Bihar Top News Today 29 September 2026: बिहार (BIHAR) में आज 29 सितम्बर को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…
BJP विधायक को कोर्ट से राहत नहीं
पटना। मुजफ्फरपुर के साहेबगंज सीट से भाजपा विधायक राजू सिंह को हत्या के एक मामले में दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट द्वारा दिए गए सजा पर दिल्ली उच्च न्यायालय के रोक लगाने से इंकार किए जाने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए राजद प्रवक्ता चित्तरंजन गगन ने तत्काल प्रभाव से विधानसभा में उनकी सदस्यता रद्द करने की मांग की है।
गौरतलब है कि दिल्ली उच्च न्यायालय ने मुजफ्फरपुर के साहेबगंज से विधायक राजू कुमार सिंह को हर्ष फायरिंग मामले में सुनाई गई सजा और दोषसिद्धि पर तत्काल रोक लगाने से इंकार कर दिया है। दरअसल पूरा मामला 31 दिसंबर 2018 रात की है, जब दिल्ली के एख फार्महाउस में न्यू ईयर पार्टी के दौरान हर्ष फायरिंग हुई थी, जिसमें महिला आर्किटेक्ट डॉ. अर्चना गुप्ता की सिर में गोली लगने से मौत हो गई थी।
TRE-4 में 932 सीटें बढ़ी
पटना। बिहार में शिक्षक बहाली की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी और अच्छी खबर सामने आई है। दरअसल बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने TRE-4 के तहत होने वाली शिक्षक भर्ती में 932 पद बढ़ा दिए हैं। आयोग ने आज मंगलवार (29, सितंबर) को इसका नोटिफिकेशन जारी कर दिया है, जिसके तहत अब चौथे चरण में कुल 33,320 पदों पर शिक्षकों की बहाली होगी। पहले 32,388 पदों पर नियुक्ति होनी थी। बढ़ाए गए पदों में माध्यमिक शिक्षकों के 493 और उच्च माध्यमिक शिक्षकों के 439 पद शामिल हैं।
नीतीश के पास पहुंचा जदयू नेताओं का विवाद
पटना। बिहार की राजनीतिक गलियारों में अनंत सिंह और जेडीयू नेता नीरज कुमार के बीच छिड़ा विवाद अब पार्टी के शीर्ष नेतृत्व तक पहुंच गया है। हाल ही में अनंत सिंह द्वारा एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर खुले तौर पर अनुज कुमार सिंह का समर्थन करने और नीरज कुमार का विरोध करने के ऐलान के बाद सूबे की सियासत में हलचल तेज हो गई है। इस घटनाक्रम के तुरंत बाद जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं मंत्री श्रवण कुमार और प्रदेश अध्यक्ष को तलब किया और पूरे मामले की विस्तृत जानकारी ली।
नेपाल से आ रहे पानी ने बिहार में मचाई तबाही
मोतिहारी। नेपाल के तराई क्षेत्रों में हो रही लगातार और मूसलाधार बारिश का गंभीर असर अब बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में साफ तौर पर दिखने लगा है। जिले के अरेराज प्रखंड अंतर्गत सरैया पांडे टोला में मनरेगा योजना के तहत बनाया गया रिंग बांध पानी के भारी दबाव को झेल नहीं पाया और आखिरकार टूट गया। इस घटना के बाद से स्थानीय ग्रामीणों की मुश्किलें काफी बढ़ गई हैं और इलाके में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। पिछले कुछ दिनों से नेपाल के जलग्रहण क्षेत्रों में हो रही बारिश के कारण गंडक नदी का जलस्तर लगातार खतरनाक स्तर पर बढ़ रहा था। जलस्तर में हो रही इस लगातार वृद्धि की वजह से अरेराज के सरैया पांडे टोला स्थित मनरेगा के रिंग बांध पर पहले से ही भारी दबाव बना हुआ था। स्थानीय लोगों का कहना है कि बांध की स्थिति पर अगर समय रहते ध्यान दिया जाता और जल संसाधन विभाग या स्थानीय प्रशासन द्वारा सुरक्षात्मक उपाय किए जाते, तो इस आपदा को टाला जा सकता था। दबाव इतना अधिक था कि मिट्टी से बना मनरेगा का यह रिंग बांध पानी के तेज बहाव को रोक नहीं सका और बीच में ही टूट गया।
BJP ने जारी की MLC चुनाव उम्मीदवारों की लिस्ट
पटना। बिहार विधान परिषद की आठ शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की सीटों पर होने वाले चुनावों को लेकर प्रदेश का सियासी पारा हाई है। इस बीच बीजेपी ने आज मंगलवार (29 सितंबर) को अपने चार उम्मीदवारों का आधिकारिक रूप से ऐलान कर दिया है। भाजपा ने पटना शिक्षक से नवल किशोर यादव, तिरहुत शिक्षक से नरेंद्र प्रसाद सिंह, दरभंगा स्नातक से सर्वेश कुमार और कोशी स्नातक से डॉ एन. के को अपना उम्मीदवार बनाया है। बता दें कि बिहार की 8 एमएलसी सीटों पर होने वाले चुनाव में से जदयू और बीजेपी साथ में 4-4 सीटों पर चुनाव लड़ रही हैं। भाजपा ने जहां आज अपने उम्मीदवारों का ऐलान किया है। वहीं, जदयू पहले ही अपने सभी चार सीटों पर प्रत्याशियों का ऐलान कर चुकी है। जदयू की ओर से जारी सूची में पार्टी ने अनुभवी नेताओं के साथ-साथ नए चेहरों पर भी भरोसा जताया है। जदयू ने पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से नीरज कुमार, तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से अभिषेक झा, सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से आनंद पुष्कर और दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से घनश्याम राय को टिकट दिया है।
