Bihar Top News Today 12 july 2026: बिहार (BIHAR) में आज 12 जुलाई को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…

न्याय की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन धरना

पटना/नई दिल्ली। भरत तिवारी की कथित एनकाउंटर में हुई मौत के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। न्याय की मांग को लेकर आज, 12 जुलाई को दिल्ली के जंतर-मंतर पर परशुराम दल के बैनर तले अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू हो गया है। इस आंदोलन में मृतक भरत तिवारी के छोटे भाई चंदन तिवारी सहित परशुराम सेना के कई कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए हैं। ​धरना स्थल पर मौजूद चंदन तिवारी ने अपने भाई की मौत को गैर-संवैधानिक और कानून के खिलाफ करार दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस मुठभेड़ के नाम पर उनके भाई की हत्या की गई है। चंदन ने मांग की है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने उम्मीद जताई है कि सरकार उनकी मांगों को गंभीरता से लेगी और परिवार को न्याय मिलेगा।

ऑक्सीजन नहीं मिलने मरीज की मौत

मोतिहारी। पूर्वी चंपारण के मोतिहारी स्थित पताही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में कथित तौर पर समय पर ऑक्सीजन नहीं मिलने से एक मरीज की मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद अस्पताल परिसर में मृतक के परिजनों ने जमकर हंगामा करना शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराने में जुट गई।

प्रेम प्रसंग में युवक की हत्या

सहरसा। जिले के सोनवर्षा राज थाना क्षेत्र के अंतर्गत मनोरी साह टोला में हाल ही में हुई रूपेश साह की निर्मम हत्या की गुत्थी को पुलिस ने मात्र 36 घंटों के भीतर सुलझा लिया है। इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा होने के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है। पुलिस की जांच में यह हत्या प्रेम प्रसंग का मामला निकलकर सामने आई है।

जनसुराज के सहयोगियों ने बनाई नई पार्टी

पटना। बिहार की राजनीति में एक नया अध्याय जुड़ गया है। जनसुराज अभियान से अलग हुए नेताओं के एक समूह ने अब एक नई राजनीतिक पार्टी का गठन किया है जिसे राष्ट्रीय नागरिक मोर्चा नाम दिया गया है। इस नई पार्टी ने ऐलान किया है कि वे बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में चुनावी ताल ठोकने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। ​आज आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में मोर्चे के प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्तिगत द्वेष या प्रशांत किशोर के विरोध तक सीमित नहीं है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जो पूर्व में आम आदमी पार्टी की बिहार इकाई में को-ऑर्डिनेशन कमिटी के कन्वीनर रह चुके हैं ने कहा कि उनका संघर्ष एक बड़ी राजनीतिक व्यवस्था की खामियों के खिलाफ है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्षों से राज्य में कुछ गिने-चुने क्षेत्रों का ही राजनीतिक एकाधिकार रहा है जिसके कारण पटना सहित राज्य के कई हिस्सों को न्याय नहीं मिल पाया है।

11 हजार वोल्ट की चपेट में आए ग्रामीण, आधा दर्जन घायल

भागलपुर। जिले के हबीबपुर थाना क्षेत्र में एक घटना सामने आई है। यहां एक कब्रिस्तान में अंतिम संस्कार के दौरान बिजली विभाग की घोर लापरवाही से आधा दर्जन लोग 11 हजार वोल्ट के करंट की चपेट में आ गए। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और मातम का माहौल छा गया। ​मिली जानकारी के अनुसार हबीबपुर के स्थानीय कब्रिस्तान में एक व्यक्ति का अंतिम संस्कार किया जा रहा था। जब परिजन और ग्रामीण जनाजे (अर्थी) को कब्र की ओर ले जा रहे थे तभी जनाजे की खाट का ऊपरी हिस्सा ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के हाई-टेंशन तार के संपर्क में आ गया। तार सटते ही तेज धमाके के साथ करंट पूरे खाट में फैल गया, जिससे उसे पकड़े हुए आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से झुलस गए।

