Bihar Top News Today 25 may 2026: बिहार (BIHAR) में आज 25 मई को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…

भोजपुरी गाने पर अक्षरा के साथ थिरके अक्षय

पटना। बॉलीवुड के ‘खिलाड़ी’ अक्षय कुमार और भोजपुरी सिनेमा की सुपरस्टार अक्षरा सिंह का बहुप्रतीक्षित गाना आखिरकार रिलीज हो गया है। फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ के इस गाने में दोनों सितारों की जुगलबंदी दर्शकों को खूब भा रही है। इस गाने में अक्षय कुमार का देसी अंदाज और अक्षरा सिंह का जलवा एक नई ऊर्जा पैदा कर रहा है। ​गाने की सबसे बड़ी खासियत इसका बेहद अनूठा फिल्मांकन है। शूटिंग के लिए एक देहाती परिवेश को चुना गया है, जिसमें अक्षय कुमार पूरी तरह से भोजपुरी रंग में रंगे नजर आ रहे हैं। इस गाने के बोल हैं ‘घिस-घिस’। खास बात यह है कि गाने को साबुन के साथ फिल्माया गया है, जो दर्शकों को काफी मजेदार लग रहा है। गाने के डबल मीनिंग बोल और उस पर अक्षय-अक्षरा के ठुमके सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।

MP-MLA कोर्ट ने अनंत की गिरफ्तारी पर रोक लगाई

गोपालगंज। मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह को गोपालगंज व्यवहार न्यायालय से एक बड़ी राहत मिली है। अदालत ने मामले की अगली सुनवाई तक विधायक की गिरफ्तारी पर फिलहाल रोक लगा दी है। इस मामले में अब अगली सुनवाई आगामी 29 मई को मुकर्रर की गई है। कोर्ट के इस फैसले से अनंत सिंह और उनके समर्थकों को बड़ी राहत मिली है। ​यह पूरा विवाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल होने के बाद शुरू हुआ था। बीते 2 मई को गोपालगंज जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत सेमराव गांव का एक वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर तेजी से प्रसारित हुआ। इस वायरल वीडियो में सरेआम हथियारों का प्रदर्शन किया जा रहा था और साथ ही अश्लील गानों पर अभद्र व्यवहार किया जा रहा था।
​वीडियो के सामने आने के बाद स्थानीय पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया। मामले की गंभीरता और कानून-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए, मीरगंज पुलिस ने इस कृत्य का स्वतः संज्ञान लिया। इसके बाद स्थानीय थाने में संबंधित धाराओं के तहत एक प्राथमिकी दर्ज की गई, जिसमें मोकामा विधायक अनंत सिंह को भी नामजद आरोपी बनाया गया।

दाम बढ़ाना मजबूरी- डिप्टी CM विजय चौधरी

पटना। मंहगाई की मार झेल रही जनता को आज सोमवार (25 मई) की सुबह-सुबह एक और बड़ा झटका लगा है। दरअसल तेल कंपनियों ने पेट्रोल के दाम में 2.61 रुपये प्रति लीटर और डीजल में 2.71 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। सबसे बड़ी बात यह है कि पिछले 10 दिनों के अंदर पेट्रोल-डीजल की कीमतों में ये चौथी बार बढ़ोतरी हुई है।
राजधानी पटना में आज 25 मई की सुबह पेट्रोल की कीमत बढ़कर 113 रुपये 37 पैसे प्रति लीटर तक पहुंच गई, जबकि डीजल 99 रुपये 36 पैसे प्रति लीटर पर बिक रहा है। वहीं प्रीमियम फ्यूल XP95 की कीमत 122 रुपये 25 पैसे प्रति लीटर हो गई है।