पहले युवती को बुरी तरह पीटा, फिर किया रेप
बेगूसराय। बिहार के बेगूसराय शहर में एक होटल के कमरे में युवती को बंधक बनाकर बेरहमी से मारपीट करने और दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। घटना नगर थाना क्षेत्र में एनएच किनारे स्थित एक होटल की बताई जा रही है। आरोप है कि युवक ने युवती के साथ मारपीट करने के दौरान उसका वीडियो भी बनाया और बाद में उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। घटना से जुड़े तीन वीडियो सामने आने की बात कही जा रही है। वीडियो में एक युवक युवती के साथ मारपीट करता दिखाई दे रहा है। वह कथित तौर पर चप्पल और लात-घूंसों से युवती को पीट रहा है। युवती लगातार रोती और खुद को छोड़ने की गुहार लगाती नजर आ रही है। वीडियो में युवक द्वारा युवती के बाल पकड़कर खींचने और गाली-गलौज करने का भी आरोप है।
विजिलेंस रेड में ADM के घर से मिली करोड़ों की प्रॉपर्टी
पटना। बिहार में आय से अधिक संपत्ति के मामले में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई की है। निगरानी टीम ने पटना के एडीएम (सप्लाई) रविंद्र कुमार दिवाकर और उनकी पत्नी कुमारी स्वीटी, जो दानापुर की जिला अवर निबंधक (सब रजिस्ट्रार) हैं, से जुड़े पटना और बेगूसराय के ठिकानों पर सोमवार को एक साथ छापेमारी की। तलाशी के दौरान पटना स्थित फ्लैट से करीब 70 लाख रुपये नकद और बड़ी संख्या में महंगी घड़ियां मिलने की जानकारी सामने आई है। अलग-अलग रिपोर्टों में घड़ियों की संख्या 48 और उनकी कीमत को लेकर अलग-अलग आंकड़े सामने आए हैं, जबकि तलाशी और मूल्यांकन की प्रक्रिया जारी है।
निगरानी विभाग के मुताबिक दोनों अधिकारियों के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज है और न्यायालय से मिले सर्च वारंट के आधार पर यह कार्रवाई की गई। पटना के रूपसपुर थाना क्षेत्र स्थित कश्यप ग्रीन सिटी अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर-304 में टीम ने तलाशी ली। यहां से नकदी के अलावा जमीन-जायदाद से जुड़े दस्तावेज और अन्य सामान भी मिलने की बात सामने आई है।
सुपौल में फिल्मी स्टाइल में दिनदहाड़े अपहरण
सुपौल। जिले में अपराधियों ने एक युवक का फिल्मी अंदाज में दिनदहाड़े अपहरण कर लिया। इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। हालांकि, पुलिस की मुस्तैदी और तकनीकी सर्विलांस के दम पर महज 12 घंटे के भीतर अपहृत युवक को पड़ोसी जिले अररिया से सकुशल बरामद कर लिया गया है। घटना सुपौल जिले के भीमपुर थाना क्षेत्र के बेलागंज स्टेट हाईवे की है। सोमवार को छातापुर थाना क्षेत्र के माधोपुर पंचायत (वार्ड-13) निवासी खुर्शीद खान का 20 वर्षीय पुत्र मो. जीशान खान अपनी बाइक से भीमपुर से भागवतपुर की तरफ जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक लाल रंग के चार पहिया वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े।
शराबियों ने सरकारी स्कूल में घुसकर किया हंगामा
कैमूर। शराबबंदी वाले इस राज्य में कानून की धज्जियां उड़ाते हुए तीन शराबी युवकों ने एक सरकारी प्राथमिक विद्यालय में जमकर हंगामा किया। नशे में धुत इन युवकों ने न सिर्फ स्कूल की शिक्षण व्यवस्था को ठप किया, बल्कि छात्रों, शिक्षकों और ग्रामीणों के साथ भी दुर्व्यवहार किया। इस पूरी घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना रामपुर प्रखंड के करमचट थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले न्यू प्राथमिक विद्यालय, बाराडीह की है। सोमवार की दोपहर करीब 1:30 बजे तीन युवक बाइक पर सवार होकर नशे की हालत में सीधे स्कूल परिसर में जा धमके। उस समय ग्रामीण पास ही के भीतरीबांध पंचायत में आयोजित एक आम सभा में शामिल होने गए थे।
लालू यादव के एक आदेश पर खत्म हुईं परिवार की दूरियां
Rohini Acharya: लगभग 10 महीनों तक चले लंबे विवाद और दूरियों के बाद अब लालू परिवार में सब कुछ ठीक होता दिख रहा है। दरअसल तमाम विवादों के बीच लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने फिर से परिवार में वापसी का संकेत दिया है। रोहिणी आचार्य ने आज मंगलवार (29, सितंबर) को सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि, वह जल्द ही अपने पिता के पास लौटकर एक बेटी का फर्ज निभाने वाली हैं। साथ ही उन्होंने राजद सुप्रीमो लालू यादव के साथ अपनी अपनी तस्वीरें भी शेयर की हैं।
रोहिणी आचार्य ने अपनी पोस्ट में लिखा, मेरे लिए मेरे पापा, उनकी ख़ुशी और उनके आशीर्वाद से बढ़कर कुछ भी नहीं। उनके बुलावे से बढ़कर कोई आदेश नहीं। इसलिए जल्द ही आ रही हूं, अपने पापा के पास, एक बेटी होने का फर्ज निभाने।