पूर्व मंत्री को हार्ट अटैक, अस्पताल में भर्ती

पटना। बिहार के मुख्यमंत्री और जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के शीर्ष नेतृत्व का मानवीय चेहरा एक बार फिर देखने को मिला। रविवार को पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पटना के इंदिरा गांधी हृदय रोग संस्थान (IGIC) पहुंचे जहां पूर्व मंत्री और विधायक महेश्वर हजारी इलाजरत हैं। हाल ही में दिल का दौरा (हार्ट अटैक) पड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पूर्व मुख्यमंत्री सीधे अस्पताल के आईसीयू वार्ड में पहुंचे और महेश्वर हजारी के स्वास्थ्य की गहन जानकारी ली। डॉक्टरों से उनके उपचार और रिकवरी की वर्तमान स्थिति के बारे में विस्तार से चर्चा की। नीतीश कुमार ने इस दौरान महेश्वर हजारी का कुशलक्षेम जाना और उन्हें ढांढस बंधाया। पूर्व मुख्यमंत्री ने ईश्वर से उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ और जल्द ही पूर्णतः स्वस्थ होकर सार्वजनिक जीवन में लौटने की कामना की।

राजेंद्र नगर रेलवे परिसर में तड़के लगी आग

पटना। रविवार तड़के राजधानी पटना के राजेंद्र नगर रेलवे स्टेशन के समीप स्थित रेलवे कोचिंग कॉम्प्लेक्स में अचानक लगी भीषण आग से इलाके में हड़कंप मच गया। भोर के समय लगी इस आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई से आग को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया जिससे एक बड़ी त्रासदी टल गई। ​घटना की जानकारी आज सुबह करीब 4 बजे स्थानीय लोगों द्वारा अग्निशमन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही कंकड़बाग अनुमंडल अग्निशमन कार्यालय से दमकल की गाड़ियां तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना कर दी गईं। अग्निशमन पदाधिकारी अजीत कुमार ने बताया कि आग की भयावहता को देखते हुए छोटी और बड़ी कुल 10 दमकल गाड़ियों को मोर्चा संभालने के लिए लगाया गया था। दमकलकर्मियों ने एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। समय रहते की गई कार्रवाई के कारण आग को रेलवे के अन्य संवेदनशील हिस्सों में फैलने से रोक लिया गया।

नशे में धुत पुलिसकर्मी, वीडियो वायरल

पटना। बिहार की राजधानी पटना में कानून के रखवालों की शर्मनाक करतूत सामने आई है। रामकृष्णानगर थाना क्षेत्र के खेमनीचक इलाके से एक ऐसा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसने पुलिस महकमे की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो में एक पुलिसकर्मी वर्दी पहने हुए नशे की हालत में झूमता हुआ दिखाई दे रहा है। जैसे ही यह वीडियो वायरल हुआ, पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई।

वैशाली डबल मर्डर

बिहार के वैशाली जिले से एक बड़ी घटना सामने आई है, जहां आज रविवार (12 जुलाई) की सुबह छुट्टी पर घर आए आर्मी जवान और उसके पिता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। दिनदहाड़े हुए इस डबल मर्डर से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन महकमे में हड़कंप मच गया। पूरा मामला बिदुपुर थाना क्षेत्र के रजासन गांव की है। मृतक आर्मी जवान की पहचान जितेंद्र कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले ही करंट लगने से आर्मी जवान के एक रिश्तेदार की मौत हो गई थी, जिसके बाद वह छुट्टी लेकर गांव लौटा था। इस बीच आज रविवार की सुबह विवादित जमीन में रास्ते को लेकर चचेरे भाई जदगीश राय के साथ उसका विवाद हो गया।

महिला होमगार्ड का अपहरण और दुष्कर्म

वैशाली। जिले से एक अत्यंत शर्मनाक और विचलित करने वाली घटना सामने आई है, जहां कानून की रक्षा करने वाली एक महिला होमगार्ड को सरेआम अगवा कर दरिंदगी का शिकार बनाया गया। यह घटना गौरौल थाना क्षेत्र की है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। ​पीड़िता की छोटी बहन के अनुसार, आरोपी की पहचान उसी के गांव के रहने वाले सुबोध पासवान के रूप में हुई है। आरोपी सुबोध पूर्व में पीड़िता का फिजिकल ट्रेनर था। इसी दौरान उसने महिला की कुछ अश्लील तस्वीरें खींच ली थीं। उन्हीं तस्वीरों का सहारा लेकर आरोपी लंबे समय से पीड़िता को ब्लैकमेल कर रहा था और लगातार उस पर शादी करने का दबाव बना रहा था। चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी सुबोध पहले से शादीशुदा है और तीन बच्चों का पिता भी है।