Bihar Top News Today 14 june 2026: बिहार (BIHAR) में आज 14 जून को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…

राबड़ी देवी के बंगले पर घमासान

पटना। ​बिहार की राजनीति में इन दिनों आरोप-प्रत्यारोप का दौर चरम पर है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रेम रंजन पटेल ने बिहारशरीफ स्थित सर्किट हाउस में एक प्रेस वार्ता के दौरान विपक्ष पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने विपक्ष पर राज्य के युवाओं और छात्रों को मोहरा बनाकर सरकार की छवि धूमिल करने का कुत्सित प्रयास करने का आरोप लगाया। ​पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को सरकारी आवास खाली करने का नोटिस मिलने के बाद भाजपा ने तंज कसा है। प्रेम रंजन पटेल ने सवाल उठाया कि आखिर सरकारी बंगले के प्रति इतना मोह क्यों है? उन्होंने कहा कि उन्हें नियमानुसार आवंटित आवास में शिफ्ट हो जाना चाहिए। उन्होंने कटाक्ष करते हुए पूछा कि आखिर उस बंगले में ऐसा कौन सा खजाना छिपा है जिसे छोड़ने में इतनी परेशानी हो रही है। भाजपा का स्पष्ट मानना है कि कानून का पालन सभी के लिए समान है।

ट्रक-ऑटो की टक्कर में बच्ची समेत 3 की मौत

​नालंदा। जिले के छबीलापुर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। राजगीर के ऐतिहासिक राजकीय मलमास मेले से दर्शन और कुंड स्नान कर घर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरे एक सीएनजी टेंपो को अनियंत्रित ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई जबकि 12 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। ​पीड़ित परिवार शनिवार की रात मलमास मेला घूमने के लिए राजगीर पहुंचा था। रविवार सुबह लगभग 10 से 11 बजे के बीच सभी लोग टेंपो में सवार होकर अपने गांव कोचरा लौट रहे थे। जैसे ही टेंपो छबीलापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत के.के. पॉलिटेक्निक कॉलेज के समीप पहुंचा सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने उसे सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टेंपो के परखच्चे उड़ गए।

पाटलिपुत्र स्टेशन पर पथराव और तोड़फोड़

Patliputra Junction Uproar: पटना के पाटलिपुत्र जंक्शन पर हुए बवाल को लेकर पुलिस ने 500 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआआईआर दर्ज की है। इसके साथ ही मामले में अभी तक कुल 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गौरतलब है कि 4,128 पदों पर सिपाही भर्ती के लिए आज 14 जून और 16 जून को परीक्षा आयोजित की गई है। इस बीच पहले दिन पेपेर देने के लिए बड़ी संख्या में अभ्यर्थी पाटलिपुत्र जंक्शन पहुंचे थे, जहां से ट्रेन के माध्यम से उन्हें अपने-अपने परीक्षा केंद्रों पर जाना था। इस बीच अभ्यर्थियों का एक समूह ने ट्रेन की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने और देरी से ट्रेन के पहुंचने पर आक्रोशित हो उठा और स्टेशन परिसर में ही जमकर तोड़फोड़ करने लगा। देखते ही देखते छात्रों ने रेलवे ट्रैक जाम कर दिया और ट्रेन के इंजन पर सवार होकर स्टेशन परिसर में विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। आक्रोशित अभ्यर्थियों ने रेलवे संपत्ति को भी भारी नुकसान पहुंचाया है।

रौशन आनंद के भाई की मौत

Bihar News: पटना कोचिंग विवाद के बीच एक बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। दरअसल जेल में बंद ज्ञान बिंदु कोचिंग के संचालक रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की नेपाल के एक होटल में संदिग्ध हालत में मौत हो गई है। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची नेपाल पुलिस ने प्रिंस यादव के साथ होटल में ठहरे हुए सभी युवकों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ कर रही है।

शराब माफिया जितेंद्र गिरफ्तार

पटना। राजधानी के कोतवाली थाना क्षेत्र से पुलिस ने एक शातिर शराब माफिया जितेंद्र कुमार को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी काफी समय से पुलिस की आंखों में धूल झोंक रहा था लेकिन सुबह की गश्त के दौरान एएसआई अरविंद निराला की सतर्कता ने उसे सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। ​घटना के अनुसार एएसआई अरविंद निराला अपनी टीम के साथ सुबह गश्त पर निकले थे। इसी दौरान उनकी नजर जितेंद्र पर पड़ी। पुलिस को देखते ही आरोपी हड़बड़ा गया और मौके से भागने की कोशिश करने लगा। एएसआई ने साहस का परिचय देते हुए तुरंत उसका पीछा किया और कुछ दूर दौड़ाने के बाद उसे धर दबोचा।

