Bihar Top News Today 15 june 2026: बिहार (BIHAR) में आज 15 जून को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…
5 टन का तार गिरने से मजदूर की दर्दनाक मौत
कैमूर। जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र अंतर्गत भीट्टी के समीप एक दर्दनाक हादसे में एक 55 वर्षीय मजदूर की जान चली गई। भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (ALIMCO) के क्षेत्रीय विपणन केंद्र के निर्माण कार्य के दौरान 5 टन वजनी तार का बंडल गिरने से मजदूर उसके नीचे दब गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान नाटी गांव निवासी स्व. हरीवंश रजक के पुत्र अशोक रजक के रूप में हुई है। घटना सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अशोक कंपनी के मुंशी राजू द्विवेदी के साथ जेसीबी की मदद से तार का बंडल उठा रहे थे। इसी दौरान अचानक पट्टी (बेल्ट) टूट गई और 5 टन वजनी तार का बंडल सीधे अशोक के ऊपर जा गिरा।
रौशन आनंद का आरोप खान सर ने भाई को मरवाया
पटना। राजधानी पटना में शिक्षा जगत से जुड़ी एक दुखद और सनसनीखेज घटना ने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया है। मशहूर शिक्षक रौशन आनंद ने अपने क्लासरूम में छात्रों और मीडिया के सामने भावुक होते हुए अपने भाई की निर्मम हत्या को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने सीधे तौर पर फैजल खान पर हत्या की साजिश रचने और उसे अंजाम दिलवाने का आरोप मढ़ते हुए न्याय की गुहार लगाई है। रौशन आनंद ने कहा हमने जो खोया है उसे कोई लौटा नहीं सकता। वह मेरे जिगर का टुकड़ा था। उन्होंने आरोप लगाया कि फैजल खान कोई शिक्षक नहीं बल्कि एक अपराधी है जो केवल साजिशें रचता है। रौशन आनंद ने दावा किया कि उन्हें पहले भी मैनेज करने की कोशिश की गई और धमकियां दी गईं। जब उन्होंने झुकने से इनकार किया तो उनके भाई की हत्या कर दी गई। उन्होंने साफ शब्दों में कहा फैजल खान ने ही गोली चलवाई है।
असम STF का पटना में बड़ा एक्शन
पटना। राजधानी पटना में सोमवार की सुबह एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। असम पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने पटना पुलिस के सहयोग से शास्त्री नगर थाना क्षेत्र के बेली रोड स्थित समनपुरा इलाके में छापेमारी की। इस कार्रवाई में GST में भारी गड़बड़ी और वित्तीय धोखाधड़ी के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान शहबाज हैदर और सानिया सुल्तान के रूप में हुई है। असम STF के इंस्पेक्टर प्रभाकर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि यह मामला 17 करोड़ रुपये के GST घोटाले से जुड़ा है। आरोपियों के खिलाफ असम में FIR दर्ज थी, जिसके आधार पर यह गिरफ्तारी की गई है। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि दोनों आरोपी असम में एक अलकतरा कंपनी संचालित करते थे और उसी कंपनी के GST रिटर्न और वित्तीय लेनदेन में बड़ा फर्जीवाड़ा किया गया है।
भोजपुर में 7वीं की छात्रा से गैंगरेप
भोजपुर। जिले के सहार थाना क्षेत्र में मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आई है जहां 7वीं कक्षा की एक नाबालिग छात्रा के साथ पांच युवकों ने मिलकर गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया। यह घटना रविवार की है जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। पीड़िता के अनुसार वह रविवार को अपने घर से करीब 3 किलोमीटर दूर स्थित बाजार गई थी। जब वह नारियल पानी खरीद रही थी तभी एक कार उसके पास आकर रुकी। कार में सवार पांच युवकों ने उसे गाड़ी में बैठने के लिए कहा जिस पर पीड़िता ने साफ इनकार कर दिया। इसके बावजूद आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आए। गाड़ी से दो युवक उतरे और जबरन छात्रा का हाथ पकड़कर उसे कार के अंदर खींच लिया।
5 देशरत्न मार्ग का हुआ आवंटन
पटना। बिहार की राजधानी पटना में इन दिनों सरकारी बंगलों का आवंटन चर्चा का विषय बना हुआ है। हाल ही में राज्य सरकार द्वारा लिए गए निर्णयों ने एक बार फिर राजनीतिक गलियारों में हलचल पैदा कर दी है। इन बदलावों के तहत महत्वपूर्ण बंगलों का आवंटन नए सिरे से किया गया है। लंबे समय से सुर्खियों में रहा 5 देशरत्न मार्ग बंगला अब बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को आवंटित कर दिया गया है। गौरतलब है कि यह वही बंगला है जिसे लेकर हाल ही में बिहार की राजनीति में जबरदस्त विवाद हुआ था।
सीएम बोले बिहार के अपराधी अब डर के बनारस भाग रहे
