Bihar Top News Today 20 june 2026: बिहार (BIHAR) में आज 20 जून को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…

नीट धांधली के विरोध में कांग्रेस सड़कों पर

मोतिहारी। बिहार के मोतिहारी में नीट (NEET) परीक्षा में कथित धांधली और पेपर लीक के मामले को लेकर राजनीति गरमा गई है। इसी क्रम में जिला कांग्रेस कमेटी ने केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए शहर के प्रमुख कचहरी चौक पर एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस दौरान बढ़ती महंगाई और चरमराई बेरोजगारी के खिलाफ भी जमकर नारेबाजी की।

मंत्री संजय सिंह टाइगर की अपराधियों को चेतावनी

नालंदा। बिहार सरकार के विधि एवं उच्च शिक्षा मंत्री संजय सिंह टाइगर ने राज्य में बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर कड़ा रुख अपनाते हुए अपराधियों को स्पष्ट चेतावनी दी है। नालंदा जिले के मेहनौर स्थित भाजपा कार्यालय में ‘विकसित भारत संकल्प सम्मेलन’ के दौरान उन्होंने अपराधियों के लिए साफ संदेश दिया कि राज्य में कानून का राज सर्वोपरि है।​ मंत्री संजय सिंह टाइगर ने अपराधियों को खुली चुनौती देते हुए कहा कि बिहार की धरती पर अब कानून तोड़ने वालों के लिए कोई स्थान नहीं है। उन्होंने दो विकल्पों पर जोर दिया या तो अपराधी अपराध का रास्ता छोड़कर मुख्यधारा में शामिल हो जाएं, या फिर बिहार छोड़ दें। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अपराधी अपनी हरकतों से बाज नहीं आते हैं, तो उन्हें कानून के कठोरतम परिणामों का सामना करने के लिए तैयार रहना चाहिए।

विक्रम-बेताल टिप्पणी पर भड़के पप्पू यादव

पटना। ​बिहार की राजनीति में केंद्रीय मंत्री ललन सिंह और पूर्णिया सांसद पप्पू यादव के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। हाल ही में ललन सिंह द्वारा पप्पू यादव को विक्रम-बेताल कहे जाने पर सांसद ने कड़ा पलटवार किया है। ​फेसबुक लाइव के माध्यम से पप्पू यादव ने ललन सिंह पर निशाना साधते हुए उनके राजनीतिक सफर पर सवाल उठाए। पप्पू यादव ने कहा जब ललन सिंह राजनीति में अपनी जगह तलाश रहे थे तब मैं 1990 में विधायक और 1991 में सांसद बन चुका था। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ललन सिंह हमेशा दूसरों (लालू यादव, नीतीश कुमार जॉर्ज फर्नांडिस) के सहारे आगे बढ़े हैं। उन्होंने चुनौती दी कि यदि ललन सिंह में वास्तव में दम है तो उन्हें किसी दल का सहारा लेने के बजाय एक बार निर्दलीय चुनाव लड़कर अपनी ताकत दिखानी चाहिए।

भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में हाईकोर्ट के रिटायर्ड जज करेंगे निष्पक्ष जांच

पटना। ​भोजपुर के चर्चित भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामले ने तूल पकड़ लिया है। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस पूरे घटनाक्रम की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए हाई कोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश से न्यायिक जांच कराने का निर्णय लिया है। सरकार का स्पष्ट संदेश है कि घटना के हर पहलू की गहन और स्वतंत्र जांच होगी।

आकाशीय बिजली गिरने से महिला की मौत

सहरसा। जिले के सौर बाजार थाना क्षेत्र में बीती रात प्रकृति का रौद्र रूप देखने को मिला। मूसलाधार बारिश के बीच हुए वज्रपात (आकाशीय बिजली) की चपेट में आने से एक 64 वर्षीय वृद्ध महिला की मौके पर ही मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। मिली जानकारी के अनुसार घटना सौर बाजार थाना अंतर्गत मधुरा गांव के वार्ड संख्या-3 की है। मृतका की पहचान स्थानीय निवासी सुरेंद्र यादव की पत्नी मंगल देवी (उर्फ मंगला देवी) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि देर रात क्षेत्र में तेज बारिश हो रही थी। इसी बीच अपने मवेशियों की सुरक्षा की चिंता में मंगल देवी घर के आंगन में बंधी बकरी को सुरक्षित स्थान पर ले जाने के लिए बाहर निकली थीं।

तेजस्वी बोले बिहार में चल रहा फेक एनकाउंटर और भ्रष्टाचार का खेल

पटना। राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने पटना स्थित राजद कार्यालय के कर्पूरी सभागार में प्रेस वार्ता कर भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। तेजस्वी ने शाहपुर, भोजपुर में हुए भरत तिवारी के एनकाउंटर को सीधे तौर पर ‘फेक’ करार दिया और कहा कि राज्य में जाति देखकर एनकाउंटर किए जा रहे हैं।

सिलेंडर रिसाव से लगी भीषण आग, महिला की मौत

पटना। दानापुर अनुमंडल के शाहपुर थाना अंतर्गत चांदमारी गांव में एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। गैस सिलेंडर रिसाव के कारण लगी भीषण आग की चपेट में आने से 42 वर्षीय सरिता देवी की इलाज के दौरान दुखद मौत हो गई। इस हादसे में उनकी दो बेटियां, प्रीति और कृति, भी गंभीर रूप से झुलस गई हैं, जिनमें से एक की हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है।

हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत

Bihar Road Accident: बिहार के बेतिया में कल शुक्रवार की देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। वहीं, एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मिली जानकारी के अनुसार बाइक सवार तीनों युवक एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद अपने घर लौट रहे थे। इस बीच देर रात 2 बजे के करीब मछली लोक के पास किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।

NEET री-एग्जाम कल

पटना। देशभर में कल 21 जून को दोबारा से नीट परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। पहली बार पेपर के लीक होने के बाद एनटीए (नेशनल टेस्टिंग एजेंसी) री-एग्जाम करा रही है। ऐसे में 22 लाख से अधिक छात्र एक बार फिर से अपनी किस्मत आजमाने को तैयार हैं। राजधानी पटना में भी कई परीक्षा केंद्रों पर नीट परीक्षा आयोजित की गई है। नीट परीक्षा के समय किसी भी प्रकार की कोई गड़बड़ी ना हो, इसे लेकर आज शनिवार (20, जून) को पटना के ए. एन. कॉलेज में सुबह 11:30 बजे से 12:00 तक पर्यवेक्षकों को नीट परीक्षा को लेकर के प्रशिक्षण दिया गया। बता दें कि इस बार नीट परीक्षा देने वाले छात्रों को 15 मिनट का अतिरिक्त समय मिल रहा है।

खान सर को पटना कोर्ट से बड़ी राहत

पटना। खान सर को एक बार फिर से बड़ी राहत मिली है। दरअसल पटना कोचिंग विवाद मामले में आज शनिवार को हुई सुनवाई के बाद अदालत ने खान सर को दी गई गिरफ्तारी से अंतरिम राहत को अगली तारीख तक के लिए बढ़ा दी है। साथ ही खान सर के पक्ष से जुड़े दूसरे लोगों को भी मिला नो कोर्सिव का लाभ मिला है।
पुलिस ने केस की डायरी कोर्ट में पेश कर दी है। अब इस मामले की अगली सुनवाई 25 जून को होगी। ऐसे में अगले 25 जून तक खान सर को गिरफ्तारी से अंतरिम राहत मिली है। कोर्ट अगली सुनवाई में खान सर की जमानत याचिका मामले में बड़ा फैसला सुना सकती है।