Bihar Top News Today 12 june 2026: बिहार (BIHAR) में आज 12 जून को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…

हादसे में 3 पुलिस वालों की मौत

बेगूसराय। बिहार के बेगूसराय में बीती रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में तीन दरोगा और एक चालक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र स्थित NH 31 के पास की है, जहां कार और ट्रक के बीच हुए भयानक टक्कर के बाद यह हादसा हुआ। घटना के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी का माहौल उत्पन्न हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही बेगूसराय एसपी मनीष कुमार एवं सदर डीएसपी आनंद पांडेय सहित भारी संख्या में पुलिस घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन में जुट गए।

भाभी से अफेयर में पत्नी की हत्या

सहरसा। जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत सोनी पंचवटी चौक इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है जहां एक पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। मृतका की पहचान खगड़िया के ठूठी मोहनपुर निवासी 35 वर्षीय सोनी कुमारी के रूप में हुई है। आरोपी पति सोनू शर्मा घटना के बाद से ही फरार है। ​मृतका की मां लीला देवी ने बताया कि सोनी की शादी 7 साल पहले प्लंबर सोनू शर्मा से हुई थी। शादी के तीन साल बाद सोनू दिल्ली गया जहां उसका अपनी चचेरी भाभी से अवैध संबंध बन गया। सोनी द्वारा विरोध करने पर आए दिन दोनों के बीच झगड़े होने लगे। अंततः सोनू ने सोनी को दिल्ली से भगा दिया, जिसके बाद सोनी अपने दो मासूम बच्चों, मोनू (6) और विवान (4) के साथ सहरसा में किराए के मकान में रहकर घरों में काम कर जीवन यापन कर रही थी।

राबड़ी के हीरे वाले कंगन पर बवाल

पटना। राजद सुप्रीमो और बिहार के पूर्व सीएम लालू यादव ने कल गुरुवार 11 जून को बेहद की खास और पारंपरिक अंदाज में अपना जन्मदिन मनाया। इस मौके पर कल शाम राबड़ी आवास में एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें लौंडा नाच, भोजपुरी गानों के जरिए महफिल सजी और समां बांधा गया। इस मौके पर राबड़ी देवी ने गायक छोटू छलिया को अपने हाथों में पहना हुआ हीरे से जड़ा हुआ सोने का कंगन तोहफे में दे दिया। अब इस मुद्दे पर राजनीति भी शुरू हो गई है।

मंत्री अशोक चौधरी ने पूर्व PA के खिलाफ कराया FIR

पटना। ​बिहार सरकार के खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री अशोक चौधरी ने पटना साइबर थाने में अपने पूर्व निजी सहायक (PA) निशांत केतु झा के विरुद्ध एक गंभीर प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई है। यह मामला मंत्री के आधिकारिक ‘X’ (पूर्व ट्विटर) अकाउंट पर अनधिकृत नियंत्रण और उससे जुड़ी सनसनीखेज मांग से जुड़ा है। ​मंत्री कार्यालय द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, निशांत केतु झा ने मंत्री की सेवा छोड़ दी है, बावजूद इसके उनके आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल का एक्सेस अब भी उनके पास बना हुआ है। आरोप है कि जब मंत्री के कार्यालय की ओर से उनसे इस अकाउंट का एक्सेस वापस मांगा गया, तो पूर्व PA ने कथित तौर पर इसके बदले में पैसों की मांग की। मंत्री का पक्ष है कि यह आधिकारिक अकाउंट है, जिस पर किसी निजी व्यक्ति का कब्जा अनुचित और गैर-कानूनी है।

बिना नोटिस निकाले जाने से भड़के कर्मचारी

छपरा। शहर स्थित लोकनायक जय प्रकाश प्रौद्योगिकी संस्थान (LJPIT) के परिसर में शुक्रवार को उस समय भारी तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई, जब संस्थान के पूर्व कर्मचारियों ने अपनी सेवाओं से अचानक हटाए जाने के विरोध में मोर्चा खोल दिया। कर्मचारियों ने कॉलेज परिसर के भीतर हड़ताल कर दी, जिससे संस्थान का दैनिक कामकाज आंशिक रूप से बाधित रहा। ​प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का आरोप है कि संस्थान प्रशासन ने उन्हें बिना किसी पूर्व सूचना या कारण बताओ नोटिस दिए अचानक कार्यमुक्त कर दिया है। वर्षों से अपनी सेवाएं दे रहे इन कर्मचारियों का कहना है कि प्रशासन का यह निर्णय पूरी तरह से एकतरफा और मनमाना है। अचानक नौकरी से हटाए जाने के कारण इन लोगों के सामने अपने परिवार के भरण-पोषण और जीविकोपार्जन का गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

