Bihar Top News Today 24 april 2026: बिहार (BIHAR) में आज 24 अप्रैल को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…

फ्लोर टेस्ट में पास सम्राट सरकार

पटना। बिहार की राजनीति में एक नया अध्याय शुरू हो गया है। सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार ने विधानसभा में ध्वनिमत से बहुमत (फ्लोर टेस्ट) हासिल कर लिया है। स्पीकर प्रेम कुमार ने विश्वास मत जीतने पर नई सरकार को आधिकारिक बधाई दी। हालांकि, बहुमत साबित करने से पहले सदन में तीखी नोकझोंक देखने को मिली। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने तेजस्वी यादव के आरोपों का कड़ा जवाब देते हुए साफ किया कि राजनीति में सेवा का अधिकार जनता तय करती है, कोई परिवार नहीं।

सारण में 43°C पारा, बक्सर में लू वार्ड बनाए गए

पटना। बिहार के कई जिलों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार जा चुका है। मौसम विभाग ने आज राज्य के 6 जिलों में लू का यलो अलर्ट जारी किया है। सारण जिला वर्तमान में सबसे गर्म इलाकों में शुष्क है, जहां तापमान 43°C तक पहुंच गया है। चिलचिलाती धूप और गर्म पछुआ हवाओं ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। ​बढ़ती गर्मी और हीट स्ट्रोक के खतरों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। बक्सर और सासाराम (रोहतास) के सामुदायिक अस्पतालों में विशेष लू वार्ड बनाए गए हैं। इन वार्डों में कूलर, ठंडे पानी और आवश्यक दवाओं का इंतजाम किया गया है ताकि लू की चपेट में आने वाले मरीजों का तत्काल इलाज किया जा सके। प्रशासन ने लोगों को दोपहर के समय घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी है।

दूल्हे का शादी से इनकार, शादी बनी विवाद

भागलपुर। सोशल मीडिया पर शुरू हुई एक प्रेम कहानी का अंत भागलपुर के बूढ़ानाथ मंदिर में भारी हंगामे के साथ हुआ। इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती जब शादी के मंडप तक पहुंची, तो दूल्हे ने ऐन वक्त पर शादी से इनकार कर दिया। साढ़े तीन घंटे तक लड़की वालों को इंतजार कराने के बाद पहुंचे दूल्हे ने जो वजह बताई, उसे सुनकर हर कोई हैरान रह गया। मामला अब जोगसर थाने तक पहुंच गया है। ​जब मंदिर प्रशासन ने शादी की औपचारिकताएं पूरी करने के लिए आधार कार्ड मांगा, तो शिवम ने देने से मना कर दिया। उसने अचानक सबके सामने कहा, “मैं ब्राह्मण हूं और लड़की पासवान समाज से है, इसलिए मैं यह शादी नहीं कर सकता। मुझसे गलती हुई है, मुझे माफ कर दो।” लड़की वालों का आरोप है कि लड़के ने शादी के नाम पर उनसे 30 हजार रुपये की मांग भी की थी।

दरभंगा में दो समुदायों के बीच हिंसक झड़प

दरभंगा। जिले के बिरौल थाना क्षेत्र के मकसुदनपुर गांव में गुरुवार देर रात दो समुदायों के बीच अचानक हिंसक झड़प हो गई। मामूली विवाद ने देखते ही देखते उग्र रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच जमकर रोड़ेबाजी हुई। इस घटना में चार से पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कई अन्य को भी चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन सक्रिय हो गया। एसडीपीओ बिरौल प्रभाकर तिवारी और एसडीएम बिरौल शशांक राज भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। इलाके में फिलहाल शांति है, लेकिन तनाव बना हुआ है। एहतियातन गांव में 6 थानों की अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।

पटना में पुल से कूदी युवती

पटना। बिहार की राजधानी के पिरबहोर थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाला वाकया सामने आया, जहां अशोक राजपथ स्थित नवनिर्मित डबल डेकर पुल से एक 24 वर्षीय युवती ने खुदकुशी की कोशिश की। युवती की पहचान शिवहर जिले के तरियानी निवासी ज्ञानति कुमारी के रूप में हुई है। गनीमत यह रही कि नीचे मौजूद स्थानीय लोगों की सूझबूझ और तत्परता ने उसे मौत के मुंह से बाहर निकाल लिया। ​प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अशोक राजपथ के 55 फीट ऊंचे डबल डेकर पुल की रेलिंग पर युवती काफी देर तक बैठी रही। वह नीचे की ओर देख रही थी, जिसे देख भारी भीड़ जमा हो गई। लोग उसे समझाने और नीचे उतरने के लिए कहते रहे। अचानक भीड़ में किसी को देखकर युवती घबरा गई और उसने सीधे पुल के नीचे छलांग लगा दी। ​जैसे ही युवती नीचे गिरी, पुल के नीचे मौजूद जांबाज लोगों ने उसे जमीन पर टकराने से पहले ही हवा में कैच कर लिया। इस सूझबूझ भरी कोशिश के कारण ज्ञानति की जान बच गई, हालांकि उसे कुछ चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया।

