Bihar Top News Today 20 august 2026: बिहार (BIHAR) में आज 20 अगस्त को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…
डिप्टी डायरेक्टर के घर छापा
पटना। बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। बिहार ओपन स्कूलिंग एंड एग्जामिनेशन बोर्ड के डिप्टी डायरेक्टर अजय कुमार सिंह के ठिकानों पर EOU की टीमों ने एक साथ दबिश दी है। उन पर आय से 90 प्रतिशत अधिक यानी करीब 3.43 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति अर्जित करने का गंभीर आरोप है। इस हाई-प्रोफाइल छापेमारी से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। विशेष न्यायालय निगरानी, पटना से प्राप्त तलाशी वारंट के आधार पर आर्थिक अपराध इकाई ने यह कार्रवाई शुरू की है। EOU की 15 सदस्यीय विशेष टीम गुरुवार सुबह करीब 8:30 बजे पटना के खाजपुरा स्थित आकाशवाणी रोड पर बने चंद्रतारा भवन पहुंची।
डिप्टी डायरेक्टर अजय कुमार सिंह के इस मुख्य आवास के अलावा उनके कार्यालय और बेगूसराय स्थित पैतृक आवास पर भी एक साथ छापेमारी की जा रही है। जांच टीम में शामिल अधिकारी दस्तावेजों, बैंक खातों और चल-अचल संपत्ति के तमाम कागजातों को बारीकी से खंगालने में जुटे हुए हैं।
पेपरलेस प्रणाली के खिलाफ दस्तावेज नवीशों का जोरदार प्रदर्शन
रोहतास। बिहार के सासाराम में अवर निबंधन कार्यालय के समक्ष रोहतास जिला दस्तावेज नवीश (ताईद) संघ से जुड़े सदस्यों ने सरकार की नई पेपरलेस और ई-निबंधन प्रणाली के विरोध में मोर्चा खोल दिया है। संघ का कहना है कि जब तक इस नई प्रणाली की तकनीकी कमियों को दूर नहीं किया जाता और पूरी प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी नहीं बनाया जाता, तब तक उनका यह आंदोलन लगातार जारी रहेगा।
पटना में डेंगू के 10 नए केस, अगस्त में 61 मरीज
बिहार की राजधानी पटना में डेंगू का डंक तेजी से अपना असर दिखाने लगा है। लगातार हो रही बारिश और जगह-जगह जलभराव के कारण शहर में मच्छरों का प्रकोप काफी बढ़ गया है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों के भीतर डेंगू के 10 नए मरीज सामने आए हैं। इसके साथ ही इस साल (जनवरी से अब तक) कुल मरीजों का आंकड़ा 131 तक पहुंच गया है।
बीजेपी अध्यक्ष पर सावन में मुर्गा खाने का आरोप
हाल ही में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के आंध्र प्रदेश दौरे के दौरान सामने आए एक वीडियो को लेकर कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने तीखा हमला बोला है। विपक्ष का आरोप है कि सावन के पवित्र महीने में मांसाहारी भोजन किया गया है, जबकि भाजपा ने इसे पूरी तरह से खारिज करते हुए शुद्ध शाकाहारी पारंपरिक व्यंजन बताया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 18 अगस्त को आंध्र प्रदेश दौरे पर थे। छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने अपने सोशल मीडिया हैंडल से एक पोस्ट साझा कर तंज कसा कि संस्कारी पार्टी के अध्यक्ष सावन के महीने में मांसाहारी भोजन ले रहे हैं, जिससे उनका आचरण सामने आ गया है। वहीं, राजद प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि एक तरफ भाजपा नेताओं द्वारा पहले अन्य नेताओं के खानपान पर सवाल उठाए जाते रहे हैं, वहीं अब उनके अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष के वीडियो में इस तरह का भोजन दिखाई देना दोहरे मानदंडों को उजागर करता है। राजद ने इसे धार्मिक भावनाओं और परंपराओं के विपरीत बताया है।
