Bihar Top News Today 27 june 2026: बिहार (BIHAR) में आज 27 जून को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…

PMCH प्रिंसिपल विवाद, मंत्री निशांत और पूर्व प्रिंसिपल डॉ. नरेंद्र आमने-सामने

पटना। बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार द्वारा पटना मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (PMCH) के प्रिंसिपल डॉ. नरेंद्र प्रताप सिंह पर की गई कार्रवाई ने तूल पकड़ लिया है। निरीक्षण के दौरान अनुपस्थिति और लापरवाही के आरोपों के बाद हुई कार्रवाई पर दोनों पक्षों के अपने-अपने तर्क हैं। ​स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने पहली बार इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि 23 जून को जब वे निरीक्षण के लिए PMCH पहुंचे तो प्रिंसिपल अनुपस्थित थे। मंत्री ने दावा किया कि डॉक्टर को उनके आगमन की पूर्व जानकारी थी बावजूद इसके वे नदारद रहे। उन्होंने कहा मैंने उन्हें फोन किया लेकिन कॉल रिसीव नहीं किया गया। हमारे विभाग की नीति स्पष्ट है लापरवाह, कर्तव्यहीन और भ्रष्ट लोगों के लिए कोई स्थान नहीं है।
​मंत्री ने बताया कि एक उच्च स्तरीय जांच कमेटी गठित की गई है जहां डॉक्टर को अपना पक्ष रखने का पूरा मौका दिया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में भी ऐसी स्थिति दोहराई गई, तो सख्त कार्रवाई तय है। वहीं, सचिवालय निरीक्षण के दौरान मंत्री को मुख्य गेट पर ताला मिलने की घटना भी चर्चा में रही।

नदी में डूबने से दो सगी बहनों की दर्दनाक मौत

भागलपुर। जिले के घोघा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है जहां शनिवार को नहाने के दौरान गहरे पानी में डूबने से दो सगी बहनों की मौत हो गई। इस घटना के बाद न केवल परिवार बल्कि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतकों की पहचान अनिल मंडल की पुत्रियों 11 वर्षीय प्रिया कुमारी और 2 वर्षीय पूजा कुमारी के रूप में की गई है।

जलाशयों में पानी, फिर भी नहरें सूखी

बक्सर। बक्सर लोकसभा क्षेत्र के सांसद और पूर्व कृषि मंत्री सुधाकर सिंह ने बिहार में सिंचाई व्यवस्था की लचर स्थिति को लेकर मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है। उन्होंने जलाशयों में पर्याप्त पानी होने के बावजूद नहरों के सूखा रहने को सरकार की बड़ी प्रशासनिक विफलता और किसानों के प्रति घोर उदासीनता करार दिया है। ​सांसद सुधाकर सिंह ने सिंचाई विभाग की पोल खोलते हुए कहा कि प्रमुख जलाशयों में पानी का भंडारण संतोषजनक है। वर्तमान आंकड़ों के अनुसार, रिहंद बांध में 40%, बाणसागर बांध में 60%, दुर्गावती जलाशय में 60% और मुसाखंड बांध में 60% जल उपलब्ध है। इसके बावजूद, नहरों में पानी नहीं छोड़ा जा रहा है, जिससे धान की रोपनी बुरी तरह प्रभावित हो रही है।

ट्रक पलटने से लाखों की कोल्ड ड्रिंक हुई बर्बाद

पटना (फतुहा): बिहार के पटना जिले के फतुहा में सड़क हादसे के बाद इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आई है। यहां कंचनपुर गांव के पास दो ट्रकों की जोरदार टक्कर के बाद लोग घायलों की मदद करने के बजाय कोल्ड ड्रिंक लूटने में मशगूल हो गए। यह पूरी घटना सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है। ​शनिवार को उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से कोल्ड ड्रिंक लादकर आ रहा एक ट्रक पटना के फतुहा की ओर जा रहा था। इसी दौरान कंचनपुर गांव के समीप सामने से आ रहे एक अन्य ट्रक से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि दोनों वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने गहरे गड्ढे में जा गिरे। ट्रक में करीब 18 टन कोल्ड ड्रिंक लदी हुई थी, जिसकी कीमत लगभग 7 लाख रुपये बताई जा रही है।

