Bihar Top News Today 27 may 2026: बिहार (BIHAR) में आज 27 मई को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…
केवटी बीडीओ के 6 ठिकानों पर EOU की छापेमारी
दरभंगा/पटना। बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई (EOU) का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में बुधवार सुबह दरभंगा जिले के केवटी ब्लॉक के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) चंद्र मोहन पासवान के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के गंभीर आरोपों की जांच के लिए EOU की विशेष टीम ने सुबह 7 बजे से एक साथ 6 अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी शुरू की।
स्पेशल इंटेंसिव रिविजन अवैध नहीं
पटना। हाल ही में सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव आयोग की ओर से संचालित स्पेशल इंटेंसिव रिविजन (SIR) प्रक्रिया को वैध ठहराते हुए एक महत्वपूर्ण निर्णय दिया है। चीफ जस्टिस सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ ने स्पष्ट किया कि वोटर लिस्ट को दुरुस्त करने की यह प्रक्रिया न तो मनमानी है और न ही असंवैधानिक। कोर्ट ने अपने आदेश में चुनाव आयोग के अधिकारों और उसकी सीमाओं को स्पष्ट रूप से रेखांकित किया है। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि चुनाव आयोग के पास यह अधिकार है कि वह वोटर लिस्ट में नाम जोड़ने या हटाने के लिए नागरिकता की जांच करे। हालांकि कोर्ट ने एक महत्वपूर्ण स्पष्टीकरण भी दिया। आयोग द्वारा की गई यह जांच और लिया गया निर्णय केवल चुनावी उद्देश्यों तक ही सीमित रहेगा। कोर्ट ने साफ तौर पर कहा कि चुनाव आयोग के पास किसी व्यक्ति को आधिकारिक या अंतिम रूप से गैर-नागरिक घोषित करने का कानूनी अधिकार नहीं है।
इस व्यवस्था के तहत आयोग ने संदिग्ध नागरिकता के आधार पर जिन लोगों के नाम वोटर लिस्ट से हटाए हैं उन सभी का ब्यौरा चार सप्ताह के भीतर केंद्र सरकार को सौंपने का निर्देश दिया गया है। इससे यह सुनिश्चित हो सकेगा कि नागरिकता के वास्तविक कानूनी मामलों पर सक्षम प्राधिकारी निर्णय ले सकें।
बिहार पुलिस भर्ती परीक्षा अंतिम परिणाम घोषित
Bihar news: केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) (CSBC) ने बिहार पुलिस और बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (BSAP) के अंतर्गत सिपाही के 19,838 रिक्त पदों पर भर्ती के लिए अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। विज्ञापन संख्या 01/2025 के तहत आयोजित इस बड़ी चयन प्रक्रिया ने लाखों युवाओं के भविष्य को नई दिशा दी है। इस भर्ती अभियान के लिए कुल 17,06,628 अभ्यर्थियों ने अपना पंजीकरण कराया था जिनमें से 13,30,121 उम्मीदवार लिखित परीक्षा में सम्मिलित हुए। लिखित परीक्षा की मेरिट के आधार पर 99,690 अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) के लिए योग्य पाया गया।
अंतिम चरण, यानी PET में 79,932 अभ्यर्थी उपस्थित हुए। इनमें 50,477 पुरुष, 29,426 महिलाएं और 29 ट्रांसजेंडर अभ्यर्थी शामिल थे। इसी शारीरिक परीक्षा के प्रदर्शन और योग्यता मानदंडों के आधार पर अंतिम चयन सूची तैयार की गई है।
जदयू विधायक पप्पू पांडेय को बड़ी राहत
गोपालगंज। बिहार के गोपालगंज जिले के कुचायकोट विधानसभा क्षेत्र से जदयू विधायक अमरेंद्र कुमार पांडेय उर्फ पप्पू पांडेय को कोर्ट से फिलहाल बड़ी राहत मिली है। भू-माफियाओं को संरक्षण देने और जमीन कब्जाने की साजिश रचने के मामले में विधायक की अग्रिम जमानत याचिका पर विशेष एमपी-एमएलए कोर्ट में बुधवार को मैराथन सुनवाई हुई। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद कोर्ट ने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया है, जो अब आगामी 3 जून को सुनाया जाएगा। तब तक कोर्ट ने विधायक की गिरफ्तारी पर रोक जारी रखने का आदेश दिया है।
पटना में फिर एनकाउंटर
Bihar Police Encounter: बिहार में अपराधियों के खिलाफ प्रशासन द्वारा ताबड़तोड़ एनकाउंटर एक्शन जारी है। ताजा मामला राजधानी पटना के मसौढ़ी से सामने आया है, जहां ऑपरेशन लंगड़ा के तहत जिला पुलिस और बिहार एसटीएफ की टीम ने संयुक्त ऑपरेशन चलाते हुए दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई के दौरान इलाके में कुछ देर के लिए तनाव का माहौल कायम रहा।
