Bihar Top News Today 26 august 2026: बिहार (BIHAR) में आज 26 अगस्त को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…

भागलपुर में 21 मजदूरों से भरी नाव पलटी

भागलपुर। जिले के नवगछिया जिला पुलिस अंतर्गत बिहार सरकार के मंत्री इंजीनियर शैलेंद्र के विधानसभा क्षेत्र राघोपुर में तटबंध के फ्लड फाइटिंग में लगे मजदूरों की नाव अचानक डूब गई। नाव पर 22 मजदूर सवार थे, जिनमें से 21 मजदूरों को एसडीआरएफ की टीम ने फौरन बाहर निकाल लिया, जबकि एक मजदूर अभी भी लापता है। घटना से जुड़ा वीडियो भी सामने आया है, जिसमें मजदूर फ्लड फाइटिंग के काम में लगे हुए दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान अचानक नाव पलट गई। मजदूरों ने पानी में कूदकर अपनी जान बचाई। आनन-फानन में 21 मजदूर किसी तरह तैरते हुए बाहर निकले, जिन्हें एसडीआरएफ की टीम ने तेज धार से सुरक्षित बाहर निकाला। वहीं, एक मजदूर अभी भी लापता है, जिसकी तलाश में एसडीआरएफ की टीम जुटी हुई है।

नेपाल में बाढ़ से तबाही, बिहार में हाईअलर्ट

पटना। चीन के तिब्बत क्षेत्र से अचानक आई विनाशकारी बाढ़ ने पड़ोसी देश नेपाल के रसुवा जिले में भारी तबाही मचाई है। भोटेकोशी नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से टिमुरे और स्याब्रुबेसी इलाके के कई रिहायशी मकान, स्थानीय बाजार और संपत्तियों को भारी नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा, त्रिशूल नदी में हुए खतरनाक भूस्खलन के कारण स्थिति और अधिक विकट हो गई है। इस आपदा में कई लोगों के बहने की आशंका जताई जा रही है, जबकि कई गांव और महत्वपूर्ण जलविद्युत परियोजनाएं बाढ़ की चपेट में आकर बह चुकी हैं। ​नेपाल में आई इस प्राकृतिक आपदा का सीधा असर भारत के बिहार राज्य पर पड़ रहा है, जिसे लेकर प्रशासनिक तंत्र पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। बगहा और आसपास के क्षेत्रों में गंडक नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने की संभावना है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तुरंत प्रभाव से हाई अलर्ट जारी कर दिया है और वाल्मीकिनगर बराज की सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा कर दिया गया है। संभावित खतरे को भांपते हुए गंडक बराज के सभी 36 फाटकों को पूरी तरह खोल दिया गया है ताकि पानी का बहाव बिना किसी रुकावट के निकल सके।

चिराग ने राजू तिवारी को प्रदेश अध्यक्ष से हटाया

चिराग पासवान की पार्टी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने आगामी विधानसभा चुनावों और संगठनात्मक मजबूती को ध्यान में रखते हुए देश के कई राज्यों में प्रदेश अध्यक्षों के नामों में बदलाव किया है। इस फेरबदल के तहत बिहार में बड़ा बदलाव करते हुए राजू तिवारी को प्रदेश अध्यक्ष के पद से हटा दिया गया है। उनकी जगह अब 26 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति के मालिक और बेगूसराय के कद्दावर नेता सुरेंद्र विवेक को बिहार प्रदेश की कमान सौंपी गई है। ​राजू तिवारी पिछले 5 वर्षों से अधिक समय से बिहार लोजपा (रामविलास) के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। अब उन्हें पार्टी का राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है। वहीं, नए प्रदेश अध्यक्ष बने सुरेंद्र विवेक भूमिहार समुदाय से आते हैं और बेगूसराय की साहेबपुर कमाल विधानसभा सीट से दो बार पार्टी के उम्मीदवार रह चुके हैं। क्षेत्र में उनकी पहचान एक सक्रिय सामाजिक कार्यकर्ता और मजबूत संगठनात्मक नेता के रूप में है। इससे पहले वे पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता, प्रदेश कोषाध्यक्ष और बिहार चुनाव अभियान के प्रमुख जैसे अहम दायित्व निभा चुके हैं।

