MP Road Accident: मध्य प्रदेश में शनिवार का दिन हादसों से भरा रहा। कई जिलों से सड़क दुर्घटनाओं की ख़बरों ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। इसी कड़ी में टीकमगढ़ में श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली की कार से भिड़ंत हो गई। हादसे में 20 लोग घायल हो गए। वहीं शहडोल में सरिया से लोड पिकअप से टकराने पर बाइक सवार युवक की मौत हो गई।
टीकमगढ़ में जवारा से लौट रहे श्रद्धालु घायल
मुकेश सेन, टीकमगढ़। मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ जिले में तेज रफ्तार बोलेरो ने गोपालपुरा तिगैला के पास ट्रैक्टर-ट्राली को जोरदार टक्कर मार दी। जिससे उसमें सवार 20 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी बगाज माता मंदिर से जवारा विसर्जन कर घर लौट रहे थे। घायलों में एक बुजुर्ग सहित चार महिलाओं की हालत गंभीर है।

हादसे के बाद एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ागांव में भर्ती कराया गया। वहीं गंभीर रूप से घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल भेजा गया। सभी घायल छतरपुर जिले के ढडोरा बुंढेरा गांव के निवासी हैं जो आज टीकमगढ़ के प्रसिद्ध देवी मंदिर बगाज माता में जवारा विसर्जन करने के लिए आए थे। लौटने के दौरान बड़ागांव में तेज रफ्तार बोलेरो से इनकी टक्कर हो गई।
शहडोल ने सरिये ने छीन ली युवक की जान
अजयारविंद नामदेव, शहडोल। एमपी के शहडोल में सरिया से लोड पिकअप से टकराने पर एक बाइक सवार की दर्दनाक मौत हो गई। सरिया युवक के गर्दन और पेट में घुस गया। जिससे मौके पर उसने दम तोड़ दिया। घटना शनिवार को ब्यौहारी थाना क्षेत्र में हुई है।
दरअसल, अछू कोल नामक शख्स बाइक से तेज रफ्तार में जा रहा था। इस दौरान खटखरिया तालाब के पास सड़क किनारे खड़े सरिया से लोड पिकअप वाहन को देखने के बाद उसकी गाड़ी अनियंत्रित हो गई और वह पिकअप से टकरा गया। इस दौरान दो सरिया उसके गर्दन और पेट में घुस गया। शरीर में रॉड फंसे होने के कारण उसे निकालना मुश्किल हो रहा था।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद बाइक को पीछे खींचकर युवक के शरीर से सरिया निकाला। रेस्क्यू कर युवक का शव निकाल कर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
पिकअप में लोड सरिया के पीछे किसी प्रकार का चेतावनी संकेत या कपड़ा नहीं बांधा था, जिसकी वजह से यह बड़ा हादसा हो गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर पिकअप को जब्त कर लिया है और मामले की जांच में जुट गई है।

