Bihar Top News Today 26 june 2026: बिहार (BIHAR) में आज 26 जून को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…

मुहर्रम की तैयारी के दौरान दो अखाड़ों में खूनी संघर्ष

शिवहर। नगर परिषद क्षेत्र के लेबर चौक (गांधी चौक) के पास गुरुवार को मुहर्रम के जुलूस की तैयारियों के दौरान दो अखाड़ों के बीच हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। इस संघर्ष में 12 से अधिक लोगों के घायल होने की खबर है। घटना के बाद इलाके में काफी देर तक अफरातफरी और तनाव की स्थिति बनी रही। हालांकि, प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से अब स्थिति नियंत्रण में है। प्राप्त जानकारी के अनुसार शहर के विभिन्न अखाड़े मुहर्रम जुलूस की तैयारियों और अभ्यास के लिए बाहर निकले थे। विवाद की शुरुआत थाना रोड स्थित गुप्ता मेडिकल के समीप हुई जब दोनों अखाड़ों के बीच रास्ते को लेकर बहस हुई। हालांकि उस समय पुलिस और स्थानीय लोगों की मौजूदगी में मामला शांत हो गया था लेकिन कुछ ही देर बाद गांधी चौक पर दोनों गुट पुनः आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों तरफ से जमकर लाठी-डंडे चले तथा पत्थरबाजी हुई।

बुजुर्ग को घात लगाए बदमाशों ने मारी गोली

नालंदा। जिले के तेल्हाड़ा थाना क्षेत्र के शिवशंकरपुर गांव में कल गुरुवार की देर रात एक शादी समारोह के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब खाना खाकर लौट रहे 60 वर्षीय सूरत पासवान को गोली मार दी गई। गोली बुजुर्ग व्यक्ति के पेट में लगी और आर-पार निकल गई। गंभीर हालत में पहले उन्हें हिलसा अनुमंडलीय अस्पताल, फिर पावापुरी विम्स और बाद में बेहतर इलाज के लिए बिहारशरीफ के निजी अस्पताल ले जाया गया,जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पीएमसीएच रेफर कर दिया गया।

उज्बेकिस्तान की दो युवतियां हरैया में पकड़ी गईं

बस्ती। भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए अवैध रूप से भारत में रह रही उज्बेकिस्तान की दो महिला नागरिकों को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी तब हुई जब दोनों महिलाएं संदिग्ध परिस्थितियों में भारत से नेपाल सीमा में प्रवेश करने की कोशिश कर रही थीं। सीमा सुरक्षा बल (SSB) की सतर्कता के चलते ये दोनों विदेशी नागरिक हरैया थाना क्षेत्र के कस्टम चौक के पास पकड़ी गईं। ​एसएसबी की स्थानीय इकाई को सीमा पर गश्त के दौरान दो महिलाओं की गतिविधियों पर संदेह हुआ। मैत्री बीज के समीप रोके जाने पर जब उनसे पूछताछ की गई और उनके यात्रा दस्तावेजों की जांच की गई, तो वे कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सकीं। पकड़ी गई महिलाओं की पहचान मखफूजा देखकोनोवा (32 वर्ष) और मफतुना किलिचेवा (35 वर्ष) के रूप में हुई है। प्रारंभिक पड़ताल में यह स्पष्ट हुआ है कि दोनों महिलाएं लंबे समय से भारत में बिना वैध वीजा या परमिट के अवैध रूप से रह रही थीं।

बिहार सरकार ने अब मुर्दों पर भी लगाया टैक्स!

