Bihar Top News Today 28 march 2026: बिहार (BIHAR) में आज 28 मार्च को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…
राजस्व कर्मियों का प्रदर्शन
मुजफ्फरपुर। बिहार में भूमि सुधार और राजस्व व्यवस्था इन दिनों पूरी तरह पटरी से उतर चुकी है। मुजफ्फरपुर जिला मुख्यालय में बिहार राज्य भूमि सुधार कर्मचारी संघ संयुक्त संघर्ष मोर्चा के बैनर तले राजस्व कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। अपनी 17 सूत्री मांगों को लेकर कर्मचारी 11 फरवरी से ही अनिश्चितकालीन सामूहिक अवकाश पर हैं। इस आंदोलन के कारण न केवल मुजफ्फरपुर, बल्कि पूरे प्रदेश में जमीन से जुड़ी तमाम सरकारी सेवाएं ठप पड़ गई हैं, जिससे आम जनता की मुश्किलें लगातार बढ़ रही हैं।
विद्यालय में बड़ी डकैती
मोतिहारी। जिला अंतर्गत कोटवा थाना क्षेत्र से अपराध की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां कदम चौक के समीप स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय को अपराधियों ने अपना निशाना बनाया। बीती देर रात हथियारबंद बदमाशों ने स्कूल परिसर में धावा बोलकर न केवल लाखों की लूट की, बल्कि ड्यूटी पर तैनात रात्रि प्रहरी को बंधक बनाकर उसे एक कमरे में बंद कर दिया। अपराधियों ने सबसे पहले प्रहरी का मोबाइल छीन लिया ताकि वह शोर न मचा सके या पुलिस को सूचना न दे पाए।
TRE- 4 की भर्ती को लेकर फिर आंदोलन तैयारी
पटना। बिहार में शिक्षक बहाली के चौथे चरण (TRE 4.0) के विज्ञापन की मांग अब जोर पकड़ने लगी है। छात्र नेता दिलीप कुमार ने सरकार और आयोग के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए एक बार फिर बड़े आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है।
शिक्षक अभ्यर्थी एक बार फिर अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर उतरने की तैयारी कर रहे हैं। छात्र नेता दिलीप कुमार ने पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) और शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर कड़े सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विभाग और आयोग लगातार विरोधाभासी बयानबाजी कर रहे हैं, जिससे अभ्यर्थियों के बीच असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
घोड़े चेतक संग वायरल हुए अनंत सिंह
पटना। बिहार की राजनीति में बाहुबली छवि रखने वाले जदयू के पूर्व विधायक अनंत सिंह इन दिनों अपने निर्वाचन क्षेत्र मोकामा और पटना में काफी सक्रिय हैं। जेल से बाहर आने के बाद वे लगातार समर्थकों के बीच जा रहे हैं, लेकिन राजनीति से इतर उनका एक और पहलू लोगों को आकर्षित कर रहा है वह है उनका घोड़ा प्रेम। अनंत सिंह को जानवरों, खासकर घोड़ों से गहरा लगाव है और यह उनके पटना स्थित आवास पर एक बार फिर देखने को मिला।
नाबालिग का अपहरण कर रेप
सीवान। जिले से मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आई है। बसंतपुर थाना क्षेत्र के सूर्यपुरा गांव में आयोजित रामनवमी मेले के दौरान एक 12 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ सामूहिक संवेदनाओं को झकझोर देने वाली दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया। इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में तनाव और भारी आक्रोश व्याप्त है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जो पीड़िता के ही स्कूल का चालक बताया जा रहा है।
सिपाही निकला तस्कर
पटना। पुलिस ने एक बड़े ड्रग सिंडिकेट का पर्दाफाश करते हुए भारी मात्रा में नशीले पदार्थ और हथियार बरामद किए हैं। एसएसपी कार्तिकेय शर्मा के नेतृत्व में हुई इस छापेमारी ने राजधानी में चल रहे सफेद जहर के काले कारोबार की कमर तोड़ दी है। पुलिस की पहली कार्रवाई आलमगंज थाना क्षेत्र के रॉयल ग्रीन अपार्टमेंट (फ्लैट नंबर 401) में हुई, जहां से 1.681 किलोग्राम तैयार ब्राउन शुगर मिली। मौके से जितेंद्र पासवान और नीतीश कुमार नामक दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया। इनकी निशानदेही पर रामकृष्ण नगर के त्रिकूट नगर में दूसरे ठिकाने पर छापा मारा गया, जहां से 19.500 किलोग्राम कच्चा माल बरामद हुआ। विशेषज्ञों के अनुसार, इस कच्चे माल से करीब 38 किलो स्मैक तैयार की जा सकती थी, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 50 करोड़ रुपये आंकी गई है।
पटना में लगे पोस्टर
पटना। बिहार की राजनीति एक बड़े मोड़ पर खड़ी है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की आधिकारिक पुष्टि के बाद राज्य का सियासी पारा सातवें आसमान पर है। जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने साफ कर दिया है कि नीतीश कुमार 30 मार्च तक बिहार विधान परिषद से इस्तीफा दे देंगे। यह एक संवैधानिक अनिवार्यता है क्योंकि वे अब संसद के ऊपरी सदन का हिस्सा बनने जा रहे हैं। लेकिन इस बदलाव ने एनडीए के भीतर और बाहर नई बहस छेड़ दी है।
राजनीति ईमानदार लोगों के लिए है, नॉनसेंस के लिए नहीं
पटना। भोजपुरी फिल्म जगत के दिग्गज अभिनेता और भाजपा नेता दिनेश लाल यादव निरहुआ शनिवार को बिहार की राजधानी पटना पहुंचे। यहां मीडिया से मुखातिब होते हुए उन्होंने भोजपुरी गायक खेसारी लाल यादव के उस हालिया बयान पर तीखा पलटवार किया, जिसमें उन्होंने राजनीति को ईमानदार लोगों के लिए अनुपयुक्त बताया था। निरहुआ ने दो-टूक शब्दों में कहा कि राजनीति असल में ईमानदार लोगों की ही जगह है, यह उन लोगों के लिए नहीं है जो नॉनसेंस बातें करते हैं।
किसानों के लिए खुशखबरी
पटना। बिहार के कृषि मंत्री रामकृपाल यादव ने राज्य के किसानों को उर्वरक आपूर्ति को लेकर बड़ी राहत दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वैश्विक उथल-पुथल, विशेषकर पश्चिमी एशिया के युद्ध का असर बिहार या देश की कृषि व्यवस्था पर नहीं पड़ेगा। सरकार किसानों के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह मुस्तैद है। चूंकि बिहार की लगभग 76 प्रतिशत आबादी कृषि पर आधारित है, इसलिए सरकार ने जिला से लेकर पंचायत स्तर तक के अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रखा है। विभागीय समीक्षा बैठक में सभी जिला कृषि पदाधिकारियों को खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने और कालाबाजारी पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। मंत्री ने चेतावनी दी है कि केवल रिटेलर ही नहीं, बल्कि स्टॉकिस्ट और संबंधित अधिकारियों की भी जवाबदेही तय की जाएगी; लापरवाही मिलने पर कठोर कार्रवाई होना तय है।
पिकअप-बाइक की टक्कर में दो की मौत
मोतिहारी। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां सुगौली थाना क्षेत्र के अंतर्गत सिकरहना पुल के समीप शनिवार की देर रात एक अनियंत्रित पिकअप और बाइक के बीच हुई भीषण टक्कर में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे में एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल है, जिसका इलाज जारी है।
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

