Bihar Top News Today 21 august 2026: बिहार (BIHAR) में आज 21 अगस्त को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…

सहरसा नगर निगम में पटना से पहुंची उड़नदस्ता टीम की छापेमारी

सहरसा। नगर निगम कार्यालय में चल रही विभिन्न विकास योजनाओं और प्रशासनिक कार्यप्रणाली में वित्तीय या प्रक्रियागत अनियमितताओं की शिकायतों के बीच शुक्रवार को एक बड़ा प्रशासनिक घटनाक्रम देखने को मिला। पटना से आई चार सदस्यीय उड़नदस्ता (फ्लाइंग स्क्वाड) टीम ने स्थानीय वरीय अधिकारियों के साथ मिलकर सहरसा नगर निगम कार्यालय में अचानक छापेमारी की और सघन जांच अभियान चलाया।

कॉलेज के मेस में गर्म तेल से झुलसीं तीन छात्राएं

मोतिहारी। इंजीनियरिंग कॉलेज के मेस में खाने की व्यवस्था को लेकर हुए विवाद के दौरान गर्म तेल की चपेट में आने से तीन छात्राएं गंभीर रूप से झुलस गईं। इस घटना के बाद से कॉलेज परिसर में भारी आक्रोश का माहौल है, और छात्रों ने मेस कर्मियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए कॉलेज प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए आरोपी मेस संचालक के कॉलेज परिसर में प्रवेश पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया है।

TRE-4 को लेकर छात्रों के समर्थन में तेजस्वी

पटना। बीपीएससी द्वारा TRE-4 का विज्ञापन जारी करने के बावजूद छात्र बीते 18 अगस्त से अनिश्चितकालीन धरना पर बैठे हुए हैं। इस बीच नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव छात्रों के समर्थन में आज शुक्रवार (21, अगस्त) को गर्दनीबाग धरना स्थल पर पहुंचे और कहा कि छात्रों की मांग जायज है। हम इनके साथ हैं। सरकार में बैठे लोग मनमानी कर रहे हैं। तेजस्वी यादव ने कहा कि, शिक्षा मंत्री छात्रों की बात को नहीं सुन रहे हैं। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को इससे कोई मतलब नहीं है। उन्होंने कहा कि, आरएसएस और भाजपा के लोग बिहार के शिक्षा व्यवस्था को चौपट करने के लगे हैं। लगातार यहां परीक्षाओं में पेपर लीक हो रहा है। सरकार आंख मूंद कर बैठी हुई है। सरकार को इनकी मांगों को मानना होगा।

कारोबारी के मुंशी से पिस्तौल के बल पर 3.18 लाख रुपये की लूट

मुजफ्फरपुर जिले में अपराधियों के हौसले पूरी तरह बुलंद नजर आ रहे हैं। ताजा मामला ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र का है, जहां अपराधियों ने एक आलू-प्याज कारोबारी के मुंशी को अपना निशाना बनाया। हथियारबंद बदमाशों ने कनपटी पर पिस्तौल सटाकर दिनभर की बिक्री के 3.18 लाख रुपये नकद लूट लिए और आराम से फरार हो गए। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से इलाके के व्यापारियों में भारी दहशत और आक्रोश का माहौल है।

ज्योति बोलीं- पवन सिंह की कहानी नहीं बनना

भोजपुरी। सिनेमा के पावर स्टार पवन सिंह एक बार फिर अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर चर्चा में आ गए हैं। हाल ही में एक रियल्टी शो के दौरान उन्होंने अपनी पहली पत्नी नीलम सिंह को याद किया और उन्हें अपनी देवी बताया। पवन सिंह के इस बयान के सामने आने के बाद उनकी दूसरी पत्नी ज्योति सिंह ने सोशल मीडिया पर एक बहुत ही इमोशनल पोस्ट शेयर किया है, जिसने इस पूरे मामले को तूल दे दिया है। ​पहली पत्नी के इस खुलासे के बाद पवन सिंह की दूसरी पत्नी ज्योति सिंह ने इंस्टाग्राम पर एक स्टोरी शेयर कर अपनी गहरी नाराजगी और दर्द बयां किया है। उन्होंने लिखा, प्रिय पतिदेव, यदि नियति फिर कभी हमें एक ही कहानी में लिखे, तो इस बार मेरा नाम अपने हिस्से से मिटा देना। क्योंकि प्रेम की सबसे बड़ी पीड़ा बिछड़ना नहीं होती, किसी के साथ रहकर भी उसके जीवन में अपना स्थान खोजते रहना होती है।
​ज्योति ने आगे लिखा कि अगर प्रेम को ठीक से निभाया न जा सके, तो किसी का जीवन नहीं चुनना चाहिए और अगर निभाया जा सके तो इस बार उन्हें न चुना जाए। उन्होंने कहा कि वह दुआ बनकर रह लेंगी, लेकिन अब उनकी कहानी का हिस्सा नहीं बनना चाहतीं।

