Bihar Top News Today 17 oct 2026: बिहार (BIHAR) में आज 17 अक्टूबर को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…

भाजपा ने तेजस्वी की तुलना रावण से की

पटना। नवरात्र के पावन अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राज्य के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर सीधा हमला बोला है। भाजपा ने तेजस्वी यादव की तुलना 10 सिर वाले रावण से करते हुए उन पर बिहार की जनता को गुमराह करने और भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं, दूसरी ओर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने भी इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए भाजपा को अपने गिरेबान में झांकने की सख्त नसीहत दी है।

बिहार में मां दुर्गा के पंडालों के पट खुले

पटना। शहर के बोरिंग रोड और जगदेव पथ स्थित पूजा पंडालों में आज दुर्गा पूजा के अवसर पर राजनीतिक गलियारों से कई दिग्गज नेता पहुंचे। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जगदेव पथ स्थित मां दुर्गे की प्रतिमा के समक्ष पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और राज्य की खुशहाली की कामना की।
​इसके बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन तथा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी पटना के बोरिंग रोड स्थित प्रमुख पूजा पंडाल में भी एक साथ शामिल हुए। सभी नेताओं ने मां दुर्गे की आराधना कर उनका आशीर्वाद लिया।

ट्रैक्टर से गिरकर किशोर की मौत

गोपालगंज। जिले के भोरे थाना क्षेत्र के जगतौली ओपी अंतर्गत बगहवां मिश्र गांव में शनिवार की अहले सुबह एक भीषण सड़क हादसे में 14 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। मृतक की पहचान बगहवां मिश्र गांव निवासी नेबुलाल यादव के इकलौते पुत्र अतुल यादव के रूप में हुई है। नवरात्र के पावन महासप्तमी के दिन घटी इस हृदयविदारक घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। परिवार के इकलौते चिराग के बुझ जाने से त्योहार का सारा उल्लास और जश्न अचानक मातम में तब्दील हो गया है।

प्रेमी ने प्रेमिका को रेड लाइट एरिया में बेचा

मोतिहारी। एक प्रेमी ने शादी का झांसा देकर अपनी ही प्रेमिका को कोलकाता के रेड लाइट एरिया में बेच दिया। आरोपी ने इसके बदले ढाई लाख रुपये से ज्यादा की रकम वसूली। हालांकि, लड़की की सूझबूझ और पुलिस की सतर्कता से उसकी जान बच गई और आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया गया है। ​रोहित नाम के इस युवक की बहन की ससुराल पीड़िता के गांव के पास थी, जिसके चलते उसका वहां आना-जाना था। करीब एक साल पहले दोनों की मुलाकात हुई, जो धीरे-धीरे प्यार में बदल गई। इसके बाद शादी का झांसा देकर रोहित ने उसे भगाने की साजिश रची।
​योजना के तहत उसने लड़की को मोतिहारी रेलवे स्टेशन बुलाया, जहां उसके दो साथी पहले से मौजूद थे। लड़की को यह कहकर भरोसे में लिया गया कि वह उसके साथ कोलकाता चले और रोहित पीछे से आ रहा है। भोली-भाली लड़की उन पर भरोसा करके उनके साथ कोलकाता चली गई, जहां उसे 2,30 लाख रुपये में बेचकर आरोपी फरार हो गया।

मांझी बोले- अनंत सिंह ने हत्या की है तो कार्रवाई होनी चाहिए

पटना। मोकामा से जदयू विधायक और बाहुबली नेता अनंत सिंह का एक बयान सियासी भूचाल ले आया है। अनंत सिंह ने शुरुआत में दावा किया था कि उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के लिए 9 हत्याएं करवाई थीं। हालांकि, बयान पर बवाल बढ़ने के बाद उन्होंने तुरंत सफाई दी और कहा कि लालू यादव के शासनकाल में नीतीश कुमार का समर्थन करने की वजह से उनके 9 लोग मारे गए थे।​अनंत सिंह के इस बयान पर केंद्रीय मंत्री और हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (HAM) के संरक्षक जीतन राम मांझी ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि यह अनंत सिंह का व्यक्तिगत मामला हो सकता है कि उन्होंने 9, 10 या 25 हत्याएं कीं, लेकिन हत्या किसी भी सूरत में सही नहीं ठहराई जा सकती। जब उनसे पूछा गया कि क्या विधायक पर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए, तो मांझी ने स्पष्ट किया कि उन पर निश्चित रूप से कार्रवाई होनी चाहिए। हालांकि, उन्होंने यह भी जोड़ा कि केवल बयान देने से अपराध साबित नहीं होता; इसके लिए निष्पक्ष जांच, तथ्य और साक्ष्य होना आवश्यक है।

