Bihar Top News Today 28 july 2026: बिहार (BIHAR) में आज 28 जुलाई को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…
तेज प्रताप को जेल से रिहाई
पटना। जनशक्ति जनता पार्टी के अध्यक्ष तेज प्रताप यादव आखिरकार बेऊर जेल से रिहा हो गए हैं। उनकी रिहाई से उनके समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। कुछ दिनों पहले छात्र आंदोलन के दौरान हुए प्रदर्शन और झड़पों के सिलसिले में तेज प्रताप यादव के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई थी, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। गिरफ्तारी के बाद अदालत के आदेश पर उन्हें चौदह दिन की न्यायिक हिरासत में बेऊर जेल भेजा गया था।
दुबई से लौटे युवक की मौत
मुजफ्फरपुर। दुबई में टेलर मास्टर का काम करने वाले 30 वर्षीय मोहम्मद सद्दाम का शव एक नहर के किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद किया गया है। मृतक की पहचान मुसहरी थाना क्षेत्र के चक लहलहाद गांव के रहने वाले मोहम्मद इस्लाम के बेटे मोहम्मद सद्दाम के रूप में हुई है। वह कुछ दिन पहले ही बकरीद के अवसर पर विदेश से अपने घर लौटे थे।
किशनगंज में दो बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार
किशनगंज। जिले में दो बांग्लादेशी नागरिकों की गिरफ्तारी के बाद सुरक्षा एजेंसियों की नींद उड़ गई है। खुफिया एजेंसी (IB) द्वारा की गई गहन पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं, जिससे सीमा पार के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश होने की संभावना बढ़ गई है। इस पूरे मामले में फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले गिरोह और भारत-बांग्लादेश सीमा पार कराने वाले दलालों की भूमिका की जांच तेजी से की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों में से एक की पहचान मो. हसन शेख उर्फ असनउल्ला मल (32) के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान उसने कबूल किया कि उसने भारत में अवैध रूप से प्रवेश करने के लिए एक दलाल को 15,000 रुपए दिए थे।
दलाल ने उसे असम के रास्ते भारत-बांग्लादेश की सीमा पार कराई थी, जिसके बाद वह ट्रेन के जरिए किशनगंज पहुंचा। पूछताछ में यह भी सामने आया कि वह पहले ओमान गया था और वहां से भारत लौटने के बाद वापस बांग्लादेश जाने की फिराक में था। भारत में अपनी पहचान छिपाने के लिए उसने हसन शेख नाम अपनाया, जबकि बांग्लादेश में उसका वास्तविक नाम असनउल्ला है।
जदयू ऑफिस के पास दिव्यांग युवक की मिली लाश
पटना। राजधानी पटना में सुरक्षा और प्रशासनिक लिहाज से बेहद संवेदनशील माने जाने वाले इलाके में एक संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। जनता दल यूनाइटेड कार्यालय के ठीक बगल में स्थित मिलर ग्राउंड के पास मंगलवार को एक शख्स का शव बरामद किया गया। यह इलाका काफी रिहायशी और वीआईपी माना जाता है, जहां एक ओर प्रमुख राजनीतिक दल का दफ्तर है, तो दूसरी तरफ स्कूल और जजों के आवास भी मौजूद हैं। ऐसे हाई-सिक्योरिटी जोन के नजदीक शव मिलने से स्थानीय लोगों और प्रशासन में हड़कंप मच गया है। मृतक की पहचान 34 वर्षीय सन्नी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से इतवारपुर का रहने वाला था। परिजनों के अनुसार, सन्नी दोनों पैरों से दिव्यांग था और उसके पैरों में ऑपरेशन के जरिए रॉड लगी हुई थी। अपनी शारीरिक अक्षमता के बावजूद वह आत्मनिर्भर था और गुजारा चलाने के लिए जोमैटो और स्विगी जैसी कंपनियों में डिलीवरी बॉय का काम करता था।
PK ने नीतीश कुमार का AI वीडियो बताया फर्जी
पटना। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के सियासी समर में आज एक नया और बड़ा विवाद खड़ा हो गया है, जब जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने सीधे तौर पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर गंभीर आरोप लगाए हैं। बांकीपुर में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान पीके ने साफ शब्दों में कहा कि एनडीए की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का जो वीडियो अपील के रूप में जारी किया गया है, वह पूरी तरह से फर्जी है। उन्होंने दावा किया कि इस वीडियो को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की तकनीक का सहारा लेकर तैयार किया गया है, जबकि जमीनी हकीकत यह है कि नीतीश बाबू ने ऐसा कोई बयान कभी दिया ही नहीं है।
