Bihar Top News Today 16 june 2026: बिहार (BIHAR) में आज 16 जून को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…

हाईटेक सॉल्वर गैंग के 4 सदस्य गिरफ्तार

​मुजफ्फरपुर। पुलिस ने सिपाही भर्ती परीक्षा के दौरान एक अत्याधुनिक सॉल्वर गैंग का पर्दाफाश किया है। इस गिरोह ने तकनीक का सहारा लेकर परीक्षा में सेंध लगाने की कोशिश की थी। पुलिस ने इस मामले में दो परीक्षार्थियों और दो सॉल्वर समेत कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया है। ​जांच में खुलासा हुआ कि गिरोह परीक्षा के दौरान बेहद आधुनिक उपकरणों का उपयोग कर रहा था। परीक्षा हॉल में बैठा परीक्षार्थी माइक्रोफोन के जरिए बाहर मौजूद सॉल्वरों को प्रश्न भेजता था। बाहर से सॉल्वर इयरबड के माध्यम से उत्तर बोलकर लिखवाते थे। पुलिस ने मिठनपुरा और सिकंदरपुर के परीक्षा केंद्रों से उपकरणों सहित परीक्षार्थियों को पकड़ा है।

भतीजी से छेड़खानी का विरोध करने पर चाचा का मर्डर

मुजफ्फरपुर। जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 9वीं कक्षा की छात्रा से लगातार हो रही छेड़खानी का विरोध करना उसके चाचा को भारी पड़ गया। आरोपियों ने धारदार हथियार से हमला कर छात्रा के चाचा की बेरहमी से हत्या कर दी। मृतक की पहचान लुकेश कुमार के रूप में हुई है। इस घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल है और भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

दुर्घटना में कार में सवार 8 लोग घायल

किशनगंज। जिले के ठाकुरगंज प्रखंड अंतर्गत एनएच 327ई पर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। सुखानी थाना क्षेत्र के सालगुड़ी चौक स्थित ओवरब्रिज पर मक्का लदे एक ओवरलोडेड ट्रैक्टर और सुजुकी सेलेरियो कार के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। इस भीषण हादसे में कार सवार आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। ​मिली जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त कार अररिया की ओर से आ रही थी और ठाकुरगंज की दिशा में जा रही थी। कार में कुल आठ लोग सवार थे, जिनमें तीन पुरुष, दो महिलाएं और तीन बच्चे शामिल थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर सुखानी थाना पुलिस और एनएचएआई (NHAI) की रेस्क्यू टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात को सुचारू रूप से बहाल किया।

राबड़ी देवी ने सरकार से मांगी एक महीने की मोहलत

Bihar Politics: बिहार में राबड़ी आवास (10 सर्कुलर रोड) को लेकर एक बार फिर से माहौल गरमाया हुआ है। दरअसल भवन निर्माण विभाग की ओर से दिए गए 15 दिनों में आवास खाली करने का समय सीमा खत्म हो चुका है। बावजूद इसके राबड़ी देवी ने अभी तक अपना आवास खाली नहीं किया है। इस बीच राबड़ी देवी ने बिहार सरकार को एक पत्र लिखा है, जिसमें उन्होंने आवास को खाली नहीं करने की वजह बताई है। मिली जानकारी के अनुसार बिहार सरकार को लिखे पत्र में राबड़ी देवी ने राजद सुप्रीमो और बिहार के पूर्व सीएम लालू यादव के स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का हवाला देते हुए कहा है कि डॉक्टर ने उन्हें खास सावधानी बरतने की सलाह दी है। डॉक्टर के मुताबिक लालू यादव को संक्रमण का खतरा बना रहता है, जिसके लिए 10 सर्कुलर आवास में उनके रहने के लिए विशेष कमरे की व्यवस्था की गई है।

