Bihar Top News Today 23 april 2026: बिहार (BIHAR) में आज 23 अप्रैल को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…

बकाया मांगने पर ठेकेदार के घर फेंकवाया कूड़ा

गया। नगर निगम का एक शर्मनाक चेहरा सामने आया है। यहां एक ठेकेदार ने निगम अधिकारियों पर आरोप लगाया है कि जब उसने पिछले 7 महीनों से लंबित अपने भुगतान की मांग की, तो अधिकारियों ने गुस्से में आकर उसके घर के मुख्य द्वार पर कूड़े का ढेर फिंकवा दिया। इस घटना के बाद शहर के प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया है। ​कुजापी मोहल्ले के निवासी ठेकेदार अनिल भूषण लंबे समय से नगर निगम में नल-जल योजना, प्याऊ और चापाकल मरम्मत का कार्य देख रहे हैं। अनिल के अनुसार, उनका पिछले सात महीनों का भुगतान बकाया है। उन्होंने कई बार लिखित और मौखिक रूप से अधिकारियों से गुहार लगाई, लेकिन उन्हें सिर्फ आश्वासनों से ही संतोष करना पड़ा।

ज्योति सिंह ने भगवान से मांगी मां बनने की मन्नत

पटना। भोजपुरी सिनेमा के ‘पावर स्टार’ पवन सिंह और उनकी पत्नी ज्योति सिंह के बीच चल रहा तलाक का मामला इन दिनों सुर्खियों में है। कानूनी जटिलताओं और व्यक्तिगत तनाव के बावजूद, ज्योति सिंह खुद को सकारात्मक रखने की कोशिश कर रही हैं। हाल ही में अपनी बहन जूही सिंह के एक व्लॉग में ज्योति ने अपनी निजी जिंदगी, भविष्य के सपनों और अपनी आस्था पर खुलकर बात की है। ​वाराणसी के घाटों पर अपनी बहनों के साथ नजर आईं ज्योति सिंह के चेहरे पर एक अलग ही सुकून दिखा। नाक तक लंबा सिंदूर लगाए ज्योति ने बताया कि उन्हें बनारस और बाबा भोलेनाथ पर अटूट विश्वास है। जब उनकी बहन ने उनसे उनकी ‘मन्नत’ के बारे में पूछा, तो ज्योति ने मुस्कुराते हुए कहा कि वह इसे अभी सार्वजनिक नहीं कर सकतीं।
​हालांकि, अपनी मां के लिए चाय बनाते समय जब उन्होंने अपनी बहन के बेटे ‘भोलू’ को गोद में लिया, तो उन्होंने इशारों-इशारों में संकेत दिया कि उनकी मन्नत एक बच्चे के रूप में देखी जा सकती है। उन्होंने कहा कि सिंदूर लगाने से चेहरे पर निखार आता है और भगवान के पास आकर उन्हें मानसिक शांति मिलती है।

सीएम के जनता दरबार में लगे जयश्री राम के नारे

पटना। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी इन दिनों पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। गुरुवार को मुख्यमंत्री ने तीसरी बार ‘जनता दरबार’ का आयोजन किया, जहां प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से आए लोगों की समस्याओं का उन्होंने त्वरित समाधान किया। इस दौरान सचिवालय का माहौल उस वक्त भक्तिमय हो गया जब भगवा वस्त्र पहने एक व्यक्ति मुख्यमंत्री के करीब पहुंचा और ‘जय श्री राम’ के नारे लगाने लगा। देखते ही देखते वहां मौजूद अन्य लोग भी सुर में सुर मिलाने लगे। इस उत्साहपूर्ण माहौल के बीच मुख्यमंत्री मुस्कुराते नजर आए।

छात्रा की अगवा कर हत्या

Bihar Crime: राजधानी पटना से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां कल बुधवार से लापता छात्रा की निर्मम तरीके से हत्या कर दी गई है। आज गुरुवार की सुबह मासूम का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। छात्रा के सिर पर कई जगह गंभीर चोट के निशान मिले हैं। मृतका की पहचान रौशनी कुमारी (10) के रुप में हुई है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरा मामला बायपास थाना क्षेत्र के सती चौड़ा पास की है। परिजनों ने छात्रा के साथ गलत होने की भी आशंका जताई है। घटना के बारे में बताया जा रहा है कि बुधवार की सुबह बच्ची अपने घर से दूध लेने के लिए बाहर निकली थी, जिसके बाद वह घर नहीं पहुंची। काफी देर होने के बाद परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल सका। वहीं, आज उसका शव बरामद हुआ।

