Bihar Top News Today 24 july 2026: बिहार (BIHAR) में आज 24 जुलाई को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…

विधान परिषद के बाहर तराजू लेकर पहुंचे MLC वंशीधर

पटना। ​बिहार विधान परिषद की कार्यवाही से ठीक पहले सदन के बाहर का राजनीतिक माहौल उस वक्त पूरी तरह गरमा गया, जब विधान पार्षद (एमएलसी) वंशीधर बृजवासी ने एक बेहद अनोखे और तीखे अंदाज में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। हाथ में तराजू लेकर विधानसभा परिसर में पहुंचे एमएलसी ने इस बात का सांकेतिक विरोध जताया कि शिक्षकों और जनप्रतिनिधियों के अधिकारों और सुविधाओं के बीच किस हद तक भेदभाव किया जा रहा है। उनके इस प्रदर्शन ने एक बार फिर से राज्य के नियोजित और नियमित शिक्षकों के वेतन तथा पुरानी पेंशन योजना (OPS) के मुद्दों को सूबे की मुख्यधारा की राजनीति के केंद्र में ला खड़ा किया है।

शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग पर अड़े छात्र

जमुई। जिले में नीट (NEET) पेपर लीक मामले और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर छात्रों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। कचहरी चौक स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर प्रतिमा स्थल पर सैकड़ों की संख्या में छात्र-छात्राएं हाथों में तिरंगा, बैनर और पोस्टर लेकर शाम 4:00 बजे से शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रशासन द्वारा इस विरोध प्रदर्शन के लिए शाम 7:00 बजे तक की अनुमति दी गई थी। ​छात्रों के इस विरोध प्रदर्शन को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। सुरक्षा व्यवस्था को बनाए रखने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल और मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई थी।

पूर्वी चंपारण में डूबने से तीन की गई जान

मोतिहारी। पूर्वी चंपारण जिले से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। शुक्रवार को जिले के अलग-अलग इलाकों में हुई पानी में डूबने की तीन अलग-अलग घटनाओं ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। इन दर्दनाक हादसों में एक युवक, एक युवती और एक छोटे बच्चे की मौत हो गई, जिसके बाद से मृतकों के घरों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे जिले में मातम पसरा हुआ है।

पवन सिंह का रोड शो, उमड़ी भारी भीड़

पटना के राजनीतिक गलियारों में उस वक्त हलचल तेज हो गई जब भोजपुरी सिनेमा के ‘पावर स्टार’ और लोकप्रिय गायक-अभिनेता पवन सिंह ने बाकीपुर विधानसभा क्षेत्र में कदम रखा। यहां उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के उम्मीदवार के समर्थन में प्रचार किया, जिसे देखने और सुनने के लिए सड़कों पर भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। भीड़ इतनी अधिक थी कि कुछ समय के लिए स्थिति पूरी तरह से बेकाबू हो गई और स्थानीय प्रशासन को व्यवस्था संभालने में भारी मशक्कत करनी पड़ी।

मुजफ्फरपुर में 3 दिन के लिए इंटरनेट सेवाएं और सोशल मीडिया बैन

मुजफ्फरपुर। नीट पेपर लीक मामले को लेकर दिल्ली से शुरू हुआ छात्र आंदोलन अब बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में भी काफी तेज हो गया है। गुरुवार को सैकड़ों की संख्या में छात्र सड़कों पर उतरे और शहर में जोरदार आक्रोश मार्च निकाला। इस दौरान प्रदर्शन उग्र होने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाए जाने की घटनाओं के बाद जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपना लिया है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अफवाहों पर लगाम लगाने के लिए गृह विभाग की विशेष शाखा ने मुजफ्फरपुर के टाउन-1 और टाउन-2 पुलिस सब-डिवीजन क्षेत्रों में अगले तीन दिनों के लिए इंटरनेट और सोशल मीडिया सेवाओं को पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया है।

