Bihar Top News Today 14 july 2026: बिहार (BIHAR) में आज 14 जुलाई को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…

भरत को गोली मारने वाले पुलिसवालों को फांसी हो

आरा। भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में 17 जून को घटित भारत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामला इन दिनों सुर्खियों में है। इस घटना की निष्पक्ष जांच के लिए गठित न्यायिक आयोग के समक्ष गवाही की प्रक्रिया जारी है। मंगलवार और बुधवार का दिन इस मामले में बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि इन दो दिनों में कुल सात गवाह आयोग के सामने अपना पक्ष रखेंगे।
​आयोग के समक्ष अब तक पांच गवाह अपनी गवाही दर्ज करा चुके हैं। इसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए मंगलवार को मृतक के छोटे भाई चंदन तिवारी, ग्रामीण राजाराम चौधरी और ललिता देवी के बयान दर्ज किए जाएंगे। वहीं, बुधवार को सरोज त्रिपाठी, अंजनी तिवारी, उषा देवी और चंद्रावती देवी आयोग के समक्ष उपस्थित होकर घटना से जुड़ी जानकारी साझा करेंगे।

बांकीपुर उपचुनाव में जबरिया दुल्हे की एंट्री!

Bihar News: बांकीपुर उपचुनाव के लिए नामांकन का दौर अब थम चुका है। कल नामांकन के अंतिम दिन 13 जुलाई को बीजेपी प्रत्याशी नीरज सिन्हा समेत कुल 4 उम्मीदवारों ने अपना नामांकन दाखिल किया। इसके साथ ही अब बांकीपुर उपचुनाव के लिए कुल 15 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनके बीच मुकाबला होना है। इस बीच भाजपा प्रत्याशी नीरज सिन्हा से जुड़े कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिसमें से एक वीडियो को शेयर करते हुए रोहिणी आचार्य ने भाजपा पर निशाना साधा है।

ट्रैफिक दरोगा पर ईंट से हमला

नालंदा‌। जिले में कानून-व्यवस्था की स्थिति को चुनौती देते हुए अपराधियों ने एक दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया है। मंगलवार को सोहसराय थाना क्षेत्र के व्यस्ततम सोहसराय बाजार चौक पर ड्यूटी कर रहे यातायात थाना के दरोगा मनोज कुमार पर अज्ञात बदमाशों ने पीछे से ईंट से जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना ने पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है।

मजदूरों की ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 3 महिलाओं की मौत

​अररिया। जिले के भरगामा प्रखंड के सिरसिया हनुमानगंज में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ। धान की रोपनी करने जा रहे मजदूरों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पानी से भरे 10 फीट गहरे गड्ढे में पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में 3 महिलाओं की मौत हो गई जबकि 24 अन्य मजदूर घायल हो गए। मृतकों की पहचान मीरा देवी, नैना देवी और रंजू देवी के रूप में हुई है, जिनकी उम्र 35 से 40 वर्ष के बीच थी।

बीजेपी की स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी

पटना। बिहार की राजनीति में बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव का महासंग्राम बेहद दिलचस्प होता जा रहा है। अपनी सीट को सुरक्षित रखने और जीत के प्रति आश्वस्त बीजेपी ने इस चुनावी रण में अपने सबसे मजबूत योद्धाओं को उतारने का फैसला किया है। पार्टी ने हाल ही में स्टार प्रचारकों की एक लंबी और प्रभावशाली सूची जारी की है, जिसमें केंद्रीय मंत्रियों से लेकर प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं और लोकप्रिय चेहरों को शामिल किया गया है।

वीणा मानवी का नामांकन रद्द

पटना। जिले की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा की गई जांच के बाद जनशक्ति जनता दल (JJD) की उम्मीदवार वीणा मानवी का नामांकन पत्र खारिज कर दिया गया है। तेजप्रताप यादव द्वारा समर्थित मानवी के नामांकन में कई तकनीकी खामियां पाई गईं जिसके कारण यह कार्रवाई हुई।