संगठन मजबूत होगा तो राजद का समय आएगा

पटना। पंचायती राज दिवस के अवसर पर राजद (RJD) कार्यालय के कर्पूरी सभागार में आयोजित अभिनंदन समारोह में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कार्यकर्ताओं में नया जोश भरा। भीषण गर्मी के बावजूद जुटी भारी भीड़ को संबोधित करते हुए तेजस्वी ने साफ किया कि आगामी चुनौतियों से निपटने के लिए पंचायत स्तर पर संगठन को सशक्त बनाना ही एकमात्र विकल्प है। ​तेजस्वी यादव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी की असली ताकत उसके कार्यकर्ता और जमीनी संगठन में निहित है। उन्होंने अपील की कि सभी एकजुट होकर कार्य करें, क्योंकि जिस दिन राजद पूरी तरह गोलबंद हो जाएगी, उस दिन सत्ता परिवर्तन सुनिश्चित है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि जब संगठन मजबूत होगा, तभी हमारा समय आएगा।

जमुई में एंबुलेंस का तेल खत्म, बुजुर्ग की मौत

जमुई। जिले से स्वास्थ्य विभाग की संवेदनहीनता और बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। यहां एक 80 वर्षीय बुजुर्ग की जान सिर्फ इसलिए चली गई क्योंकि उन्हें अस्पताल ले जा रही एंबुलेंस का ईंधन रास्ते में ही खत्म हो गया। दो घंटे तक मरीज बीच सड़क पर जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ता रहा, लेकिन सिस्टम की सुस्ती ने उनकी सांसें तोड़ दीं। ​झाझा प्रखंड के बाबूबांक निवासी धीरज रविदास को गुरुवार सुबह सिर में तेज दर्द की शिकायत हुई। परिजनों ने उन्हें तुरंत झाझा अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें सुबह 9 बजे सदर अस्पताल जमुई भेज दिया गया। दोपहर करीब 12:15 बजे डॉक्टरों ने उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया।

पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने किया पथराव

मोतिहारी। पूर्वी चंपारण के ढाका थाना क्षेत्र में भारतमाला प्रोजेक्ट के लिए अतिक्रमण हटाने गए पुलिसकर्मियों पर ग्रामीणों द्वारा पथराव करके खदेड़ने का वीडियो सामने आया है। इस दौरान ग्रामीणों ने एक पुलिसकर्मी को बंधक बना लिया और उसकी जमकर पिटाई भी की, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है। इस घटना में सबसे दिलचस्प पहलू यह है कि इस मामले में पुलिस ने 9 लोगों को गिरफ्तार किया। लेकिन सभी को PR बॉन्ड भरवाकर छोड़ दिया, जो इलाके में चर्चा का बिषय बना हुआ है। मिली जानकारी के अनुसार भारतमाला एक्सप्रेस रोड ढाका थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों से गुजर रहा है, जिसको लेकर काम काफी तेजी से चल रहा है। इस बीच ढाका के करमावा गांव के पास रोड निर्माण कार्य को लेकर पुलिस अतिक्रमण हटाने गई थी, जहां भारतमाला प्रोजेक्ट से जड़े कर्मी अतिक्रमण हटाने में जुटे थे। उसी दौरान ग्रामीण आक्रोशित हो गए और पुलिसकर्मियों पर पथराव कर दिया।

लड़की से ऑर्केस्ट्रा में काम के बहाने रेप की कोशिश

बेगूसराय। शहर में ऑर्केस्ट्रा में काम दिलाने के बहाने लड़कियों को बुलाकर उनसे जबरन देह व्यापार कराने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। इस पूरे मामले का खुलासा हरियाणा के सोनीपत की रहने वाली 25 वर्षीय सोनल (काल्पनिक नाम) की जांबाजी की वजह से हुआ। पुलिस ने मौके से मुख्य आरोपी अमरजीत और उसकी महिला सहयोगी संगीता को गिरफ्तार कर लिया है। ​हाल ही में संगीता ने सोनल को बेगूसराय के नावकोठी में एक मुंडन समारोह में डांस के लिए बुलाया। प्रोग्राम खत्म होने के बाद जब सोनल ने अपने मेहनताने की मांग की, तो उसे पैसे देने के बहाने नागदह स्थित एक किराए के मकान में ले जाया गया। वहां अमरजीत नामक शख्स ने उसे धमकी देते हुए कहा कि अगर ज्यादा पैसे चाहिए, तो देह व्यापार करना होगा। ​सोनल ने जब इस अनैतिक काम के लिए साफ मना कर दिया, तो अमरजीत ने उसके साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की।

पप्पू यादव ने मांगी माफी

पटना। बिहार की राजनीति में अपने बेबाक अंदाज के लिए जाने जाने वाले पूर्णिया सांसद पप्पू यादव अक्सर अपनी बयानबाजी को लेकर चर्चा में रहते हैं। हाल ही में राजनीति में महिलाओं की भागीदारी को लेकर दिए गए उनके एक बयान ने तूल पकड़ लिया, जिसके बाद चौतरफा दबाव और विवाद बढ़ता देख उन्होंने सार्वजनिक रूप से माफी मांग ली है।​सांसद पप्पू यादव ने एक कार्यक्रम के दौरान राजनीति और चुनावी मैदान में महिलाओं की सक्रियता पर टिप्पणी की थी। उनके बयान को कई महिला संगठनों और राजनीतिक विरोधियों ने ‘महिला विरोधी’ और अपमानजनक करार दिया। विवाद तब और गहरा गया जब सोशल मीडिया पर उनके बयान की क्लिप वायरल हुई और लोगों ने उनकी जमकर आलोचना शुरू कर दी।