CNG एवं पिंक बस सेवा की शुरुआत

पटना। बिहार विधान सभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने आज सोमवार (25 मई) को बिहार विधान मंडल कर्मचारियों के लिए इलेक्ट्रिक, सीएनजी एवं पिंक बस सेवा की शुरुआत की। पीएम मोदी के ईंधन बचाओ अपील को ध्यान में रखते हुए बिहार सरकार ने यह बड़ा कदम उठाया है। प्रेम कुमार ने हरी झंडी दिखाकर विधानसभा परिसर से सीएनजी एवं पिंक बस सेवा की शुरुआत की। इस मौके पर बिहार विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने कहा कि, युद्ध से उत्पन्न वर्तमान वैश्विक ऊर्जा संकट को देखते हुए प्रधानमंत्री मोदी द्वारा पेट्रोल-डीजल की खपत को घटाने तथा सार्वजनिक वाहनों के उपयोग को बढ़ावा देने के आह्वान के मद्देनजर बिहार विधानसभा में कार्यरत पदाधिकारियों और कर्मचारियों के कार्यालय आवागमन हेतु पिंक और ग्रीन बसों का परिचालन आज से शुरु किया जा रहा है। हमें उम्मीद है कि इस व्यवस्था से कर्मचारियों को लाभ मिलेगा।

झाड़ू लगाने के दौरान करंट लगने से विवाहिता की मौत

गोपालगंज। जिले के भोरे थाना क्षेत्र के पंडितहा गांव से एक हृदय विदारक घटना सामने आई है, जहां आज सोमवार की सुबह घर में साफ-सफाई करने के दौरान बिजली का करंट लगने से एक 27 वर्षीय विवाहिता की दर्दनाक मौत हो गई। मृत महिला की पहचान पंडितहा गांव निवासी पप्पू राम की पत्नी सुनीता देवी के रूप में की गई है। इस असमय मौत के बाद मृतका के परिजनों में चीख-पुकार मच गई है और पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। ​प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार की सुबह अन्य दिनों की तरह सुनीता देवी अपने घर के कामकाज में जुटी हुई थी। वह घर के एक हिस्से में झाड़ू लगा रही थी। इसी दौरान घर में पहले से टूटकर गिरे एक बिजली प्रवाहित तार पर उसका ध्यान नहीं गया और वह अनजाने में उस नंगे तार की चपेट में आ गई। तार में तेज करंट प्रवाहित हो रहा था, जिसने सुनीता को बुरी तरह जकड़ लिया।

पूर्व सांसद के आवास पर पुलिस और ड्रग विभाग की छापेमारी

Bihar News: बिहार के गयाजी जिले से एक बड़ी खबर निकलकर सामने आई है, जहां ड्रग विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने पूर्व सांसद और पूर्व विधायक रंजीत सिंह के आवासीय परिसर में छापेमारी की है। मिली जानकारी के अनुसार कल देर शाम से लेकर आज सोमवार की सुबह तक यह छापेमारी की गई है, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। बता दें कि यह छापेमारी कोतवाली थाना क्षेत्र के पीपरपाती मोहल्ले में हुई है। ड्रग विभाग, कोतवाली थाना पुलिस और अन्य विभागीय अधिकारियों की टीम भारी सुरक्षा के साथ छापेमारी करने के लिए पहुंची हुई थी। कार्रवाई के दौरान टीम ने परिसर को चारों ओर से घेर लिया। इसके बाद ड्रग विभाग के अधिकारी और पुलिस अधिकारियों ने अंदर मौजूद कई कमरों, स्टोर रूम तथा गोदामनुमा हिस्सों की गहन तलाशी ली। छापेमारी के दौरान परिसर में किसी के भी आने-जाने पर रोक लगा दी गई थी।

