Bihar Top News Today 20 july 2026: बिहार (BIHAR) में आज 20 जुलाई को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…

वाम दलों का प्रदर्शन

सासाराम। राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचू के अनशन के दौरान पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई और देश भर में लगातार हो रहे पेपर लीक मामलों के खिलाफ सासाराम में भारी आक्रोश देखा गया। विभिन्न वामपंथी दलों के कार्यकर्ताओं ने संयुक्त रूप से शहर में विरोध मार्च निकाला और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

पासपोर्ट सेवा केंद्र को मिली बम से उड़ाने की धमकी

बेगूसराय। बिहार के बेगूसराय जिले से एक बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आई है। यहां स्थित मुख्य डाकघर परिसर में संचालित पासपोर्ट सेवा केंद्र (PSK) को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। इस धमकी के मिलते ही स्थानीय पुलिस और तमाम सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह से सतर्क हो गईं और तुरंत एक्शन मोड में आ गईं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पूरे परिसर में आनन-फानन में सघन तलाशी अभियान चलाया गया और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए।

मॉडल स्कूल के रंग पर सियासत

पटना। बिहार में इन दिनों शिक्षा विभाग की नीतियों और मॉडल स्कूलों के रंग-रूप को लेकर राजनीतिक पारा काफी हाई है। विपक्षी दलों द्वारा राज्य सरकार पर मॉडल स्कूलों के भवनों को भगवा रंग से रंगने का गंभीर आरोप लगाया गया है। इस पूरे विवाद के बीच जनता दल यूनाइटेड (JDU) के विधान पार्षद और मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मॉडल स्कूलों के रंग और नामकरण को लेकर फैलाए जा रहे भ्रम पूरी तरह निराधार हैं और राजनीतिक लाभ के लिए ऐसा किया जा रहा है।

PK को एक और बड़ा झटका

​पटना। बिहार की सियासत में बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव से ठीक पहले राजनीतिक सरगर्मी अपने चरम पर पहुंच गई है। राज्य में लगातार बड़े उलटफेर देखने को मिल रहे हैं, जहां एक तरफ जनसुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर खुद चुनावी मैदान में ताल ठोक रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ उनकी पार्टी को छोड़कर दिग्गजों का बीजेपी में शामिल होने का सिलसिला लगातार जारी है। इसी कड़ी में समस्तीपुर से जनसुराज के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी डॉ. मनोज कुमार सिंह ने अपने दर्जनों समर्थकों के साथ जनसुराज का दामन छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की सदस्यता ग्रहण कर ली है। पार्टी के वरिष्ठ नेता और मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी ने उन्हें और उनके समर्थकों को विधिवत रूप से पार्टी का झंडा थामकर बीजेपी परिवार में शामिल किया।

45 के हुए निशांत कुमार ने काटा केक

पटना। बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार सोमवार (20 जुलाई, 2026) को अपना 45वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास और महत्वपूर्ण अवसर पर उन्होंने अपने पिता और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ पटना के प्रसिद्ध महावीर मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और रुद्राभिषेक संपन्न किया। पिता-पुत्र के इस पावन मिलन और जन्मदिन के जश्न को लेकर राजनीतिक गलियारों में खासा उत्साह देखा गया। ​मंदिर में मौजूद श्रद्धालुओं और पार्टी कार्यकर्ताओं ने स्वास्थ्य मंत्री को जन्मदिन की गर्मजोशी से शुभकामनाएं दीं। पूजा संपन्न होने के बाद दोनों नेता मंदिर से रवाना हुए। इस दौरान मीडिया से संक्षिप्त बातचीत करते हुए निशांत कुमार ने कहा कि वह केवल भगवान का आशीर्वाद लेने आए हैं। उन्होंने कहा भगवान की कृपा हम पर, पिताजी पर, पूरे बिहार और देशवासियों पर हमेशा बनी रहे। इसके बाद, निशांत ने अपने पिता नीतीश कुमार के आवास पर केक काटा और अपने पिता को केक खिलाकर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

