को अवकाश घोषित किया गया था, तथा अन्य शनिवारों को भी चरणबद्ध तरीके से अवकाश घोषित करने का आश्वासन दिया गया था। इसके बाद मार्च 2024 के वेतन समझौते में भी सभी शनिवारों को अवकाश घोषित करने पर सहमति बनी थी, जिसके एवज में कर्मचारियों ने सोमवार से शुक्रवार तक प्रतिदिन 40 मिनट अतिरिक्त कार्य करने पर रजामंदी दी थी। वित्त मंत्रालय को अनुशंसा भेजे जाने के बावजूद ढाई वर्ष से अधिक समय बीत जाने के बाद भी यह मामला लंबित है।

बिहार में बाढ़ का संकट गहराया: 2,360 गांव डूबे

Bihar Floods: बिहार में बाढ़ का संकट लगातार गंभीर होता जा रहा है। राज्य के 14 जिलों में करीब 2,360 गांव अब भी बाढ़ की चपेट में हैं, जिससे 44 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। कई इलाकों में पानी लगातार बढ़ने से मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। गंगा, कोसी, गंडक समेत प्रदेश की 8 प्रमुख नदियां अभी भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। वहीं, कल गुरुवार की रात नवगछिया में कोसी नदी के तेज दबाव से रेल बांध टूटने की घटना ने प्रशासन की चिंता और बढ़ा दी है। नवगछिया के रंगरा प्रखंड के मुरली गांव में रात करीब 11 बजे कोसी के तेज बहाव और दबाव के कारण रेल बांध का एक हिस्सा कट गया। बांध टूटने के बाद बाढ़ का पानी तेजी से गांव की तरफ फैलने लगा। इससे जहांगीरपुर बैसी पंचायत की 50 हजार से अधिक आबादी के सामने भी बाढ़ का खतरा बढ़ गया है, जिसे लेकर ग्रामीणों के बीच दहशत का माहौल है। फिलहाल प्रशासन की टीम लगातार इलाके पर अपनी नजर बनाए हुए है।

अररिया में SP ने तीन थानेदारों को किया लाइन क्लोज

अररिया। जिले में पुलिस प्रशासन ने कार्य में लापरवाही और अनुशासनहीनता के प्रति सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) जितेंद्र कुमार ने प्रशासनिक कसावट लाते हुए तीन थाना प्रभारियों को लाइन हाजिर कर दिया है और कई अन्य से स्पष्टीकरण तलब किया है। इस कदम से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। ​एसपी जितेंद्र कुमार द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, कामकाज में गंभीर लापरवाही मिलने पर तीन थानों के प्रभारियों को तुरंत प्रभाव से लाइन क्लोज कर पुलिस केंद्र अररिया भेज दिया गया है। इन अधिकारियों में सिकटी थानेदार पुलिस सब इंस्पेक्टर रौशन कुमार, सोनमणी गोदाम थानेदार पुलिस सब इंस्पेक्टर चंदन कुमार और बथनाहा थानेदार पुलिस सब इंस्पेक्टर राजवीर साहू शामिल हैं। इन तीनों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।

सासाराम में 28 लापरवाह शिक्षकों का वेतन रोका

सासाराम। जिले में शिक्षा विभाग की ओर से शिक्षकों की शिक्षण क्षमता और गुणवत्ता में सुधार के लिए पांच दिवसीय प्रोग्राम लर्निंग ट्रेनिंग का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रशिक्षण के प्रति कई शिक्षकों की उदासीनता और रुचि की कमी देखने को मिली है, जिसके बाद जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। बिना किसी सूचना या वैध कारण के इस प्रशिक्षण से अनुपस्थित रहने वाले 28 लापरवाह शिक्षकों पर जिला शिक्षा विभाग ने कड़ी कार्रवाई करते हुए उनका वेतन रोक दिया है और सभी से स्पष्टीकरण भी तलब किया है।

छपरा-सिवान NH-531 पर चार ट्रकों की भीषण टक्कर

छपरा। छपरा-सिवान राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-531) पर एकमा थाना क्षेत्र के हंसराजपुर गांव के निकट गुरुवार की देर रात करीब 2 बजे चार ट्रकों की आपस में भीषण टक्कर हो गई। इस दर्दनाक सड़क हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर भारी वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। ​दुर्घटना का शिकार हुए चार ट्रकों में से तीन ट्रकों पर बालू लदा हुआ था, जबकि एक ट्रक पर करकट (ऐस्बेस्टस शीट) लदा था। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। घटना की सूचना मिलते ही एकमा थाना पुलिस तुरंत दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। जाम और यातायात की गंभीर समस्या को देखते हुए पुलिस ने जेसीबी और क्रेन की मदद ली। घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद दुर्घटनाग्रस्त ट्रकों को सड़क के बीच से हटाकर किनारे किया गया, जिसके बाद आवागमन को धीरे-धीरे सामान्य कराया जा सका।

JDU के नाम से यूनाइटेड हटाने की मांग पर घमासान

पटना। ​बिहार की राजनीति में इन दिनों नाम बदलने का दौर तेजी से चल रहा है। जनता दल यूनाइटेड (JDU) का नाम बदलकर ‘जनता दल नीतीश’ (JDN) करने की मांग ने सूबे की सियासत में नया भूचाल ला दिया है। इस प्रस्ताव पर जेडीयू के भीतर और बाहर से अलग-अलग प्रतिक्रियाएं आ रही हैं, वहीं शहरों के नामकरण को लेकर भी घमासान मचा हुआ है। ​जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने पार्टी के नाम से ‘यूनाइटेड’ शब्द हटाकर इसे जनता दल नीतीश (JDN) करने का सुझाव दिया। पार्टी के वरिष्ठ नेता और मंत्री श्रवण कुमार ने इस बयान का पुरजोर समर्थन करते हुए कहा कि नीतीश कुमार पार्टी के सर्वमान्य और सबसे बड़े नेता हैं। दूसरी ओर, उपमुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव ने इसे व्यक्तिगत इच्छा बताते हुए स्पष्ट किया कि इस पर कोई भी अंतिम फैसला पार्टी के औपचारिक मंच पर ही लिया जाएगा।

मामूली विवाद पर देवर-भौजाई की हत्या

मोतिहारी। बिहार के पूर्वी चम्पारण जिले के मोतिहारी अंतर्गत पताही थाना क्षेत्र के जिहुली गांव में हुए दोहरे हत्याकांड ने इलाके में सनसनी फैला दी है। मवेशी को नहलाने के दौरान गिरे पानी के मामूली विवाद को लेकर हुई खूनी झड़प में देवर और भौजाई की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। इस दर्दनाक घटना में जमी अहमद और मनीना खातून की जान चली गई, जिससे पूरे गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। घटना के बाद से पीड़ित परिवार गहरे सदमे में है और लगातार न्याय की गुहार लगा रहा है।