भोजपुर। बिहार के मुख्यमंत्री ने हालिया दौरों में अपराधियों के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए कड़े तेवर दिखाए हैं। गयाजी और भोजपुर के अपने दौरों के दौरान उन्होंने न केवल कानून-व्यवस्था पर प्रहार किया बल्कि राज्य के औद्योगिक विकास के लिए नई आधारशिलाएं भी रखीं। भोजपुर और गयाजी में आयोजित जनसभाओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने अपराधियों को चेतावनी दी कि बिहार में अब उनका कोई स्थान नहीं है। उन्होंने कहा बिहार के अपराधी डर के मारे अब बनारस की ओर भाग रहे हैं, जहां बाबा उन्हें ढूंढ रहे हैं। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि राज्य के 80 से 90% अपराधी बिहार छोड़कर भाग चुके हैं। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो बचे हुए अपराधी हैं, उनका पता बताएं और प्रशासन उनका इलाज करेगा। मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि सुशासन तभी कायम होगा जब अपराधियों का गयाजी में पिंडदान हो रहा हो या वे जेल की सलाखों के पीछे हों। उन्होंने पुलिस को स्पष्ट निर्देश दिए कि अपराधियों की चुनौती का जवाब 48 घंटे के भीतर दिया जाए।
पटना कॉलेज से जेपी गोलंबर तक अभ्यर्थियों का मार्च
पटना। बिहार में 27 मई, 2026 को 1,799 दरोगा पदों के लिए आयोजित हुई मुख्य लिखित परीक्षा में कथित पेपर लीक और धांधली के आरोपों को लेकर अभ्यर्थियों का विरोध लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी क्रम में आज सोमवार (15 जून) को बड़ी संख्या में पटना कॉलेज के छात्र अपने हाथों में तिरंगा लेकर सड़क पर उतरकर प्रदर्शन कर रहे हैं। नाराज छात्रों ने पटना कॉलेज परिसर से जेपी गोलंबर तक मार्च निकाला और परीक्षा को दोबारा कराने की मांग कर रहे हैं। दरोगा भर्ती परीक्षा को रद्द करने और दोबारा परीक्षा लेने की मांग कर रहे छात्र बैनर-पोस्टर लेकर प्रदर्शन में शालिन होने के लिए पहुंचे थे, जिसमें उन्होंने अलग-अलग बातों के जरिए अपनी समस्याओं को लिखा था। प्रदर्शन कर रहे छात्रों का आरोप है कि लगातार शिकायतों के बावजूद सरकार, प्रशासन या फिर संबंधित एजेंसियों की ओर से अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिसके चलते उन्हें अपनी मांगों को लेकर सड़क पर उतर कर विरोध प्रदर्शन करना पड़ रहा है।
दो युवकों की पीट-पीटकर हत्या
नालंदा। जिले के राजगीर थाना क्षेत्र से मॉब लिंचिंग का एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। झुनकिया बाबा मंदिर के समीप चोरी के आरोप में उग्र भीड़ ने दो युवकों को पकड़कर बेरहमी से पीट दिया। गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों की इलाज के दौरान पटना पीएमसीएच में मौत हो गई। घटना के बाद से मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। मृतकों की पहचान दीपनगर थाना क्षेत्र के गंजपर गांव निवासी 24 वर्षीय पिंटू पासवान और 18 वर्षीय श्रवण पासवान के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार दोनों युवक अपने दोस्तों के साथ राजगीर मेला घूमने आए थे। देर रात सूचना मिली कि उन्हें चोरी के आरोप में पकड़कर पीटा जा रहा है।
सूचना मिलने पर राजगीर थाना की गश्ती पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर अनुमंडलीय अस्पताल राजगीर पहुंचाया। वहां से बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच पटना रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई।
पवन सिंह को जल्द मिल सकती है बड़ी जिम्मेदारी
पटना। भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता पवन सिंह को लेकर बिहार की राजनीति में चर्चाएं तेज हो गई हैं। हाल ही में उन्हें बिहार विधान परिषद (MLC) का सदस्य बनाए जाने के बाद, अब भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने उनके भविष्य को लेकर बड़े संकेत दिए हैं। पटना में पत्रकारों से बातचीत करते हुए मनोज तिवारी ने पवन सिंह के MLC बनने को बेहद सकारात्मक और महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि विधान परिषद का सदस्य बनना कोई मामूली बात नहीं है। तिवारी ने कहा MLC का पद बहुत ही अहम और बड़ा दायित्व है। कई लोग वर्षों तक राजनीति में सक्रिय रहने के बाद भी इस मुकाम तक नहीं पहुंच पाते हैं। यह पद जनता की सेवा करने का एक सशक्त माध्यम है।
पंचतत्व में विलीन हुआ जहानाबाद का वीर सपूत
जहानाबाद। असम के जोरहाट एयरबेस में एएन-32 विमान दुर्घटना में शहीद हुए भारतीय वायुसेना के फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार का पार्थिव शरीर कल रविवार को उनके पैतृक गांव हुलासगंज प्रखंड के बनवरिया गांव पहुंचा। शहीद का शव गांव पहुंचते ही बेसुध पड़े परिजनों में कोहराम मच गया। माता-पिता समेत परिवार के अन्य सदस्य फूट-फूटकर रोने लगे। लेफ्टिनेंट शुभम कुमार के अंतिम दर्शन और उनके पार्थिव शरीर को श्रद्धांजलि देने के लिए गांव सहित पुरे जिले से लोग पहुंचे थे।

