Bihar Top News Today 15 july 2026: बिहार (BIHAR) में आज 15 जुलाई को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…

थर्ड जेंडर उम्मीदवार का नामांकन रद्द

​पटना। जिले के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के दौरान एक बड़ा विवाद सामने आया है। थर्ड जेंडर उम्मीदवार प्रिया राज प्रियांशु (प्रिया सिन्हा) ने अपना नामांकन रद्द किए जाने के बाद जिला प्रशासन पर गंभीर साजिश के आरोप लगाए हैं। उन्होंने इसे लोकतंत्र में भेदभाव और राजनीतिक मिलीभगत का परिणाम बताया है। ​प्रिया सिन्हा ने बुधवार को मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि उन्होंने बांकीपुर उपचुनाव के लिए पूरी निष्ठा और तैयारी के साथ अपना नामांकन पत्र दाखिल किया था। उनके अनुसार उनके सभी दस्तावेज और प्रस्तावक नियमानुसार सही थे। हालांकि बाद में उनके नामांकन को तकनीकी आधार पर रद्द कर दिया गया।

कुख्यात नरेश पांडे के ठिकानों पर छापेमारी

मोतिहारी। बिहार के मोतिहारी पुलिस ने अपराध जगत में हड़कंप मचाते हुए कुख्यात अपराधी नरेश पांडे के विभिन्न ठिकानों पर दबिश दी है। मंगलवार देर रात छतौनी थाना क्षेत्र की बंगाली कॉलोनी स्थित उसके आवास पर हुई इस छापेमारी में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। हालांकि मुख्य आरोपी नरेश पांडे मौके से फरार होने में सफल रहा लेकिन पुलिस ने उसके करीबी सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया है। ​छापेमारी के दौरान पुलिस ने नरेश पांडे के घर से भारी मात्रा में अवैध सामग्री जब्त की है। पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार मौके से 16 लाख रुपये नकद और नेपाली करेंसी बरामद की गई है। इसके अलावा एक नोट गिनने की मशीन एक लोडेड कट्टा और 6 जिंदा कारतूस भी जब्त किए गए हैं। अपराध की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घर से शराब की बोतलें सोने-चांदी के गहने और जमीन से संबंधित दो दर्जन से अधिक दस्तावेज भी कब्जे में ले लिए हैं।

युवक की सिर में गोली मारकर हत्या

मुजफ्फरपुर। जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कोल्हुआ इलाके में एक मजदूर की हत्या का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान राकेश कुमार के रूप में हुई है, जो इलाके में किराए के मकान में रहकर मजदूरी करता था और अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। ​प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक राकेश कुमार रोज की तरह अपने किराए के घर से बाइक लेकर काम पर निकला था। वह चौड़ के रास्ते से होकर गुजर रहा था तभी पहले से घात लगाए बैठे अपराधियों ने उसे चारों तरफ से घेर लिया। अपराधियों ने बेहद करीब से राकेश के सिर में गोली मार दी जिससे उसकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

ASI ने तौलिए में फरियादी की सुनवाई

पटना। बिहार की राजधानी पटना से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है जहां एक सहायक उपनिरीक्षक (ASI) की लापरवाही और गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार ने खाकी की छवि को धूमिल कर दिया है। बाढ़ अनुमंडल के अथमलगोला थाने में तैनात ASI अंजनी कुमार सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गया जिसमें वे वर्दी के बजाय सिर्फ तौलिए में थाने के भीतर फरियादियों की सुनवाई करते नजर आए।

आकाशीय बिजली से 3 की मौत

पटना/समस्तीपुर। बिहार में बुधवार का दिन प्राकृतिक आपदाओं के नाम रहा। राज्य के अलग-अलग हिस्सों में आकाशीय बिजली गिरने से एक बच्चे सहित कुल 3 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई जबकि 3 अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। वहीं दूसरी ओर नेपाल में हो रही मूसलाधार बारिश ने बिहार की नदियों की चिंता बढ़ा दी है। कोसी, गंडक और कमला जैसी प्रमुख नदियां खतरे के निशान के करीब पहुंच गई हैं।