शराब तस्करों ने की पुलिसकर्मियों को कुचलने की कोशिश

बक्सर। जिले के वीर कुंवर सिंह चेकपोस्ट पर शराब तस्करों ने पुलिसकर्मियों को कुचलने का प्रयास किया और महिंद्रा एक्सयूवी कार से बैरिकेडिंग उड़ा दी। हालांकि, पुलिस और उत्पाद विभाग की मुस्तैदी से बड़ा हादसा टल गया और तस्कर गाड़ी व शराब छोड़कर फरार हो गए। ​यह सनसनीखेज घटना 25 अगस्त की है, जिसका सीसीटीवी फुटेज अब सामने आया है। वीडियो में साफ दिखाई देता है कि चेकपोस्ट पर तैनात एक पुलिसकर्मी दौड़कर बैरिकेडिंग खींचने की कोशिश करता है, तभी तेज रफ्तार तस्करों की गाड़ी वहां पहुंचती है। तस्कर बैरिकेडिंग तोड़ते हुए आगे बढ़ते हैं और एक अन्य पुलिसकर्मी द्वारा हटाई जा रही दूसरी बैरिकेडिंग गाड़ी के नीचे फंस जाती है। तस्कर इस बैरिकेडिंग को करीब 100 मीटर तक सड़क पर घसीटते हुए ले जाते हैं।

बोचांहा से लापता तीनों छात्र सकुशल बरामद

मुजफ्फरपुर। बोचांहा स्थित इंड्रप्रस्थ इंटरनेशनल स्कूल से छुट्टी के बाद साइकिल से घर लौट रहे तीन छात्रों के अचानक लापता होने और फिर उनके सकुशल मिलने का मामला सामने आया है। इस घटना ने एक तरफ जहां कुछ घंटों के लिए अभिभावकों और विद्यालय प्रशासन की चिंता बढ़ा दी थी, वहीं दूसरी तरफ सभी के संयुक्त प्रयासों से बच्चों के सुरक्षित मिलने पर बड़ी राहत की सांस ली गई है। ​बुधवार को दोपहर लगभग 3:30 बजे विद्यालय प्रशासन को यह सूचना मिली कि छुट्टी के बाद साइकिल से रवाना हुए तीनों छात्र तय समय पर अपने घर नहीं पहुंचे। सूचना मिलते ही विद्यालय प्रबंधन ने मामले को अत्यंत गंभीरता से लिया और तत्काल प्रभाव से खोजबीन शुरू कर दी। बोचांहा थाना को तुरंत सूचित करने के साथ ही विद्यालय के शिक्षकों और कर्मचारियों की अलग-अलग टीमें बनाकर उनकी तलाश में झोंक दी गईं।

सड़कों पर दौड़ी पिंक स्कूटी

पटना। ​बिहार में महिला सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत तथा प्रभावी बनाने के लिए राज्य सरकार ने एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। रक्षाबंधन के अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने महिला पुलिस कर्मियों और ‘पुलिस दीदी’ (अभया ब्रिगेड) के बेड़े में आधुनिक वाहनों को शामिल करते हुए सड़कों पर ‘पिंक स्कूटी’ और बाइकों का शानदार फ्लैग ऑफ किया। सरकार के इस बड़े फैसले का उद्देश्य महिला पुलिस बल की गतिशीलता को बढ़ाना और समाज के हर कोने तक सुरक्षा व्यवस्था को चुस्त-दुरस्त करना है। ​राज्य के स्कूल-कॉलेजों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर छात्राओं व महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 4700 स्कूटी और मोटरसाइकिलें महिला पुलिस कर्मियों को सौंपी गई हैं। इन आधुनिक और पेट्रोल से लैस बाइकों के मिलने से अब ‘पुलिस दीदी’ किसी भी आपात स्थिति में तुरंत मौके पर पहुंच सकेंगी। पारंपरिक पुलिस गश्त की तुलना में इन दोपहिया वाहनों से तंग गलियों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में आवागमन बेहद आसान हो जाएगा।

