Bihar Top News Today 21 oct 2026: बिहार (BIHAR) में आज 21 अक्टूबर को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…

हीरोइन का हाथ पकड़ने में कांपते थे पवन सिंह के हाथ

पटना। भोजपुरी इंडस्ट्री के ‘पावर स्टार’ पवन सिंह इन दिनों लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। हाल ही में उन्होंने अपने एक बयान और एक नए रियलिटी शो में धमाकेदार एंट्री को लेकर सबका ध्यान खींचा है। मंच से अक्षरा सिंह से माफी मांगने के बाद अब उनका नया रूप दर्शकों के सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। ​पवन सिंह ने हाल ही में रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल सीजन 2’ में शानदार एंट्री की है। शो के सामने आए नए प्रोमो में पवन सिंह पेंटहाउस में कदम रखते ही नजर आ रहे हैं। उन्होंने आते ही अपने सुपरहिट गानों ‘राजा जी’ और ‘आई नहीं’ पर जबरदस्त डांस किया।
​इस दौरान उनके साथ विदेशी मॉडल और हसीना इरीना ने भी जमकर ठुमके लगाए। पवन सिंह और इरीना की यह मस्ती दर्शकों को खूब पसंद आ रही है। इतना ही नहीं, इरीना ने शो के दौरान भोजपुरी डायलॉग भी बोला, जिसने महफिल में चार चांद लगा दिए। पेंटहाउस के बाद पवन सिंह बेसमेंट में गए और वहां काम करने वाले वर्कर्स के साथ भी काफी वक्त बिताया।

नवंबर में बिहार आ सकते हैं पीएम मोदी

पटना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नवंबर महीने में संभावित बिहार दौरे को लेकर राजनीतिक हलचल और प्रशासनिक तैयारियां तेजी से शुरू हो चुकी हैं। इस दौरे के दौरान प्रधानमंत्री के भागलपुर पहुंचने की प्रबल संभावना है, जहां वे राज्य को कई बड़ी विकास परियोजनाओं की सौगात दे सकते हैं। हालांकि, अभी तक पीएम के दौरे की आधिकारिक तारीख और विस्तृत कार्यक्रम की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन संभावित यात्रा को लेकर बैठकों का दौर शुरू हो चुका है।

पूजा-पंडाल में नाटक मंचन से पहले लगी आग, 12 झुलसे

सीवान। बड़हरिया थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव में दशहरा मेले के दौरान नाटक मंचन के समय अचानक आग लग गई। इस दुर्घटना में 12 लोग बुरी तरह झुलस गए हैं। घायलों में एक छह साल के बच्चे समेत चार की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है। ​प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, यह घटना रात करीब साढ़े 10 बजे की है। दुर्गा प्रतिमा के पास बनाए गए मंच पर गांव के बच्चे राजा हरिश्चंद्र की जीवनी पर आधारित नाटक के मंचन की तैयारी कर रहे थे। मंच पर चिता से जुड़ा एक सीन फिल्माया जाना था, जिसके लिए पेट्रोल से भरे मिट्टी के बर्तन रखे गए थे। इसी दौरान अचानक पेट्रोल में आग भड़क उठी।
​चूंकि मंच पर पर्दा लगा हुआ था, इसलिए सामने दर्शक गैलरी में बैठे लोगों को बैकस्टेज हो रहे इस हादसे की भनक तक नहीं लगी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और टेंट के ऊपरी हिस्से तक पहुंच गई। इस बीच, जलता हुआ पर्दा सीधा नीचे बैठे छह साल के मासूम पवन कुमार के शरीर पर आ गया, जिसके बाद दर्शकों को हादसे की जानकारी मिली और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

बिहार में नम आंखो से मां दुर्गा की विदाई

छपरा। नवरात्र और विजयादशमी के समापन के बाद आज बुधवार को शहर के कालीबाड़ी में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमा की विदाई की गई। विसर्जन से पहले मां दुर्गा का पूजन और हवन किया गया, इसके बाद पुष्पांजलि का कार्यक्रम किया गया। तत्पश्चात बंगाली रीति रिवाज के अनुसार माता की विदाई की गई और बंगाली समाज की सबसे बुजुर्ग महिला के द्वारा माता को सिंदूर लगाकर और खोईचा देकर माता को विदा किया गया। बंगाली समाज की मान्यता के अनुसार उस बुजुर्ग महिला ने अन्य महिलाओं को सिंदूर लगाया और उसके बाद सभी महिलाओं ने एक दूसरे को सिंदूर लगाकर सिंदूर खेला का आयोजन किया गया। बंगाली समाज की महिलाओं के द्वारा एक विशेष प्रकार का आवाज उलू निकाली जाती है जिसे प्रत्येक शुभ अवसर पर किया जाता है। माता की विदाई और सिंदूर खेला के समय बंगाली समाज की महिलाओं के द्वारा उलू निकाला गया और एक दूसरे को जमकर सिंदूर लगाया गया।

जन सुराज के प्रदेश अध्यक्ष के साथ मारपीट

पटना। बिहार की राजनीति में इन दिनों ‘जनसुराज’ पार्टी और उसके संयोजक प्रशांत किशोर लगातार चर्चा के केंद्र में बने हुए हैं। हाल ही में जनसुराज के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती के साथ हुई मारपीट की एक घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है। इस घटना के सामने आने के बाद से ही राजनीतिक गलियारों में भूचाल आ गया है और विपक्षी दलों ने जनसुराज पर तीखे हमले शुरू कर दिए हैं।

पप्पू यादव बोले- लोग कुत्ते-बिल्ली से भी सस्ते बिक रहे हैं!