मोबाइल टावर पर चढ़ी महिला

गोपालगंज। जिले के कटेया थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जहां आज रविवार की सुबह उस समय अफरा-तफरी और हड़कंप मच गया, जब पति के कथित अवैध संबंधों और घरेलू कलह से तंग आकर एक विवाहिता मोबाइल टावर पर चढ़ गई। महिला को टावर के ऊपरी हिस्से पर चढ़ा देख स्थानीय ग्रामीणों के होश उड़ गए। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। महिला की पहचान मोहनपुर गांव निवासी सोनम शर्मा के रूप में की गई है।

प्रशिक्षु महिला सिपाही बेहोश, 4 की हालत गंभीर

रोहतास। जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां डेहरी के बीएमपी में BSAP-2 के पुलिस ट्रेनिंग कैंप में 16 किलोमीटर दौड़ की ट्रेनिंग के दौरान 11 प्रशिक्षु महिला सिपाही बेहोश हो गई। सभी को इलाज के लिए पहले डेहरी के अनुमंडलीय अस्पताल में लाया गया, जहां से 4 महिला प्रशिक्षु सिपाहियों को गंभीर स्थिति में सासाराम रेफर किया गया है। बता दें कि बीएसएपी-दो में इन दिनों न्यू चयनित जवानों का प्रशिक्षण चल रहा है। पिछले सप्ताह भी 16 किलोमीटर की रेस के दौरान कई प्रशिक्षु पुरुष सिपाही बीमार हो गए थे, जिसमें से एक की मौत भी हो गई थी। वही आज फिर 16 किलोमीटर के दौड़ के ट्रेनिंग के दौरान 11 प्रशिक्षु महिला जवान बेहोश हो गई है। इसका कारण हीट वेव में बताया जा रहा है।

ATM से 32 लाख की चोरी

रोहतास: बिहार के रोहतास जिले में अपराधियों ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए एक बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम दिया है। जिले के कोचस बस पड़ाव के पास स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम को निशाना बनाते हुए बदमाशों ने करीब 32 लाख रुपये की भारी नकदी लूट ली। इस वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।

खान ग्लोबल स्टडीज के स्टॉफ को नोटिस

पटना। राजधानी पटना स्थित मशहूर खान ग्लोबल स्टडीज (KGS) कोचिंग संस्थान से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आ रही है। हालिया कोचिंग विवाद और इससे जुड़े कदमकुआं थाना कांड संख्या में पुलिस ने कोचिंग के तीन प्रमुख स्टाफ सदस्यों कन्हैया सिंह, अजीत कुमार और अंकित कुमार पाण्डेय के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए उनके कार्यालय पर नोटिस चस्पा कर दिया है। ​यह मामला कन्हैया सिंह द्वारा दर्ज कराई गई एक प्राथमिकी (FIR) से जुड़ा है, जिसमें रोशन आनंद और प्रिंस यादव को नामजद अभियुक्त बनाया गया था। जांच के दौरान, प्रिंस यादव की नेपाल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिसने इस केस को और अधिक जटिल बना दिया है। पुलिस इस मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए लगातार जांच कर रही है।

ज्वेलर्स के यहां से 20 लाख के गहने लेकर अपराधी फरार

​मोतिहारी। बिहार के मोतिहारी में अपराध का ग्राफ एक बार फिर बढ़ता नजर आ रहा है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के अंतर्गत गोढ़वा चौक पर स्थित एक प्रमुख ज्वेलरी दुकान के संचालक को अपराधियों ने अपना निशाना बनाया। शुक्रवार की देर रात हथियार के बल पर हुई इस लूट की घटना ने स्थानीय व्यापारियों में दहशत फैला दी है। ​आकाश ज्वेलर्स के संचालक शिवजी साह अपनी दुकान बंद कर देर रात बाइक से अपने घर पतौरा लाला टोला जा रहे थे। जब वे गोढ़वा गैस गोदाम के समीप पहुंचे तो पहले से घात लगाए अपराधियों ने दो अलग-अलग बाइकों पर सवार होकर उनका पीछा किया। अपराधियों ने सुनसान सड़क का फायदा उठाते हुए शिवजी साह की बाइक को ओवरटेक कर रोक लिया। पीड़ित ने बचने का प्रयास किया लेकिन बदमाशों ने धक्का देकर उन्हें सड़क पर गिरा दिया और उनके पास मौजूद आभूषणों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए।