Bihar Top News Today 23 may 2026: बिहार (BIHAR) में आज 23 मई को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…
तेजस्वी का जनता कर चुकी है ‘पॉलिटिकल एनकाउंटर’
पटना। शहर में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के आरोपों पर तीखा हमला बोला है। जदयू के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता नीरज कुमार सहित अन्य नेताओं ने स्पष्ट किया कि पुलिस एनकाउंटर को जाति से जोड़ना न केवल भ्रामक है, बल्कि यह तेजस्वी की गिरती राजनीतिक जमीन को बचाने की एक हताश कोशिश है। जदयू नेताओं ने कहा कि 2019 से लेकर 2025 तक के विभिन्न चुनावों में बिहार की जनता ने तेजस्वी यादव को स्पष्ट रूप से नकार दिया है। पार्टी का मानना है कि जिसे जनता ‘पॉलिटिकल एनकाउंटर’ कर चुकी है, वे अब समाज को जाति के आधार पर बांटकर अपनी राजनीति चमकाना चाहते हैं।
ताला तोड़कर PU में घुसे छात्र
पटना। PU परिसर आज उस समय रणक्षेत्र में तब्दील हो गया, जब सीनेट की वार्षिक बैठक के दौरान ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) के नेतृत्व में छात्र उग्र हो गए। पुलिस द्वारा कैंपस का गेट बंद कर छात्रों को बाहर रखने के प्रयासों को विफल करते हुए, आक्रोशित विद्यार्थियों ने गेट का ताला तोड़ दिया और परिसर के अंदर प्रवेश कर लिया। जयप्रकाश नारायण सभागार में चल रही बैठक के दौरान छात्र जमकर नारेबाजी करते रहे। प्रदर्शनकारी छात्रों का मुख्य आक्रोश विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा की जा रही ‘पुलिसिया कार्रवाई’ और फीस वृद्धि को लेकर था। छात्रा सबा आफरीन ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि छात्र केवल अपने कुलपति (VC) से मिलकर अपनी समस्याएं रखना चाहते थे, लेकिन उन्हें अपनी ही यूनिवर्सिटी में घुसने से रोका गया। छात्रों ने आरोप लगाया कि आए दिन रात के समय पुलिस कैंपस में घुसकर छात्रों के साथ मारपीट करती है और उन्हें डराने-धमकाने का काम करती है। उनकी मांग है कि शैक्षणिक बजट में छात्रों के हितों के लिए आवंटन बढ़ाया जाए और पुलिसिया दमन पर तत्काल रोक लगे।
सीएम बोले- AI अब हरे गमछे वाले को भी पहचान लेगा
पटना। बिहार की राजधानी पटना में आयोजित एक महत्वपूर्ण एआई (Artificial Intelligence) समिट के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का संबोधन इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का केंद्र बना हुआ है। इस समिट में उन्होंने भविष्य की तकनीकों और अपराध नियंत्रण में उनकी भूमिका पर अपने विचार साझा किए। समिट को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए तकनीक का उपयोग अनिवार्य है। उन्होंने जोर देकर कहा कि यदि सीसीटीवी कैमरों को एआई तकनीक से लैस कर दिया जाए, तो अपराधियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी बेहद आसान हो जाएगी। उन्होंने तकनीक की सटीकता पर बात करते हुए कहा कि आधुनिक कैमरे पल भर में संदिग्धों को ट्रैक करने में सक्षम होंगे।
भोजपुर में डेढ़ फीट जमीन के लिए डबल मर्डर
आरा। भोजपुर जिले के चरपोखरी थाना क्षेत्र अंतर्गत मदई गांव में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां महज डेढ़ फीट जमीन के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। इस हिंसक झड़प में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक महिला समेत 12 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। मामूली विवाद का यह अंत इतना वीभत्स होगा, इसका अंदाजा किसी को नहीं था। जानकारी के अनुसार, मदई गांव में पिछले एक साल से दो पक्षों के बीच डेढ़ फीट जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। एक पक्ष का आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोग जबरन उनकी पुरानी बनी दीवार को गिराने का दबाव बना रहे थे। विवाद इतना बढ़ा कि मामला स्थानीय थाने तक पहुंचा, लेकिन समाधान नहीं निकला।
शुक्रवार देर शाम जब स्थिति फिर से बिगड़ी, तो देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए। लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से लैस हमलावरों ने जमकर तांडव मचाया। इस हमले में राधेश्याम सिंह (30) और राजनाथ सिंह (72) की जान चली गई। मृतकों के सिर, सीने और गर्दन पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं, जो हमले की भयावहता को दर्शाते हैं।
भाई के साथ मिलकर पति का मर्डर, लाश दफनाई
जमुई। जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र के काला गांव में एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है। यहां एक युवक की उसी के ससुराल वालों ने निर्मम हत्या कर दी। मृतक की पहचान झारखंड के देवघर जिले के सुगापरी गांव निवासी जितेंद्र पंडित के रूप में हुई है। हत्या के बाद शव को घर के पीछे 3 फीट गड्ढा खोदकर दफना दिया गया था। मृतक जितेंद्र करीब 10 साल से अपने ससुराल में ‘घर जमाई’ बनकर रह रहा था। स्थानीय लोगों और परिजनों के अनुसार, जितेंद्र का अपनी सास के साथ अवैध संबंध था। आरोप है कि वह अपनी बड़ी साली के साथ भी संबंध बनाने का दबाव डालता था, जिसका विरोध करने पर वह घर में अक्सर मारपीट करता था। पत्नी के अनुसार, जितेंद्र शराब का आदी हो चुका था और काम पर जाने में भी आना-कानी करने लगा था, जिससे घर में तनाव का माहौल था।
