Bihar Top News Today 17 august 2026: बिहार (BIHAR) में आज 17 अगस्त को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…
मंदिर में भगदड़, 7 कांवरियों की मौत
Ashok Dham Temple Stampede: सावन का तीसरा सोमवार आज बिहार के लिए काल बनकर आया, दरअसल लखीसराय के प्रसिद्ध अशोक धाम मंदिर में आज सोमवार की सुबह अचानक भगदड़ मचने से 7 कांवरियों की मौत हो गई। वहीं, एक दर्जन से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार सावन का तीसरा सोमवार होने की वजह से अशोक धाम मंदिर में कांवरियों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी थी। इस बीच पूजा-अर्चना के बीच अचानक भगदड़ मच गई। देखते ही देखते लोग एक दूसरे पर गिरने लगे और अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया।
CM सम्राट ने विद्यार्थी सहयोग पोर्टल का किया इनोग्रेशन
पटना। राज्य सरकार ने छात्र-छात्राओं की शैक्षणिक और छात्रावास से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए ‘विद्यार्थी सहयोग पोर्टल’ का आधिकारिक शुभारंभ कर दिया है। इस महत्वपूर्ण पहल का मुख्य उद्देश्य छात्रों और प्रशासन के बीच की दूरियों को कम करना और संवाद को पूरी तरह से पारदर्शी बनाना है।
राजधानी पटना स्थित जेडी वूमेंस कॉलेज में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री (CM) सम्राट चौधरी ने इस पोर्टल का लोकार्पण किया। इस नई व्यवस्था के लागू होने से अब विद्यार्थियों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए विभागों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे, बल्कि वे घर बैठे ऑनलाइन माध्यम से अपनी बात सरकार तक पहुंचा सकेंगे।
छात्रों का अनिश्चितकालीन आमरण अनशन
पटना का गर्दनीबाग धरना स्थल इन दिनों प्रतियोगी परीक्षाओं और उच्च शिक्षा से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर छात्र आंदोलनों का मुख्य केंद्र बन चुका है। ऑल Ph.D. होल्डर एंड रिसर्च स्कॉलर एसोसिएशन ऑफ बिहार के बैनर तले युवा पिछले 13 दिनों से अनिश्चितकालीन आमरण अनशन पर बैठे हैं। इस आंदोलन को अब पटना यूनिवर्सिटी (PU) के छात्र संघ का भी औपचारिक रूप से समर्थन मिल गया है, जिससे यह संघर्ष और अधिक व्यापक हो गया है। आंदोलनकारियों और छात्रों की मुख्य मांगों में 70वीं BPSC (बिहार लोक सेवा आयोग) की प्रारंभिक परीक्षा को पूरी तरह निरस्त करना शामिल है। इसके अलावा, राज्य के उच्च शिक्षण संस्थानों में सहायक प्राध्यापक की बहाली के दौरान UGC Regulation 2018 के तहत ‘Table 3A’ को अनिवार्य रूप से लागू करने और बिहार में स्थाई रूप से ‘डोमिसाइल नीति’ प्रभावी बनाने की पुरजोर मांग की जा रही है। छात्रों का कहना है कि वर्तमान चयन प्रक्रियाओं में पारदर्शिता का अभाव है, जिससे स्थानीय मेधावी युवाओं का भविष्य अधर में लटक रहा है।
कमरे में मिला मां-दो बेटी का शव
Bihar Crime: बिहार के नवादा जिले से एक बड़ी और दुखद खबर सामने आई है, जहां शहर के बुंदेलखंड थाना क्षेत्र स्थित दर्जी मोहल्ले में आज सोमवार की सुबह एक घर से महिला और उसके दो मासूम बच्चियों का संदिग्ध हालत में शव बरामद होने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों ने इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे को सील करते हुए जांच-पड़ताल में जुट गई। मृतका की पहचान अनीदा खातून पति मोहम्मद साजिद और उसकी दो मासूम बच्चियों सरिया खातून (3) और सितारा खातून (4) के रूप में हुई है। अनीदा खातून का शव कमरे में फंदे के सहारे लटका हुआ मिला, जबकि दोनों बच्चिया बेड पर मृत हालत में पड़ी हुई थी। घटना का नजारा देख सभी के होश उड़ गए। घटना के संबंध में कहा जा रहा है कि महिला ने पहले अपनी बच्चियों की हत्या की और फिर खुद फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। हालांकि, महिला ने यह खौफनाक कदम क्यों उठाया। यह खुदकुशी है, या फिर किसी साजिश के तहत इस घटना का अंजाम दिया गया है? पुलिस इस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।
प्रशांत किशोर ने ली विधायक पद की शपथ
कुंदन कुमार, पटना। बांकीपुर उपचुनाव में निर्वाचित हुए प्रशांत किशोर ने आज सोमवार (17, अगस्त 2026) को विधायक पद की शपथ ली। दरअसल आज विधानसभा में सोमवार की सुबह 10:30 बजे एक संक्षिप्त शपथग्रहण समारोह आयोजित किया गया, जहां विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने प्रशांत किशोर को विधायक पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान उनके साथ जन सुराज के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती भी मौजूद रहे। विधायक पद के शपथ लेने के बाद प्रशांत किशोर ने कहा कि, जिस सदन में भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर, अनुग्रह बाबू श्री कृष्ण सिंह, लालू यादव, नीतीश कुमार, राम विलास पासवान और सुशील मोदी सदस्य रह चुके हैं। आज मुझे उस सदन का सदस्य होने का मौका मिला है। मैं पूरी ईमानदारी से अपने दायित्व का निर्वहन करूंगा। साथ ही उन्होंने लखीसराय के अशोक धाम में हुए घटना पर दुख भी जताया और कहा कि मैं आज वही जा रहा हूं।
