Bihar Top News Today 23 july 2026: बिहार (BIHAR) में आज 23 जुलाई को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…
अपहरण के बाद मासूम की हत्या, गंगा में फेंका शव
वैशाली। जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र में ऑनलाइन गेम में लाखों रुपए हारने के बाद कर्ज में डूबे दो दोस्तों ने अपने ही पड़ोस में रहने वाले एक मजदूर के 8 साल के मासूम बेटे का अपहरण कर लिया। फिरौती की रकम तय होने के बावजूद अपहरणकर्ताओं ने पहचान उजागर होने के डर से बच्चे की हत्या कर शव को गंगा नदी में फेंक दिया। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
नीट पेपर लीक मामले में संजीव मुखिया को क्लीन चिट
पटना। देशभर में छात्र आंदोलनों और राजनीतिक गहमागहमी के बीच 2024 के बहुचर्चित NEET-UG पेपर लीक मामले से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने इस मामले के मुख्य आरोपी माने जा रहे संजीव मुखिया को बड़ी राहत दी है। जांच एजेंसी के अनुसार, उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर संजीव मुखिया के खिलाफ प्रश्नपत्र चुराने या उसे लीक करने के पुख्ता सबूत नहीं मिले हैं। हालांकि, उसे इस मामले में जमानत मिल चुकी है, लेकिन अन्य मामलों में संलिप्तता के चलते वह अभी जेल में ही रहेगा।
दरभंगा में छात्र प्रदर्शन के बाद बवाल
दरभंगा। जिले में छात्र आंदोलन के समर्थन में निकाला गया एक विरोध मार्च उस समय पूरी तरह हिंसक हो गया जब प्रदर्शन के निर्धारित समापन के बाद कुछ उपद्रवी तत्व उग्र हो गए। शांतिपूर्ण तरीके से शुरू हुआ यह प्रदर्शन अचानक तनावपूर्ण माहौल में बदल गया और लोहिया चौक के आसपास का पूरा इलाका रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। प्रदर्शन समाप्ति की घोषणा के बाद कुछ प्रदर्शनकारियों ने अचानक कानून को अपने हाथ में ले लिया। लोहिया चौक के पास तैनात पुलिस बल पर अचानक पथराव शुरू कर दिया गया जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थिति को बेकाबू होते देख और सार्वजनिक संपत्ति के नुकसान को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन को सख्त कदम उठाना पड़ा। भीड़ को तितर-बितर करने और उग्र प्रदर्शनकारियों को खदेड़ने के लिए पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए लाठीचार्ज किया। अचानक हुई इस कार्रवाई से इलाके में कुछ देर के लिए भगदड़ जैसा माहौल बन गया।
लाठीचार्ज पर भिड़े सत्ता-विपक्ष के विधायक
पटना। बिहार विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान गुरुवार का दिन भारी हंगामे और तनावपूर्ण माहौल के नाम रहा। सदन की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष और सत्ता पक्ष के विधायक आपस में भिड़ गए। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि विधायकों के बीच मारपीट की नौबत आ गई और मार्शल को बीच-बचाव करना पड़ा। इस भारी हंगामे के चलते सदन की कार्यवाही महज आठ मिनट के भीतर ही दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित करनी पड़ी।
कटिहार में DM ऑफिस के बाहर प्रदर्शन के दौरान लाठीचार्ज और पथराव
कटिहार। बिहार में नीट (NEET) पेपर लीक और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर छात्रों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। गुरुवार को राज्य के कई जिलों में छात्रों ने सड़कों पर उतरकर उग्र प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच कई जगहों पर तीखी झड़प, लाठीचार्ज और पथराव की घटनाएं सामने आई हैं। छात्रों का साफ कहना है कि जब तक मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
पटना यूनिवर्सिटी शिक्षकों का लोकभवन मार्च
