Bihar Top News Today 17 june 2026: बिहार (BIHAR) में आज 17 जून को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…

पवन सिंह के कार्यक्रम में लाठीचार्ज

बलिया। भोजपुरी के पावर स्टार और हाल ही में एमएलसी (MLC) बने पवन सिंह का बलिया आगमन मंगलवार को चर्चा का विषय बन गया। एक निजी कार्यक्रम के दौरान प्रशंसकों की भारी भीड़ बेकाबू हो गई, जिसके बाद स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। इस दौरान जमकर कुर्सियां चलीं और भगदड़ मच गई। ​एक निजी कंपनी के डायरेक्टर विनय सिंह के बेटे श्रेयस सिंह के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में पवन सिंह और गोरखपुर के सांसद रवि किशन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे। कार्यक्रम में लगभग 25 हजार से अधिक लोगों की भीड़ उमड़ी थी। रात करीब 10:13 बजे जब पवन सिंह मंच पर पहुंचे, तो प्रशंसकों का उत्साह चरम पर था।

ई सब नीतीश के इशारे पर हो रहा

पटना। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने राबड़ी आवास और बिहार सरकार द्वारा सुरक्षा वापस लिए जाने पर बड़ा बयान दिया है। पटना में राबड़ी आवास से बाहर निकलते समय जब मीडिया ने लालू यादव से बिहार सरकार द्वारा आवास खाली कराने और सुरक्षा वापस लेने को लेकर सवाल किया तो लालू यादव ने कहा कि, सबकुछ नीतीश कुमार के इशारे पर हो रहा है। इतना कहने के बाद वह आगे के लिए रवाना हो गए।

कोसी एक्सप्रेस में तोड़फोड़ और महुली में पथराव

Bihar news: ​बिहार में सिपाही भर्ती परीक्षा का आज दूसरा और अंतिम चरण संपन्न हो रहा है। राज्य के 38 जिलों में बनाए गए 500 परीक्षा केंद्रों पर करीब 5.52 लाख अभ्यर्थी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक। प्रवेश प्रक्रिया के बाद केंद्रों के गेट बंद कर दिए गए हैं। ​परीक्षा के लिए उमड़ी भीड़ के कारण रेल यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। हटिया से पूर्णिया कोर्ट जाने वाली कोसी एक्सप्रेस के एसी कोच में परीक्षार्थी जबरन घुस गए। अत्यधिक भीड़ के कारण कोच का एसी सिस्टम फेल हो गया, जिससे आक्रोशित होकर छात्रों ने कोच बी-4 के दो शीशे और बाथरूम का शीशा तोड़ दिया। यही नहीं, राजेंद्रनगर स्टेशन पर भी एक खिड़की का शीशा जबरन निकाल लिया गया।

पटना का नाम पाटलिपुत्र करने की चर्चा

पटना। ​बिहार की राजनीति में राजधानी पटना का नाम बदलकर पुनः ऐतिहासिक नाम ‘पाटलिपुत्र’ करने की मांग ने जोर पकड़ लिया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने हाल ही में इस दिशा में पहल करने का संकेत दिया है, जिसे सांस्कृतिक और ऐतिहासिक गौरव की वापसी के रूप में देखा जा रहा है। ​मौर्य साम्राज्य के समय पाटलिपुत्र भारत के राजनीतिक, प्रशासनिक और बौद्धिक केंद्र के रूप में विश्वविख्यात था। राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने संसद में तर्क दिया था कि जिस तरह कोलकाता, ओडिशा और मुंबई जैसे शहरों के नाम बदलकर उनकी मूल पहचान वापस लाई गई है, उसी प्रकार पटना का नाम पाटलिपुत्र किया जाना चाहिए। जानकारों का मानना है कि यह बदलाव न केवल इतिहास की धूल साफ करेगा, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को अपने गौरवशाली अतीत से जोड़ेगा।

मुठभेड़ के बाद तीन शातिर बदमाशों को दबोचा

​मुजफ्फरपुर‌। बिहार में बढ़ते अपराध पर लगाम लगाने के लिए पुलिस लगातार आक्रामक मोड में है। पिछले 24 घंटों के भीतर राज्य में तीन अलग-अलग एनकाउंटर हुए हैं, जिसमें पुलिस ने अपराधियों को मुंहतोड़ जवाब दिया है। मुजफ्फरपुर, गोपालगंज और गया में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में कई अपराधी घायल हुए हैं, जिन्हें गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ​मुजफ्फरपुर के मुसहरी थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात पुलिस और कुख्यात अमित कुमार के बीच मुठभेड़ हो गई। अमित हाल ही में हुए चर्चित प्रॉपर्टी डीलर अंकित रंजन हत्याकांड का नामजद आरोपी है। पुलिस को सूचना मिली थी कि वह किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। भटौलिया पुल के पास घेराबंदी देख अमित ने पुलिस पर चार राउंड फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर SKMCH में भर्ती कराया गया है। एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने अस्पताल पहुंचकर उससे पूछताछ की है।