केनरा बैंक के ATM को काट रुपए लूट ले गए बदमाश

समस्तीपुर। जिले में बेखौफ अपराधियों ने पुलिस की गश्ती और सुरक्षा दावों को ठेंगा दिखाते हुए एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के व्यस्त मोहनपुर रोड स्थित केनरा बैंक के एटीएम (ATM) को निशाना बनाते हुए बदमाशों ने करीब 2.11 लाख रुपये की नकदी उड़ा ली। वारदात की सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि अपराधियों ने बेहद पेशेवर तरीके से गैस कटर का इस्तेमाल कर मशीन को काटा और फरार हो गए।

बेतिया में महिला सिपाही का बेड पर मिला शव

Bihar Crime: बिहार के बेतिया में एक महिला सिपाही की संदिग्ध हालत में मौत होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान संकेशी कुमारी के रूप में हुई है, जो पटना में तैनात थी। मृतका के परिजनों ने ससुराल वालों पर संकेशी की हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पूरा मामला सहोदरा थाना क्षेत्र के सुपौली गांव की है।
बता दें कि संकेशी कुमारी ने पिछले साल 7 मार्च 2025 को प्रेम-विवाह किया था, जिसे उसके परिवार वाले भी सहमत थे। शादी के बाद से ही वह अपने ससुराल में रह रही थी। सब कुछ ठीक चल रहा था। हालांकि बीते 21 अप्रैल 2026 को वह अपनी छोटी बहन की शादी में शामिल होने के लिए मायके आई हुई थीं। परिजनों के मुताबिक शादी के अगले दिन ही संकेशी का पति सुजीत अचानक वहां पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए उसे अपने साथ लेकर ससुराल चला गया।

पूर्व थानेदार को EOW का समन

पटना। भ्रष्टाचार के खिलाफ बिहार में जारी जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत आर्थिक अपराध इकाई (EOW) ने बड़ी कार्रवाई की है। किशनगंज के पूर्व नगर थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार रंजन की मुश्किलें अब काफी बढ़ गई हैं। आय से अधिक संपत्ति (DA Case) के मामले में EOW ने उन्हें नोटिस भेजकर पटना स्थित मुख्यालय में पूछताछ के लिए तलब किया है। उन्हें आगामी मंगलवार को उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने का निर्देश दिया गया है।

पूर्व MLA पप्पू खान के आवास पर छापेमारी

Bihar News: बिहार में सियासत से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। दरअसल नालंदा के बिहारशरीफ से पूर्व विधायक रहे नौशाद उल नबी उर्फ पप्पू खान के आवास पर पुलिस ने छापेमारी की है। वेना थाना पुलिस ने आज गुरुवार की दोपहर पप्पू खान के बिहार थाना क्षेत्र के गढ़पर स्थित आवास पर यह छापेमारी की है। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही पप्पू खान अपनी पत्नी आफरिन सुल्ताना के साथ मौके से फरार हो गए।

पप्पू यादव का सनसनीखेज आरोप

Pappu Yadav News: महिला से जुड़े विवादित बयान देने को लेकर सुर्खियों में घिरे पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने एक बार फिर से बड़ा बयान दिया है। पूर्णिया में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए पप्पू यादव ने यह दावा किया कि, पटना के कुछ गर्ल्स हॉस्टल में लड़कियों का शोषण किया जा रहा है। उन्होंने यहां तक कहा कि लड़कियों को अधिकारियों तक को ‘परोसा’ जाता है। पप्पू यादव के इस बयान के बाद से एक बार फिर बिहार की सियासत में तिखी और कड़ी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है।

20 दिनों से प्यासा है बिहार का यह गांव

नालंदा। बिहार समेत देश भर में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच नालंदा जिले के पोआरी पंचायत का वार्ड नंबर 13 इन दिनों पानी के लिए त्राहिमाम कर रहा है। सरकार की महत्वाकांक्षी हर घर नल-जल योजना यहां पूरी तरह फेल साबित होती दिख रही है। हालत यह है कि पिछले 20 दिनों से करीब 250 घरों में पानी की एक बूंद तक नहीं पहुंची है। ग्रामीणों का आरोप है कि लाखों रुपये खर्च कर बनाई गई जलमीनार और पाइपलाइन सिर्फ दिखावा बनकर रह गई है। मोटर, स्टार्टर, वायरिंग और सॉकेट जल जाने के कारण जलापूर्ति पूरी तरह ठप हो चुकी है। लेकिन जिम्मेदार अधिकारी और ठेकेदार अब तक चुप्पी साधे हुए हैं।
गांव में ज्यादातर गरीब परिवार रहते हैं। कुछ घरों में ही चापाकल है, बाकी लोग दूर-दूर से पानी लाने को मजबूर हैं। सबसे ज्यादा परेशानी महिलाओं और बेटियों को हो रही है। नहाने और कपड़े धोने के लिए उन्हें दूर जाना पड़ रहा है, जहां उन्हें शर्मिंदगी तक झेलनी पड़ रही है।