जिला परिषद अध्यक्ष के कई ठिकानों पर EOU की छापेमारी
आर्थिक अपराध इकाई (EOU) की टीम ने मंगलवार सुबह से जिला परिषद अध्यक्ष दुलारी देवी और उनके सहयोगियों के ठिकानों पर एक साथ बड़ी कार्रवाई की। EOU की टीम ने जमुई में 23 और शेखपुरा में 1 ठिकाने समेत कुल 24 जगहों पर छापेमारी की। दुलारी देवी के आवास पर सुबह से ही दस्तावेजों और वित्तीय रिकॉर्ड की गहन जांच चल रही है। हाल के दिनों में दुलारी देवी अपने नए आवास के निर्माण को लेकर चर्चा में थीं। उनके पति गुड्डू यादव का नाम भी पहले आपराधिक मामलों में सामने आ चुका है।
फिलहाल EOU की ओर से इस कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। जांच पूरी होने के बाद ही छापेमारी के सही कारणों का खुलासा होगा।
हालांकि छापेमारी उनके अपने आवास पर समाप्त हो गई थी आर्थिक अपराध इकाई की टीम यहां से चल गई थी।
रोड शो में भिड़े बीजेपी-राजद कार्यकर्ता
पटना। बिहार की राजधानी पटना में चुनावी सरगर्मी के बीच सियासी पारा उस वक्त अचानक चढ़ गया, जब बीजेपी और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कार्यकर्ता रोड शो के दौरान आमने-सामने आ गए। यह हाई-वोल्टेज ड्रामा स्थानीय सिटी मॉल के ठीक सामने देखने को मिला, जहां दोनों दलों के समर्थकों ने एक-दूसरे पर जमकर पंपलेट फेंके। हालांकि, मौके पर मुस्तैद पुलिस प्रशासन की सूझबूझ और तत्परता के कारण दोनों पक्षों के बीच किसी भी प्रकार की बड़ी झड़प या हिंसक टकराव होने से टल गया।
तेजस्वी देगें छात्र आंदोलन के पीड़ितों को सरकारी नौकरी और पेंशन
पटना। नेता प्रतिपक्ष और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने राज्य के युवाओं और छात्र वर्ग के लिए एक बहुत बड़ा और ऐतिहासिक राजनीतिक एलान किया है। उन्होंने घोषणा की है कि राज्य में उनकी सरकार बनते ही हालिया छात्र आंदोलन के दौरान पुलिसिया दमन और लाठीचार्ज में घायल हुए युवाओं, छात्रों और आंदोलनकारियों को जेपी सेनानियों की तर्ज पर सरकारी नौकरी और पेंशन दी जाएगी।
कैमूर में अंधविश्वास: स्कूल में भूत का साया
कैमूर। हम चांद पर कदम रख चुके हैं और विज्ञान के युग में जी रहे हैं, लेकिन आज भी हमारे समाज के कुछ हिस्सों में अंधविश्वास अपनी जड़ें कितनी मजबूती से जमाए हुए है, इसकी एक बानगी कैमूर जिले में देखने को मिली है। कैमूर पहाड़ी पर स्थित अधौरा प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय लोहन्दी करर में दिनदहाड़े भूत घुसने की ऐसी अफवाह उड़ी कि तीन मासूम बच्चियां बेहोश हो गईं। इसके बाद जो हुआ, वह आधुनिक समाज के मुंह पर एक तमाचा है। एक सप्ताह पहले स्कूल में पढ़ाई के दौरान अचानक तीन बच्चियां बेहोश हो गईं। आनन-फानन में परिजन उन्हें घर ले गए। इसके बाद अंधविश्वास के चक्कर में पड़कर ओझा को बुलाया गया और झाड़-फूंक का खेल शुरू हो गया। ओझा ने स्कूल में भूत होने का दावा कर दिया, जिसके बाद पूरे गांव के लोगों ने बच्चों को स्कूल भेजने से साफ इनकार कर दिया। परिजनों की जिद थी कि जब तक स्कूल से भूत नहीं भगाया जाता, वे बच्चों को वहां कदम नहीं रखने देंगे। जब इस पूरी घटना की तह तक जाया गया, तो असलियत कुछ और ही निकली। यह स्कूल कैमूर पहाड़ी पर स्थित है, जहां बिजली और पंखे की कोई व्यवस्था नहीं है। भीषण गर्मी और उमस के कारण बच्चों का दम घुटता है। स्कूल के शिक्षक जावेद अख्तर ने बताया कि गर्मी और घुटन की वजह से बच्चियां बेहोश हो रही हैं। शिक्षकों ने कई बार शिक्षा विभाग को लिखित आवेदन दिया, लेकिन आज तक कोई सुनवाई नहीं हुई। जिला शिक्षा पदाधिकारी भी पहुंचे, पर सिर्फ औपचारिकता निभाकर चलते बने।
बेगूसराय बालिका गृह से एक साथ गायब हुईं 5 बच्चियां
बेगूसराय। बेगूसराय बालिका गृह की सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। जिले के बालिका गृह से पांच बच्चियों के एक साथ लापता होने की घटना ने प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की सूचना पर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू करते हुए बच्चियों की तलाश में अभियान चलाया।