हत्याकांड के मुख्य गवाह की हत्या, 4 शूटर गिरफ्तार

छपरा। सारण जिले में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक बड़ी वारदात का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। बीते दिनों वकील पिता-पुत्र हत्याकांड के एक अहम गवाह को अपराधियों ने निशाना बनाते हुए गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया था। इस सनसनीखेज मामले में सारण पुलिस ने त्वरित और कड़ी कार्रवाई करते हुए एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया था, जिसके परिणामस्वरुप पुलिस ने चार अपराधियों को धर दबोचने में बड़ी सफलता हासिल की है।

पवन सिंह के MLC बनने पर अक्षरा सिंह ने की तारीफ

Bihar news: भोजपुरी सिनेमा की जानी-मानी अभिनेत्री अक्षरा सिंह इन दिनों अपनी पेशेवर सफलताओं और हालिया बयानों को लेकर लगातार चर्चा में बनी हुई हैं। बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अक्षय कुमार के साथ अपने काम को लेकर सुर्खियों में रहने वाली अक्षरा ने हाल ही में दिए गए साक्षात्कारों में अपने निजी जीवन, शादी के डर और भोजपुरी के पावर स्टार पवन सिंह के राजनीतिक सफर पर खुलकर अपनी राय रखी है। उनके ये बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। ​एक अन्य इंटरव्यू के दौरान जब अक्षरा सिंह से पवन सिंह के MLC बनने पर प्रतिक्रिया मांगी गई, तो उन्होंने पुरानी सारी कड़वाहटों को दरकिनार करते हुए बड़प्पन का परिचय दिया।
​अक्षरा ने पवन सिंह की तारीफ करते हुए कहा कि वह कभी भी किसी का बुरा नहीं चाहती हैं। उन्होंने अपनी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ईश्वर से प्रार्थना है कि पवन सिंह राजनीति में और अधिक तरक्की करें, इससे भी बड़े-बड़े पदों पर पहुंचे और जनता के हित में बेहतरीन काम करें। उनकी इस परिपक्व प्रतिक्रिया की अब हर तरफ प्रशंसा की जा रही है।

50 लाख के जेवर ले उड़े 10 बदमाश

पटना। बिहार की राजधानी पटना से एक बड़ी और सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पटना सिटी के भगवानगंज मुख्य बाजार स्थित चांदनी अलंकार ज्वेलरी शॉप और उससे जुड़े आवास में रविवार देर रात हथियारबंद अपराधियों ने तांडव मचाया। करीब 10 की संख्या में घुसे बदमाशों ने परिवार को बंधक बनाकर 50 लाख रुपये से अधिक के सोने-चांदी के गहनों की डकैती को अंजाम दिया। पुलिस इस मामले की गहन छानबीन में जुटी हुई है।

आकाशीय बिजली से 9 लोगों की मौत

Lightning Strikes in Bihar: बिहार में हो रही लगातार बारिश से एक तरफ जहां किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। वहीं, दूसरी तरफ बारिश के दौरान आसमान से मौत बनकर गिरी आकाशीय बिजली कई परिवारों के लिए काल साबित हुई है। दरअसल बीते 24 घंटों के दौरान आकाशीय बिजली की चपेट में आने से अगल-अलग घटनाओं में 9 लोगों की मौत हो गई। नालंदा में सबसे अधिक 3 लोगों की ठनका गिरने से मौत हुई। वहीं, छपरा और सीवान में 2-2 लोगों की जान चली गई। जबकि रोहतास और बक्सर में 1-1 लोगों की मौत हुई। घटना के बाद से सभी मृतकों के परिजनों में मातम का माहौल छाया हुआ है।

बारातियों से भरी बस पलटी

छपरा। सारण के तरैया थाना क्षेत्र में रविवार की देर रात बारातियों से भरी एक बस पलट गई, जिसके बाद वहां अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। देर रात हुई इस बस दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 5 से 7 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनका इलाज स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।