पटना। बिहार सरकार द्वारा राजधानी पटना के बांस घाट में राज्य सरकार द्वारा 89 करोड़ कि लागत से विद्युत शवदाह गृह का निर्माण करवाया गया है। इस शव दाह गृह को ईशा फाउडेंशन को संचालित करने का जिम्मा सौंपा गया है, जिसे लेकर राजद के प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव के बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि ये सरकार जिंदा लोगों से टैक्स लेकर उन्हें परेशान तो कर ही रही हैं, लेकिन अब इस सरकार ने मुर्दे पर भी भारी टैक्स लगा दिया है।
राजद प्रवक्ता ने कहा कि, करोड़ों का लागत लगाकर विद्युत शव दाह गृह बना दिया गया है, लेकिन जिस तरह से ईशा फाउंडेशन को मात्र 1 के लीज पर दिया गया है, जो अब 3,500 रुपए लाश जलाने का वसूल करेगी। यह दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि, भाजपा सरकार को शर्म आनी चाहिए इस तरह का हरकत कहीं से भी उचित नहीं है। मृत आत्मा भी ऐसी सरकार को माफ नहीं करेगी, जो पहले सरकारी विद्युत शव दाह गृह में मात्र 3,00 रुएप में इलेक्ट्रिक पर लाश जलाए जाते थे ईशा फाउंडेशन को मिलने के बाद 3,500 लगेगा, जो कहीं से भी उचित नहीं है।

खाना बनाने के विवाद को लेकर विवाहिता की हत्या

गोपालगंज। गोपालगंज जिले के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के बनरवा गांव में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक 35 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान सुभाष यादव की पत्नी अंजू देवी के रूप में की गई है। घटना के बाद से ही मृतका के ससुराल पक्ष के सभी लोग घर छोड़कर फरार हैं। वहीं, मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर गला दबाकर हत्या करने और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को फंदे से लटकाने का गंभीर आरोप लगाया है।

कुर्सी गई तो डॉ नरेंद्र सिंह ने दिया इस्तीफा

Patna PMCH: बिहार के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल पटना पीएमसीएच में बड़ा प्रशासनिक बदलाव हुआ है। अस्पताल के प्रभारी प्राचार्य डॉ. नरेंद्र प्रताप सिंह को उनके पद से हटा दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई के बाद डॉ. नरेंद्र प्रताप सिंह ने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (वीआरएस) लेने का फैसला किया है। इसके साथ ही उन्होंने सरकार की कार्यशैली पर भी सवाल उठाया है।
बता दें कि स्वास्थ्य विभाग ने डॉ. नरेंद्र प्रताप सिंह को पटना पीएमसीएच प्रभारी प्राचार्य के अतिरिक्त प्रभार से हटा दिया है। उनका तबादला बेतिया किया गया है। वहीं, उनकी जगह पीएमसीएच की नई प्रभारी प्राचार्य के रूप में डॉ. गीता सिन्हा को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

राबड़ी देवी को तीसरी बार नोटिस

पटना। शहर के पॉश इलाके में स्थित 10 सर्कुलर रोड का सरकारी आवास इन दिनों बिहार की राजनीति का केंद्र बिंदु बना हुआ है। इस आवास को खाली कराने को लेकर भवन निर्माण विभाग और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के बीच जारी खींचतान अब निर्णायक मोड़ पर है। विभाग ने राबड़ी देवी को तीसरी बार अंतिम नोटिस जारी करते हुए 29 जून तक बंगला खाली करने का स्पष्ट निर्देश दिया है। ​इस चर्चित बंगले का आवंटन वर्तमान में बिहार सरकार के वरिष्ठ मंत्री नंदकिशोर यादव के नाम किया गया है। आवास को लेकर चल रहे विवाद पर अपनी पहली प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री ने बेहद संतुलित रुख अपनाया है। उन्होंने कहा जो लोग लंबे समय तक एक आवास में रहते हैं, उन्हें अपना सामान समेटने और दूसरी जगह शिफ्ट होने में स्वाभाविक रूप से समय लगता है। यह एक प्रक्रिया है।
​मंत्री ने विश्वास जताया कि संबंधित पक्ष प्रशासन द्वारा जारी नोटिस का सम्मान करेगा और नियमानुसार आवास खाली कर दिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे किसी भी प्रकार की जल्दबाजी के बजाय सरकारी प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने कहा जब तक आवास पूरी तरह खाली नहीं हो जाता तब तक मेरे शिफ्ट होने का सवाल ही नहीं उठता।