स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड का लोन घटा

बिहार सरकार ने उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने और छात्रों की राह आसान बनाने के लिए बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना को अगले पांच वर्षों (वित्तीय वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक) के लिए विस्तारित कर दिया है। इसके साथ ही योजना के नियमों में कुछ महत्वपूर्ण बदलाव भी किए गए हैं, जिनका सीधा असर उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों पर पड़ेगा। ​इस योजना का मुख्य उद्देश्य राज्य में उच्च शिक्षा की पहुंच को और व्यापक बनाना है। इसके तहत सरकार ने उच्च शिक्षा के सकल नामांकन अनुपात (GER) को 28.4 प्रतिशत से बढ़ाकर 30 प्रतिशत तक पहुंचाने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य रखा है। चालू वित्तीय वर्ष के लिए इस योजना के सुचारू संचालन हेतु 950 करोड़ रुपए की राशि खर्च करने की प्रशासनिक स्वीकृति दी जा चुकी है।

चीनी की बढ़ती कीमतों पर JDU मंत्री का बेतुका बयान

पटना। देश में चीनी की बढ़ रही कीमतों पर बिहार सरकार के मंत्री का बेतुका बयान सामने आया है। दरअसल विधानसभा में जदयू विधायक दल के नेता और बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार से आज शुक्रवार को जब चीनी की बढ़ी हुई कीमत पर पत्रकारों ने सवाल पूछा तो उन्होंने कहा कि, आजकल लोग चीनी कम खा रहे हैं। शुगर की बीमारी हो रही है। यही यही कारण है कि लोग मिठाई एवं चीनी का कम उपयोग कम करते हैं। इसीलिए देश में यदि चीनी की कीमत बढ़ रही है, तो उसका कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।

अनुष्का के भाई आकाश बोले- तेजप्रताप साजिश कर रहे

राष्ट्रीय जनता दल (RJD) प्रमुख लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव और अनुष्का यादव के भाई आकाश यादव के बीच तनातनी लगातार बढ़ती जा रही है। हाल ही में अनुष्का की बेटी उज्जैनी का महाकाल मंदिर में अन्नप्राशन कराकर लौटे आकाश यादव ने तेजप्रताप यादव पर गंभीर आरोप लगाते हुए थाने में एक नई शिकायत दर्ज कराई है। ​शिकायत के अनुसार, 20 अगस्त को दोपहर करीब 3:50 बजे आकाश यादव के फ्लैट के दरवाजे पर किसी ने दस्तक दी। दरवाजा खोलने पर कंधे पर बैग टांगे एक नकाबपोश व्यक्ति खड़ा था। खतरा महसूस होने पर उन्होंने तुरंत दरवाजा बंद कर सोसायटी के गार्ड को सूचना दी। गार्ड के मौके पर पहुंचते ही संदिग्ध भागने लगा, जिसे गार्ड ने सूझबूझ से दबोच लिया।
​पूछताछ में उसने विरजिस्टर में गलत नाम ‘विश्वजीत’ और फर्जी मोबाइल नंबर दर्ज किया। बाद में सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर आकाश यादव ने दावा किया कि वह संदिग्ध व्यक्ति विकास कुमार उर्फ पोता है, जो तेजप्रताप यादव का करीबी रिश्तेदार है। आकाश ने इसे सोची-समझी साजिश और हमले की नीयत से जुड़ा मामला बताया है।

मां ने बिस्कुट में जहर देकर बच्चे को मार डाला

मुजफ्फरपुर। जिले के मीनापुर प्रखंड के रामपुर हरि थाना क्षेत्र अंतर्गत टेंगरांहा उत्तर टोला में पारिवारिक विवाद के चलते एक मां ने अपने ही ढाई साल के मासूम बेटे की जान ले ली। आरोपी महिला ने कथित तौर पर बिस्कुट में जहरीला पदार्थ मिलाकर पहले अपने बेटे को खिलाया और फिर खुद भी उसका सेवन कर लिया। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। ​मृतक बच्चे की पहचान अखिलेश राम के ढाई साल के बेटे आर्यन कुमार के रूप में हुई है। बच्चे के पिता जीविका चलाने के लिए पंजाब में रहकर मजदूरी करते हैं। दादा कैलाश राम ने जानकारी दी कि करीब सात साल पहले अखिलेश की शादी आरती कुमारी के साथ हुई थी।
​शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच अक्सर छोटे-छोटे मुद्दों पर विवाद होता रहता था। आरोप है कि आरती अक्सर बिना किसी को बताए अपने मायके चली जाती थी। घटना से महज 15 दिन पहले ही वह मायके गई थी और बुधवार की शाम को ही वापस ससुराल लौटी थी।

प्रेमजाल में फंसाकर 70 लाख की साइबर ठगी

पटना में साइबर अपराधियों द्वारा ठगी का एक बेहद शातिर मामला सामने आया है, जहां गया के मूल निवासी और पटना में कार्यरत एक निजी कंपनी के कर्मचारी को प्रेमजाल में फंसाकर 70 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। पीड़ित ने अपनी जिंदगीभर की कमाई इस धोखाधड़ी में गंवा दी है और मामले की शिकायत पटना साइबर थाने में दर्ज कराई है। ​घटना की शुरुआत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक से हुई, जहां एक अनजान युवती ने पीड़ित को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी। सामान्य प्रोफाइल देखकर युवक ने इसे स्वीकार कर लिया और दोनों की मैसेंजर पर बातचीत शुरू हो गई। धीरे-धीरे सामान्य बातचीत प्यार और व्यक्तिगत मुलाकातों के दावों में बदल गई। इसके बाद फोन नंबर, व्हाट्सऐप और वीडियो कॉल के जरिए संपर्क बढ़ा, जिससे युवती ने युवक का पूरा भरोसा जीत लिया।