लू की चपेट में आकर दो युवकों की मौत

रोहतास। भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों ने रोहतास जिले में दो परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में लू (हीटवेव) की चपेट में आने से दो युवकों की असामयिक मौत की खबर है। इस घटना के बाद स्थानीय निवासियों में डर का माहौल है और प्रशासन ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। ​पहली हृदयविदारक घटना सासाराम नगर थाना क्षेत्र की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगर थाना पुलिस को सूचना मिली कि रेलवे स्टेडियम के पास एक युवक अचेत अवस्था में पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब जांच की, तो युवक की मौत हो चुकी थी। मृतक की पहचान करबंदिया निवासी दीपक चौहान के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, प्रचंड गर्मी के बीच बाहर निकलने के कारण युवक लू का शिकार हुआ। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।

भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में परिवार को धमकी

पटना। भरत तिवारी एनकाउंटर मामले ने एक नया और गंभीर मोड़ ले लिया है। एक ओर जहां राज्य सरकार पूरे प्रकरण की न्यायिक जांच करवा रही है वहीं दूसरी ओर पीड़ित परिवार ने जिले के पुलिस कप्तान (SP) पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिवार का दावा है कि उन्हें मामले में चुप रहने के लिए धमकी दी जा रही है, जिसने पूरे प्रशासनिक तंत्र पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ​एनकाउंटर के बाद से ही यह मामला सुर्खियों में है। अब जब न्यायिक जांच प्रक्रियाधीन है तो पुलिस कप्तान का नाम सामने आना जांच की निष्पक्षता को संदिग्ध बना रहा है। राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा जोरों पर है कि क्या प्रशासन जांच को प्रभावित करने की कोशिश कर रहा है?

हथियार लहराते युवक का वीडियो वायरल

कैमूर। जिले से एक चिंताजनक मामला सामने आया है जहां सोशल मीडिया पर एक युवक का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में युवक खुलेआम हाथ में हथियार (तमंचा) लहराते हुए रील बनाता दिख रहा है। यह वीडियो मोहनिया थाना क्षेत्र के भोखरी गांव का बताया जा रहा है, जिसने स्थानीय प्रशासन और पुलिस को सतर्क कर दिया है। ​वायरल वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि एक युवक बेहद बेफिक्र अंदाज में हथियार के साथ अपनी वीडियो बना रहा है। इस वीडियो के सार्वजनिक होते ही यह क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है। रील बनाने की सनक में युवक ने यह नहीं सोचा कि उसका यह कदम न केवल कानून का उल्लंघन है बल्कि समाज में भय पैदा करने वाला भी है। हालांकि वीडियो में दिख रहे हथियार की वास्तविकता और उसकी वैधता की पुलिस द्वारा गहन जांच की जा रही है।

जमीन विवाद को लेकर किसान की हत्या

सासाराम। रोहतास जिले के संझौली थाना क्षेत्र के खैरा भुतहा गांव से एक बेहद दुखद और सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां भूमि विवाद के चलते एक किसान की निर्मम हत्या कर दी गई है। मृतक की पहचान खैरा भुतहा गांव निवासी महेंद्र नट के रूप में हुई है। इस घटना के बाद से ही इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। ​घटना की शुरुआत में गांव में यह अफवाह फैली कि महेंद्र नट की मौत रात में आकाशीय बिजली (ठनका) गिरने से हुई है। लेकिन जब मौके पर पुलिस पहुंची और शव की प्राथमिक जांच की तो स्थिति बिल्कुल अलग नजर आई। पुलिस के अनुसार मृतक के शरीर पर वज्रपात से झुलसने या चोट का कोई भी सामान्य निशान नहीं मिला जिससे यह स्पष्ट हो गया कि मौत बिजली गिरने से नहीं बल्कि किसी अन्य कारण से हुई है। शव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने इसे हत्या का मामला मानते हुए जांच के दायरे को बढ़ा दिया है।

नीतीश से मिलने पहुंचे आरसीपी सिंह को घंटों कराया गया इंतजार

पटना। ​पटना के राजनीतिक गलियारों में शनिवार की सुबह उस समय गहमागहमी बढ़ गई, जब पूर्व केंद्रीय मंत्री और जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह के नीतीश कुमार से मिलने के लिए सीएम आवास पहुंचने की खबर सामने आई। हालांकि लंबे समय से अलग चल रहे इन दोनों नेताओं की मुलाकात नहीं हो सकी जिसने बिहार की राजनीति में कयासों का नया दौर शुरू कर दिया है।

तेजप्रताप यादव के ड्राइवर को धमकी

पटना। ​राष्ट्रीय जनता दल (RJD) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और विधायक तेजप्रताप यादव से जुड़ा एक मामला अब काफी पेचीदा हो गया है। उनके निजी सहायक (PA) मोतीलाल राय पर लगे चोरी के आरोपों के बाद अब मामले के गवाह और तेजप्रताप के ड्राइवर अनिल यादव और उनके परिवार को धमकियां मिलने की शिकायत सामने आई है।