पाकिस्तानी हैंडलर से जुड़े मौलाना के ठिकानों पर छापेमारी

मधुबनी। बिहार के मधुबनी जिले में एक बड़ी आतंकी साजिश का खुलासा हुआ है। एटीएस (ATS) की संयुक्त टीम ने मध्य प्रदेश पुलिस के साथ मिलकर एक बड़ी छापेमारी की जिसमें सरिसब पाही के नवटोल निवासी मौलाना इजहारुल हक के पाकिस्तानी हैंडलर से संबंधों और राष्ट्र-विरोधी गतिविधियों में लिप्त होने के पुख्ता प्रमाण मिले हैं। इस छापेमारी ने पूरे जिले में सनसनी फैला दी है। ​रविवार की देर रात एटीएस ने सुनियोजित तरीके से दो अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी। पहली टीम ने पंडौल थाना क्षेत्र के सरिसब पाही स्थित मौलाना के पैतृक आवास पर छापेमारी की जहां उसकी पत्नी और परिवार के अन्य सदस्य मौजूद थे। वहीं दूसरी टीम ने मधुबनी शहर के उर्दू मोहल्ला स्थित मदरसा नूर-ए-मोहम्मदिया को खंगाला जहां मौलाना अपने तीन बेटों के साथ रहता था। इस कार्रवाई के दौरान एटीएस को कई आपत्तिजनक दस्तावेज और संदिग्ध डिजिटल साक्ष्य बरामद हुए हैं।

शिक्षकों ने लंबित मांगों को लेकर किया प्रदर्शन

सहरसा। अपनी जायज मांगों के समर्थन में बिहार राज्य प्रारंभिक शिक्षक संघ के बैनर तले जिले के शिक्षकों ने एक बार फिर मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को सहरसा जिला पदाधिकारी (DM) कार्यालय के समक्ष भारी संख्या में जुटे शिक्षकों ने जोरदार प्रदर्शन किया। राज्य सरकार की उपेक्षापूर्ण नीतियों के खिलाफ शिक्षकों का गुस्सा साफ नजर आ रहा था। प्रदर्शन के दौरान शिक्षकों ने सरकार विरोधी नारेबाजी की और जल्द से जल्द अपनी लंबित मांगों को पूरा करने की पुरजोर मांग की।

​क्रिकेटर आकाशदीप के घर पहुंचे सीएम

सासाराम। बिहार के सासाराम जिले के शिवसागर प्रखंड स्थित बड्डी गांव में आज उस समय माहौल बेहद खास हो गया जब बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एक निजी दौरे पर वहां पहुंचे। मुख्यमंत्री का यह आगमन भारतीय क्रिकेट टीम के उभरते सितारे और तेज गेंदबाज आकाशदीप के पैतृक आवास पर हुआ। दरअसल आकाशदीप इन दिनों अपनी शादी की तैयारियों में व्यस्त हैं और उनके जीवन के इस नए सफर की शुरुआत से पहले उन्हें आशीर्वाद देने के लिए राज्य के वरिष्ठ नेता ने उनके घर दस्तक दी।

जमीन विवाद में खूनी संघर्ष

गोपालगंज। बिहार के गोपालगंज जिले से एक सनसनीखेज और दुखद मामला सामने आया है, जहां जमीन के मामूली विवाद ने एक व्यक्ति की जान ले ली। जिले के विजयीपुर थाना क्षेत्र के बंधौरा घाट गांव में जमीन संबंधी विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई थी। इस हिंसक झड़प में गंभीर रूप से घायल हुए मोहन गुप्ता की पटना स्थित पीएमसीएच में इलाज के दौरान मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह पिछले दो दिनों से अस्पताल के आईसीयू में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे थे, लेकिन तमाम कोशिशों के बाद भी डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। मोहन गुप्ता की मौत की खबर जैसे ही बंधौरा घाट गांव पहुंची, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई और वर्तमान में गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।

सीएम ने कहा अपराधी बिहार छोड़ दें

कैमूर। बिहार का सीएम बनने के बाद आज मंगलवार (16 जून) को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पहली बार कैमूर पहुंचे, जहां उन्होंने जिले को 196 करोड़ की कई विकास परियोजनाओं का सौगात देने का काम किया। सीएम ने कैमूर दौरे पर 20 योजनाओं का शिलान्यास और 40 योजनाओं का उद्घाटन किया।
कैमूर पहुंचते ही सीएम सम्राट चौधरी ने सबसे पहले माता मुंडेश्वरी मंदिर पहुंच कर माता रानी का दर्शन किया और बिहार के लिए विकास और उन्नति की मन्नत मांगी। इसके बाद उन्होंने मुंडेश्वरी धर्मशाला के पास आयोजित सहयोग शिविर में पहुंचकर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आयोजित एक विशाल जनसभा को भी संबोधित किया।

खेलते-खेलते पानी के टब में गिरी 3 साल की मासूम

सुपौल। बिहार के सुपौल जिले के बलुआ बाजार थाना अंतर्गत बिशनपुर शिवराम पंचायत में सोमवार को एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जहां 3 वर्षीय मासूम वैष्णवी कुमारी की पानी के टब में डूबने से मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब बच्ची अपने घर के पास स्थित चापाकल (हैंडपंप) के समीप खेल रही थी। इस घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है।