गंडक नदी के पुल में आया बड़ा गैप
गोपालगंज। जिले में उत्तर बिहार और उत्तर प्रदेश को जोड़ने वाले गंड़क नदी पर बने महत्वपूर्ण जादोपुर-मंगलपुर पुल के स्पैन में खराबी आने के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। गंडक नदी पर बने इस महासेतु के स्पैन के बीच अचानक बड़ा गैप आने की सूचना मिलने के बाद प्रशासन ने एहतियातन भारी वाहनों के परिचालन पर पूरी तरह रोक लगा दी है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एनआईटी पटना और पुल निगम के विशेषज्ञों की एक संयुक्त तकनीकी टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की है। जांच के बाद विशेषज्ञों ने बताया कि स्पैन के बीच बढ़े गैप को और अधिक फैलने से रोकने के लिए तुरंत स्टील प्लेट लगाने की आवश्यकता है। विशेषज्ञों की सलाह पर सुरक्षा के मद्देनजर पुल के दोनों तरफ लोहे की मजबूत बैरिकेडिंग कर दी गई है और प्रशासन द्वारा इसकी चौबीसों घंटे मॉनिटरिंग की जा रही है।
कर्ज लेकर शुरू किया था व्यवसाय, जलकर खाक
बिहारशरीफ। नालंदा जिले के बिहार थाना क्षेत्र स्थित वार्ड नंबर 32 के बनौलिया मोहल्ले में मंगलवार देर रात एक फर्नीचर गोदाम में लगी भीषण आग ने भारी तबाही मचा दी। आग इतनी भयावह थी कि चंद मिनटों में ही लाखों की संपत्ति स्वाहा हो गई। हालांकि दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई से आसपास के रिहायशी मकानों को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया। स्थानीय निवासियों के अनुसार मंगलवार की देर रात अचानक गोदाम से आग की लपटें उठनी शुरू हुईं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और ऊंची-ऊंची लपटें आसमान छूने लगीं। घटना से पूरे मोहल्ले में दहशत का माहौल बन गया। आग की लपटें और धुएं का गुबार इतना घना था कि आसपास के मकानों तक इसकी तपिश महसूस की जाने लगी जिससे लोग अपने घरों से बाहर निकल आए।
महिला की पीट-पीटकर हत्या
सासाराम। बिहार के रोहतास जिले के नौहट्टा थाना क्षेत्र में एक बेहद ही दर्दनाक और हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां मामूली विवाद को लेकर गोतिया (रिश्तेदारों) ने मिलकर एक महिला की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर निर्मम हत्या कर दी। मृतक महिला की पहचान नौहट्टा निवासी सविता देवी के रूप में हुई है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में मातम पसर गया है और ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
नीतीश कुमार ने प्रदेश अध्यक्ष को लगाई फटकार
हाजीपुर: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और जेडीयू के शीर्ष नेता नीतीश कुमार का एक बार फिर अलग और अनोखा अंदाज देखने को मिला। हाजीपुर के चकफतेह (कजरी भाट) गांव में जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा के निजी कार्यक्रम में पहुंचे नीतीश कुमार ने अपने तीखे और मजाकिया अंदाज से सबको चौंका दिया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष की जमकर तारीफ की तो वहीं प्रोटोकॉल और अनुशासन को लेकर उन्हें मंच से ही फटकार भी लगाई।
खतरनाक स्टंट ने ली युवक की जान
पटना। राजधानी की सड़कों पर लापरवाही और तेज रफ्तार ने एक बार फिर एक युवा की जान ले ली। पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र के अंतर्गत कुर्जी होली फैमिली हॉस्पिटल के समीप एक भीषण सड़क हादसे में 26 वर्षीय युवक की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान रहीस के रूप में हुई है जो बाइक स्टंट का शौकीन बताया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक अपनी बाइक को बेहद तेज रफ्तार (लगभग 100 किमी प्रति घंटा) में दानापुर की ओर ले जा रहा था। इसी दौरान वह बाइक पर स्टंट करने का प्रयास कर रहा था। तभी अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई और जोरदार तरीके से सड़क के बीच बने डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और रहीस हवा में करीब 6 फीट ऊपर उछलकर सीधे सड़क पर जा गिरा। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