पटना। बिहार विधानसभा के मानसून सत्र में ‘निजी विश्वविद्यालय (संशोधन) विधेयक, 2026’ के पारित होने के बाद से राज्य में विरोध की आग सुलग उठी है। इसी कड़ी में पटना यूनिवर्सिटी (PU) के शिक्षक, कर्मचारी और छात्र संघ संयुक्त रूप से सरकार के इस फैसले के खिलाफ सड़कों पर उतर आए हैं। हाल ही में शिक्षकों ने लोकभवन मार्च निकालने की कोशिश की, जिसे पुलिस ने कैंपस के अंदर ही रोक दिया। इसके बावजूद प्रदर्शनकारियों का कहना है कि उनका विरोध तब तक जारी रहेगा जब तक सरकार इस निर्णय को वापस नहीं लेती।
हरे गमछे वाले शातिर ने पलक झपकते उड़ाई गाड़ी
पटना। बिहार की राजधानी पटना के बिक्रम थाना क्षेत्र में वाहन चोरों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि अब दिनदहाड़े वारदातों को अंजाम दिया जा रहा है। ताजा मामला बिक्रम सब्जी मंडी का है जहां एक शातिर चोर ने महज कुछ ही पलों में बड़ी सफाई के साथ खड़ी बाइक पर हाथ साफ कर दिया। इस दुस्साहसिक घटना के बाद से स्थानीय दुकानदारों और वाहन चालकों में भारी रोष और असुरक्षा का माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार यह वारदात बिक्रम थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गोरखरी गांव के रहने वाले सौरभ कुमार के साथ घटी है। बीते 21 जुलाई की शाम को सौरभ कुमार अपनी बाइक से जरूरी काम और घर का सामान खरीदने के लिए बिक्रम सब्जी मंडी पहुंचे थे। उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल को मंडी के पास ही पार्क किया और निश्चिंत होकर सब्जियां खरीदने चले गए। जब वे खरीदारी पूरी करके वापस लौटे तो उनकी बाइक गायब थी।
वि.स. में तेजस्वी की गैरमौजूदगी पर सत्ता और विपक्ष आमने-सामने
पटना। बिहार विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की लगातार अनुपस्थिति सदन में एक बड़ा राजनीतिक मुद्दा बन गई है। गुरुवार को कार्यवाही के दौरान सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच इस बात को लेकर तीखी नोकझोक देखने को मिली। कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कड़ा रुख अपनाते हुए सवाल उठाया कि आखिर नेता प्रतिपक्ष कहां हैं और उनकी गैरमौजूदगी की आधिकारिक जानकारी सदन को क्यों नहीं दी गई। विधानसभा की कार्यवाही के दौरान कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने लोकतंत्र की गरिमा का हवाला देते हुए कहा कि सदन सर्वोपरि है। यदि नेता प्रतिपक्ष किसी व्यक्तिगत या अन्य कारण से सदन में उपस्थित नहीं हैं, तो उसकी विधिवत जानकारी सदन को दी जानी चाहिए।
गहरे पानी में डूबने से 2 भाईयों की मौत
पटना। जिले के नौबतपुर थाना क्षेत्र से एक झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। क्षेत्र के हुसैनचक गांव में बुधवार को धान रोपनी देखने गए दो सगे नाबालिग भाइयों की पानी से भरे आहर में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया है और पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, चेसी-खजुरी मार्ग के पास स्थित एक बड़े आहर में यह हादसा हुआ। मृतकों की पहचान हुसैनचक गांव निवासी पिंटू सिंह के दोनों लाडलों 14 वर्षीय अभिजीत कुमार और 13 वर्षीय प्रियांशु कुमार के रूप में हुई है।
बुधवार की सुबह दोनों भाई अपने घर के पास ही स्थित खेतों में चल रही धान की रोपनी देखने के लिए निकले थे। इसी दौरान छोटा भाई प्रियांशु आहर के किनारे नहाने के उद्देश्य से चला गया। नहाते समय अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जाकर डूबने लगा।
विधानसभा में हंगामा, स्पीकर बोले- यह युद्ध का मैदान नहीं
Bihar Monsoon Session: बिहार विधानसभा के मानसून सत्र की कार्यवाही आज चौथे दिन शुरू होते ही हंगामे की भेंट चढ़ गई। विपक्षी सदस्य अपने अपने स्थान पर खड़ा होकर हंगामा करने लगे। विपक्षी सदस्य कल पटना में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए लाठीचार्ज का विरोध कर रहे थे। उनके हाथ में तरह-तरह के पोस्टर भी थे जिसके जरिए सरकार से नीट पेपर लीक और लाठीचार्ज को लेकर जवाब मांगा जा रहा था। इस दौरान वे लीठी गोली की सरकार नहीं चलेगी और छात्रों पर अत्याचार बंद करो जैसे नारे भी लगा रहे थे।