मृत्युंजय तिवारी ने थामा बीजेपी का दामन

पटना। बिहार की राजनीति में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) को एक बड़ा झटका लगा है। पार्टी के लंबे समय तक मजबूत ब्राह्मण चेहरा और मुखर प्रवक्ता रहे मृत्युंजय तिवारी ने आधिकारिक तौर पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सदस्यता ग्रहण कर ली है। पटना स्थित पार्टी कार्यालय में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने उन्हें पार्टी का पटका पहनाकर विधिवत रूप से शामिल कराया। बीजेपी में शामिल होते ही तिवारी ने आरजेडी नेतृत्व पर जमकर हमला बोला और पार्टी की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए।

जहानाबाद फायरिंग पर सदन में जोरदार हंगामा

पटना। बिहार विधानमंडल के मानसून सत्र का पांचवां और अंतिम दिन भारी हंगामे और तीखी नोकझोंक के नाम रहा। सत्र की शुरुआत से ही विपक्ष ने कानून-व्यवस्था और छात्रों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर सरकार को घेरने की कोशिश की, जिससे सदन का माहौल गरमा गया। ​विधानसभा की कार्यवाही शुरू होते ही राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के विधायक आलोक मेहता ने जहानाबाद में गुरुवार को हुए प्रदर्शन और कथित फायरिंग का गंभीर मुद्दा उठाया। उन्होंने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर गोलियां चलाई गईं और पुलिस ने बर्बरतापूर्ण लाठीचार्ज किया है।
​इस बयान पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) के विधायकों ने कड़ा एराज जताया और जोरदार विरोध शुरू कर दिया। भाजपा विधायकों का कहना था कि पुलिस पर जानलेवा हमला करने वाले लोग छात्र नहीं हो सकते, बल्कि प्रदर्शन की आड़ में गुंडागर्दी की गई है। इस पर सदन में निंदा प्रस्ताव लाने की मांग उठी। बढ़ते हंगामे के बीच विपक्षी विधायक वेल तक पहुंच गए, जिसके कारण सदन की कार्यवाही को पहले पांच मिनट के भीतर ही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित करना पड़ा।

शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का फूंका पुतला

मधुबनी। शहर में छात्र संघर्ष समिति के बैनर तले आज आरके कॉलेज के मुख्य गेट पर केंद्र सरकार और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के बाद शिक्षा मंत्री का पुतला दहन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता छात्र संघर्ष समिति के अध्यक्ष संतोष यादव ने की, जबकि इसका नेतृत्व राहुल पासवान, मणि शंकर यादव, मुकेश कुमार और विजय कुमार यादव ने संयुक्त रूप से किया। ​सभा को संबोधित करते हुए छात्र संघर्ष समिति के अध्यक्ष संतोष यादव ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि नीट पेपर लीक के विरोध में दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्र महीनों से शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे हैं।

नाबालिग से शादी का झांसा देकर रेप

दरभंगा। मामला एक छोटे से इलाके का है, जहां पीड़िता और आरोपी संतोष कुमार शर्मा के घर आमने-सामने हैं। आर्थिक तंगी के चलते नाबालिग आरोपी के घर घरेलू काम करने जाती थी। इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने उसे शादी का झांसा दिया और उसके नाम पर आए तीन रिश्ते भी तुड़वा दिए। विरोध करने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी। ​पीड़िता के मुताबिक, साल 2024 और 2025 में वह दो बार गर्भवती हुई, लेकिन आरोपी ने धोखे से उसका गर्भपात करा दिया। अब वह तीसरी बार तीन महीने की गर्भवती है। जब उसने इस बार शादी के लिए दबाव बनाया, तो आरोपी साफ मुकर गया और कहने लगा कि जो करना है कर लो, वह शादी नहीं करेगा। आरोपी अब किसी अन्य युवती से शादी करने की फिराक में है।

लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर व्यवसायी से मांगी रंगदारी

मुजफ्फरपुर। जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है जहां कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर एक स्थानीय कारोबारी से 50 लाख रुपए की भारी-भरकम रंगदारी मांगी गई है। पैसा न देने पर पूरे परिवार को जान से खत्म करने की धमकी दी गई है, जिसके बाद से पीड़ित कारोबारी और उनका पूरा परिवार गहरे सदमे और दहशत के माहौल में जी रहा है। इस पूरी घटना के सामने आने के बाद इलाके के व्यापारियों में भी असुरक्षा की भावना पैदा हो गई है। ​व्हाट्सएप मैसेज के जरिए दी गई.