Bihar Top News Today 22 june 2026: बिहार (BIHAR) में आज 22 जून को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…

बॉलीवुड अभिनेता पंकज त्रिपाठी के भाई पर जानलेवा हमला

गोपालगंज। बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता पंकज त्रिपाठी के परिवार से एक बेहद चौंकाने वाली और दुखद खबर सामने आई है। गोपालगंज जिले के माधोपुर थाना क्षेत्र के बेलसंड गांव में पंकज त्रिपाठी के बड़े भाई बिजेंद्र नाथ तिवारी पर कुछ बदमाशों ने धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।​ घटना के तुरंत बाद चीख-पुकार मच गई जिसके बाद परिजनों ने आनन-फानन में घायल बिजेंद्र नाथ तिवारी को इलाज के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल के डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति को बेहद गंभीर बताया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए और बेहतर इलाज के लिए डॉक्टरों ने उन्हें तत्काल पटना मेडिकल कॉलेज और अस्पताल रेफर कर दिया है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

वर्दी वालों को ही लगाया 6 करोड़ का चूना

Bihar news: ​पटना के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है जहां एक शातिर दंपती ने बिहार पुलिस के 27 जवानों और उनके परिजनों को अपना निशाना बनाकर करीब 6 करोड़ रुपये की ठगी की। आरोपितों ने फर्जी फाइनेंस कंपनी का जाल बिछाकर पुलिस महकमे में अपनी पैठ बनाई थी।

बोरे में बंद मिली अज्ञात महिला की लाश

भागलपुर। जिले के सुलतानगंज थाना क्षेत्र से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। अबजुगंज हॉल्ट से मिरहट्टी पंचायत को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग के किनारे एक बोरे में बंद अज्ञात महिला का शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।

भरत तिवारी को न्याय दिलाने के लिए कैंडल मार्च

मोतिहारी। बिहार के मोतिहारी जिले के सुगौली में भरत तिवारी के कथित पुलिस एनकाउंटर का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। इस घटना के विरोध में स्थानीय लोगों ने सड़कों पर उतरकर अपना आक्रोश व्यक्त किया। न्याय की मांग को लेकर बड़ी संख्या में स्थानीय निवासियों ने एक शांतिपूर्ण कैंडल मार्च निकाला, जिसमें प्रशासन के प्रति गहरी नाराजगी और निष्पक्ष जांच की पुरजोर मांग उठाई गई।

सेक्स रैकेट चलाने वाले 7 गिरफ्तार

​सीतामढ़ी। जिले के पुनौरा थाना क्षेत्र स्थित गौशाला चौक के निकट रेशमी पैलेस में रविवार की शाम पुलिस और जिला आसूचना इकाई (DIU) की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक संगठित देह व्यापार के रैकेट का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में सात लोगों को मौके से गिरफ्तार किया गया जबकि मुख्य आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर हैं।

स्कूल हॉस्टल में मासूम पर जानलेवा हमला

बांका। बांका जिले के बौंसी स्थित माउंट कार्मेल पब्लिक स्कूल के हॉस्टल में एक अत्यंत विचलित करने वाली घटना सामने आई है। पहली कक्षा में पढ़ने वाले एक मासूम छात्र पर हुए जानलेवा हमले ने पूरे इलाके को दहला कर रख दिया है। पीड़ित छात्र आनंद कुमार जो कटोरिया थाना क्षेत्र के जमुआरी गांव का निवासी है, इस समय भागलपुर के मायागंज अस्पताल के आईसीयू में जीवन और मृत्यु के बीच संघर्ष कर रहा है।

बिहार में 19 हजार किमी सड़कों का होगा कायाकल्प

पटना। ​बिहार में बरसात के मौसम को देखते हुए पथ निर्माण विभाग ने अपनी तैयारियों को तेज कर दिया है। राज्य की बुनियादी संरचना को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर शैलेंद्र ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विभाग का प्राथमिक लक्ष्य राज्य की सड़कों और पुलों को सुरक्षित एवं आवागमन के योग्य बनाए रखना है।​ मंत्री इंजीनियर शैलेंद्र ने बताया कि वर्तमान में पूरे राज्य में लगभग 19 हजार किलोमीटर लंबी सड़कों के मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि कार्य की गुणवत्ता में कोई समझौता न हो। सरकार का प्रयास है कि राज्य का सड़क नेटवर्क न केवल बेहतर हो, बल्कि यात्रियों के लिए सुखद और सुरक्षित भी बने। इसके लिए विभाग द्वारा नियमित अंतराल पर सड़कों की मॉनिटरिंग की जा रही है ताकि कहीं भी गड्ढे या टूट-फूट की समस्या न रहे।

नगरनौसा कांड पर भड़के सांसद पप्पू यादव

नालंदा। पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव ने राज्य में बढ़ते पुलिसिया दमन और कथित मनमानी के खिलाफ आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। उन्होंने साफ तौर पर कहा है कि यदि बिहार में पुलिस की कार्यशैली नहीं सुधरी और निर्दोषों पर अत्याचार बंद नहीं हुआ, तो वे पूरे बिहार में सड़क पर उतरकर पैदल मार्च करेंगे। ​सांसद ने भारत भूषण तिवारी के एनकाउंटर मामले को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने इस घटना को पूरी तरह संदिग्ध करार दिया है। इसके साथ ही, नालंदा जिले के नगरनौसा में पुलिस द्वारा ग्रामीणों पर की गई बर्बरता का मुद्दा उठाते हुए पप्पू यादव ने कहा कि पुलिस ने लाठियों से न सिर्फ दर्जनों लोगों को घायल किया, बल्कि महिलाओं और छोटे बच्चों को भी नहीं बख्शा। उन्होंने सवाल किया आखिर राज्य में यह क्या हो रहा है? सरकार यह सब क्यों करवा रही है? पुलिस किस अधिकार के तहत आम जनता के साथ अपराधियों जैसा व्यवहार कर रही है।

दो पड़ोसी युवकों की दर्दनाक मौत

गोपालगंज। जिले के उचकागांव थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहां संत मोड़ के पास रविवार की देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई। मृतकों की पहचान हरपुर बाजार निवासी गौरी शंकर मांझी के 17 वर्षीय पुत्र बिक्की कुमार और राजकपूर मांझी के 22 वर्षीय पुत्र जिम्मी कुमार के रूप में हुई है। इस हृदयविदारक घटना के बाद से दोनों परिवारों में कोहराम मच गया है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

लखीसराय नीट परीक्षा में सॉल्वर गैंग का भंडाफोड़

​लखीसराय। बिहार के लखीसराय जिले में नीट (NEET) जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा की शुचिता को तार-तार करने की एक बड़ी साजिश का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। लखीसराय पुलिस ने नीट परीक्षा में सॉल्वर गैंग के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 24 लोगों को गिरफ्तार किया है। इस पूरे मामले में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं, जिसने परीक्षा प्रणाली की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।