बाढ़ के होटलों में छापेमारी

​बाढ़। राजधानी के बाढ़ थाना अंतर्गत स्टेशन रोड स्थित दो होटलों में पुलिस ने छापेमारी कर एक बड़े सेक्स रैकेट का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से कई महिला-पुरुषों को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।​ एसडीपीओ-1 रामकृष्णा के नेतृत्व में की गई इस छापेमारी का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में पनप रहे अपराधों पर अंकुश लगाना था। पुलिस को पिछले कई दिनों से गुप्त सूचना मिल रही थी कि स्टेशन रोड स्थित खाना खजाना और न्यू राजनंदनी नामक होटलों की आड़ में अनैतिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। स्थानीय लोगों द्वारा दी गई इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने जाल बिछाया और अंततः छापेमारी कर रंगे हाथों आरोपियों को दबोच लिया।

अपराधियों ने CSP में घुसकर की तोड़फोड़

कैमूर। बिहार में अपराधी किस कदर बेखौफ हो चुके हैं इसकी बानगी कैमूर जिले के मोहनियां में देखने को मिली। यहां गुरुवार की शाम कुछ हथियारबंद बदमाशों ने दिनदहाड़े एक सीएसपी (CSP) केंद्र में घुसकर जमकर तांडव मचाया। बदमाशों ने न केवल दुकान में तोड़फोड़ की, बल्कि संचालक को धमकाते हुए अपनी दबंगई का परिचय दिया। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी दहशत का माहौल है। ​घटना मोहनियां थाना क्षेत्र के टंडवा स्थित यूनियन बैंक के सीएसपी केंद्र की है। पीड़ित संचालक ब्रजेंद्र कुमार के अनुसार, गुरुवार की शाम करीब चार बजे जब ग्राहक कम थे, तब वह अपनी दुकान के बाहर बैठे थे। तभी पांच से छह की संख्या में अपराधी वहां पहुंचे। उन्होंने पहले पास की एक दुकान पर जाकर लोगों को धमकाया और फिर सीधे सीएसपी केंद्र में घुस गए।

बिहार में 5 लाख करोड़ के औद्योगिक निवेश का लक्ष्य

पटना। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रदेश की आर्थिक दिशा और औद्योगिक प्रगति पर एक विस्तृत संवाद किया है। उन्होंने घोषणा की है कि राज्य तेजी से विकास के पथ पर अग्रसर है और आने वाले समय में बिहार एक प्रमुख औद्योगिक केंद्र के रूप में उभरेगा। ​मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि राज्य में उद्योगों का तेजी से विस्तार हो रहा है। सरकार के प्रयासों से इस वर्ष बिहार में 5 लाख करोड़ रुपये का बड़ा निवेश आने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि आज 14 करोड़ की आबादी बिहार के लिए एक बड़ी शक्ति है, जिसका सकारात्मक लाभ विकास की योजनाओं में लिया जा रहा है।

रौशन आनंद की जमानत से जुड़ी याचिका पर सुनवाई टली

Bihar News: पटना कोचिंग विवाद और फायरिंग मामले में जेल में बंद ज्ञान बिंदु के संचालक रौशन आनंद को कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। दरअसल आज शुक्रवार को उनकी जमानत याचिका पर कोर्ट का फैसला आना था, लेकिन आज मामले की सुनवाई नहीं हो सकी, जिला एवं सत्र न्यायालय ने रौशन आनंद से जुड़े मामले की सुनवाई को सोमवार (15 जून) तक के लिए टाल दी है। ऐसे में रौशन आनंद को फिलहाल कुछ दिन और सलाखों के पीछे गुजारने होंगे।

बिहार में गालीबाज विधायक का VIDEO वायरल

Bihar Viral video: बिहार की राजनीति में नेताओं और अधिकारियों के बीच टकराव कोई नई बात नहीं है, लेकिन इस बीच गयाजी जिले से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने जनप्रतिनिधियों की भाषा और व्यवहार को लेकर नई बहस छेड़ दी है। दरअसल वजीरगंज से बीजेपी विधायक वीरेंद्र सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर इस समय तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे एक परियोजना इंजीनियर पर नाराजगी जाहिर करते हुए बेहद ही अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए नजर आ रहे हैं।