PK पर पटना के साइबर थाने में शिकायत दर्ज

पटना। ​जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर द्वारा बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर दिए गए एक विवादित बयान के बाद सूबे की सियासत गरमा गई है। इस बयान को लेकर पटना के साइबर थाने में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है, जिसमें प्रशांत किशोर के ऊपर प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है। ​यह पूरा विवाद बिहार एमएलसी चुनाव के दौरान सामने आया। प्रशांत किशोर सीतामढ़ी में जन सुराज के प्रत्याशी डॉ. विमोहन के समर्थन में चुनाव प्रचार करने पहुंचे थे। इस दौरान एक निजी होटल में सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने राज्य की कानून-व्यवस्था और पुलिस कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधियों के खिलाफ होने वाली कार्रवाई में जाति विशेष को ध्यान में रखा जा रहा है। इसी क्रम में उन्होंने विवादित टिप्पणी करते हुए कहा कि यदि अपराधियों को उनके अपराध के आधार पर नहीं बल्कि जाति देखकर गोली मारी जा रही है, तो सम्राट चौधरी से बड़ा अपराधी कौन है?

भोजपुर में तीन बच्चों समेत चार लोगों की डूबने से मौत

आरा। जिले के संदेश थाना क्षेत्र के तीर्थकौल गांव के पास शनिवार को सोन नदी में स्नान करने के दौरान हुए एक हादसे में तीन बच्चों सहित चार लोगों की जान चली गई। इस अप्रत्याशित घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसर गया है और पीड़ित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। ​मिली जानकारी के अनुसार, तीर्थकौल गांव के कुछ बच्चे शनिवार को सोन नदी के पास गए हुए थे। इसी दौरान वे नहाने के लिए नदी में उतरे, लेकिन पानी के तेज बहाव और गहराई का अंदाजा न होने के कारण वे डूबने लगे। बच्चों को गहरे पानी में संघर्ष करता देख वहां मौजूद एक 25 वर्षीय युवक की ममता और इंसानियत जाग उठी। उसने बिना एक पल गंवाए बच्चों की जान बचाने के लिए नदी में छलांग लगा दी।
​प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवक ने बच्चों तक पहुंचने की पूरी कोशिश की, लेकिन पानी का बहाव और गहराई इतनी अधिक थी कि वह खुद भी संभल नहीं पाया। देखते ही देखते चारों लोग गहरे पानी में समा गए। इस घटना ने मौके पर मौजूद लोगों के रोंगटे खड़े कर दिए।

जमीनी विवाद को लेकर वृद्ध की गोली मारकर हत्या

मधुबनी। महज जमीन के टुकड़े और उस पर बने मकान को हटाने के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। जयनगर थाना क्षेत्र के कमलाबाड़ी गोठ गांव में शनिवार को दबंग पड़ोसियों ने 60 वर्षीय बुजुर्ग को सरेआम गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। मृतक की पहचान गांव के ही निवासी रामचंद्र सिंह (60) के रूप में हुई है। इस सनसनीखेज घटना के बाद से पूरे इलाके में मातमी सन्नाटा और भारी तनाव व्याप्त है। ​प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित परिवार और उनके पड़ोसी के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर तीखा विवाद चला आ रहा था। मृतक रामचंद्र सिंह के पुत्र संजीत कुमार ने बताया कि उनकी पैतृक जमीन पर पड़ोसी राम सुभत सिंह उर्फ सुमन कुमार ने अवैध रूप से अपना घर बना लिया था। पीड़ित पक्ष लगातार उस जमीन को खाली कराने और वहां से कब्जा हटाने का दबाव बना रहा था। संजीत का आरोप है कि इस मांग को लेकर आरोपी पक्ष अक्सर उग्र हो जाता था और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकियां दिया करता था।

जन सुराज के प्रचार सामान के साथ नोटों के बंडल वायरल

पटना। जन सुराज पार्टी एक नए विवाद में घिरती नजर आ रही है। पार्टी की प्रचार सामग्री के साथ 500-500 रुपये के नोटों के बंडल की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। इस तस्वीर के सामने आने के बाद राज्य की राजनीति में भूचाल आ गया है। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के नेता दानिश इकबाल ने इस मुद्दे पर जन सुराज और इसके संरक्षक प्रशांत किशोर पर तीखा हमला बोला है।

एक साल तक युवती से किया दुष्कर्म

दरभंगा। जिले के घनश्यामपुर थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ करीब एक साल तक डरा-धमकाकर दुष्कर्म करने, गर्भवती होने पर अगवा कर जबरन जहरीली दवा और इंजेक्शन देकर गर्भपात कराने का संगीन मामला सामने आया है। पीड़िता को गंभीर हालत में इलाज के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (DMCH) में भर्ती कराया गया है। पुलिस की बढ़ती दबिश के बाद मामले के एक आरोपी ने अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया है। ​पीड़िता के भाई द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, आरोपी पिछले एक साल से युवती को जान से मारने की धमकी देकर लगातार उसकी अस्मत से खिलवाड़ कर रहा था। लोक-लाज और डर के कारण पीड़िता चुप रही। हालांकि, जब युवती के गर्भवती होने की जानकारी मिली, तो आरोपियों ने मामला दबाने की नीयत से साजिश रचनी शुरू कर दी।