Bihar Top News Today 29 may 2026: बिहार (BIHAR) में आज 29 मई को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…
ट्रेन में रहस्यमय तरीके से सब-मैनेजर की मौत
पटना। गुवाहाटी से घर लौट रहे एक 48 वर्षीय यात्री की ट्रेन में रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के चंदौली निवासी सुरेश कुमार राय के रूप में हुई है जो गुवाहाटी में ‘एनम इलेक्ट्रिक’ में सब-मैनेजर के पद पर तैनात थे। इस दुखद घटना ने परिजनों को गहरा सदमा पहुंचाया है। मृतक की पत्नी रीना राय ने बताया कि सुरेश 15 दिनों की छुट्टी लेकर बुधवार को गुवाहाटी से घर के लिए निकले थे। शाम करीब 6 बजे तक पति से उनकी सामान्य बातचीत हुई थी, सब कुछ ठीक था। लेकिन इसके बाद अचानक संपर्क टूट गया। रात भर परिजन उन्हें कॉल करते रहे, लेकिन कोई जवाब नहीं मिलने से उनकी चिंता बढ़ती गई। जब स्थिति अनियंत्रित लगी, तो उन्होंने रेलवे से संपर्क कर मदद की गुहार लगाई।
राबड़ी देवी को खाली करना होगा 10 सर्कुलर रोड आवास
पटना। बिहार में राबड़ी आवास को लेकर एक बार फिर से सियासत गरमाती हुई नजर आ रही है। दरअसल भवन निर्माण विभाग की ओर से पूर्व सीएम राबड़ी देवी को पटना स्थित 10, सर्कुलर रोड के सरकारी आवास, जिसे अब राबड़ी आवास के नाम से जाना जाता है, उसे खाली करने को लेकर सख्त निर्देश जारी किया गया है। भवन निर्माण विभाग की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि बिहार सरकार में मंत्री पशु एंव डेयरी मंत्री नंद किशोर राम को 10 सर्कुलर रोड सरकारी आवास आवंटित किया गया है। वहीं, राबड़ी देवी को अब हार्डिंग रोड स्थित केंद्रीय पूल का आवास संख्या-39 आवंटित किया गया है। आदेश में लिखा गया है कि लेकिन अभी तक बिहार विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी की ओर से 10 सर्कुलर रोड आवास को खाली नहीं किया गया है। जारी आदेश में उन्हें जल्द से जल्द आवास को खाली करने का निर्देश दिया गया है।
CID करेगी अनंत सिंह मामले में जांच
गोपालगंज। बिहार के गोपालगंज में दर्ज आर्म्स एक्ट के एक मामले में मोकामा के पूर्व बाहुबली विधायक अनंत सिंह की कानूनी मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। इस मामले में एक बड़ा मोड़ तब आया जब बिहार सरकार ने केस की गंभीरता को देखते हुए इसकी जांच पुलिस से लेकर सीआईडी को सौंप दी। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, गोपालगंज पुलिस ने केस से जुड़ी तमाम फाइलें और दस्तावेज बिहार सीआईडी को ट्रांसफर कर दिए हैं। अब सीआईडी इस पूरे घटनाक्रम की नए सिरे से तफ्तीश करेगी।
आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 8 लोगों की मौत
Bihar News: बिहार के मौसम में एक बार फिर से बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। आज शुक्रवार को भी राजधानी पटना समेत 7 जिलों में सुबह से मुसलाधार बारिश हुई। बारिश के साथ तेज आंधी और आसमान से गिर रही आकाशीय बिजली ने आम जनजीवन को बुरी तरह से प्रभावित किया है। आकाशीय बिजली की चपेट में आने से अलग-अलग जगहों पर हुए हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई। वहीं, कई लोग गंभीर रूप से झुलस गए।
बिहार बीजेपी की नई टीम का ऐलान
पटना। बिहार में आगामी राजनीतिक चुनौतियों और संगठनात्मक मजबूती को ध्यान में रखते हुए भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी नई प्रदेश टीम का ऐलान कर दिया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देशानुसार गठित इस नई कार्यकारिणी में अनुभवी नेताओं के साथ-साथ युवा चेहरों को भी अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस फेरबदल को राज्य में पार्टी की पैठ को और अधिक विस्तार देने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है।
दिल्ली से लौटते ही नीतीश कुमार से मिले CM
पटना: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अपनी दिल्ली यात्रा से वापस पटना लौट आए हैं। दिल्ली से लौटते ही उनका पहला पड़ाव पूर्व मुख्यमंत्री और जदयू नेता नीतीश कुमार का सरकारी आवास रहा। दोनों नेताओं के बीच करीब 15 मिनट तक चली इस मुलाकात को बिहार की राजनीति में काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, इस बैठक में मुख्यमंत्री ने नीतीश कुमार को अपनी दिल्ली यात्रा के दौरान हुई उच्च स्तरीय चर्चाओं की विस्तृत जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ हुई अपनी मुलाकातों के मुख्य बिंदुओं को साझा किया।
