Bihar Top News Today 23 February 2026: बिहार (BIHAR) में आज 23 फरवरी को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…….

‘मुख्यमंत्री और गृहमंत्री दोनों निर्लज्ज’

पटना के गोपालपुर में हुए डबल मर्डर पर राजद ने बिहार सरकार पर निशाना साधा है। राजद ने सोशल मीडिया पर लिखा- गृह मंत्री सम्राट चौधरी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, दोनों शिथिल और निर्लज्ज हैं। हर रोज दर्जनों हत्याएं हो रही हैं, दर्जनों बलात्कार हो रहे हैं! अपराध पर नियंत्रण करने के बजाय नीतीश सरकार मीडिया और पुलिस में दर्ज होने वाले मामलों की संख्या नियंत्रित करने में लगी है। पढ़ें पूरी खबर………..

सड़क हादसे में 3 दोस्तों की मौत

गयाजी जिले में एक भीषण सड़क हादसे ने तीन घरों के चिराग बुझा दिए। नवादा के अकबरपुर में एक तिलक समारोह में शामिल होने जा रहे तीन युवक सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए। तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से टकरा गई, जिससे तीनों दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में शामिल इंद्र मांझी (23) आठ दिन पहले ही चेन्नई से मजदूरी कर लौटे थे। पढ़ें पूरी खबर……..

पटना कोर्ट ने आंध्र पुलिस को लगाई फटकार

पटना सिविल कोर्ट से बिहार होमगार्ड एंड फायर सर्विसेज के आईजी एम. सुनील नायक को बड़ी राहत मिली है। कोर्ट में आज सोमवार को हुई अहम सुनवाई के दौरान आंध्र प्रदेश पुलिस द्वारा मांगी गई ट्रांजिट रिमांड की अर्जी को रिफ्यूज कर दिया है। कोर्ट ने साफ शब्दों में कहा कि, विधिसम्मत प्रक्रिया और पर्याप्त दस्तावेजों के बिना किसी अधिकारी को राज्य से बाहर ले जाने की अनुमति नहीं दी जा सकती। पढ़ें पूरी खबर…….

LJP(R) नेता की सड़क हादसे में मौत

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से एक बड़ी और दुखद खबर सामने आई है। तुर्की थाना क्षेत्र के सकरी चौक के पास एक अनियंत्रित तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। इस भीषण दुर्घटना में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के युवा नेता अमन कुमार की जान चली गई, जबकि उनके दो मित्र जीवन और मौत के बीच जूझ रहे हैं। पढ़ें पूरी खबर………..

विधानसभा में विधायक निधि पर हंगामा

बिहार विधानसभा में आज बजट सत्र के दौरान कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। सदन की कार्यवाही शुरू होते ही विधायकों ने विकास कार्यों के लिए मिलने वाली विधायक निधि को 4 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 5 करोड़ रुपये करने की पुरजोर मांग की। सत्ता पक्ष और विपक्ष, दोनों इस मुद्दे पर एक सुर में नजर आए, जिसके कारण सदन में काफी हंगामा हुआ। इस पर डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने आश्वासन दिया कि विधायकों की भावनाओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया जाएगा। पढ़ें पूरी खबर………

STF टीम पर हमला, हथियार लूटे

गयाजी जिले के खिरियावां में वांटेड अपराधी मनोज मांझी को पकड़ने गई STF टीम पर ग्रामीणों ने जानलेवा हमला कर दिया। इस हिंसक झड़प में तीन जवान गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनमें से दो के सिर फट गए और एक की आंख में गंभीर चोट आई है। उग्र भीड़ ने जवानों से उनकी दो सर्विस पिस्टल भी छीन ली, जिन्हें बाद में पुलिस ने सर्च ऑपरेशन के दौरान पास के खेत से बरामद किया। पढ़ें पूरी खबर………

सगे भाईयों की गोलियों से भूनकर हत्या

राजधानी पटना के गोपालपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर में रविवार की देर रात एक शादी समारोह के दौरान हथियारबंद अपराधियों ने दो सगे भाइयों की गोली मारकर हत्या कर दी। इस दोहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मिली जानकारी के अनुसार रिसेप्शन पार्टी में आए हुए मेहमान भोजन कर रहे थे, तभी अचानक विवाद शुरू हुआ और देखते ही देखते आरोपियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोलियां लगने से मंजीत कुमार और मनीष कुमार नामक दो भाई लहूलुहान होकर गिर पड़े। अस्पताल ले जाने के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। पढ़ें पूरी खबर………

बिन ब्याही मां और नवजात की हत्या

बिहार के मधेपुरा में ऑनर किलिंग का एक खौफनाक मामला सामने आया है, जहां एक पिता और चाचा ने मिलकर अपनी 20 वर्षीय बेटी अलका की हत्या कर दी, जबकि प्रेमी ने अपनी ही नवजात बच्ची का गला घोंटकर उसे पुल से नीचे फेंक दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी पिता अम्बेद भारती, चाचा तपेश और प्रेमी रिशु को गिरफ्तार कर लिया है। पढ़ें पूरी खबर……..

आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा बिहार-तेजस्वी

नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बजट सत्र के दौरान बिहार की एनडीए सरकार पर जमकर निशाना साधा है। सदन के बाहर मीडिया से बातचीत के दौरान तेजस्वी यादव ने कहा कि, बिहार सबसे गरीब राज्य है। निवेश के मामले में बिहार सबसे चौपट है। राज्य एक गहरे आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा है, जिसके लिए वर्तमान सरकार पूरी तरह जिम्मेदार है। पढ़ें पूरी खबर…….

मां-बेटी की जिंदा जलकर मौत

बिहार के सुपौल से एक दुखद ही खबर सामने आई है। जहां देर रात लगी भीषण आग में मां और उसकी 4 साल की मासूम बेटी की जिंदा जलने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना सुपौल नगर परिषद क्षेत्र के बलवा पुनर्वास इलाके वार्ड नंबर-1 की है। घटना को लेकर पूरे इलाके में शोक और मातम का माहौल है। हादसे में मृतक महिला अपने मायके आई हुई थी। पढ़ें पूरी खबर…….

ये भी पढ़ें- ‘खजाना खाली’ विवाद पर गरमाई बिहार की सियासत: अशोक चौधरी ने राबड़ी देवी से पूछा- सरकार बनती तो माई-बहन योजना के लिए कहां से आता पैसा?