बिहार में पेट्रोल 87 और डीजल 91 पैसे महंगा
पटना। बिहार के निवासियों के लिए महंगाई का दोहरा झटका लगा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आए उछाल का सीधा असर अब आम आदमी की जेब पर पड़ रहा है। राज्य में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी के बाद, अब सुधा ब्रांड के दूध और अन्य डेयरी उत्पादों के दाम भी बढ़ा दिए गए हैं। पिछले 10 दिनों में यह तीसरी बार है जब ईंधन के दाम बढ़ाए गए हैं। ताजा बदलाव के बाद पटना में पेट्रोल की कीमत 111.11 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत 97.14 रुपये प्रति लीटर हो गई है। पेट्रोल में 87 पैसे और डीजल में 91 पैसे की बढ़ोतरी की गई है। जानकारों का मानना है कि यदि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतें (जो अब 100 डॉलर प्रति बैरल के पार हैं) कम नहीं हुईं, तो भविष्य में और भी इजाफा संभव है।
TRE 4 पर सरकार का बड़ा निर्णय
पटना। बिहार में शिक्षक भर्ती परीक्षा (TRE 4) की प्रतीक्षा कर रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए एक अपडेट सामने आया है। राज्य में शिक्षक बहाली प्रक्रिया को गति देने और शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से बिहार सरकार ने एक बड़ा निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शिक्षा मंत्री के साथ उच्च-स्तरीय बैठक के बाद स्पष्ट किया है कि शिक्षक भर्ती को लेकर प्रक्रिया अब तेज कर दी गई है। अभ्यर्थियों के लंबे संघर्ष और मांग को देखते हुए सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि शिक्षक बहाली का विज्ञापन आगामी जुलाई महीने में जारी कर दिया जाएगा। सरकार का मुख्य लक्ष्य TRE 4 के माध्यम से रिक्त पड़े पदों को चरणबद्ध तरीके से भरना है। पहले इस चरण में 46,000 शिक्षकों की नियुक्ति की योजना बनाई गई थी, जिसे अब और अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से पूरा करने की तैयारी है।
उदय सिंह ने सक्रिय राजनीति से लिया एक साल का ब्रेक
पटना। बिहार की राजनीति में एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। जन सुराज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व सांसद उदय सिंह (उर्फ पप्पू सिंह) ने सक्रिय राजनीति से एक वर्ष का विराम लेने की घोषणा की है। इस निर्णय से पार्टी के भीतर और राज्य के राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। उदय सिंह ने स्पष्ट किया है कि वे राजनीति से पूरी तरह संन्यास नहीं ले रहे हैं, बल्कि निजी कारणों से उन्होंने खुद को एक वर्ष के लिए सक्रिय राजनीति से दूर रखने का फैसला किया है। उन्होंने अपने समर्थकों और शुभचिंतकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके जीवन में कुछ ऐसे जरूरी मसले हैं, जिन पर उन्हें अपना पूर्ण ध्यान केंद्रित करना आवश्यक है। उन्होंने आश्वस्त किया है कि इस दौरान वे लोगों के लिए व्यक्तिगत रूप से उपलब्ध रहेंगे।
छात्रों के लिए निःशुल्क बस सेवा
पटना। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने नीट (NEET) की आगामी परीक्षा में शामिल होने वाले लाखों छात्र-छात्राओं के लिए एक महत्वपूर्ण और सराहनीय निर्णय की घोषणा की है। इस फैसले के तहत, परीक्षा में सम्मिलित होने वाले सभी परीक्षार्थियों के लिए बिहार राज्य की सभी सरकारी बसों में आवागमन पूरी तरह से निःशुल्क रहेगा। यह पहल उन छात्रों के लिए एक बड़ी राहत है जो दूर-दराज के इलाकों से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने के लिए लंबी यात्रा तय करते हैं।
अधिकारियों का हाई-वोल्टेज ड्रामा
पटना। शहर के विश्वेश्वरैया भवन स्थित बिहार राज्य योजना परिषद के कार्यालय में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब दो उच्चाधिकारी आपस में बुरी तरह उलझ गए। कार्यालय में अनुशासन की धज्जियां उड़ाते हुए दोनों अधिकारियों के बीच गाली-गलौज और मारपीट की धमकी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह विवाद सेक्शन ऑफिसर रवि रंजन कुमार और अवर सचिव राजीव श्रीवास्तव के बीच शुरू हुआ। सूत्रों के अनुसार, विवाद की जड़ एक पत्र था। अवर सचिव राजीव श्रीवास्तव ने ट्रेनिंग से संबंधित एक पत्र रिकॉर्ड में दर्ज करने के लिए रवि रंजन को सौंपा था, लेकिन रवि रंजन ने उसे लेने से इनकार कर दिया। देखते ही देखते यह प्रशासनिक कार्य का मामला व्यक्तिगत तनातनी में बदल गया और दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई।