सुपौल में कोसी का रौद्र रूप, पलायन को मजबूर ग्रामीण

सुपौल। बिहार की शोक नदी कहे जाने वाली कोसी नदी हर वर्ष तबाही की कहानी लिखती है l यूं तो इस वर्ष कोसी नदी का डिस्चार्ज (बहाव) दो लाख 86 हजार क्यूसेक मात्र पार किया है l बावजूद इसके सुपौल जिले के सदर प्रखंड के घूरन पंचायत में कोसी नदी का रौद्र रूप लगातार बढ़ता ही जा रहा है। तेज कटाव के कारण ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। कटाव की स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि कई परिवार अपने कच्चे मकानों के साथ-साथ पक्के मकान भी तोड़कर सामान समेट सुरक्षित स्थान और बांध की ओर पलायन करने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने कहा कि समय रहते कटावरोधी कार्य शुरू नहीं हुआ तो बड़ी आबादी के सामने विस्थापन का संकट खड़ा हो जाएगा।

कॉकरोच के बाद अब आया कुत्ता जनता पार्टी

Kutta Janata Party: ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (Cockroach Janta Party), ‘E20 जनता पार्टी (E20 Janta Party) और ‘दिमागी नक्सल जनता पार्टी’ (Dimagi Naxal Janata Party) के बाद अब एक नई पार्टी की एंट्री हुई है। सोशल मीडिया पर इस नई ‘पार्टी’ की चर्चा हो रही है। इस पार्टी का नाम ‘कुत्ता जनता पार्टी’ यानी केजेपी है। जी हां…. जेन-जी आंदोलन से ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के बाद अब ‘कुत्ता जनता पार्टी’ निकला है। हाथों में बैनर लिए ‘कुत्ता जनता पार्टी जिंदाबाद’ के नारे लगा रहे हैं। बैनर पर लिखा है-कुत्ता जनता पार्टी-KJP

झाड़ियों से मजदूर का शव बरामद

मुजफ्फरपुर। जिले के कांटी थाना क्षेत्र स्थित कोठिया गांव में एनटीपीसी के प्रतिबंधित परिसर से एक श्रमिक युवक का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। बुधवार को हुई इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश और शोक का माहौल है। पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन में जुट गई है। ​मिली जानकारी के अनुसार, कांटी कोठिया गांव स्थित एनटीपीसी के प्रतिबंधित क्षेत्र ‘एस डाईक लैगून एक’ की झाड़ियों के बीच एक युवक का शव देखा गया। मृतक की पहचान नगर परिषद कांटी क्षेत्र के कोठिया गांव निवासी शंभू सहनी के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि शंभू ट्रैक्टर पर छाई (एश) ढुलाई का मजदूरी का काम करता था। सुबह जब ग्रामीणों ने प्रतिबंधित क्षेत्र की झाड़ियों में शव देखा, तो तुरंत इसकी सूचना स्थानीय कांटी थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही घटनास्थल पर भारी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।

दो पक्षों के मारपीट में किसान की मौत, आरोपी फरार

पटना। जिले के पालीगंज अनुमंडल के बिक्रम थाना क्षेत्र अंतर्गत जमालपुर गांव में छह कट्ठा जमीन के विवाद को लेकर बुधवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। जमीन पर मकान निर्माण के कार्य को लेकर हुए खूनी संघर्ष और मारपीट में एक व्यक्ति की जान चली गई। ​मृतक की पहचान जमालपुर गांव निवासी बैकुंठ यादव के 45 वर्षीय पुत्र चंद्रभूषण यादव के रूप में हुई है, जो पेशे से किसान थे। जानकारी के मुताबिक, चंद्रभूषण यादव और उनके पटीदार सतीश यादव के बीच पिछले कई महीनों से छह कट्ठा जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। बुधवार को चंद्रभूषण इसी विवादित जमीन पर अपना मकान बनाने का काम शुरू कर रहे थे।
​इसी दौरान सतीश यादव और उनके परिवार के लोगों को यह शक हुआ कि चंद्रभूषण उनके हिस्से की जमीन पर कब्जा करके निर्माण कर रहे हैं। इस बात को लेकर सतीश यादव, उनके पुत्र आकाश यादव, आर्यन और अन्य परिजन मौके पर पहुंच गए और विरोध जताने लगे।