बांकीपुर उपचुनाव को लेकर निशांत कुमार का दावा

पटना। जदयू नेता और बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार आज बुधवार (15, जुलाई) को पार्टी कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने पहले से मौजूद लोगों की शिकायत व समस्याओं को सुना और उनका समाधान किया। जनसुनवाई कार्यक्रम के बाद निशांत कुमार ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि, लोग अपनी समस्याओं को लेकर कार्यालय पहुंचे, जिनका समाधान किया गया है।

CM सम्राट ने 211 डिग्री कॉलेजों का किया शुभारंभ

भागलपुर। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज बुधवार (15, जुलाई) को भागलपुर के गोराडीह में नवस्थापित डिग्री कॉलेज, कासिल परिसर से राज्यभर के 211 नए डिग्री कॉलेजों में पठन-पाठन कार्य का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर समारोह को संबोधित करते हुए सीएम सम्राट ने कहा कि, आज का दिन बिहार के लिए गौरव का दिन है। राज्य सरकार ने उच्च शिक्षा के विस्तार की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाया है, जिससे प्रत्येक प्रखंड के विद्यार्थियों को अपने ही क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

JDU कार्यालय के बाहर कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन

पटना। जदयू कार्यालय के बाहर आज बुधवार (15, जुलाई) को बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पहुंचे, जिन्होंने प्रदर्शन करते हुए पार्टी द्वारा 6 साल के लिए निष्कासित किए गए छोटू सिंह को जदयू में वापस लेने की मांग की। प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं का कहना है कि, छोटू सिंह जिन्होंने 25 साल से पार्टी की सेवा की है, उसे पार्टी से बाहर निकाल दिया गया है, जो कि गलत है। नीतीश जी के हनुमान छोटू सिंह को पार्टी में वापस लाना चाहिए।

बेटी के जन्म पर अनोखा जश्न

बेगूसराय। जिले से एक बेहद सुखद और प्रेरणादायक खबर सामने आई है। आमतौर पर हमारे समाज में पुत्र रत्न की प्राप्ति पर बड़े पैमाने पर खुशियां मनाई जाती हैं लेकिन बेगूसराय के एक परिवार ने इस रूढ़िवादी सोच को दरकिनार कर अपनी नवजात बेटी के स्वागत में जो उत्साह दिखाया वह पूरे जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है। परिवार द्वारा बेटी के जन्म पर मनाए गए इस उत्सव का वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है।

नेपाली नागरिक को कोसी नदी में फेंका

सुपौल। भारत-नेपाल सीमा पर इंसानियत की एक ऐसी तस्वीर सामने आई है जिसने एक बार फिर साबित कर दिया है कि मानवता सरहदों और सीमाओं से परे होती है। सुपौल जिले के बीरपुर अनुमंडल क्षेत्र में कोसी नदी में बहते एक नेपाली नागरिक को स्थानीय मछुआरों ने अपनी सूझबूझ और तत्परता से मौत के मुंह से खींच लिया। यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। ​नेपाल के चितवन निवासी 45 वर्षीय गोविंद प्रसाद भूसाल अपने निजी कार्यों से इलाम जा रहे थे। रास्ते में वे एक शातिर नशा गिरोह के चंगुल में फंस गए। अपराधियों ने उन्हें बातों में उलझाकर नशीला पदार्थ खिला दिया जिससे वे अचेत हो गए। इसके बाद बदमाशों ने गोविंद के पास मौजूद दस हजार रुपये की नकदी, मोबाइल और कीमती सामान लूट लिए। हैवानियत की हद तो तब हो गई जब बदमाशों ने उनके कपड़े तक उतार लिए और उन्हें मृत समझकर पूर्वी कोसी तटबंध के स्पर संख्या 5 और 30 के बीच कोसी नदी की तेज धार में फेंक दिया।