अमेरिका-ईरान जंग में गोपालगंज के युवक की मौत

गोपालगंज। ईरान और अमेरिका के बीच जारी भीषण सैन्य संघर्ष की तपिश अब बिहार के गोपालगंज तक पहुंच गई है। इस अंतरराष्ट्रीय जंग में गोपालगंज जिले के थावे बाजार का एक होनहार युवक असमय काल के गाल में समा गया। मंगलवार की भोर में आई इस मनहूस खबर के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतक की पहचान थावे बाजार निवासी स्थानीय व्यवसायी संजय गुप्ता के पुत्र सोनू कुमार गुप्ता के रूप में की गई है। ​मिली जानकारी के अनुसार, सोनू कुमार गुप्ता दुबई में एक मर्चेंट शिप पर कार्यरत था। मंगलवार की सुबह स्वजन को सूचना मिली कि ईरान-अमेरिका संघर्ष के दौरान हुए एक हमले में सोनू की मौत हो गई है। यह खबर मिलते ही हंसते-खेलते परिवार में चीख-पुकार मच गई। कलेजे के टुकड़े को खोने की खबर से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।

चारा घोटाला मामले में राजद सुप्रीमो को राहत

Bihar News: बिहार के चर्चित चारा घोटाला मामले में पूर्व सीएम और राजद सुप्रीमो लालू यादव को बड़ी राहत मिली है। दरअसल सुप्रीम कोर्ट ने ईडी द्वारा दायर की गई उस याचिका को खारिज कर दिया है, जिसमें लालू यादव के जमानत को रद्द करने और सजा पर लगी रोक को हटाने की मांग की गई थी। वहीं, ईडी द्वारा जमानत रद्द करने वाली दायर याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि, इतने लंबे समय से चली आ रही जमानत में दखल देना उचित नहीं होगा। इसके साथ ही कोर्ट ने हाईकोर्ट को निर्देश दिया कि अगले 6 महीने के अंदर चारा घोटाला मामले में दोषी करार दिए गए लालू यादव समेत अन्य आरोपियों की सजा के खिलाफ दायर अपील की सुनवाई पूरी करे।

बंटी यादव हत्याकांड में 4 पुलिसकर्मी सस्पेंड

पटना। चर्चित बंटी यादव हत्याकांड मामले में पटना सेंट्रल एसपी ने बड़ा एक्शन लिया है। एसपी ममता कल्याणी ने मामले में कोतवाली थाने के चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। इनमें तीन सहायक एंव निरीक्षण और एक गृहर रक्षक पुलिसकर्मी शामिल हैं। इन सभी पर बंटी यादव हत्याकांड मामले में लापरवाही बरतने का आरोप है।
गौरतलब है कि बीते 7 जुलाई की देर रात पटना जंक्शन स्थित हनुमान मंदिर के पास से बंटी यादव का अपहरण कर लिया गया था, जिसका शव 5 दिन बाद 12 जुलाई को अथमल गोला में सड़क किनारे गड्ढे में मिला था।

नशे में धुत मिले निलंबित ड्रग इंस्पेक्टर

लखीसराय। बिहार के लखीसराय में तैनात रहे निलंबित ड्रग इंस्पेक्टर दीपक राम एक बार फिर सुर्खियों में हैं। उन्हें कल देर रात उत्पाद विभाग की टीम ने शराब के नशे में गिरफ्तार किया है। ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट में उनके नशे में होने की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया है। सूत्रों के अनुसार उत्पाद विभाग की पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति शराब के नशे में हंगामा कर रहा है। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो आरोपी की पहचान निलंबित ड्रग इंस्पेक्टर दीपक राम के रूप में हुई। ब्रेथ एनालाइजर से की गई जांच में शराब पीने की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने उन्हें तत्काल गिरफ्तार कर लिया।