Bihar Top News Today 14 oct 2026: बिहार (BIHAR) में आज 14 अक्टूबर को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…

अनुज सिंह के समर्थन में अनंत सिंह का शक्ति प्रदर्शन

नालंदा। जदयू के आधिकारिक उम्मीदवार नीरज कुमार और जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी डॉ. अनुज सिंह के बीच सीधा मुकाबला है, लेकिन मोकामा विधायक अनंत सिंह के खुले तौर पर जन सुराज उम्मीदवार के प्रचार में उतरने से मामला बेहद रोचक हो गया है। अनंत सिंह ने नालंदा में जन आशीर्वाद यात्रा निकालकर अपनी ही पार्टी के उम्मीदवार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। ​अनंत सिंह ने नालंदा के परवलपुर और बिहारशरीफ के मगड़ा में खुली जीप पर सवार होकर प्रचार किया। इस दौरान उनके साथ भोजपुरी गायक गुंजन सिंह भी मौजूद रहे। अनंत सिंह ने समर्थकों की नारेबाजी के बीच कहा कि इस बार स्नातक मतदाता नीरज कुमार की गैस निकाल देंगे। यह पहला मौका नहीं है जब उन्होंने बगावती तेवर दिखाए हैं, इससे पहले फतुहा से बख्तियारपुर तक रोड शो करके भी वे डॉ. अनुज सिंह के पक्ष में माहौल बना चुके हैं।

गंगा में नाव पलटने से 13 लोगों की मौत

वैशाली। बिहार के हाजीपुर (वैशाली) में कल मंगलवार (13 अक्टूबर) की देर शाम गंगा नदी में एक नाव पलटने से बड़ा हादसा हो गया। इस घटना में 13 लोगों की डूबने से मौत हो गई। हादसे के समय नाव पर 35 से 40 लोग सवार थे। मिली जानकारी के अनुसार सभी लोग नाव पर सवार होकर भोज (तेरहवीं) खाने जा रहे थे। इस दौरान नदी में नाव पलटने से यह हादसा हो गया।

बिहार में 49 पुलिस इंस्पेक्टर को बनाया गया DSP

पटना। राज्य सरकार के गृह विभाग ने लंबे समय से प्रमोशन की राह देख रहे अधिकारियों को दुर्गा पूजा के शुभ अवसर पर एक शानदार सौगात दी है। विभाग की ओर से जारी ताजा आदेश के अनुसार, राज्य के 49 पुलिस निरीक्षकों (इंसपेक्टरों) को पदोन्नत कर पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) के पद पर प्रमोट कर दिया गया है। गृह विभाग के इस अहम फैसले के बाद पुलिस महकमे में खुशी की लहर दौड़ गई है और संबंधित अधिकारियों के परिवारों में जश्न का माहौल है।

CM सम्राट ने किया CtrlS डेटा सेंटर का उद्घाटन

Bihar News: सीएम सम्राट चौधरी ने कल मंगलवार को पटना के पाटलिपुत्र औद्योगिक क्षेत्र में CtrlS डेटा सेंटर का उद्घाटन किया। इसके पश्चात उन्होंने प्रथम तल पर बने कंपनी के डेटा सेंटर कक्ष का जायजा लिया और वहां से संचालित होने वाले डिजिटल कार्यों की पूरी जानकारी ली। इस दौरान सीएम सम्राट चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि, बिहार में डेटा सेंटर की शुरुआत राज्य के डिजिटल बुनियादी ढांचे और औद्योगिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। मुख्यमंत्री ने कंपनी की टीम को बधाई देते हुए बिहार में निवेश और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने का आह्वान किया। सीएम सम्राट ने कहा कि, उद्योग विभाग और CtrlS कंपनी के बीच 10 हजार करोड़ रुपये का MoU किया गया है, इससे भविष्य में आई०टी० और ए०आई० के क्षेत्र में निवेश और अन्य औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। बिहार में पहली बार इस प्रकार के डेटा सेंटर की शुरुआत हो रही है। यह राज्य में तकनीकी विकास और औद्योगिक बदलाव की नई नींव रखेगा। इसके लिए उन्होंने कंपनी के संस्थापक श्रीधर रेड्डी और उनकी पूरी टीम को बधाई दी।

पटना में पुलिस और अपराधी के बीच मुठभेड़

पटना। राजधानी पटना में आज बुधवार (14, अक्टूबर) की सुबह-सुबह पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई है। इस मुठभेड़ में पुलिस की गोली से एक अपराधी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए पीएमएसीएच भेजा गया है। घायल बदमाश की पहचान कुख्यात अपराधी शुभम उर्फ झामो के रूप में हुई है। पूरा मामला फतुहा थाना क्षेत्र स्थित NH 30 हाइवे के किनारे की है, जहां कुख्यात शुभम और पुलिस के बीच यह मुठभेड़ हुई।