इस मुलाकात का दूसरा और सबसे प्रमुख केंद्र आगामी एमएलसी (MLC) चुनाव की रणनीति रही। राज्य में बदलते राजनीतिक समीकरणों के बीच एमएलसी चुनावों की तैयारी और संभावित उम्मीदवारों के चयन को लेकर दोनों नेताओं ने गहन विचार-विमर्श किया। उल्लेखनीय है कि इस बैठक के तुरंत बाद पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय झा से मिलने उनके आवास पहुंचे, जिससे स्पष्ट है कि एनडीए गठबंधन में चुनावी रणनीति को लेकर हलचल तेज हो गई है।
हरे गमछा वाले बयान पर नहीं थम रही सियासत
Bihar News: बिहार में हाल ही में हुए AI समिट के दौरान सीएम सम्राट चौधरी ने राजद पर हरे गमछे को लेकर कटाक्ष किया था। समिट के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि, पटना में 4 हजार से अधिक CCTV कैमरे लगे हैं। अगर AI से कह दिया जाए कि ‘हरा गमछा’ वालों को खोजो तो वह तुरंत हरे गमछे वाले को पकड़ लेगा। सीएम सम्राट के इस बयान को लेकर प्रदेश में खूब सियासत भी देखने को मिला। वहीं, अब मुख्यमंत्री की इस टिप्पणी पर बक्सर से राजद सांसद सुधाकर सिंह की प्रतिक्रिया सामने आई है।
गंडक नदी में डूबीं तीन किशोरियां
गोपालगंज। जिले के मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र से एक घटना सामने आई है। यहां के डुमरिया घाट पर गंडक नदी पार करने के दौरान तीन किशोरियां गहरे पानी की चपेट में आकर लापता हो गईं। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। घटना के बाद से ही पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है और आसपास के गांवों में मातम का माहौल है। मिली जानकारी के मुताबिक ये तीनों किशोरियां अपनी मां के साथ रोजमर्रा की तरह खेती-बारी के काम के लिए नदी के दूसरे छोर पर जा रही थीं। गंडक नदी पार करते समय अचानक अनहोनी हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पानी के तेज बहाव और गहराई का सही अंदाजा न लगा पाने के कारण तीनों युवतियां एक-एक कर गहरे पानी में समा गईं। मां की चीख-पुकार सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक किशोरियां पानी की तेज लहरों में ओझल हो चुकी थीं।
दो पक्षों में जमकर चले पत्थर और चलीं गोलियां
जमुई। शहर के टाउन थाना क्षेत्र अंतर्गत महिसौड़ी मोहल्ले में गुरूवार की शाम मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मदरसा के पीछे रंग-पेंट और जमीन पर पानी गिराने को लेकर दो पक्षों के बीच हुई खूनी झड़प में सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में भारी दहशत का माहौल है। मौके पर पहुंची पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया है। मिली जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत शाम करीब 5:30 बजे हुई। एक पक्ष अपने घर में रंग-पेंट का काम करवा रहा था जबकि दूसरा पक्ष घर के पास की जमीन पर पानी गिराने का विरोध कर रहा था। बहस देखते ही देखते गाली-गलौज और फिर मारपीट में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देखते ही देखते दोनों तरफ से दर्जनों लोग जमा हो गए और ईंट-पत्थर चलने लगे।
तेजप्रताप की जिद से उलझी राजद की सियासत
पटना। बिहार विधान परिषद की रिक्त हो रही 10 सीटों के लिए आगामी 18 जून को मतदान होना है। नामांकन की प्रक्रिया 1 से 8 जून तक चलेगी। इस चुनाव को लेकर राजद खेमे में हलचल तेज है लेकिन पार्टी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के सामने एक साथ दो बड़ी चुनौतियां खड़ी हो गई हैं। पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी अपने बड़े बेटे तेजप्रताप यादव को विधान परिषद भेजना चाहती थीं और परिवार के भीतर इस पर सहमति भी बनी थी। हालांकि तेजप्रताप ने अब एक चौंकाने वाला दांव चला है। तेजप्रताप राजद के उम्मीदवार बनने के बजाय अपनी अलग पार्टी ‘जनशक्ति जनता दल’ (JJD) के बैनर तले चुनाव लड़ने पर अड़े हैं। उनके भाई और राजद के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव इस शर्त के लिए कतई तैयार नहीं हैं।
मौजूदा संख्या बल के अनुसार राजद को मात्र एक सीट मिलने की संभावना है। बिहार विधानसभा में एक MLC सीट के लिए 25 विधायकों के मत आवश्यक हैं। महागठबंधन के पास कुल 35 विधायक हैं जिनमें राजद के 25 सदस्य शामिल हैं। ऐसे में महागठबंधन किसी भी स्थिति में केवल एक ही सीट सुरक्षित कर सकता है।