मंदिर में करंट फैलने की अफवाह से भगदड़, 8 महिला श्रद्धालुओं की मौत
कुंदन कुमार, पटना। सावन के तीसरा सोमवार पर यानी की आज बिहार के लखीसराय जिले में स्थित प्रसिद्ध अशोक धाम मंदिर में भगदड़ मचने से 8 श्रद्धालुओं की मौत हो गई। सभी मृतक महिलाएं बताई जा रही हैं। वहीं, एक दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस हृदयविदारक घटना पर सीएम सम्राट चौधरी ने दुख जताते हुए अपनी संवेदना जाहिर की है। इसके साथ ही सीएम ने हादसे में जान गंवाने वाले के परिजनों को 4-4 लाख रुपए मुआवजा देने की घोषणा की है।
7 बच्चियां डूबीं, 2 की मौत, 2 लापता
पटना। सावन का तीसरा सोमवार बिहार के लिए काल साबित हो रहा है। एक तरफ जहां लखीसराय के अशोक धाम मंदिर में भगदड़ मचने से 7 कांवरियों की मौत हो गई। वहीं, राजधानी पटना के बाढ़ अनुमंडल में गंगा नदी में नहाने के दौरान 7 बच्चियों के डूबने की खबर है, जिसमें से 3 बच्चियों को स्थानीय लोगों ने किसी तरह नदी से बाहर निकाल लिया और उनकी जान बच गई। हालांकि 2 बच्चियों की डूबने से मौत हो गई, जबकि दो अभी भी लापता बताई जा रही हैं।
घटना रानीसराय गंगा घाट की है, जहां आज सोमवार व नाग पंचमी के त्योहार पर नहाने और पूजा-अर्चना करने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ पहुंची हुई थी। इसी दौरान नहाने के क्रम में 7 बच्चियां नदी की तेज धारा में बहने लगी। बच्चियों को नदी में डूबता देख घाट पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया। घाट पर मौजूद कुछ लोगों ने अपनी जान जोखिम में डालकर 3 बच्चियों को डूबने से बचा लिया, जबकि दो की मौत हो गई। वहीं, दो अभी भी लापता है।
सावन की सोमवारी शिवालयों में लगी भक्तों की कतार
मोतिहारी। सावन की तीसरी सोमवारी और नागपंचमी के पावन अवसर पर आज पूर्वी चंपारण के विश्व प्रसिद्ध बाबा सोमेश्वरनाथ महादेव मंदिर, अरेराज में आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच जिला प्रशासन की ओर से पहली बार हेलीकॉप्टर से बाबा भोलेनाथ के मंदिर परिसर और श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा कराई गई। जैसे ही हेलीकॉप्टर मंदिर के ऊपर पहुंचा, पूरा परिसर हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था और पूरा क्षेत्र भगवा रंग में रंगा नजर आया।
कांवरिया की गोली मारकर हत्या
Bihar Crime: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से एक हैरान और सनसनीखेज खबर सामने आई है, जहां बाबा गरीबनाथ धाम जा रहे एक कांवरिया की बदमाशों ने बेरहमी से गोली मारकर हत्या कर दी। घटना पारू थाना क्षेत्र के गोसाईं टोला के पास की बताई जा रही है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। वहीं, कांवरियों के साथ-साथ स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश का माहौल है।
वंदे मातरम के अपमान पर गरमाई सियासत
पटना। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद और लोकप्रिय नेता मनोज तिवारी ने कांग्रेस पार्टी और राजनीतिक रणनीतिकार से नेता बने प्रशांत किशोर पर तीखा हमला बोला है। पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कांग्रेस पर राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ का अपमान करने का गंभीर आरोप लगाया। साथ ही, प्रशांत किशोर की हालिया बयानबाजी और राजनीतिक भाषा पर भी कड़ी आपत्ति जताई। मनोज तिवारी ने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व, विशेषकर सोनिया गांधी और राहुल गांधी पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि जिस प्रकार से उन्होंने वंदे मातरम का अपमान किया है, उसे देश की पूरी जनता ने अपनी आंखों से देखा है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि देश की जनता ऐसे राष्ट्र विरोधी कृत्यों का करारा जवाब देगी और समय आने पर सबक सिखाएगी।
तिवारी ने इतिहास का हवाला देते हुए आगे कहा कि कांग्रेस के लंबे शासनकाल के दौरान वंदे मातरम को टुकड़ों में बांट दिया गया और इसके मूल स्वरूप के साथ समझौता किया गया। अब जब वर्तमान केंद्र सरकार ने इसे पूरी गरिमा और पूर्ण रूप से गाने की व्यवस्था लागू की है, तो कांग्रेस पार्टी इसका विरोध करने पर उतर आई है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस का यह विरोध ऐसा प्रतीत कराता है जैसे यह राष्ट्रगीत किसी राजनीतिक दल यानी भारतीय जनता पार्टी ने खुद गढ़ा हो, जबकि यह भारत की अस्मिता और राष्ट्रप्रेम का प्रतीक है।