कांग्रेस अब गांधी की नहीं, मुस्लिम लीग की पार्टी
बेगूसराय। सांसद और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कांग्रेस पार्टी के नेतृत्व पर तीखा प्रहार किया है। उन्होंने कहा है कि आज की कांग्रेस महात्मा गांधी के आदर्शों और सिद्धांतों को पूरी तरह से छोड़ चुकी है। वोटों की राजनीति के लालच में यह पार्टी अब मूल रूप से ‘मुस्लिम लीग’ की राह पर चल पड़ी है। केंद्रीय मंत्री के इस बयान ने राजनीतिक गलियारों में एक नई बहस छेड़ दी है। केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व पर निशाना साधते हुए सोनिया गांधी और राहुल गांधी की नागरिकता को लेकर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि आज पार्टी की कमान जिनके हाथ में है, उनका देश के प्रति प्रेम जगजाहिर होना चाहिए। सोनिया गांधी की तरफ इशारा करते हुए उन्होंने कहा कि वे लंबे समय तक विदेशी नागरिक बनी रहीं और भारत की नागरिकता लेने में काफी वक्त लगाया। इसके अलावा, राहुल गांधी की दोहरी नागरिकता के मामले को लेकर भी उन्होंने कटाक्ष किया और कहा कि ऐसे नेताओं से राष्ट्रप्रेम की उम्मीद कैसे की जा सकती है।
पहली पत्नी को याद कर फूट-फूटकर रोए पवन सिंह
भोजपुरी सिनेमा के पावर स्टार पवन सिंह अपनी पहली पत्नी नीलम सिंह को याद करके एक बार फिर सुर्खियों में आ गए हैं। हाल ही में ‘भोजपुरी बवाल’ शो के एक नए प्रोमो ने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है, जिसमें अभिनेता अपनी दिवंगत पत्नी को याद करते हुए कैमरे के सामने फफक-फफक कर रोते नजर आ रहे हैं। इस वीडियो में वह नीलम की तस्वीर की आरती उतारते और उस पर फूल-माला चढ़ाते दिख रहे हैं।
वहीं पवन सिंह के इस वायरल प्रोमो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। काजल सिंह उर्फ काजू नाम की यूजर ने सोशल मीडिया हैंडल पर तीखा सवाल उठाते हुए लिखा कि उन्हें पवन सिंह की यह नौटंकी समझ नहीं आती। उनका कहना था कि जब कोई व्यक्ति आपके पास होता है, तब उसकी कद्र नहीं की जाती और उसके जाने या मरने के बाद यह झूठा अफसोस क्यों जताया जाता है? बहरहाल, पवन सिंह का यह पुराना दर्द एक बार फिर भोजपुरी गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है।
11 लाख गरीब परिवारों को पक्का मकान देगी सरकार
पटना। केंद्रीय ग्रामीण विकास सह केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह आज गुरुवार (20 अगस्त) को पटना पहुंचे। इस दौरान मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि, आज बिहार की इस पवित्र धरा पर आकर मन आनंद और प्रसन्नता से भरा हुआ है। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प हमारे सभी गरीब भाई-बहन को पक्का मकान उपलब्ध कराना है, आज मुझे बताते हुए खुशी है कि पीएम आवास योजना के तहत बिहार के हमारे कच्चे मकान में रहने वाले भाई-बहनों को 11 लाख से ज्यादा मकानों की स्वीकृति की सौगात मिल रही है। उन्होंने कहा कि, उनके पास अपनी पक्की छत होगी, अपना घर होगा, उनके सपने पूरे होंगे। इसके साथ ही साथ मैं बिहार सरकार को इसलिए भी बधाई देना चाहता हूं कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में बिहार ने शामिल होने का फैसला लिया है। फसलों को अगर नुकसान होगा तो बीमा के तहत किसानों को उसकी भरपाई होगी।
ससुराल में रह रहे युवक की संदिग्ध मौत
