Bihar Top News Today 21 july 2026: बिहार (BIHAR) में आज 21 जुलाई को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…
बॉयफ्रेंड ने गर्लफ्रेंड और उसके चाचा को मारी गोली
पटना। दानापुर क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। रूपसपुर थाना क्षेत्र के विजय नगर में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे एक युवक ने अपनी ही प्रेमिका और उसके मुंहबोले चाचा पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। इस घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
विधानसभा परिसर में काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन
पटना। राजधानी पटना स्थित विधानसभा परिसर का माहौल आज उस वक्त पूरी तरह से गरमा गया, जब राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के विधायकों और विधान पार्षदों ने हाथों में तख्तियां लेकर और मुंह तथा बांह पर काली पट्टी बांधकर सरकार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। राजद सदस्यों ने केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तुरंत उनके पद से इस्तीफे की मांग की।
राहुल गांधी पर हमले से सियासत गरमाई
पटना। विपक्षी खेमे और उनके समर्थकों द्वारा यह दावा किया गया है कि देश की केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी पर कथित तौर पर हमला किया गया है। इस घटना के बाद से राजनीतिक तापमान अचानक काफी हाई हो गया है और देश भर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।
विपक्षी दलों और पार्टी कार्यकर्ताओं के अनुसार विरोध प्रदर्शन के दौरान हालात अचानक बेहद तनावपूर्ण हो गए। आरोप लगाया गया है कि पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई के दौरान राहुल गांधी को गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी नाक से खून तक बहने लगा। इसके तुरंत बाद उन्हें हिरासत में ले लिए जाने की भी खबरें सामने आईं। इस घटना के तूल पकड़ते ही सोशल मीडिया और राजनीतिक मंचों पर तीखी प्रतिक्रियाओं का दौर शुरू हो गया है। समर्थकों का कहना है कि सरकार तानाशाही रवैया अपनाकर लोकतंत्र की आवाज को दबाने की कोशिश कर रही है।
बीजेपी ने ECI से की प्रशांत किशोर की शिकायत
पटना। बीजेपी नेताओं ने प्रेस और आयोग के सामने दावा किया कि प्रशांत किशोर की पत्नी के नाम से पंजीकृत एक छोटी कंपनी के जरिए भारी-भरकम राशि का लेनदेन किया जा रहा है। शाहनवाज हुसैन ने सवाल उठाया कि जिस कंपनी की नेटवर्थ महज पांच लाख रुपये है, जिसके पास न तो कोई विधिवत दफ्तर है और न ही पर्याप्त कर्मचारी, वह चुनाव से पहले करोड़ों रुपये की भारी फंडिंग कहां से ला रही है? पार्टी ने इसे सीधा मनी लॉन्ड्रिंग और चुनावी भ्रष्टाचार का गंभीर मामला करार दिया है। बीजेपी ने चुनाव आयोग से मांग की है कि इस पूरे वित्तीय लेन-देन की जांच प्रवर्तन निदेशालय (ED) से कराई जाए। नेताओं के अनुसार, इस अभियान में कई विदेशी बैंक खातों का भी इस्तेमाल किए जाने के पुख्ता प्रमाण मिले हैं।
SDM पोस्टिंग के नाम पर ठगी
मोतिहारी। जिले में प्रशासनिक महकमे में तबादले और पोस्टिंग के नाम पर ठगी का एक मामला सामने आया है। मोतिहारी सदर के तत्कालीन भू-अर्जन पदाधिकारी अरुण कुमार को मनचाहे पद यानी मोतिहारी एसडीएम के पद पर पोस्टिंग कराने का झांसा देकर 25 लाख रुपये की अवैध मांग की गई थी। इस पूरे रैकेट का मास्टरमाइंड राजन जायसवाल निकला है, जिसे बिहार एसटीएफ ने पटना से वंदे भारत ट्रेन में सफर के दौरान गिरफ्तार कर मोतिहारी पुलिस के हवाले कर दिया है।
यात्रियों से मारपीट करने वाला TTE निलंबित
पटना। दानापुर रेल मंडल के बख्तियारपुर जंक्शन पर यात्रियों के साथ अमानवीय व्यवहार और मारपीट करने का एक गंभीर मामला सामने आया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद रेलवे प्रशासन हरकत में आया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए दानापुर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अभिनव सिद्धार्थ ने आरोपी टीटीई (TTE) कुंदन कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही उनके खिलाफ विभागीय जांच और कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं। यह पूरी घटना 18 जुलाई 2026 की बताई जा रही है।
सरकार के फैसले के खिलाफ PU के टीचर और छात्रों का विशाल प्रदर्शन
पटना। बिहार में उच्च शिक्षा को लेकर सियासी और शैक्षणिक पारा अचानक चढ़ गया है। सम्राट सरकार के नए फैसलों के खिलाफ पटना यूनिवर्सिटी (पीयू) के शिक्षक, कर्मचारी और छात्र सड़क पर उतर आए हैं। विश्वविद्यालय की स्वायत्तता बचाने की मांग को लेकर करीब एक हजार लोग पीयू सीनेट हॉल के बाहर एकजुट हुए और जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान ‘बिहार सरकार मुर्दाबाद’ के नारे भी लगाए गए। विरोधस्वरूप सभी शिक्षक सामूहिक अवकाश पर हैं।
CM हाउस और पटना के 4 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी
पटना। बिहार की राजधानी पटना में मंगलवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब मुख्यमंत्री आवास सचिवालय और शहर के चार प्रतिष्ठित स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिला। यह ईमेल ग्रामीण विकास विभाग को भेजा गया था जिसके बाद पुलिस, डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते की टीमें तुरंत एक्टिव हो गईं और सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
भागलपुर में दो कोरोना संक्रमित मिले
भागलपुर। जिले में कोरोना वायरस ने एक बार फिर दस्तक दी है। जिले में महज 48 घंटे के भीतर कोरोना के दो नए मामले सामने आने से स्वास्थ्य विभाग में हलचल मच गई है। ताजा मामले में एक बुजुर्ग के बाद उनकी बेटी की रिपोर्ट भी कोरोना पॉजिटिव आई है। दोनों संक्रमितों को जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (मायागंज) के आईसीयू के अलग-अलग वार्ड में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है।
चिरैया में 30 लाख की डकैती
मोतिहारी। पूर्वी चंपारण जिले के चिरैया थाना क्षेत्र अंतर्गत परतापुर गांव में अपराधियों ने कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए एक सनसनीखेज डकैती की घटना को अंजाम दिया है। इस वारदात के दौरान हथियारबंद बदमाशों ने पुलिस गश्ती दल को खुली चुनौती देते हुए लगभग 45 मिनट तक एक घर में आतंक का माहौल बनाए रखा। अपराधियों ने घर के सदस्यों को बंधक बनाकर कुल 30 लाख रुपये कीमती नगदी और जेवरात लूट लिए जिससे पूरे इलाके में भारी दहशत और सनसनी फैल गई है।