CM सम्राट ने शिवराज सिंह चौहान से की मुलाकात

पटना। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान कल देर रात पहुंचे। आज बुधवार (17 जून) को दिनभर पटना में ही रहेंगे और विकसित भारत, कृषि विभाग समेत कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इस बीच सीएम सम्राट चौधरी ने लोकसेवक आवास पर पहुंचकर उनसे मुलाकात की और पटना आगमन पर उनका स्वागत किया। इस दौरान सीएम सम्राट चौधरी कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ लोकसेवक आवास पर आयोजित बैठक में शामिल हुए। बैठक में ग्रामीण विकास, कृषि क्षेत्र में नवाचार, किसानों की आय वृद्धि तथा महिला सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। इसके साथ ही बिहार में कृषि एवं ग्रामीण विकास को नई गति देने, किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य दिलाने, एकीकृत खेती को बढ़ावा देने तथा जीविका दीदियों के आर्थिक सशक्तिकरण हेतु कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

पुलिस पर तानी पिस्टल, फिर खुद खाया गोली

भोजपुर। जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बलौटी गांव में कानून और पुलिस को चुनौती देने का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। भरत तिवारी नामक युवक ने पहले पुलिस के सामने बैठकर फेसबुक लाइव किया और बाद में पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। अंततः पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में दो गोलियां लगीं, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले की शुरुआत तब हुई जब सोशल मीडिया पर भरत तिवारी की हथियार के साथ एक तस्वीर वायरल हुई। शिकायत मिलने पर शाहपुर थानाध्यक्ष अपनी टीम के साथ आरोपी के घर पहुंचे। मंगलवार को हुई इस घटना का 7 मिनट का वीडियो वायरल हुआ, जिसमें युवक अपने ही घर में चौकी पर पिस्टल लिए बैठा था और सामने थानाध्यक्ष उसे समझा रहे थे। वीडियो में युवक पुलिस को धमकाते हुए कहता है, पिस्टल अंदर करो, बदमाशों के सामने तो तुम भाग जाते हो। उसने पुलिस पर पैसे लेकर मामले मैनेज करने का गंभीर आरोप भी लगाया।

खाने को लेकर विवाद में पत्नी की हत्या

गुरुग्राम/मुजफ्फरपुर। दिल्ली से सटे गुरुग्राम में एक झकझोर देने वाली घटना सामने आई है जहां मुजफ्फरपुर के रहने वाले एक व्यक्ति ने मामूली विवाद के चलते अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। इस वीभत्स हत्याकांड ने न केवल परिवार को बिखरने पर मजबूर कर दिया है, बल्कि पांच मासूम बच्चों के सिर से मां का साया भी छीन लिया है।

15 साल के लिए ठेकेदार ब्लैकलिस्ट

बक्सर। शहर में रेलवे ओवरब्रिज (ROB) निर्माण के दौरान बरती गई गंभीर लापरवाही पर बिहार राज्य पुल निर्माण निगम ने कड़ा रुख अपनाया है। निगम ने परियोजना के ठेकेदार प्रमोद कुमार सिंह को आगामी 15 वर्षों के लिए ब्लैकलिस्ट कर दिया है। यह दंडात्मक कार्रवाई ‘ठेकेदारी निबंधन नियमावली 2007’ और पथ निर्माण विभाग के निर्देशों के अनुपालन में की गई है। ​बक्सर-बरूणा रेलवे स्टेशन के मध्य LC-70A पर स्थित इस रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण का जिम्मा सासाराम (रोहतास) के निवासी ठेकेदार प्रमोद कुमार सिंह को सौंपा गया था। यह परियोजना बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड, कार्य प्रमंडल आरा के अंतर्गत संचालित थी। अनुबंधित दस्तावेजों के अनुसार, इस कार्य का शुभारंभ 25 अक्टूबर 2022 को हुआ था और इसे 24 जनवरी 2024 तक पूर्ण किया जाना था।

एक अपराधी ने दूसरे अपराधी की ली जान

समस्तीपुर। जिले के मोरवाडीह गांव में रविवार रात एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया। यहां 32 वर्षीय कुख्यात अपराधी मोनू झा की घर में सोते समय गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने मोनू के सिर में 4 और सीने में 1 गोली मारी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखे बरामद किए हैं। हत्या का आरोप गांव के ही प्रिंस कुमार झा पर लगा है, जो कभी मोनू का ही साथी हुआ करता था।