पटना। पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने मोकामा के राजनीतिक माहौल पर तीखा प्रहार किया है। उन्होंने सीधे तौर पर जदयू विधायक अनंत सिंह और एमएलसी प्रत्याशी अनुज सिंह का नाम लेते हुए समाज की प्राथमिकताओं और चुनावी संस्कृति को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उनके इस बयान ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है। ​सांसद पप्पू यादव ने अनंत सिंह पर तंज कसते हुए कहा कि जो व्यक्ति खुद खुलेआम 9-9 हत्याएं करने की बात स्वीकार करता है, दुर्भाग्य से समाज ऐसे ही लोगों को चुनाव जिताकर विधानसभा भेजता है। उन्होंने आरोप लगाया कि आज के दौर में राजनीति का अपराधीकरण हो चुका है और जनता भी कहीं न कहीं ऐसे तत्वों को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या एक आपराधिक छवि के व्यक्ति को जनप्रतिनिधि चुना जाना समाज के लिए सही है।

MLC चुनाव का प्रचार आज खत्म

छपरा। सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक विधान परिषद चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी अपने चरम पर है। चुनाव प्रचार के अंतिम दिन सभी प्रत्याशियों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। शिक्षक मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए ताबड़तोड़ प्रयास किए जा रहे हैं। शाम 5:00 बजे चुनाव प्रचार का शोर थम गया। अब 23 अक्टूबर को मतदान होगा और 27 अक्टूबर को मतों की गिनती की जाएगी। इस निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत सारण, सीवान, गोपालगंज, पूर्वी चंपारण और पश्चिमी चंपारण- कुल पांच जिले आते हैं। इस चुनाव में कुल 10,824 शिक्षक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, अकेले सारण जिले में 3,428 शिक्षक मतदाता हैं और सभी प्रखंडों में मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

पुलिस और समिति के सदस्यों में झड़प, थप्पड़ मारने का वीडियो वायरल

नालंदा। जिले से दुर्गा पूजा के दौरान सोहसराय थाना क्षेत्र अंतर्गत अड्डा पर इलाके में दुर्गा पूजा के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कथित तौर पर पुलिस और पूजा समिति के सदस्यों के बीच तीखी नोकझोंक और झड़प का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिस कर्मियों और आयोजन समिति के लोगों के बीच तनाव साफ तौर पर देखा जा सकता है। ​प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना दशहरा की दशमी तिथि की रात करीब 1 बजकर 42 मिनट की बताई जा रही है। इलाके में दुर्गा पूजा पंडाल के साथ-साथ ‘भूत बंगला’ का भी विशेष आयोजन किया गया था। इस मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी। भारी जनसैलाब और भीड़ को नियंत्रित करने तथा कानून-व्यवस्था को सुचारू रूप से बनाए रखने के लिए स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची थी।

दरोगा ने डांसर को मारा थप्पड़

बेगूसराय। बिहार के बेगूसराय में दुर्गा पूजा के दौरान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पानगाछी दुर्गा स्थान स्थित पूजा पंडाल के मंच से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में जागरण कार्यक्रम के बाद मंच पर अशोभनीय डांस और अव्यवस्था के बीच एक पुलिस पदाधिकारी द्वारा डांसर लड़कियों को हटाने के दौरान आयोजकों के साथ धक्का-मुक्की किए जाने का दृश्य दिखाई देने की बात सामने आई है। इस मामले ने पुलिस की कार्यशैली और धार्मिक आयोजन में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के तरीके पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

सोशल एक्टिविस्ट को उप मुखिया ने धमकाया, दो दिन में गोली मारने की धमकी

गयाजी। जिले के कोठी थाना क्षेत्र अंतर्गत विकोपुर पंचायत से एक मामला सामने आया है। यहां एक सोशल एक्टिविस्ट को विकास कार्यों में कथित गड़बड़ियों का पर्दाफाश करना भारी पड़ गया है। आरोप है कि पंचायत के उप मुखिया ने वीडियो बनाने और उसे सोशल मीडिया पर अपलोड करने से नाराज होकर एक्टिविस्ट को जान से मारने की धमकी दी है। इस घटना के बाद से पीड़ित परिवार बेहद खौफ और दहशत के साये में जीने को मजबूर है।