गैस रिसाव से 2 मासूम की मौत, 17 लोग झुलसे

गोपालगंज। जिले के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के सफियाबाद गांव में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां गैस रिसाव के बाद अचानक आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। इस भीषण दुर्घटना में दो मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि 17 अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी और मातम का माहौल है।

पटना स्नातक चुनाव में जदयू की अंदरूनी खींचतान

पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद चुनाव को लेकर बिहार की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। सत्तारूढ़ जनता दल (यूनाइटेड) के भीतर जारी घमासान के बीच मोकामा विधायक अनंत सिंह ने पार्टी लाइन से हटकर जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी डॉ. अनुज सिंह का समर्थन शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में अनंत सिंह आज फिर नालंदा जिले के दौरे पर हैं, जहां वे जन आशीर्वाद यात्रा निकालकर स्नातक मतदाताओं से जन सुराज प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने की अपील कर रहे हैं। ​अनंत सिंह के इस कदम से जदयू के अंदर असहज स्थिति पैदा हो गई है। पार्टी का एक मौजूदा विधायक न सिर्फ अपनी ही पार्टी के उम्मीदवार को हराने का खुला दावा कर रहा है, बल्कि दूसरे दल के प्रत्याशी के लिए सड़क पर उतरकर वोट मांग रहा है। दिलचस्प बात यह भी है कि अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच का विवाद सुलझाने का जिम्मा पार्टी ने ललन सिंह को ही सौंपा था, लेकिन अब इस सियासी समीकरण ने चुनाव को और दिलचस्प बना दिया है।

आग लगने से छह मकान जलकर खाक

मुजफ्फरपुर। जिले के बंदरा प्रखंड अंतर्गत तेपरी पंचायत के वार्ड संख्या-10 में देर रात आग लगने की घटना सामने आई। जानकारी के अनुसार, रात में खाना बनाने के दौरान चूल्हे से अचानक एक चिंगारी निकली, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। सूखी घास-फूस और हवा के संपर्क में आने से आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास के मकानों को भी अपनी आगोश में ले लिया। इस भीषण अग्निकांड में बूटन पासवान, शंकर पासवान, मनोज पासवान और चंद्रदेव पासवान के फूस व पक्के के कुल 6 मकान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि पीड़ितों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। घरों में रखा सारा अनाज, रोजमर्रा के बर्तन, कपड़े, नकद रुपये और महिलाओं के सोने-चांदी के गहने जलकर राख हो गए। हादसे में करीब 8 लाख रुपये से अधिक के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। अपना सब कुछ गंवा चुके पीड़ित परिवार अब इस कड़कड़ाती ठंड और विपदा की घड़ी में खुले आसमान के नीचे रहने को विवश हैं।

वाहन जब्ती और नीलामी घोटाले में एमवीआई गिरफ्तार

​गोपालगंज। जिले में वाहन जब्ती, सत्यापन, मूल्यांकन और नीलामी से जुड़े बहुचर्चित मामले में आर्थिक अपराध इकाई ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में तत्कालीन मोटर वाहन निरीक्षक सुनील कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। एमवीआई की गिरफ्तारी के बाद इस पूरे प्रकरण में जांच का दायरा और अधिक व्यापक हो गया है।​इस हाई-प्रोफाइल मामले में आर्थिक अपराध इकाई अब तक कुल तीन लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज चुकी है। इससे पहले, सिधवलिया थाना कांड के तत्कालीन अनुसंधानकर्ता सह पुलिस अवर निरीक्षक राजेंद्र राम को 8 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया था। वहीं, 14 सितंबर को जिला परिवहन कार्यालय, गोपालगंज के तत्कालीन लिपिक अखिलेश लाल और डाटा एंट्री ऑपरेटर हैदर अली अंसारी को भी गिरफ्तार किया जा चुका है। ताबड़तोड़ हो रही इन गिरफ्तारियों से महकमे में हड़कंप मच गया है।

शिक्षा विभाग पर निगरानी का छापा

छपरा। बिहार के सारण जिले में शिक्षा विभाग के भीतर चल रहे वित्तीय घपले का बड़ा मामला सामने आया है। शिक्षकों के वेतन और एरियर भुगतान में हुई गंभीर धांधली के खिलाफ कार्रवाई करते हुए निगरानी विभाग की विशेष टीम ने बुधवार को नगरा प्रखंड संसाधन केंद्र (बीआरसी) के अकाउंटेंट राजीव कुमार को गिरफ्तार कर लिया। यह गिरफ्तारी छपरा स्थित जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) कार्यालय के स्थापना संभाग परिसर से की गई, जिसके बाद से पूरे प्रशासनिक महकमे में अफरा-तफरी का माहौल है।