घूसखोर क्लर्क गिरफ्तार

बेगूसराय। भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत निगरानी अन्वेषण ब्यूरो (विजिलेंस) की टीम ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई की। बेगूसराय स्थित सहायक नियंत्रक मापतौल कार्यालय में तैनात लिपिक (क्लर्क) पुष्कर कुमार को 5000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथों गिरफ्तार किया गया। आरोपी क्लर्क लाइसेंस रिन्यूअल के एवज में पीड़ित व्यवसायी से अवैध वसूली कर रहा था। ​मामले का खुलासा करते हुए निगरानी विभाग के डीएसपी पवन कुमार ने बताया कि हेमरा निवासी व्यवसायी उमेश साह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्हें अपने किराना स्टोर के बटखारा (वजन मानक) लाइसेंस का नवीनीकरण कराना था। इस काम के बदले लिपिक पुष्कर कुमार ने उनसे 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। क्लर्क ने धमकी दी थी कि यदि रकम नहीं दी गई, तो न केवल लाइसेंस रद्द कर दिया जाएगा, बल्कि दुकान भी बंद करवा दी जाएगी। आरोपी ने डरा-धमका कर पहले ही पीड़ित से 5000 रुपये ऐंठ लिए थे और शेष राशि के लिए दबाव बना रहा था।

HDFC बैंक के बाहर कैश वैन लूटने की कोशिश

पटना: राजधानी के व्यस्तम इलाकों में शुमार कदमकुआं थाना क्षेत्र के वैशाली गोलंबर के पास उस वक्त हड़कंप मच गया, जब दिनदहाड़े HDFC बैंक के बाहर कैश वैन को लूटने का प्रयास किया गया। स्थानीय लोगों और सुरक्षाकर्मियों की सतर्कता के कारण एक शातिर अपराधी को हथियार के साथ रंगे हाथों पकड़ लिया गया, जबकि उसके दो साथी मौके से फरार होने में सफल रहे। ​पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने हैरान करने वाले खुलासे किए हैं। उसने बताया कि गिरोह ने इस वारदात के लिए दोपहर का समय चुना था। उनकी योजना के मुताबिक, दोपहर में चिलचिलाती धूप के कारण सड़कों पर आवाजाही कम रहती है, जिससे लूट के बाद भागने में काफी आसानी होती है। आरोपी ने स्वीकार किया कि वे पूरी प्लानिंग के साथ बैंक पर पहुंचे थे।

पटना में आग का तांडव, जान बचाने के लिए घरों और हॉस्टलों से भागे लोग

​पटना। राजधानी के पीरबहोर थाना अंतर्गत मखनियाकुआं इलाके में सोमवार की सुबह शॉर्ट-सर्किट के कारण एक बिजली के पोल में भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि उसने देखते ही देखते बगल में खड़ी दो मोटरसाइकिल को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वे पूरी तरह जलकर राख हो गईं। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और एहतियात के तौर पर आसपास के हॉस्टलों और घरों को खाली कराना पड़ा। ​प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह के समय बिजली के तारों के आपस में टकराने से अचानक जोरदार चिंगारी निकली। देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरे पोल को घेर लिया। मुरादपुर मस्जिद के मौलाना अबरार अहमद सुबहानी ने बताया कि वे उसी समय वहां से गुजर रहे थे, जब उन्होंने चिंगारी निकलते और आग फैलते देखा। आग की तपिश इतनी तेज थी कि पास में पार्क की गई दो बाइकें भी इसकी भेंट चढ़ गईं।
​आग की लपटों को देख हॉस्टल में रह रहे छात्रों और स्थानीय निवासियों में अफरा-तफरी मच गई। लोग अपनी जान बचाने और घरों से कीमती सामान बाहर निकालने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

वैशाली की तपन से बेहाल जनता, शुरू किया महायज्ञ

वैशाली। जिले में इन दिनों भीषण गर्मी और लू ने जनजीवन को पूरी तरह से अस्त-व्यस्त कर दिया है। गर्मी की तपिश और बारिश न होने से परेशान होकर भगवानपुर प्रखंड के रतनपुरा गांव के ग्रामीणों ने अब ईश्वर की शरण ली है। क्षेत्र में अच्छी बारिश और भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए समाजसेवी केदार प्रसाद यादव की पहल पर एक विशेष हवन-यज्ञ का अनुष्ठान शुरू किया गया है। ग्रामीणों का अटूट विश्वास है कि विधि-विधान से की गई यह पूजा इंद्रदेव को प्रसन्न करेगी और जल्द ही क्षेत्र में वर्षा के आसार बनेंगे।