पटना। राजधानी पटना से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां आज गुरुवार की सुबह दीघा थाना क्षेत्र के अंतर्गत ससुराल में रह रहे एक युवक का संदिग्ध परिस्थिति में शव बरामद होने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान समस्तीपुर निवासी गोलू कुमार उर्फ सोनू के रूप में हुई है। सोनू फर्नीचर का काम करता था। फर्नीचर का काम ठीक नहीं चलने पर उसके ससुर ने ई-रिक्शा चलाने के लिए उसे पटना बुलाया था। मृतक के बड़े भाई सचिन कुमार का आरोप है कि रात करीब 12:30 बजे सोनू ने किसी दूसरे व्यक्ति के मोबाइल से फोन कर बताया था कि ससुराल पक्ष के लोग उसके साथ मारपीट कर रहे हैं और उसका मोबाइल कुएं में फेंक दिया गया है। उसने भाई से मदद के लिए आने को कहा था। हालांकि रात अधिक होने के कारण नहीं पहुंचने की बात कह सचिन से सुबह आने की बात की थी। लेकिन आज सुबह करीब 5 बजे सोनू के ससुर ने फोन कर बताया कि उसने फांसी लगा ली है।
बिहार में सुपरहिट हुई सम्राट-निशांत की जोड़ी
पटना। बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के कार्यकाल के 100 दिन से अधिक पूरे होने पर जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने सरकार का रिपोर्ट कार्ड पेश किया है। JDU के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान स्वास्थ्य विभाग में हुए बड़े बदलावों और उपलब्धियों को जनता के सामने रखा। उन्होंने दावा किया कि नीतीश कुमार के नेतृत्व और निशांत कुमार की कार्यशैली से बिहार की स्वास्थ्य सेवाओं में अभूतपूर्व सुधार आया है। JDU प्रवक्ता नीरज कुमार ने राज्य की राजनीति और विकास पर बात करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार की जोड़ी बिहार में सुपरहिट साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि निशांत कुमार ने अपनी कार्यशैली से यह साबित कर दिखाया है कि अगर पूरी ईमानदारी और प्रतिबद्धता के साथ काम किया जाए, तो विकास की एक लंबी लकीर खींची जा सकती है।
नीरज कुमार ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि बिहार की बदलती चिकित्सा व्यवस्था का ही असर है कि अब इलाज के लिए नेपाल, भूटान और पाकिस्तान तक के मरीज बिहार के अस्पतालों में पहुंच रहे हैं। यह इस बात का प्रमाण है कि राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं का स्तर तेजी से बेहतर हुआ है।
कैंसर पीड़िता से नौकरी के नाम पर पैसे ऐंठे
भागलपुर में खुद को सीआईडी और स्पेशल ब्रांच का डीएसपी बताकर रौब जमाने वाले मनोज वर्मा का काला सच सामने आ गया है। एसएसपी प्रमोद यादव के अनुसार, आरोपी कोई अधिकारी नहीं बल्कि बिहार पुलिस कार्यालय में महज डाक लाने-ले जाने का काम करने वाला कर्मचारी है, जिसके एएसआई होने की आशंका है। इशाकचक और बाईपास थाने में उसके खिलाफ गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज है। पुलिस लगातार उसके ठिकानों पर दबिश दे रही है, जहां छापेमारी के दौरान उसका लाइसेंसी हथियार भी मिला है, जिसे रद्द करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। आरोपी ने सबौर कृषि कॉलेज, एनटीपीसी और पुलिस विभाग में नौकरी, प्रमोशन और आपराधिक मामलों से नाम हटवाने का झांसा देकर दर्जनों लोगों को चूना लगाया है। कैंसर से जूझ रही पीड़िता सोनम भारती से भी नौकरी के नाम पर पैसे ऐंठे गए। इसके अलावा, बांका के शशि भूषण चौधरी से साढ़े तीन लाख और सिकंदरपुर के कौशल कुमार से दो लाख रुपये ठगने के आरोप हैं।