घरेलू विवाद में पति बना हैवान

मुजफ्फरपुर। हरियाणा के फरीदाबाद से एक बेहद घटना सामने आई है, जिसने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। मुजफ्फरपुर की रहने वाली 23 वर्षीय नेहा कुमारी, जो अपने पहले बच्चे के आगमन की प्रतीक्षा में थी, को उसके ही पति ने मौत के घाट उतार दिया। यह नृशंस हत्या घरेलू विवाद के चलते की गई, जिससे एक हंसता-खेलता परिवार और नेहा के भविष्य के तमाम सपने पल भर में बिखर गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार फरीदाबाद के पल्ला थाना क्षेत्र स्थित पंचशील कॉलोनी पार्ट-2 में नेहा अपने पति अमित गुप्ता के साथ रहती थी। दंपती के बीच विवाद का मुख्य कारण अमित का काम पर न जाना था। बताया जा रहा है कि अमित पिछले कई दिनों से बेरोजगार बैठा था जिस पर नेहा ने उसे नौकरी तलाशने और काम पर जाने की सलाह दी। यही छोटी सी सलाह दोनों के बीच बड़े झगड़े का कारण बन गई। गुरुवार की सुबह शुरू हुई यह बहस इतनी बढ़ गई कि अमित ने अपना आपा खो दिया और दरिंदगी की सारी हदें पार कर दीं।

ट्रेन की चपेट में आया 19 वर्षीय युवक

नालंदा। राजगीर-बख्तियारपुर रेलखंड स्थित पावापुरी रेलवे हाल्ट पर शुक्रवार की सुबह एक बेहद दर्दनाक रेल हादसा सामने आया। अपनी प्रेमिका से मिलने की हसरत लेकर नवादा जा रहे उत्तर प्रदेश के एक 19 वर्षीय युवक की लापरवाही उस पर भारी पड़ गई। ट्रेन से उतरने के बाद कान में इयरफोन लगाकर रेलवे ट्रैक पार करना युवक के लिए काल बन गया, जिससे वह ट्रेन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। ​घायल युवक की पहचान उत्तर प्रदेश के संत रविदास नगर (भदोही) जिले के भीखमपुरा एकौनी गांव निवासी सुरेश के पुत्र उद्रेश के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, उद्रेश मुंबई से राजगीर जाने वाली अजीमाबाद एक्सप्रेस से पावापुरी हाल्ट पर उतरा था। प्रत्यक्षदर्शियों और स्टेशन प्रबंधक श्यामू चौधरी के अनुसार, युवक ने अपने कानों में इयरफोन लगा रखा था, जिसके कारण उसे आसपास का कोई आभास नहीं था।

पंजाब के रण में जदयू की एंट्री

Bihar news: आगामी समय में पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। सभी प्रमुख दल अपनी रणनीति बनाने में जुटे हैं, इसी कड़ी में जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने भी पंजाब में अकेले दम पर चुनावी मैदान में उतरने का बड़ा निर्णय लिया है। ​प्राप्त जानकारी के अनुसार, पंजाब की कुल 117 विधानसभा सीटों में से जदयू 45 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारने की योजना बना रही है। पार्टी का शीर्ष नेतृत्व इन सीटों पर गहन मंथन कर रहा है। राष्ट्रीय कार्यकारी परिषद की हालिया बैठक में भी पांच राज्यों के चुनावों को लेकर व्यापक चर्चा हुई है। यद्यपि बिहार के पार्टी नेताओं की ओर से अभी इस पर कोई औपचारिक बयान नहीं आया है लेकिन पार्टी की जमीनी सक्रियता संकेत दे रही है कि पंजाब में जदयू एक मजबूत विकल्प के रूप में उभरने का प्रयास करेगी।